उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में कुछ ही देर में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य को लेकर अमर उजाला ‘एमएसएमई फॉर भारत मंथन’ का आयोजन होगा। ब्रजवासी लैंड्स में आयोजित होने वाले कॉन्क्लेव में अधिकारी और उद्यमी एक ही मंच पर अपनी बात रखेंगे।
नेशनल चैंबर्स मथुरा के सहयोग से आयोजित कॉन्क्लेव में चर्चा के लिए तीन सत्रों का आयोजन किया जाएगा। उद्घाटन सत्र में कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण, मंडलायुक्त शैलेंद्र सिंह, डीआईजी शैलेश पांडेय, एसएसपी श्लोक कुमार, नगर आयुक्त जगप्रवेश, मुख्य विकास अधिकारी मनीष मीना, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व पंकज वर्मा मौजूद रहेंगे।
उद्योग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर होगी गहन चर्चा
इस मंच पर उद्योग क्षेत्र से जुड़े विभिन्न विषयों पर गहन चर्चा होगी। साथ ही उद्योग से जुड़े दिग्गज भी मौजूद रहेंगे। उद्घाटन सत्र के बाद द्वितीय सत्र में कल के एमएसएमई पर बात होगी। इसमें नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन मथुरा के अध्यक्ष राजीव ब्रजवासी, अध्यक्ष इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन आरपी सिंघल, पूर्व अध्यक्ष नेशनल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज एसोसिएशन राजेश बजाज, अध्यक्ष इंडियन बुलियन एसोसिएशन राजेंद्र अग्रवाल हाथीवाले, मंडल सचिव लघु उद्योग भारती सोनल अग्रवाल, देवेंद्र कुमार संबोधित करेंगे।
एमएसएमई फ़ॉर भारत
- फोटो : संवाद
स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से शुरू हुई चर्चा
अमर उजाला के एमएसएमई फ़ॉर भारत कार्यक्रम में जिले के अधिकारी, उद्योग विभाग से जुड़े प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में उद्यमी शामिल हुए। कार्यक्रम में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों के विकास, नव उद्यमियों को प्रोत्साहन, सरकारी योजनाओं की जानकारी और स्वरोजगार के अवसरों पर विस्तार से चर्चा शुरू हुई।
दीप प्रज्वलन के साथ हुआ शुभारंभ
अमर उजाला के एमएसएमई कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन उत्तर प्रदेश तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष एस.बी. सिंह, नगर आयुक्त जग प्रवेश, एडीएम प्रशासन डॉ. पंकज वर्मा, उपायुक्त उद्योग रामेंद्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उद्यमी राजेश बजाज और उद्योग जगत से जुड़े राजीव बृजवासी आदि ने संयुक्त रूप से किया।
समस्याओं के त्वरित समाधान का दिलाया भरोसा
कार्यक्रम में जिले के अधिकारी, उद्यमी और युवा बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। मंच से वक्ताओं ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योगों की संभावनाओं, स्वरोजगार के अवसरों और सरकारी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा शुरू की। अधिकारियों ने उद्यमियों को योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जागरूक किया और समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया।
मथुरा के लिए 30 हजार करोड़ का विजन प्लान तैयार
उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने कहा कि एमएसएमई की अपार संभावनाएं हैं। मथुरा में 9 करोड़ से अधिक श्रद्धालु आते हैं। मथुरा में कई चुनौतियां भी हैं। ताज ट्रेपीजियम जॉन के कारण कुछ समस्याएं आ रही हैं। मथुरा के लिए 30 हजार करोड़ का विजन प्लान तैयार किया गया है।
नगर निगम की तरफ से मिलेगी हर संभव मदद
नगर आयुक्त जग प्रवेश ने कहा उद्योगों की स्थापना के लिए हर संभव कोशिश करेंगे। नगर निगम की तरफ से सभी मदद उपलब्ध कराने का उन्होंने आश्वासन दिया।
महंगाई से राहत दिलाने लिए बढ़ाया एमएसएमई का दायरा
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने इस आयोजन के लिए अमर उजाला को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में वही देश विकास करेगा जहां उद्योग ज्यादा होंगे। हमारा देश कृषि प्रधान है। इसीलिए रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार एवं मध्य उद्योगों को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह अनुभव किया कि एमएसएमई के द्वारा ही भारत की बेरोजगारी दूर की जा सकती है। इसीलिए सबसे ज्यादा प्राथमिकता उन्होंने एमएसएमई को दी है। महंगाई बढ़ती देख सरकार ने एमएसएमई का दायरा बढ़ा दिया है। अब इसका टर्नओवर बड़ा कर 500 करोड़ कर दिया है।
नेपाल और पाकिस्तान में जो हो रहा है, वह सब बेरोजगारी का नतीजा
कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण ने कहा कि मथुरा में होटल इंडस्ट्री के लिए काफी मौके हैं। मथुरा की छाता तहसील व्यापारियों की सबसे पसंदीदा जगह है। छाता क्षेत्र इंडस्ट्री लगाने के लिए सबसे मुफीद भी है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों से ही अर्थव्यवस्था मजबूत होती है। बेरोजगारी बढ़ने पर अनुशासनहीनता बढ़ेगी। नेपाल और पाकिस्तान में जो हो रहा है, वह सब बेरोजगारी का नतीजा है।
ताज ट्रेपीजियम जोन क्षेत्र का फिर से मूल्यांकन करने की मांग
चैंबर्स के पूर्व अध्यक्ष राजेश बजाज ने कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण से ताज ट्रेपीजियम जोन क्षेत्र का फिर से मूल्यांकन करने की मांग की। मंत्री ने मंच से ही बैठक कर विचार करने का आश्वासन दिया। इसके साथ ही सभी उद्योगों को नियमित बिजली आपूर्ति करने का भी आश्वासन दिया।
नीरी के ऑफिस की बताई विशेष जरूरत
टोंटी एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी ने कहा आज मथुरा में उद्यमियों के लिए कई चुनौतियां हैं। उद्योग बंधु की मीटिंग में समस्याएं उठाते भी हैं। उन्होंने कहा कि मथुरा में नीरी के ऑफिस की विशेष जरूरत है। कम से कम हफ्ते में 2 दिन ऑफिस का संचालन है। इस दौरान चैंबर्स के पूर्व अध्यक्ष राजेश बजाज ने कहा कि साड़ी उद्योग एक लाख लोगों को मथुरा में रोजगार देता है।
एमएसएमई न्यायालय में बढ़ाई जाए जजों की संख्या
चैंबर्स के पूर्व अध्यक्ष राजेश बजाज ने कहा कि साड़ी उद्योग मथुरा में एक लाख लोगों को रोजगार देता है। सभी सड़कों और नालों को इंडस्ट्रियल एरिया में बेहतर किया जाए। एमएसएमई न्यायालय में जजों की संख्या बढ़ाने की भी मांग रखी गई।
मथुरा को बनाना होगा 51 बिलीयन डॉलर की इकोनॉमी
लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष सोनल अग्रवाल ने कहा कि मथुरा को 51 बिलीयन डॉलर की इकोनॉमी बनाना होगा। यह सभी के लिए एक चुनौती है। उद्यमी सपना बुनने का काम करता है। उन्होंने कहा कि ताज ट्रेपीजियम जॉन होने के बाद भी मथुरा की इकाइयों को ग्रीन गैस नहीं मिल रही है।
http://