चौराहों पर की गई बैरिकेटिंग
बैरिकेटिंग पर तैनात पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए मथुरा नगरी छावनी में तब्दील है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। चौराहों पर बैरिकेटिंग की गई है। जांच करने के उपरांत ही लोगों को प्रवेश दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री के आगमन का सीएम ने किया अभिनंदन
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि, 'पुरातन गौरव की सतत पुनर्स्थापना हो रही है। लीलाधारी भगवान श्रीकृष्ण की पावन धरा में आपका स्वागत एवं अभिनंदन है'।
ये है प्रधानमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
- दोपहर 3.15 बजे आगरा एयरपोर्ट से मथुरा के लिए एमआई-17 हेलीकॉप्टर से उड़ान भरेंगे
- 3.40 बजे आर्मी हेलीपैड पर आगमन होगा
- 3.45 बजे सड़क मार्ग के रास्ते होते हुए श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर 4.00 बजे पहुंचेंगे
- यहां पूजन-दर्शन के बाद 4.15 बजे रेलवे ग्राउंड के लिए रवाना होंगे
- 4.30 बजे ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम में पहुंचेंगे
- 4.30 से 7.30 बजे तक मीराबाई जयंती समारोह में शामिल होंगे
- शाम 7.35 बजे सड़क मार्ग से होते हुए 7.40 बजे आर्मी हेलीपैड पहुंचेंगे
- यहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 7.45 बजे दिल्ली को रवाना हो जाएंगे
प्रधानमंत्री से इन सौगातों की आस
- बांकेबिहारी कॉरिडोर को बजट मंजूरी
- ब्रॉडगेज के स्थान पर एलिवेटेड/मेट्रो ट्रैक को मंजूरी
- टेक्सटाइल पार्क की सौगात मिलने की उम्मीद
- नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तृतीय चरण को अमल में लाने की उम्मीद
- वेटरनेरी विवि को सेंट्रल यूनिवर्सिटी का दर्जा मिलने की उम्मीद
- मथुरा को एनसीआर में शामिल करने की घोषणा की उम्मीद
- संपूर्ण मथुरा-वृंदावन को गंगाजल की सौगात
- एनएचएआई के रिंग रोड प्रस्ताव को मंजूरी की घोषणा की उम्मीद
- एनएचएआई के ब्रज चौरासी कोस परिक्रमा मार्ग की घोषणा की उम्मीद
सांसद हेमा मालिनी ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम स्थल पर पहुंची
सांसद हेमा मालिनी ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम स्थल पर पहुंची
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सांसद हेमा मालिनी मथुरा पहुंचेंगी। सांसद ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गई है। सुरक्षा कर्मियों ने उनकी गाड़ी को भी चेक करने के बाद ही अंदर प्रवेश की अनुमति दी।
मोबाइल पर व्यस्त पुलिसकर्मी
मोबाइल चलाते पुलिसकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मोबाइल पर व्यस्त नजर आए। इनकी तैनाती ब्रज रज उत्सव के मुख्य द्वार पर रही।
लोगों को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे से गुजरना पड़ा
ब्रज रज उत्सव में आने वाले लोगों की जांच करते सुरक्षाकर्मी
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री के आगमन से पूर्व ब्रज रज उत्सव में आने वाले लोगों को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे से गुजरना पड़ा। इसके साथ ही काले कपड़े पहनकर आए लोगों को सुरक्षाकर्मियों ने प्रवेश नहीं दिया। उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया।
सफेद पर्दे के पीछे छिपा दिए गए काले धब्बे
सड़क किनारे लगाए गए सफेद पर्दे
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को गुड फील कराने के लिए अधिकारियों ने गजब की कारस्तानी दिखाई है। शहर की बदहाली पर मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री की नजर न पड़े। इसके लिए जगह-जगह सफेद चादर लगा दी गईं हैं। टैंक रोड चौराहे से नए बस अड्डे तक जहां भी सड़क किनारे गंदगी थी, उन सभी जगहों पर सफेद पर्दे लगा दिए गए हैं। पीछे की बदहाली जस की तरह बनी हुई हैं।
रेलवे कॉलोनी के बाहर सड़क पर बनी इमारत जर्जर हो चुकी है। उसकी मरम्मत कराने की बजाय अधिकारियों ने उसे पर्दा लगाकर ढक दिया। इसी तरह काफी समय से बना रहे रास्ते पर मिट्टी का ढेर लगा हुआ है। वहां पर भी पर्दा लगाकर ढक दिया गया। इसके अलावा अन्य कई जगह भी सफेद पर्दे लगाए गए हैं।
बसें ने चलने से यात्री हुए परेशान
पैदल यात्रा करते लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन को लेकर जिले में पब्लिक वाहनों का टोटा हो गया। बस अड्डे से बसों का संचालन रोकने से यात्रियों का काफी परेशान होना पड़ा। 30 साल में पहली बार हुआ कि जब नए बस अड्डे से एक भी बस नहीं निकली। इससे यात्रियों को कई कई किलोमीटर पैदल चलकर अन्य साधन पकड़ने पड़े।
होटल एवं गेस्ट हाउसों के सामने भी की गई बैरिकेडिंग
बैरिकेडिंग के नीचे से सामान ले जाते लोग
- फोटो : अमर उजाला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले शहर के प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं होटल एवं गेस्ट हाउसों के सामने भी बैरिकेडिंग कर दी गई। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। देवोत्थान एकादशी के चलते शुक्रवार को सबसे अधिक शादियां होनी हैं। इसके लिए लोगों ने होटल, गेस्ट हाउस एवं मैरिज होम बुक किए हैं।
बृहस्पतिवार की सुबह जब वह सामान लेकर मैरिज होम पहुंचे तो यहां बैरिकेडिंग देख भौचक्के रह गए। लोगों को बैरिकेडिंग के नीचे और ऊपर से सामान ले जाने को मजबूर होना पड़ा। इससे लोग खासे परेशान दिखे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा पहुंच गए हैं। कुछ ही देर बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी यहां पहुंचेंगे। सीएम, प्रधानमंत्री की आगवानी करेंगे। इससे पहले उन्होंने एक्स पर प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया है।
ब्रजरज उत्सव में प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक कार्यक्रम स्थल पहुंचे l
मथुरा के ब्रज उत्सव में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आने का इंतजार हो रहा है। वहीं इस भव्य आयोजन में सांसद हेमा मालिनी के दो भाई अपने परिवार के साथ पहुंचे हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का बेसब्री से इंतजार हो रहा है। पंडाल खचाखच भरा है। पीएम मोदी को सुनने के लिए लोग उत्साहित नजर आ रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के आने से पूर्व ब्रज रज उत्सव कार्यक्रम में दिल्ली द मोक्ष ग्रुप ने विभिन्न पदों का गायन करते हुए समा बांध दिया। ग्रुप द्वारा श्रीकृष्ण व मीरा के चरित्र का चित्रण किया जा रहा है। मुख्य गायक गांधर्व महाविद्यालय, दिल्ली के संगीत निर्देशक सुरजीत कुमार ओझा हैं। तबले पर साथ गुरवेज सिंह और महावीर दे रहे हैं। हारमोनियम पर चेतन निगम हैं और वहीं बांसुरी पर गणेश सिंह, कोरस पर देवानंद और दक्ष व मंजीरे पर अनुरोध जैन हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मथुरा पहुंच गए हैं। वे सबसे पहले जन्मभूमि पहुंच रहे हैं। यहां पूजन करने के बाद वे महोत्सव में पहुंचेगे।
PM मोदी से पहले ब्रज रज उत्सव के मंच पर पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक के साथ मथुरा जनपद के विधायक, मेयर विनोद अग्रवाल ने लोगों का अभिवादन किया।
कृष्ण जन्मभूमि पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मथुरा पहुंच गए हैं। वे सीधे कृष्ण जन्मभूमि पहुंचे, जहां पूजा करने के बाद ब्रज रज उत्सव में पहुंचेंगे। पीएम के आगमन के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों को बंद कर दिया गया।
पीएम मोदी ने की पूजा अर्चना
पीएम ने जन्मस्थान के गर्भ गृह और भागवत भवन में दर्शन कर पूजा की। पीएम ने हाथों में पुष्प रख श्रीकृष्ण की पूजा की। इस दौरान पंडितों ने उनकी पूजा संपन्न करवाई।
पीएम का काफिला ब्रज रज उत्सव के लिए रवाना
पीएम मोदी ने जन्मस्थान के गर्भ गृह और भागवत भवन में दर्शन किए। इसके बाद उनका काफिला ब्रज रज उत्सव के लिए रवाना हुआ। यहां लोग उनका बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
पीएम की सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मथुरा में प्रधानमंत्री मोदी की सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। लगभग 1500 पुलिसकर्मी तैनात हैं। प्रधानमंत्री के आगमन पर मथुरा नगरी छावनी में तब्दील है। चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। चौराहों पर बैरिकेटिंग की गई है।
भाजपा सांसद हेमा मालिनी बोलीं- यहां नहीं था मीराबाई का कहीं कुछ
संत मीराबाई की 525वीं जयंती पर भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने कहा, "मैं जब से यहां सांसद बनकर आई हूं तब से मैंने देखा है कि बहुत से साधू-संतों के स्थल बने हैं लेकिन मीराबाई के बारे में कहीं कुछ नहीं है। मैंने पीएम मोदी से अपना दुख प्रकट किया तो उन्होंने तुरंत इस बात को माना और आज मीराबाई के लिए यह समारोह हो रहा है।"
जारी हुआ मीराबाई का डाक टिकट और 525 रुपये का सिक्का
मीराबाई जयंती के मौके पर पीएम मोदी ने मीराबाई का डाक टिकट और 525 रुपये का सिक्का जारी किया। इसके बाद उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा यहां कण-कण में श्रीकृष्ण बसते हैं।
राधे-राधे से पीएम मोदी ने की भाषण की शुरूआत
पीएम मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत राधे-राधे से करते हुए कहा सबसे पहले क्षमा चाहता हूं कि चुनाव में था, मेरा सौभाग्य है कि आज ब्रज के दर्शन का अवसर मिला। ब्रज वासियों के दर्शन का अवसर मिला। यहां वही आता है जिसे कृष्ण बुलाते हैं। ये साधारण धरती नहीं है। ये श्याम और लाड़ली जी के प्रेम का अवतार है। ब्रज की ब्रज में राधा रानी हैं।
सभी संतों को किया प्रणाम
मीराबाई के चरणों में नमन करते हुए ब्रज के सभी संतों को प्रणाम करता हूं। हेमा मालिनी सांसद तो हैं लेकिन वो ब्रज में पूरी तरह रम गई हैं।
भगवान कृष्ण और मीरा का गुजरात से अलग ही रिश्ता
इस समारोह में आना इसलिए भी विशेष है क्योंकि भगवान कृष्ण से लेकर मीराबाई तक गुजरात का अलग ही रिश्ता रहा है। मथुरा के कान्हा ने यहां से जाकर गुजरात में द्वारिका बनाई। मीराबाई ने राजस्थान से आकर अंत समय गुजरात में बिताया।
मां गंगा ने बुलाया तो आपके बीच बस गया
गुजरात के लोगों को ब्रज में आने का सौभाग्य मिलता है तो उसे द्वारिकाधीश की कृपा मानते हैं। मुझे तो मां गंगा ने बुलाया और 2014 से आकर आपके बीच बस गया। इस महोत्सव में संत मीराबाई के नाम पर सिक्का और टिकट जारी करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। 84 कोस का ये ब्रज मंडल यूपी और राजस्थान को जोड़कर बनता है।
राधा के बिना कृष्ण का नाम अधूरा
पीएम मोदी ने कहा कि हमारा भारत हमेशा से नारी शक्ति को बढ़ावा देने वाला देश रहा है। यहां कान्हा की नगरी में भी लाड़ली सरकार की ही चलती है। कृष्ण के पहले भी राधा लगता है, तभी उनका नाम पूरा होता है।
मीराबाई महान सामाज सुधारक भी थीं
मीराबाई जैसी संत ने दिखाया कि नारी का आत्मबल पूरे संसार को दिशा दिखाने का कार्य करता है। मीरा बाई मध्यकाल की महान महिला ही नहीं थी बल्कि महान सामाज सुधारक भी थीं।
ये कोई साधारण धरती नहीं
मेरा सौभाग्य है कि मुझे आज ब्रज के दर्शन का अवसर मिला है, ब्रजवासियों के दर्शन का अवसर मिला है। क्योंकि यहां वही आता है जिसे श्रीकृष्ण और श्रीजी बुलाते हैं। ये कोई साधारण धरती नहीं है। ये ब्रज तो हमारे ‘श्यामा-श्याम जू’ का अपना धाम है। ब्रज ‘लाल जी’ और ‘लाडली जी’ के प्रेम का साक्षात अवतार है। ये ब्रज ही है, जिसकी रज भी पूरे संसार में पूजनीय है।
भगवान के दर्शन और भी दिव्यता से होंगे
संतों ने कहा है कि वृंदावन सा वन नहीं, नंदगांव जैसा गांव नहीं और वंशी वट जैसा कहीं वट नहीं। मथुरा और ब्रज विकास की दौड़ में पीछे नहीं रहेंगे। यहां भगवान के दर्शन और भी दिव्यता से होंगे। खुशी है कि यहां ब्रज तीर्थ विकास की स्थापना की गई है।
पीएम मोदी ने राधे-राधे के साथ किया संबोधन समाप्त
राधे-राधे और जय श्री कृष्णा करके उद्बोधन के साध पीएम मोदी ने अपना संबोधन समाप्त किया। इसके बाद सांसद हेमा मालिनी नृत्य प्रस्तुति दी।
मीराबाई नृत्य नाटिका में हेमा मालिनी की शानदार प्रस्तुति
ब्रज रज उत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने मीराबाई नृत्य नाटिका में हेमा मालिनी ने मीरा के कृष्ण प्रेम के विरह को नृत्य से उकेरा। सांसद की नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
मंत्रमुग्ध दिखाई दिए दर्शक
हेमामालिनी ने मीरा की भगवान कृष्ण के प्रति अनन्य भक्ति का सजीव चित्रण किया। दिखाया कि किस तरह ससुराल जनों द्वारा उन्हें भक्ति मार्ग से उद्वेलित करने के लिए अपमानित किया गया। मीरा को उनके पति ने कैसे समझाया। ऐसी भक्ति के नाट्य की प्रस्तुति को देख दर्शक मंत्रमुग्ध दिखाई दिए।
मीरा को दिया गया जहर
मीरा बाई नृत्य नाटिका में हेमा मालिनी के अभिनय को देख दर्शक मंत्रमुग्ध दिखाई दिए। प्रेम की पीर और विरह की वेदना, जब मीरा को जहर का प्याला दिया गया, तो मीरा भी श्रीकृष्ण का नाम लेते हुए जहर पी गईं। सबको लगा कि अब मीरा जीवित नहीं बचेगी, लेकिन विष का प्याला मीरा के लिए अमृत बन गया।
मीराबाई नृत्य नाटिका का समापन, पीएम मोदी और सीएम योगी ने किया उत्साहवर्धन
मथुरा के धौलीप्याऊ मैदान पर आयोजित ब्रज रज महोत्सव के अंतर्गत मीराबाई नृत्य नाटिका का समापन हुआ। इस दौरान मंच से सभी कालाकारों का परिचय कराया गया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सीएम योगी ने सभी कलाकारों का तालियां बजाकर उत्साहवर्धन किया।