मुजफ्फरनगर के भूपखेड़ी गांव में नहीं लगा महाराणा प्रताप का बोर्ड, पंचायत भी टली
मुजफ्फरनगर में रतनपुरी क्षेत्र के गांव भूपखेड़ी में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप का चित्र लगे बोर्ड लगाने को लेकर होने वाली पंचायत पुलिस ने नहीं होने दी। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष शेखर चौहान को पुलिस ने नजरबंद कर लिया और गांव नहीं पहुंचने दिया। बोर्ड लगाने पहुंचे युवकों को पुलिस ने लाठी फटकार कर दौड़ा लिया। पांच युवकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। अध्यक्ष समेत छह आरोपियों का शांतिभंग में चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
कंडक्टर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
बागपत जनपद में दोघट के कान्हड़ गांव में डीटीसी के कंडक्टर नरेश का शव चाचा के घर में फांसी पर लटका मिला। बताया गया कि मंगलवार की सुबह 10 बजे दिल्ली से चाचा के पास आया था। उसका पत्नी से विवाद चल रहा है। पत्नी बच्चों सहित बागपत में मिल कॉलोनी में मायके में रहती है। चाचा ने बताया कि वह परेशान दिख रहा था। उसने फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
मेरठ में बीटेक के छात्र शहजाद ने नगर निगम में सरकारी नौकरी पाने के लिए घर बेचकर 2.50 लाख रुपये का इंतजाम किया। यह रकम दी। इसके बाद भी उसे कंप्यूटर ऑपरेटर पद पर नियुक्ति का फर्जी पत्र थमा दिया गया। नौकरी के नाम पर ठगी का एहसास होने पर उसकी भाभी अमरीन ने सोमवार को अधिकारियों के सामने यह खुलासा किया। अपर आयुक्त ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड की ओर से कांवड़ यात्रा व आगामी त्योहारों को लेकर सभी जिलों में कंट्रोल रूम बनाए गए हैं। प्रबंध निदेशक चैत्रा वी की ओर से इसे लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। विद्युत संबंधी समस्याओं के निवारण के लिए हेल्पलाइन नंबर 18001803002 व 1912 पर भी शिकायत की जा सकती है। साथ ही जिलों में कंट्रोल रूम बनाकर उनके नंबर भी जारी किए गए हैं। इसके लिए सभी जिलों को छह जोन में बांटकर कंट्रोल रूम बनाया गया है।
इन नंबरों पर कर सकेंगे शिकायत
मेरठ क्षेत्र- 9193330312
गाजियाबाद क्षेत्र- 9193320115
बुलंदशहर क्षेत्र- 9193302137
सहारनपुर क्षेत्र- 9193330422
मुरादाबाद क्षेत्र- 9193300109
नोएडा क्षेत्र- 01202510738
बड़ौत के बिनौली थानाक्षेत्र में अंगदपुर गांव में घर मे सो रहे एक दूसरे समुदाय के अधेड व्यक्ति के पेट में एक युवक ने सुआं घोंप कर उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपी ने अधेड पर कई और वार किए, जिससे उसकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। आरोपी युवक शराब के नशे में था, जो घटना के बाद फरार हो गया। घटना को लेकर तनाव बना हुआ है।
शराब के नशे में घुसा घर में कर दिया हमला
अंगदपुर जौहड़ी गांव में 50 वर्षीय मुमताज उर्फ शक्ति अपने घर सोया हुआ था। उसी दौरान शराब के नशे में एक युवक उसके घर मे घुस गया। आरोपी युवक ने सोते हुए ही मुमताज पर धारदार हथियार से हमला बोल दिया और मुमताज के पेट मे सुआं घोंपकर उसकी हत्या का प्रयास किया। आरोपी युवक ने कई और वार मुमताज पर किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
मरा समझकर भाग गया आरोपी युवक
घटना के बाद आरोपी युवक मुमताज को मरा समझकर फरार हो गया। परिजनों ने मुमताज को गंभीर हालत में बड़ौत के एक अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने चिंताजनक हालत में उसे हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। उधर, घटना को लेकर गांव में तनाव बना हुआ है। इंस्पेक्टर एन एस सिरोही ने बताया कि रविवार की देर रात यह घटना है घायल का इलाज मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी युवक की तलाश की जा रही है।
मेरठ से लेकर ऋषिकेश तक अधिकारी कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुटे हैं। 4 जुलाई से कांवड़ यात्रा के लिए शिवभक्तों का आना शुरू हो जाएगा। चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग पर कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे व आईजी जोन नचिकेता झा ने निरीक्षण किया। अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
कांवडियों को पुलिस, स्वास्थ्य पीकेट, भोजन के लिए भंडारा और शिवालयों की तरफ जाने वाले मार्ग की जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। मोबाइल पर एप खोलते ही कांवड़ियों को सभी सुविधाओं से संबंधित जानकारी मिल जाएगी।
साथ ही एप पर ही सीमा क्षेत्र के संबंधित अधिकारी के नाम और मोबाइल नंबर भी मिलेंगे। इसके लिए जिला प्रशासन कांवड यात्रा शुलभ मेरठ के नाम से एप तैयार करा रहा है। इससे शिवभक्त अपने मोबाइल पर डाउनलोड कर सभी सुविधाओं की जानकारी प्राप्त कर लाभ ले सकेंगे।
शिवभक्त कांवडियों को मार्ग में किसी तरह की दिक्कत न हो, जरूरत पड़ने पर सुविधाएं मिल जाएं। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी कांवडियों को मोबाइल एप से जोड़ने का निर्णय लिया है। एप कुछ इस तरह काम करेगा, उदाहरण के तौर पर अगर आप हरिद्वार से दिल्ली के लिए कांवड़ लेकर मार्ग पर पैदल यात्रा कर रहे हैं।
आप मुजफ्फरनगर सीमा से निकलते ही रास्ता भटक गए हैं तो अपने मोबाइल पर एप खोलकर सही मार्ग तलाश सकते हैं। इतना ही नहीं अगर किसी शिवभक्त को भोजन की इच्छा है, या फिर थकान के कारण बुखार अथवा अन्य कोई बीमारी हो गई तो उनको मोबाइल एप से स्वास्थ्य शिविर और भंडारे की जानकारी ली जा सकती है। अगर मार्ग पर कांवड़ियों को असामाजिक तत्वों से दिक्कत है या फिर किसी अपराधिक घटना की संभावना है तो वह क्षेत्रीय उप जिलाधिकारी, सीओ, इंस्पेक्टर के मोबाइल नंबर पर फोन करके सूचना दे सकेंगे।