11:46 AM, 31-Dec-2022
कैंट क्षेत्र में तेंदुए की दहशत, दिनभर गूंजते रहे फोन
मेरठ कैंट में तेंदुए की तलाश में शुक्रवार को दिनभर वन विभाग की टीम ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन कहीं भी पता नहीं चला। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे फर्जी वीडियो से भी लोग दहशत में हैं। वन विभाग ऐसे वीडियो वायरल करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराएगा। विधायक अमित अग्रवाल ने डीएफओ से बात कर कहा कि एक टीम रात में भी निगरानी करे।
छावनी परिषद की ओर से भी क्षेत्र में एनाउंसमेंट कराकर लोगों को सावधान रहने के लिए कहा जा रहा है। उधर वन विभाग की टीम ने भी तेंदुए की तलाश में कैंट क्षेत्र में 14 जगहों पर ट्रैप कैमरे लगा रखे हैं। शुक्रवार को भी इन कैमरों में तेंदुए से संबंधित कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। दिनभर वन विभाग की टीम तेंदुए की तलाश में जुटी रही, लेकिन उन्हें कोई निशान नहीं मिले। टीम में वन दारोगा मोहन सिंह, वन्य जीव रक्षक कमलेश, गौरव, विधानचंद आदि शामिल रहे। विधायक अमित अग्रवाल ने डीएफओ से मुलाकात कर कहा कि लोगों में दहशत है, कैमरों की लगातार निगरानी कराएं और एक टीम कैंट में रात में भी सर्च अभियान चलाए।
वीडियो वायरल करने वालों की तलाश
डीएफओ राजेश कुमार ने बताया कि दो दिन पूर्व आरआरटीएस के कर्मचारी की ओर से तेंदुए की फर्जी सूचना दी थी। इसे लेकर उसके खिलाफ पत्र जारी कर कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं उनसे संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है। ऐसा करने वालों के खिलाफ आईटी एक्ट में कार्रवाई की जाएगी।
दिनभर गूंजते रहे फोन
शुक्रवार को किसी ने सोशल मीडिया पर तेंदुए के पकड़े जाने की वीडियो शेयर कर दी। मेसेज में लिखा था कि औघड़नाथ मंदिर के पास पकड़ा गया तेंदुआ। इसके बाद से लोगों के फोन गूंज उठे। ये वीडियो पुराना है। डीएफओ राजेश कुमार का कहना है कि ये वीडियो मेरठ के बाहर का है, लोग फर्जी वीडियो शेयर करके दहशत न फैलाएं।