10:33 AM, 19-May-2023
सराफा कारोबारी समेत कई पर करोड़ों की ठगी का केस दर्ज
सूर्या नगर के रहने वाले अधिवक्ता मनोज कुमार सैन ने सराफा कारोबारी राकेश प्रकाश अग्रवाल और सत्यप्रकाश अग्रवाल समेत कई अन्य पर धोखाधड़ी करने के संगीन आरोप लगाए हैं। आरोप है कि रियल एस्टेट के नाम पर ठगी की गई और फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से एक करोड़ दो लाख रुपये निकाल लिए गए।
अधिवक्ता ने बताया कि उनकी पत्नी प्रेमा और बेटे अंकित सैन ने कई लोगों के साथ मिलकर रियल एस्टेट के कारोबार के लिए पार्टनरशिप की थी। जिसका नाम साधना एंटरप्राइजेज रखा गया। फर्म की तरफ से सभी साझीदारों ने मिलकर साकेत में अपार्टमेंट्स का निर्माण कराया था। निर्माण पूरा होने के बाद दूसरे साझीदारों में लालच आ गया।
जिन्होंने अवैध तरीके से फ्लैट बेचने शुरू कर दिए। अधिवक्ता का कहना है कि सितंबर 2022 में वह अपनी पत्नी के साथ कनाडा गए थे। वहां से एक महीने बाद लौटे। पता चला कि दूसरे साझीदारों ने उनकी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर खाते से एक करोड़ दो लाख रुपये निकाल लिए और साधना एंटरप्राइजेज के नाम से दूसरे बैंक में खाता खोल दिया।
विरोध करने पर जातिसूचक शब्द कहे और जान से मारने की भी धमकी दी। बेचे गए फ्लैटों के करीब चार करोड़ रुपये भी नहीं दिए। कोर्ट के आदेश पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने साकेत निवासी राकेश प्रकाश अग्रवाल, लालकुर्ती निवासी सर्राफ सत्यप्रकाश अग्रवाल, विनिता अग्रवाल, दिनेश गुप्ता और शाखा प्रबंधक अर्जुन कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ये बोले सराफा कारोबारी
राकेश प्रकाश अग्रवाल का कहना है कि जो भी आरोप लगाए गए हैं, वह बेबुनियाद हैं। उन्हीं की तरफ से चेक दिया गया था, जिस पर रुपये निकाले गए थे। यह केस पूरी तरह से फर्जी है। पहले इन्होंने थाने में शिकायत दी थी, लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं मिला था। अब कोर्ट के माध्यम से केस दर्ज करा दिया। हर जांच के लिए तैयार है। जांच में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।