फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News Live: कृषि विवि पहुंची राज्यपाल, नौचंदी मेले का आज होगा आगाज, हड़ताल से चरमराई बिजली व्यवस्था

Sun, 19 Mar 2023 04:00 PM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ
विज्ञापन
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:59 PM, 19-Mar-2023

सहारनपुर में नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिला 

सहारनपुर जनपद के बड़गांव में गांव महेशपुर- शिमलाना मार्ग पर नहर में अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फ़ैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम पर भेजा है।

रविवार को महेशपुर शिमलाना मार्ग पर नागदेवता मंदिर के समीप नहर में एक अज्ञात व्यक्ति (40) का शव उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकलवा कर शिनाख्त कराई लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी। शव फूला होने से कई दिन पहले हत्या कर शव नहर में डालने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर पोस्टमार्टम पर भेजा है।  करीब एक माह पहले भी नहर में सिर कटा गर्भवती महिला का शव मिला था। जिसकी पुलिस अभी तक शिनाख्त नहीं कर पाई। पुलिस मृतक की पहचान कराने में जुटी है।

03:39 PM, 19-Mar-2023

महमूदपुर-सिखेड़ा सहकारी समिति के सभापति बने भूषण गुर्जर, उपसभापति पद पर नरेंद्र कुमार चुने गये

रविवार को बहसूमा कस्बा स्थित किसान सेवा सहकारी समिति महमूदपुर सिखेड़ा पर सभापति व उपसभापति पद के लिए सभी संचालकों की सहमति से निर्विरोध नाम तय हुए। जिसके उपरांत चुनाव अधिकारी ने दोनों को ही निर्विरोध सभापति व उपसभापति घोषित कर दिया। चुनाव अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि रविवार की दोपहर सभापति व उपसभापति पद के लिए चुनाव होना था। लेकिन सभापति पद पर भूषण गुर्जर और उपसभापति पद पर नरेंद्र कुमार ने नामांकन किया।

नामांकन प्रक्रिया की समय सीमा पूरी होने के तक जब किसी भी अन्य व्यक्ति ने नामांकन नहीं किया तो बहसूमा के भूषण गुर्जर को किसान सेवा सहकारी समिति महमूदपुर सिखेड़ा का सभापति चुन लिया गया तथा उपसभापति पद के लिए महमूदपुर से खेड़ा के रहने वाले नरेंद्र कुमार को चुना गया। दोनों ही प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित किया गया है। चुनाव अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि सभी औपचारिकता पूरी करने के बाद दोनों के विजयी होने की घोषणा विधिवत रूप से कर दी गई है। निर्वाचित हुए दोनों ही प्रत्याशियों को उनके जीत के प्रमाण पत्र दे दिए गए हैं। चुनाव अधिकारी राजवीर सिंह ने बताया कि चुनाव की समस्त प्रक्रिया पुलिस सुरक्षा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। वहीं भूषण गुर्जर के सभापति बनने से कस्बे के लोगों में खुशी का माहौल है। भूषण गुर्जर के समर्थक एक दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दे रहे हैं।

12:14 PM, 19-Mar-2023
कृषि विवी पहुंची राज्यपाल, प्रदर्शनी का किया शुभारंभ - फोटो : अमर उजाला

कृषि विवी पहुंची राज्यपाल, प्रदर्शनी का किया शुभारंभ

मेरठ के सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विवि में रविवार को राज्यपाल आनंदी बेन पटेल पहुंची। उन्होंने स्टॉल के लिए लगी प्रदर्शनी का शुभारंभ फीता काटकर किया। महिला सशक्तिकरण के लिए हुनर से रोजगार कार्यक्रम में शिरकत से पहले विवि में सरदार पटेल की मूर्ति पर माल्यार्पण किया।

यहां लगाए गए स्टॉल में महिलाओं द्वारा बनाए गए हैंडीक्राफ्ट, अचार, मुरब्बे, गाय के गोबर से दिए, वॉल हैंगिग, जूट के समान आदि की प्रदर्शनी लगाई गई। मिलेट्स को लेकर विशेष खाद्य पदार्थ, सांवे के चावल की खीर आदि को भी प्रदर्शित किया गया। राज्यपाल महिला उद्यमियों को सम्मानित करेंगी। प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही, केंद्रीय पशु पालन एवं मत्स्य पालन राज्य मंत्री संजीव बालियान, केपी मलिक भी साथ हैं। अभी प्रदर्शनी का अवलोकन किया। यहां अपने संबोधन के बाद राज्यपाल सीसीएयू के लिए रवाना हुईं।

विज्ञापन
11:57 AM, 19-Mar-2023

जिला पंचायत की मूल बजट बोर्ड बैठक स्थगित, अब यह बैठक 25 मार्च को होगी

मेरठ में 2022-23 के मूल बजट को लेकर जिला पंचायत सभागार में बुलाई गई बोर्ड बैठक स्थगित कर दी गई। इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी ने बताया कि आज शहर में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और साधन सहकारी समितियों के चुनाव हैं जिसके कारण जिला पंचायत की बोर्ड बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति नहीं हो पाएगी। इसीलिए जिला पंचायत की बोर्ड बैठक स्थगित किया जाता है।

10:51 AM, 19-Mar-2023

विद्युत कर्मचारियों की हड़ताल से पश्चिमी यूपी में बिजली संकट बढ़ता जा रहा है। मेरठ में शनिवार को बारिश के कारण फाल्ट हो गए। इनके समय से ठीक न होने से आधे शहर की बिजली गुल हो गई। दोपहर ढाई बजे से रात साढ़े दस बजे तक भी कई इलाकों में आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। 

पीवीवीएनएल ने हड़ताल में शामिल मेरठ जोन के 140 संविदा कर्मियों की सेवा समाप्त करने के लिए संबंधित कंपनी को पत्र लिखा है। बिजली नहीं आने के कारण जागृति विहार, साकेत, देवलोक, ब्रह्मपुरी, बेगमपुल, कांठ का पुल, जाकिर काॅलोनी, मोहिउद्दीनपुर समेत कई क्षेत्रों में पानी भी नहीं मिला। 

पीवीवीएनएनएल और जिला प्रशासन की ओर से बनाए गए कंट्रोल रूम पर फाल्ट संबंधी शिकायतों की संख्या बढ़ती जा रही है। शनिवार शाम तक कंट्रोल रूम पर शहर की 454 से अधिक शिकायतों का निस्तारण समय से नहीं हो सका। शनिवार को मेरठ जोन में 250 बार ब्रेकडाउन हुआ। 14 जिलों की 10 हजार से अधिक शिकायतें कंट्रोल रूम पर दर्ज कराई गई हैं। 

शनिवार शाम 7 बजे तक 5800 शिकायतों का निस्तारण नहीं हो पाया। जागृति विहार, हाइडिल कालोनी, घंटाघर, साकेत, मोहिउद्दीनपुर, लोहियानगर, काजीपुर, श्यामनगर आैर विकासपुरी क्षेत्र की समस्याएं अधिक रहीं। 
उधर विद्युत कर्मचारी ऊर्जा भवन पर धरने पर डटे रहे। मुख्य अभियंता अनुराग अग्रवाल ने बताया कि हड़ताल के कारण विद्युत आपूर्ति प्रभावित है। बारिश के बाद मुसीबत और बढ़ गई है। हड़ताल में शामिल होने वाले 140 संविदा कर्मचारियों को सेवा से बर्खास्त करने का आदेश जारी किया है। सोमदत्त सिटी निवासी सतीश चंद्र त्यागी का कहना है कि कॉलोनी में बिजली न होने के कारण शाम के समय पानी की भी आपूर्ति नहीं हो पाई। लोगों को परेशान होना पड़ा। 

शिवाजी रोड निवासी लोकेश चंद्रा का कहना है कि लाइट नहीं होने के कारण इनवर्टर ठप हो गया है। पानी के लिए भी इधर-उधर चक्कर काटने पड़ रहे हैं।  रशीदनगर के शाहिद अब्बासी ने बतायाकि कई बार अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन किसी ने जवाब नहीं दिया। 

विज्ञापन
10:51 AM, 19-Mar-2023

ऐतिहासिक नौचंदी मेले का उद्घाटन आज
ऐतिहासिक नौचंदी मेले का शुभारंभ रविवार को किया जाएगा। शुभारंभ मुख्य अतिथि कमिश्नर सेल्वा कुमारी जे करेंगी। इस मौके पर अधिकारियों की ओर से नौचंदी मेला परिसर में स्थित चंडी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की जाएगी व बाले मियां की मजार पर भी चादर चढ़ाई जाएगी। शहीद द्वार पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा, नगरायुक्त अमित पाल शर्मा समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहेंगे। 

10:43 AM, 19-Mar-2023

Meerut News Live: कृषि विवि पहुंची राज्यपाल, नौचंदी मेले का आज होगा आगाज, हड़ताल से चरमराई बिजली व्यवस्था

राज्यपाल आनंदी बेन पटेल आज मेरठ पहुंची हैं। सबसे पहले वह सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचेंगी।

यहां एक बजे तक कार्यक्रम में रहेंगी। इसके बाद दोपहर ढाई बजे चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के लिए रवाना होंगी। तीन बजे से साढ़े चार बजे तक वे सीसीएसयू में आर्ट गैलरी, स्टूडियो और योग केंद्र का उद्घाटन करेंगी। 
साढ़े चार बजे से साढ़े पांच बजे तक वे एडेड और राजकीय कॉलेजों के प्राचार्यों के संवाद करेंगी। रात को सीसीएसयू में ही विश्राम करेंगी। सोमवार सुबह सवा नौ बजे सीसीएसयू से हापुड़ रवाना होंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें