फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: ठंड के चलते एक जनवरी तक सभी स्कूल बंद, पढ़िए पश्चिमी यूपी की हर खबर

Mon, 26 Dec 2022 07:11 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ

खास बातें

पश्चिमी यूपी में शीत लहर के चलते कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इस कंपकंपाती ठंड में लोग घरों से भी बहुत कम निकल रहे हैं। उधर, कोहरे के चलते ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर भी वाहनों के ब्रेक लग गए। यहां पढ़िए पश्चिमी यूपी का पल-पल का अपडेट-
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:00 PM, 26-Dec-2022

मेरठ में ठंड के चलते जनपद के सभी बोर्ड के स्कूल एक जनवरी तक बंद रहेंगे। अब दो जनवरी को यथा समय पर सभी स्कूल खुलेंगे। कक्षा एक से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं के अभिभावक ठंड के कारण छुट्टियों की मांग कर रहे थे, जिसके चलते सोमवार को यह निर्णय लिया गया है।

06:32 PM, 26-Dec-2022

सड़क किनारे पड़ा मिला व्यक्ति का शव, चेहरे पर चोट के निशान

देवबंद में अंबहेटा शेखां मार्ग पर सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव पड़ा होने से सनसनी फैल गई। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों से उसकी शिनाख्त के प्रयास कराए। लेकिन किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। 

सोमवार को लोगों ने पुलिस को जानकारी दी कि अंबहेटा शेखां मार्ग पर सड़क किनारे किसी व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। आसपास इकट्ठा हुए लोगों से उसकी शिनाख्त के प्रयास कराए गए, लेकिन किसी ने भी उसकी पहचान नहीं की। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

बताया गया कि मृतक व्यक्ति की उम्र करीब 45 वर्ष के आसपास है और उसके चेहरे पर चोट के निशान हैं। संभावना जताई गई है कि किसी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। पुलिस का कहना है कि मृतक के कपड़ों की तलाशी में कुछ भी ऐसा नहीं मिला, जिससे उसकी पहचान हो सके।

05:23 PM, 26-Dec-2022
जांच करती पुलिस। - फोटो : amar ujala

शौचालय में पड़ी मिली प्रधान लिपिक की लाश, देखकर उड़े कर्मचारियों के होश

बागपत में नगर पालिका के प्रधान लिपिक सोमवार को कार्यालय में नहीं पहुंचे। जिनका शाम तक फोन रिसीव नहीं होने पर कर्मचारी उन्हें देखने कमरे पर पहुंचे तो उनका शव शौचालय में पड़ा मिला। जिसके बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई।

विज्ञापन
04:17 PM, 26-Dec-2022

सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध में जैन समाज में गुस्सा
केंद्र सरकार द्वारा झारखंड में स्थित श्री सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध में जैन समाज के लोगों ने सड़कों पर उतर कर अपना रोष प्रकट किया।

सहारनपुर जनपद के सकल जैन समाज में सोमवार को सुबह 11 बजे से दो बजे तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखें। श्री सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल का दर्जा दिया जाने के विरोध में जैन समाज के लोगों ने महानगर में मौन जुलूस निकाला। जैन बाग स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर से शुरू हुआ मौन जुलूस घंटाघर, कोर्ट रोड होते हुए कलेक्ट्रेट में पहुंचा। जहां पर जैन समाज के लोगों, महिलाओं और बच्चों ने तीर्थ की पवित्रता बनाए रखने की मांग करते हुए उसे पर्यटन स्थल का दर्जा न दिए जाने की मांग की। 

जैन समाज के अध्यक्ष राजेश जैन ने जिलाधिकारी अखिलेश सिंह को प्रधानमंत्री के नाम के नाम ज्ञापन दिया, जिसमें सम्मेद शिखर को पर्यटन स्थल बनाने के निर्णय को वापस लेने की मांग की गई। जिलाधिकारी कार्यालय पर अपनी मांगों के समर्थन में जैन समाज लोगों ने जमकर प्रदर्शन किया।

04:11 PM, 26-Dec-2022

उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह ऋषभ जैन की श्रद्धांजलि सभा में शामिल होने के बाद निकल गए हैं।

विज्ञापन
03:53 PM, 26-Dec-2022

उप-मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और स्वतंत्र देव सिंह ऋषभ जैन की श्रद्धांजलि सभा में पहुंचे। इस दौरान दोनों नेताओं ने ऋषभ के परिजनों से बातचीत की और घटना पर दुख जताया।

03:33 PM, 26-Dec-2022

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य कुछ देर में मेरठ पहुंचने वाले हैं। केशव प्रसाद मौर्य पहले शारदा रोड एक कार्यकर्ता के घर जाएंगे। इसके बाद उनका काफिला सर्किट हाउस के लिए रवाना होगा। वहीं सुरक्षा के लिहाज से दिल्ली-देहरादून बाईपास पर पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।

02:58 PM, 26-Dec-2022
किसानों ने प्रदर्शन किया। - फोटो : amar ujala

लेखपाल द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराने पर भड़के किसान

बिजनौर जनपद के नजीबाबाद में भारतीय किसान यूनियन ने लेखपाल द्वारा किसान के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के विरोध में तहसीलदार कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी भी की। वहीं किसानों ने तहसीलदार कमलेश कुमार को अपने बीच में बैठाकर लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।



भारतीय किसान यूनियन के ब्लॉक अध्यक्ष अवनीश कुमार, जिला उपाध्यक्ष महेंद्र सिंह, विरश राणा, होशियार सिंह, सतपाल सिंह के नेतृत्व में किसानों ने तहसीलदार कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप था कि जटपुरा बोंडा निवासी वृद्ध किसान सुरेंद्र सिंह से क्षेत्रीय लेखपाल अमरीश कुमार ने चकरोड और नाली विवाद को लेकर अभद्रता की और उनके खिलाफ मंडावली थाने में झूठा मामला दर्ज कराया। किसानों ने लेखपाल को निलंबित करने की मांग की।

किसानों ने राजस्व कर्मचारियों की मनमानी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों के बीच बैठे तहसीलदार कमलेश कुमार ने लेखपाल द्वारा दर्ज मामला वापस कराने और लेखपाल के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया। करीब डेढ़ घंटा प्रदर्शन के बाद किसानों ने धरना प्रदर्शन समाप्त किया।

02:53 PM, 26-Dec-2022

सूजरा रेलवे हाल्ट पर ट्रेन से कटकर किसान की मौत
बागपत में सूजरा रेलवे हाल्ट के समीप सोमवार सुबह शामली से आ रही ट्रेन से कटकर एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया।  

गांधी गांव के रहने वाले अमित ने बताया कि सोमवार की सुबह उनका भाई दीपक (34) दिल्ली से दवाई लाने के लिए घर से निकला था। जो ट्रेन से दिल्ली जाने के लिए सूजरा रेलवे हाल्ट पर पहुंच गया। बताया कि सुबह करीब साढ़े दस बजे आने वाली ट्रेन की चपेट में आने से दीपक की मौत हो गई। उधर, पुलिस मामले की जांच में जुट गई। वहीं मृतक किसान द्वारा आत्महत्या करने की आशंका भी जताई जा रही है।

02:16 PM, 26-Dec-2022

ट्रेनों, बसों का संचालन फिर गड़बड़ाया, कोहरे की मार से दो ट्रेनें की जा चुकी हैं रद्द
बागपत में सर्दी और कोहरे का प्रकोप लगातार बढ़ने का प्रभाव परिवहन पर भी दिखाई दे रहा है। जहां एक ओर रोडवेज बसें सड़कों पर रेंगने को मजबूर हैं तो वहीं ट्रेनों का संचालन भी गड़बड़ा गया है। इसका खामियाजा बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर ठंड में बैठे यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। 

दिल्ली-सहारनपुर वाया शामली रेलवे मार्ग पर चलने वाली ट्रेनें मौसम की मार से प्रभावित हैं। दो ट्रेनें पहले ही तीन जनवरी तक रद्द की जा चुकी हैं। दिल्ली से शामली जाने वाली पैसेंजर ट्रेन रात को 10 बजकर 58 मिनट पर स्टेशन पर आती है। इसके बाद शामली से दिल्ली जाने वाली एक पैसेंजर ट्रेन सुबह पांच बजकर 58 मिनट पर स्टेशन पर पहुंचती है। इसके अलावा गत देर रात और तड़के घना कोहरा छाए रहने के कारण कई ट्रेनें प्रभावित हुईं। कोहरे का असर एक्सप्रेस से लेकर पैसेंजर ट्रेनों  तक पर दिखाई दे रहा है।

दिल्ली व शामली को आने-जाने वाली ट्रेनें अपने निर्धारित समय से काफी देरी से चल रही हैं। स्टेशन अधीक्षक सुधीर शर्मा का कहना है कि कोहरे की स्थिति में सुधार होने के साथ ही ट्रेनों के लेट होने का समय भी घट सकता है। कोहरे की वजह से ट्रेनें एक से डेढ़ या इससे भी अधिक समय तक देरी से पहुंच रही है।

उधर, ऐसे में यात्री ठंड में प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार करते रहे। लोग घरों से यात्रा के लिए निकल तो रहे हैं, लेकिन स्टेशन पहुंचने पर पता चल रहा है कि ट्रेन घंटों लेट है। ऐसे में उनको स्टेशन पर ही अव्यवस्था के बीच समय बिताना पड़ रहा। कुछ ऐसा ही हाल रोडवेज बस स्टैंड पर भी देखने को मिला। बसों के इंतजार में यात्री ठिठुरते नजर आए।

02:15 PM, 26-Dec-2022

ट्रक चालक की मौत, परिजनों ने किया जमकर हंगामा

मेरठ जनपद के परतापुर में शंकर नगर फेश-1 स्थित वंदना पैकेजिंग के लिए पेपर रील लेकर आए ट्रक चालक की रील के बीच में फंसकर मौत हो गई। वहीं मृतक के परिजन मौके पर पहुंचे और कंपनी मालिक के खिलाफ हंगामा करने लगे। उधर, पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।

बताया गया कि 50 वर्षीय ट्रक चालक मेहबूब पुत्र बाबू निवासी मीठेपुर सोमवार दोपहर देवप्रिया कंपनी से पेपर लेकर शंकर नगर फेश-1 स्थित वंदना पैकेजिंग आया था। ट्रक से रील उतारते समय दूसरी रील पीछे से आ गई और वह दोनों रीलों के बीच में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। 

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक चालक लगभग एक घंटे तक तड़पता रहा लेकिन, वंदना पैकेजिंग के मालिक ने उपचार की कोई भी व्यवस्था नहीं की। वहीं इस बात का पता मृतक के परिजनों को चला तो उन्होंने कंपनी के मालिक के खिलाफ जमकर हंगामा किया। 

01:59 PM, 26-Dec-2022

अलाव न जलवाने पर व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
बागपत के बिनौली में ठंड से बचाव के लिए अलाव की व्यवस्था न होने से क्षुब्ध व्यापारियों ने ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रोष जताया। 

हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है, लेकिन ठंड से बचाव के लिए कही भी अलाव की व्यवस्था नहीं है। व्यापारी अंकित गुप्ता, नीरज नैन, तेजपाल सिंह, सुंदर आदि ने बताया कि सर्दियों में प्रशासन की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार बिनौली में अभी तक किसी भी स्थान पर अलाव की कोई व्यवस्था नहीं की गई। ऐसे में ठंड से लोगों का बुरा हाल है।

वहीं सोमवार को बिनौली के व्यापारियों ने एकत्र होकर ब्लॉक मुख्यालय पर प्रदर्शन कर रोष जताया और प्रशासन से आलाव जलवाने की मांग की। 

01:23 PM, 26-Dec-2022

बेड पर मिली लाश का खुला रहस्य, प्रेमी ने ही की थी हत्या

मेरठ के दौराला में हुई महिला की हत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में पता चला कि महिला के प्रेमी ने ही उसका कत्ल किया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

ये था मामला
दौराला थाना क्षेत्र की शिव पुरी कॉलोनी में किराए पर रह रही एक महिला का शनिवार सुबह मकान के अंदर बेड पर शव पड़ा मिला था। इसके बाद पुलिस ने पूरे मामले की जांच की तो मामला खुल गया। जांच पड़ताल में खुलासा हुआ है कि शादी न करने के चलते प्रेमी ने सोनिया की हत्या की है।

12:12 PM, 26-Dec-2022

व्यक्ति ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, मचा कोहराम          
बिजनौर जनपद के नहटौर में समीपवर्ती गांव बेगराजपुर में एक व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के गांव बेगराजपुर निवासी विक्रांत त्यागी (38) पुत्र नरेंद्र कुमार की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व हुई थी। बताया गया कि वह अपने परिवार से अलग रहता था। विक्रांत के कोई संतान भी नहीं है और वह मानसिक रूप से परेशान था। 

बताया गया कि वह शराब पीने का भी आदि था। वहीं सोमवार सुबह उसका शव घर के बरामदे में फांसी के फंदे से लटका हुआ मिला। सूचना मिलने के बाद कोतवाल पंकज तोमर पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेज दिया।

कोतवाल पंकज तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

12:03 PM, 26-Dec-2022

लापता युवक की हत्या कर ईंख के खेत में फेंका शव, सामने आ रही ये बड़ी वजह

शामली में थानाभवन क्षेत्र के इस्लामपुर भैसानी गांव से तीन दिन से लापता युवक का खून से लथपथ शव गन्ने के खेत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। माना जा रहा है कि पैसे के लेन-देन को लेकर हत्या की गई है। 

थाना भवन क्षेत्र के गांव इस्लामपुर भैसानी निवासी नाजिम उर्फ आशु पुत्र इलियास को गांव का ही युवक 23 दिसंबर की सुबह 10 बजे बाइक पर बैठाकर ले गया था। तभी से नाजिम लापता था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। रविवार देर रात उसका शव थानाभवन क्षेत्र के फूसगढ़ के जंगल में ईंख के खेत मे पड़ा मिला। उसके चेहरे पर चोट के काफी निशान थे। जिससे लग रहा था कि पत्थर से चेहरे पर वार कर उसकी हत्या की गई। वहीं मौके पर ग्रामीणों की काफी भीड़ एकत्र हो गई।

सूचना मिलने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। नाजिम का शव देखते ही उनमें कोहराम मच गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच में जुट गई है। नाजिम की पैसों के लेनदेन को लेकर हत्या करने की चर्चा है। अभी तक परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

10:31 AM, 26-Dec-2022

Meerut News Live: ठंड के चलते एक जनवरी तक सभी स्कूल बंद, पढ़िए पश्चिमी यूपी की हर खबर

बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए। वहीं कुछ वाहन चालक वाहनों को साइड में खड़ा करके कोहरा छटने का इंतजार करते रहे।

ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर पजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, बिहार आदि राज्यों के प्रतिदिन करीब एक लाख वाहन चलते हैं। सोमवार सुबह कोहरे के चलते वाहन रेंगते हुए नजर आए। वहीं लंबी दूरी तय करने वाले वाहन स्वामी अपने वाहनों को साइड में खड़ा कर कोहरा छटने का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान दो वाहन आपस में टकरा गए, लेकिन किसी तरह से कोई हताहत नहीं हुआ।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें