निर्माणाधीन छज्जे के नीचे दबकर घायल हुए व्यक्ति की मौत
बिजनौर में शेरकोट के मोहल्ला शेखान निवासी शहजाद (42) बृहस्पतिवार रात निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से घायल हो गया था। घायल शहजाद को उपचार के लिए धामपुर में एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती किया गया था। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। बताया गया कि जब मुरादाबाद जा रहे थे तो शहजाद की रास्ते में मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है।
मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम
बिजनौर जनपद के धामपुर में नहटौर रेलवे फाटक के निकट मालगाड़ी की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जीआरपी चौकी प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जब दिन में मालगाड़ी गंतव्य की ओर जा रही थी तो इस दौरान रेल की पटरी के सापेक्ष चल रहा युवक चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की शनाख्त नूरपुर थाने के गांव बलदाना शफीपुर निवासी हिमांशु पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचानामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को तीन साल की सजा, जुर्माना भी लगाया
बागपत में बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले को न्यायाधीश ने तीन साल के कारावास की सजा सुनाई और दस हजार पांच सौ रुपये अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर एक महीने के कारावास की सजा बढ़ाने के आदेश दिए गए।
विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार व नरेश वेदवान ने बताया कि बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने छह मई 2016 में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें शिकायतकर्ता ने गांव के ही दीपक पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। जिसमें अभियोजन पक्ष की तरफ से 12 गवाह पेश किए गए। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो शैलजा राठी ने सुनवाई पूरी होने के बाद नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले दीपक को तीन साल की सजा सुनाई।
वादी पक्ष को दी जाएगी जुर्माने की आधी धनराशि
विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार व नरेश वेदवान ने बताया कि न्यायाधीश ने दस हजार पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया है। जिसमें जुर्माने की आधी धनराशि वादी पक्ष को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।
सांसद साक्षी महाराज बोले- राहुल की टी-शर्ट देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाए
उन्नाव के सांसद आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. हरि सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। यहां वेस्ट एंड रोड स्थित जैन मंडप में अखिल भारतीय पंच निर्मोही अखाड़ा के महामंडलेश्वर व आयोजक द्वारा आयोजित संत समागम में भी साक्षी जी महाराज पहुंचे।
वहीं साक्षी जी महाराज ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को टी-शर्ट में देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल कभी माला पहन लेते हैं, कभी जनेऊ बांध लेते हैं, कभी तुर्की टोपी पहन लेते हैं और कभी तिलक लगा लेते हैं। कहा कि यह यात्रा हास्यास्पद है।पांच घंटे में बरामद की चोरी हुई बाइक, चोर भी पकड़ा गया
मेरठ जनपद के मोदीपुरम में पल्हैड़ा फ्लाईओवर के नीचे से चोरी हुई बाइक को पुलिस ने पांच घंटे में बरामद कर लिया। पुलिस ने चोरी हुई बाइक के साथ एक चोर को भी पकड़ा है। पुलिस पकड़े गए चोर से पूछताछ में जुट गई है।
सरधना निवासी आसिफ की स्प्लेंडर प्लस बाइक को चोरों ने चोरी कर लिया था। काफी तलाशने के बाद भी जब बाइक का सुराग नहीं लगा तो पीड़ित ने मामले की जानकारी पल्लवपुरम थाना पुलिस को दी। पुलिस ने तत्काल चेकिंग अभियान चलाया।
वहीं पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने चोरी की गई बाइक को बरामद कर लिया। चोरी की गई बाइक के साथ पुलिस ने आरोपी अवितेश निवासी डबल स्टोरी फेस-2 को भी हिरासत में ले लिया। आरोपी बाइक की नंबर प्लेट बदलकर बाइक को चला रहा था। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुट गई है।