फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मेरठ सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण LIVE: बुलडोजर कार्रवाई देख छलके आंसू, पोकलेन मशीन का विरोध, पुलिस फोर्स तैनात

Wed, 16 Sep 2026 10:26 AM IST
Dimple Sirohi न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मेरठ

खास बातें

मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। 44 सील भवनों में से बुधवार को छह भवनों पर कार्रवाई की जा रही है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और बाजार की सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोकी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:18 PM, 16-Sep-2026

पूरी हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई, 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सौंपेगी रिपोर्ट

सेंट्रल मार्केट में छह भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई सुबह करीब सात बजे शुरू हुई, जो दोपहर करीब 1:45 बजे तक चली। इस दौरान छहों भवनों पर अलग-अलग बुलडोजर से कार्रवाई की गई।

अब आवास विकास परिषद 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में होने वाली सुनवाई के दौरान छह भवनों के ध्वस्तीकरण की रिपोर्ट सौंपेगा। आवास विकास परिषद के उप आवास आयुक्त अनिल कुमार सिंह के अनुसार, ये छह भवन पूरी तरह अवैध बने हुए थे और इनका नक्शा पास नहीं था, इसलिए इन पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई।

02:18 PM, 16-Sep-2026

जेसीबी पड़ी छोटी तो पोर्कलेन मशीन से तोड़ा गया बिल्डिंग का हिस्सा

सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद छह भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। सभी भवनों पर शुरुआत में जेसीबी से कार्रवाई की गई, लेकिन जी प्लस-3 भवन का एक हिस्सा तोड़ने के लिए जेसीबी छोटी पड़ गई। इसके बाद पोर्कलेन मशीन बुलाई गई। मशक्कत के बाद मशीन के पंजे से भवन का हिस्सा तोड़ा गया।
 

02:17 PM, 16-Sep-2026

एकटक निहारती रहीं निगाहें... बुलडोजर की कार्रवाई देख खामोश खड़ा रहा शिवम

मेरठ के सेंट्रल मार्केट में छह भवनों पर प्रशासन का बुलडोजर चला। कार्रवाई के दौरान पोर्कलेन मशीन से बिल्डिंग का हिस्सा तोड़े जाने को शिवम एकटक निहारता रहा। कार्रवाई के बीच उसकी खामोशी और चेहरे के भाव मौके की तस्वीर बयां करते नजर आए।

विज्ञापन
12:49 PM, 16-Sep-2026
मौके पर पहुंची धरनारत महिलाएं, जताया आक्रोश - फोटो : अमर उजाला

ध्वस्तीकरण को लेकर व्यापारियों में रोष, बोले- आश्वासन के बाद भी हुई कार्रवाई

सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में रोष है। व्यापारियों का कहना है कि उन्हें कार्रवाई रोकने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद भवनों पर बुलडोजर चलाया गया।

कार्रवाई को लेकर व्यापारियों ने सरकार के खिलाफ भी नाराजगी जताई। मौके पर व्यापारियों और अधिकारियों के बीच बातचीत का दौर जारी है। वहीं मौके पर पोकलेन मशीन का जैसे ही लाया गया व्यापारियों में रोष फैल गया। महिलाओं और व्यापारियों ने इसका विरोध जताया। हलांकि मौके पर मौजूद पुलिस फोर्स के आगे उनकी एक न चली।

11:56 AM, 16-Sep-2026

संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर भी मौके पर पहुंचे

सेंट्रल मार्केट में जारी ध्वस्तीकरण कार्रवाई के बीच संयुक्त मेरठ बचाओ आंदोलन समिति के अध्यक्ष रविंद्र गुर्जर भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ कुछ लोग जैना ज्वेलर्स के मकान में मौजूद हैं।

वहीं, एडीएम सिटी, एसपी सिटी समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर बैठे हुए हैं। क्षेत्र में भारी पुलिस बल की मौजूदगी के बीच ध्वस्तीकरण कार्रवाई जारी है।

विज्ञापन
11:43 AM, 16-Sep-2026
सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

सेंट्रल मार्केट में कॉम्प्लेक्स ध्वस्त, व्यापारियों की अधिकारियों से वार्ता बेनतीजा

शास्त्रीनगर के सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण कार्रवाई लगातार जारी है। कार्रवाई के दौरान एक कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया गया। मौके पर बुलडोजर लगातार भवनों को तोड़ने की कार्रवाई कर रहे हैं और भारी पुलिस बल तैनात है।

इधर, व्यापारियों ने अधिकारियों से वार्ता की, लेकिन बातचीत का कोई नतीजा नहीं निकला। कार्रवाई को लेकर व्यापारियों में नाराजगी बनी हुई है।
 

11:23 AM, 16-Sep-2026

प्रतिष्ठानों के बाहर बैठे व्यापारी, महिलाओं को पुलिस ने लौटाया

सेंट्रल मार्केट में कार्रवाई के बीच कुछ व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों के बाहर बैठे हुए हैं। व्यापारी मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। बताया गया कि सुबह कुछ महिलाएं भी मौके पर पहुंची थीं। पुलिस ने उन्हें वहां से वापस लौटा दिया। इसके बाद महिलाएं कार्रवाई स्थल से लौट गईं।

11:16 AM, 16-Sep-2026
मेरठ सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

मीडिया को कवरेज से रोका, एसपी सिटी ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का दिया हवाला

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की कवरेज कर रहे मीडिया कर्मियों को पुलिस ने मौके पर रोक दिया है। एसपी सिटी की ओर से सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए कार्रवाई स्थल पर मीडिया की एंट्री और कवरेज को लेकर रोक लगाई जा रही है। मीडिया कर्मी इसका विरोध कर रहे हैं और अधिकारियों से कवरेज की अनुमति देने की मांग कर रहे हैं। यहां तक कि बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे अभिभावक बच्चों को दूसरे रास्तों से लेकर गए।

10:56 AM, 16-Sep-2026
मेरठ सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

शास्त्रीनगर के कई सेक्टरों में बिजली गुल, सुबह से पानी को भी तरसे लोग

सेंट्रल मार्केट में आवास एवं विकास परिषद की ध्वस्तीकरण कार्रवाई के दौरान एहतियात के तौर पर बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके चलते शास्त्रीनगर के सेक्टर-1, सेक्टर-2, सेक्टर-3, सेक्टर-5, सेक्टर-6, सेक्टर-7 और आरटीओ रोड स्थित सेक्टर-9 समेत कई इलाकों में सुबह से बिजली गुल रही।

बिजली आपूर्ति बाधित होने का असर पानी की सप्लाई पर भी पड़ा। सुबह से बिजली और पानी नहीं आने से लोग परेशान हो उठे। स्कूल जाने वाले बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और गृहणियों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

10:54 AM, 16-Sep-2026

सेटबैक कार्रवाई के विरोध में छह महीने से धरने पर महिलाएं

मेरठ के शास्त्रीनगर सेक्टर-2 में सेटबैक कार्रवाई के विरोध में महिलाओं का धरना छह महीने से जारी है। 10 अप्रैल से शुरू हुआ आंदोलन मंगलवार 15 सितंबर को भी जारी रहा। मौसम की मार और लगातार गुजरते दिनों के बावजूद महिलाएं धरनास्थल पर डटी हुई हैं। उनका कहना है कि जब तक उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा। हालांकि जिस स्थान पर बुलडोजर कार्रवाई की जा रही है वहां पर महिलाएं अभी नहीं पहुंची हैं।

छह महीने बाद भी नहीं टूटा हौसला
महिलाओं ने कहा कि छह महीने से लगातार धरना देने के बावजूद उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि उनकी आवाज जिम्मेदार अधिकारियों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच रही है। महिलाओं का कहना है कि वे किसी विवाद या टकराव के लिए नहीं, बल्कि अपने घर और परिवार को बचाने के लिए धरने पर बैठी हैं। उनका कहना है कि मांग पूरी होने तक वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगी।

10:44 AM, 16-Sep-2026
मेरठ सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

यह है पूरा मामला

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में आवासीय भवनों में बनाए गए व्यावसायिक प्रतिष्ठानों समेत 44 संपत्तियों को सील किया गया था। इनमें व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स, स्कूल, अस्पताल, मिठाई की दुकान, ज्वैलरी शोरूम, डेयरी और सैलून आदि शामिल हैं।

14 जुलाई को सुप्रीम कोर्ट ने इन 44 संपत्तियों को ध्वस्त करने का आदेश दिया था। आवास विकास परिषद ने संपत्ति स्वामियों को नोटिस जारी कर 15 दिन में स्वयं ध्वस्तीकरण करने के निर्देश दिए थे। अब परिषद की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में देनी है रिपोर्ट
सेंट्रल मार्केट प्रकरण में पुलिस प्रशासन और आवास विकास परिषद को 21 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करनी है। इसी से पहले बुधवार को छह भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।

10:37 AM, 16-Sep-2026

 रात में ही पहुंचा बुलडोजर

सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के लिए जेसीबी और बुलडोजर रात में ही पहुंचा दिए गए थे। पुलिस प्रशासन ने भी रात में ही ड्यूटी लगा दी थी। आवास विकास परिषद के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं।

आला अधिकारियों ने बनाई कार्रवाई की रणनीति
मंगलवार देर रात पुलिस-प्रशासन के आला अधिकारियों की बैठक हुई। सुप्रीम कोर्ट में 21 सितंबर को मामले की सुनवाई से पहले आदेश के अनुपालन की कार्रवाई को लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए। पुलिस बल की तैनाती और बैरिकेडिंग की योजना इसी के तहत तैयार की गई।

10:35 AM, 16-Sep-2026
मेरठ सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

छह भवनों पर चला बुलडोजर

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में सेंट्रल मार्केट में छह भवनों के ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर से सील भवनों को तोड़ा जा रहा है।

छावनी में तब्दील हुआ सेंट्रल मार्केट
बुधवार सुबह करीब छह बजे से शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। बाजार की ओर जाने वाले रास्तों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस ने पूरे इलाके को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

10:32 AM, 16-Sep-2026
मेरठ सेंट्रल मार्केट में बुलडोजर कार्रवाई - फोटो : अमर उजाला

मीडिया के प्रवेश पर रोक

सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की कवरेज के लिए पहुंचे मीडिया कर्मियों को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। पुलिस द्वारा मौके की वीडियोग्राफी और फोटो खींचने से भी रोका जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का हवाला देकर मीडिया कर्मियों को बाहर ही रोका जा रहा है।

मौके पर पहुंचे अधिकारी
सेंट्रल मार्केट में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के दौरान प्रशासन और आवास विकास परिषद के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। एडीएम सिटी और एसपी सिटी समेत पुलिस अधिकारी पूरे क्षेत्र की व्यवस्था संभाल रहे हैं।
 

10:28 AM, 16-Sep-2026

व्यापारियों में चिंता, दुकानों से सामान निकाल रहे लोग

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बीच सेंट्रल मार्केट में कई व्यापारी अपनी दुकानों से सामान निकालते नजर आए। मेन मार्केट में अरोड़ा गारमेंट के पास भी व्यापारी इकट्ठा हैं। पुलिस और अधिकारी उन्हें सुप्रीम कोर्ट के आदेश की जानकारी देकर समझा रहे हैं।

पूरे सेंट्रल मार्केट में बैरिकेडिंग
ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के चलते सेंट्रल मार्केट की सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। आम लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है। सुबह टहलने के लिए पहुंचे लोगों को भी दूसरे रास्तों की ओर भेजा जा रहा है।

10:27 AM, 16-Sep-2026

सेटबैक नहीं देने वाले भवनों पर कार्रवाई

सेंट्रल मार्केट में जिन छह भवनों पर बुलडोजर चल रहा है, वे उन 44 सील संपत्तियों में शामिल हैं, जिन पर सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इन भवनों को उनके मूल स्वरूप में लाने की कार्रवाई की जा रही है। छह भवनों में सेटबैक नहीं दिए जाने की बात सामने आई है।

गुरुद्वारा रोड की ओर भी बुलडोजर पहुंचा
गुरुद्वारा रोड से सेक्टर-2 की ओर जाने वाले मार्ग पर पुलिस ने यातायात नियंत्रित कर रखा है। इसी रास्ते से एक और बुलडोजर सेंट्रल मार्केट की ओर भेजा गया। पुलिस ने पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग कर रखी है।

10:25 AM, 16-Sep-2026

छह भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी

शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में छह सील भवनों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई जारी है। आवास विकास परिषद के अधिकारियों की मौजूदगी में बुलडोजर से भवनों को तोड़ा जा रहा है। मौके पर एडीएम सिटी, एसपी सिटी समेत भारी पुलिस बल तैनात है।
 

10:09 AM, 16-Sep-2026

मेरठ सेंट्रल मार्केट ध्वस्तीकरण LIVE: बुलडोजर कार्रवाई देख छलके आंसू, पोकलेन मशीन का विरोध, पुलिस फोर्स तैनात

मेरठ के शास्त्रीनगर सेंट्रल मार्केट में सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हो गई है। 44 सील भवनों में से बुधवार को छह भवनों पर कार्रवाई की जा रही है। पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और बाजार की सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही रोकी गई है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें