उत्तर प्रदेश के शामली जनपद के आदर्श मंडी थानाक्षेत्र के गांव मुंडेट कलां में दो भाइयों के साथ मारपीट के मामले में कार्रवाई न होने पर एक परिवार के लोगों ने सात-आठ घरों पर 'यह मकान बिकाऊ है, लेने के लिए संपर्क करें' के पर्चे चस्पा कर दिए। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और पीड़ित परिवार से मिलकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने घरों पर चस्पा किए गए पर्चे उतार दिए।
गांव मुंडेट कलां निवासी खुर्शीद ने गुरुवार को आदर्श मंडी थाने पर तहरीर देकर बताया कि सुबह करीब नौ बजे उसका भाई शाहिद दवा लेने दुकान पर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में गांव निवासी सचिन ने शाहिद के साथ गाली गलौज करते हुए मारपीट कर दी। वह अपने भाई को बचाने के लिए पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी मारपीट की और उन्हें जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों का कहना है कि आरोपी पूर्व में एक मामले में जेल जा चुका है और कई साल पहले से जमानत पर आया हुआ है। पीड़ितों ने आरोपी से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की।