फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Ganga Expressway Inauguration Live: एक्सप्रेस-वे मेरठ से हरिद्वार भी जाएगा, पीएम बोले-ये विकास की नई लाइफलाइन

Wed, 29 Apr 2026 01:20 PM IST
Sharukh Khan अमर उजाला नेटवर्क, हरदोई

खास बातें

PM Modi To Inaugurate UP Longest Corrider Live Updates in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर दिया है। 594 किलोमीटर लंबा एक्सप्रेसवे प्रदेश के 12 जनपदों से निकला है। एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर महज छह घंटे में पूरा होगा। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।
विज्ञापन
PM Narendra Modi - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विज्ञापन

लाइव अपडेट

01:17 PM, 29-Apr-2026

कुछ लोग सत्ता की भूख में भारत को नीचा दिखाने की कोशिश में लगे: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आप लोग देख रहे हैं कि आज पूरी दुनिया कैसे युद्ध, अशांति और अस्थिरता में फंसी हुई है। दुनिया के बड़े-बड़े देशों की हालत खराब है। लेकिन भारत विकास के रास्ते पर उसी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। भारत के दुश्मनों को यह पसंद नहीं आ रहा है। भीतर बैठे कुछ लोग सत्ता की भूख में भारत को नीचा दिखाने की कोशिश में लगे हुए हैं। फिर भी हम न केवल सुरक्षित हैं, बल्कि विकास के नए-नए कीर्तिमान भी गढ़ रहे हैं। हम आत्मनिर्भर भारत के अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं। हम आधुनिक से आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण कर रहे हैं। गंगा एक्सप्रेस-वे इसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

01:14 PM, 29-Apr-2026

'सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सपा कभी भी परिवारवाद और जातिवाद से ऊपर नहीं उठ सकती। ये लोग हमेशा विकास विरोधी राजनीति करेंगे। यूपी को सपा और उसके सहयोगियों से सावधान रहना है।

01:10 PM, 29-Apr-2026

सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि सपा विकास विरोधी भी है और नारी विरोधी भी है। बीते दिनों एक बार फिर देश ने कांग्रेस और सपा का नारी विरोधी चेहरा देखा है। केंद्र की एनडीए सरकार नारी शक्ति वंदन संशोधन लेकर आई थी, अगर यह संशोधन पास हो जाता तो 2029 के चुनाव से ही महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में आरक्षण मिलता। बड़ी संख्या में महिलाएं चुनकर लखनऊ और दिल्ली पहुंचतीं, वो भी किसी अन्य वर्ग की सीटें कम हुए बिना। लेकिन सपा ने इस संशोधन के खिलाफ वोट किया।

विज्ञापन
01:05 PM, 29-Apr-2026

'यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था'

पीएम मोदी ने कहा कि पहले यूपी को पिछड़ा और बीमारू प्रदेश कहा जाता था, वही उत्तर प्रदेश आज एक ट्रिलियन economy बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। यूपी के पास असीम क्षमता है, देश की इतनी बड़ी युवा आबादी का पोटेंशियल यूपी के पास है, इस ताकत का इस्तेमाल हम यूपी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए कर रहे हैं। 

01:04 PM, 29-Apr-2026

ये NCR की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे यूपी के एक छोर को दूसरे छोर से तो जोड़ता ही है। ये NCR की असीम संभावनाओं को भी करीब लाएगा। 

विज्ञापन
01:00 PM, 29-Apr-2026

पीएम बोले-अब वो दौर चला गया

पीएम मोदी ने कहा कि अब वो दौर चला गया, जब एक सड़क के लिए दशकों तक इंतजार करना पड़ता था। एक बार घोषणा हो गई तो वर्षों तक फाइलें चलती थीं। चुनाव के लिए पत्थर लग जाते थे, उसके बाद सरकारें आती-जाती रहती थीं, लेकिन काम का कुछ अता-पता नहीं लगता था। कभी-कभी पुरानी फाइलें ढूंढ़ने के लिए बड़े-बड़े अफसरों को दो-दो साल तक मेहनत करनी पड़ती थी। डबल इंजन सरकार में शिलान्यास भी होता है और तय समय में लोकार्पण भी होकर रहता है। 

12:57 PM, 29-Apr-2026

'ये आधुनिक हस्तरेखाएं, आज भारत के उज्ज्वल भविष्य का जयघोष कर रही हैं'

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ ही दिन पहले मुझे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण का अवसर मिला था। तब मैंने कहा था कि ये नए बनते एक्सप्रेसवे विकसित होते भारत की हस्तरेखाएं हैं, और ये आधुनिक हस्तरेखाएं, आज भारत के उज्ज्वल भविष्य का जयघोष कर रही हैं। 

12:55 PM, 29-Apr-2026

'पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है'

पीएम मोदी ने कहा कि कुछ समय पहले, जब बिहार में चुनाव हुए तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत दर्ज की थी, एक इतिहास रच दिया था। अभी कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायतें, नगर पंचायतें, तहसील पंचायत... इन सब के चुनाव के नतीजे आए हैं। 80 से 85 प्रतिशत नगरपालिका और पंचायत भाजपा ने जीत ली हैं। मुझे विश्वास है कि इन पांच राज्यों के चुनाव में भी भाजपा ऐतिहासिक जीत की हैट्रिक लगाने जा रही है। 4 मई के नतीजे विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करेंगे। देश के विकास की गति को नई ऊर्जा से भरेंगे।

12:52 PM, 29-Apr-2026

बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है। बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही हैं, उससे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है। पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए बड़ी संख्या में घरों से निकल रही है, लंबी-लंबी कतारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई हुई हैं।

12:50 PM, 29-Apr-2026

निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है: मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 6-7 दशक में जो नहीं हुआ, जिसकी कल्पना भी मुश्किल थी, वैसे निर्भीक वातावरण में बंगाल में इस बार मतदान हो रहा है। लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं। यह देश के संविधान और देश के मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है। मैं बंगाल की जनता का आभार व्यक्त करता हूं कि वो अपने अधिकार के प्रति इतनी सजग है और बड़ी संख्या में मतदान कर रही है।

12:47 PM, 29-Apr-2026

'मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है'

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मुझे खुशी है कि यूपी सरकार ने इस एक्सप्रेस-वे का नाम मां गंगा के नाम पर रखा है। इसमें विकास का हमारा विजन भी झलकता है और हमारी विरासत के भी दर्शन होते हैं। मैं यूपी के करोड़ों लोगों को गंगा एक्सप्रेस-वे की बधाई देता हूं।

12:43 PM, 29-Apr-2026

ये एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा: मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी की और इस देश की जीवन रेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा।

12:36 PM, 29-Apr-2026

आज हम पूरे देश में नए भारत का दर्शन कर रहे हैं: योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा "दिसंबर 2021 में प्रधानमंत्री मोदी ने इस एक्सप्रेसवे की आधारशिला रखी थी। उस कालखंड के दौरान इस पूरे कार्यक्रम को आगे बढ़ाने और इसे तय समयसीमा के अंदर पूरा करने का विजन प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तर प्रदेश को दिया था। आज हम पूरे देश में नए भारत का दर्शन कर रहे हैं। यह हमारे आवागमन को सरल बना रहा है और हमारी अर्थव्यवस्था को भी नई ऊंचाई प्रदान कर रहा है..."

12:35 PM, 29-Apr-2026

पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के हरदोई ज़िले में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन (जिसे 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है) वाला, एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफ़ील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे लगभग 36,230 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनाया गया है।

12:29 PM, 29-Apr-2026

मंच पर पहुंचे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में अपनी जनसभा में मौजूद लोगों का अभिवादन किया। PM मोदी हरदोई ज़िले में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। गंगा एक्सप्रेसवे 594 किलोमीटर लंबा, 6-लेन (जिसे 8-लेन तक बढ़ाया जा सकता है) वाला, एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफ़ील्ड हाई-स्पीड कॉरिडोर है, जिसे लगभग 36,230 करोड़ रुपये की कुल लागत से बनाया गया है।

12:25 PM, 29-Apr-2026

थोड़ी देर में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे, एक्सेस-नियंत्रित ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। लगभग ₹36,230 करोड़ की कुल लागत से निर्मित, गंगा एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा के समय में काफी कमी आने की उम्मीद है; यह समय मौजूदा 10-12 घंटों से घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा।


 

12:23 PM, 29-Apr-2026

पीएम मोदी ने एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने से पहले एक पौधा लगाया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड ग्रीनफील्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने से पहले एक पौधा लगाया। लगभग ₹36,230 करोड़ की कुल लागत से बना गंगा एक्सप्रेसवे, मेरठ और प्रयागराज के बीच यात्रा के समय को मौजूदा 10-12 घंटे से घटाकर लगभग 6 घंटे कर देगा।

11:59 AM, 29-Apr-2026

किसानों को बैनामा के एवज में 815 करोड़ रुपये का किया गया भुगतान

भूमि अधिग्रहण के एवज में किसानों को करीब 815 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है। वहीं तहसील सवायजपुर के 43, शाहाबाद के छह और बिलग्राम के 39 गांवों से होकर गंगा एक्सप्रेसवे से गुजरेगा। हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे पर सवायजपुर में मुंडेर, बिलग्राम में जरौली शेरपुर और मल्लावां में श्यामपुर के पास कट दिए गए हैं। इससे गंगा एक्सप्रेसवे से आने और एक्सप्रेसवे पर जाने वाले लोगों को आसानी होगी। इन स्थानों पर ऑटोमेटेड टोल प्लाजा की भी स्थापना कराई गई है।

11:56 AM, 29-Apr-2026

7,000 किसानों से अधिग्रहीत की गई है 1,140 हेक्टेयर भूमि

वैसे तो गंगा एक्सप्रेसवे के लिए हरदोई सहित 12 जिलों में भूमि ली गई है। इसमें हरदोई में 99.100 किलोमीटर लंबाई में गंगा एक्सप्रेसवे व इसकी अवस्थापना सुविधाओं की स्थापना के लिए करीब 1,233 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई है। इसमें 1,140 हेक्टेयर भूमि करीब 7,000 किसानों से आपसी समझौता के आधार पर सर्किल रेट के चार गुणा भुगतान पर बैनामा कराई गई है। वहीं गंगा एक्सप्रेसवे के दायरे में आने वाली सरकारी करीब 93 हेक्टेयर भूमि का प्रशासन ने पुनर्ग्रहण किया है।

11:54 AM, 29-Apr-2026

जिले में 1233 हेक्टेयर भूमि पर बना है 99.100 किमी गंगा एक्सप्रेसवे

हरदोई जिले में 99.100 किलोमीटर गंगा एक्सप्रेसवे बनवाए जाने के लिए करीब 1,233 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहीत की गई है। इसके एवज में 7,000 किसानों को 815 करोड़ रुपये सर्किल रेट का चार गुणा मूल्य का भुगतान किया गया है। अब लोकार्पण समारोह के लिए भी 144 हेक्टेयर भूमि अस्थाई तौर पर अधिग्रहीत की गई है। इसका भी किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।

11:30 AM, 29-Apr-2026

विधानसभा चुनाव से पहले हुआ था एक्सप्रेसवे का शिलान्यास

गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों की घोषणा से ऐन पहले हुआ था। तब शाहजहांपुर के रोजा रेल मैदान में 18 दिसंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसका शिलान्यास किया था। तब आस पास के कई जनपदों, जिसमें हरदोई भी शामिल है, इसके गवाह बने थे।

11:13 AM, 29-Apr-2026

मध्य उत्तर प्रदेश से पूरब और पश्चिम को आज साधेंगे प्रधानमंत्री

गंगा एक्सप्रेस-वे के लोकार्पण के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को मध्य उत्तर प्रदेश से पूरब और पश्चिम को साधेंगे। दरअसल यह एक्सप्रेस-वे पूरब के प्रयागराज से पश्चिम के मेरठ को जोड़ता है। यह एक्सप्रेस-वे मध्य उत्तर प्रदेश के चार जिलों से भी निकला है। पिछले कुछ वर्ष से भले ही उत्तर प्रदेश में पूरब और पश्चिम की राजनीतिक लड़ाई सतह पर न रही हो, लेकिन अंदरखाने इसको लेकर चर्चा होती रहती है। कभी केंद्र तो कभी राज्य सरकार पर पश्चिम से ज्यादा महत्व पूरब को दिए जाने के आरोप लगते हैं, तो कभी यही आरोप पूरब की तरफ से भी लगते रहे हैं। अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। सूबे में पिछले दो चुनावों से लगातार भाजपा जीत रही है। स्वाभाविक रूप से सत्ता विरोधी लहर भी तैयार हो ही जाती है। इस सबके बीच समय समय पर हुए राजनीतिक घटनाक्रमों को सरकार ही नहीं भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व भी गंभीरता से लेता रहा है। अब गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण इन सभी राजनीतिक गड्ढों को पाटने का भी मुनासिब समय है। चूंकि यह एक्सप्रेस-वे मेरठ से प्रयागराज के बीच बना है, इसलिए इसके जरिए पूरब और पश्चिम का भेद मिटाने की कवायद भी हुई है। दोनों को एक्सप्रेस-वे पर रफ्तार भरने का मौका मिला है। मध्य यूपी से इसका लोकार्पण हो रहा है, तो जाहिर सी बात है कि इसका असर मध्य यूपी के जिलों मेें भी पड़ेगा।

11:05 AM, 29-Apr-2026

गंगा एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हैं कट

गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रधानमंत्री के आवागमन के लिए एक कट बनाया गया है। वीआईपी और सभास्थल पर आने-जाने वाले लोगों के लिए बनाए गए हैं। कन्नौज से आने वाले लोगों के लिए राघौपुर सड़क से सभास्थल के पहले 14 कट बनाए गए हैं। इसमें सात कट वाहनों के लिए रखे गए हैं। उन्नाव की तरफ से आने वाले लोगों के लिए एक्सप्रेसवे की सर्विस लेन से तीन कट और एक्सप्रेसवे से उतरने के लिए दो कट बनाए गए है। हरदोई की तरफ से आने वाले वाहनों के लिए एक्सप्रेसवे के दाहिनी ओर बनी सर्विस लेन पर 6 कट बनाए गए हैं और एक्सप्रेसवे से आने वालों के लिए लोगों के उतरने के लिए तीन कट बनाए गए हैं। 

11:01 AM, 29-Apr-2026

144 सीसी कैमरा करेंगे चप्पे-चप्पे की निगरानी

प्रधानमंत्री के सभास्थल से लेकर बाहर परिसर तक की गतिविधियों की निगरानी के लिए 144 सीसी कैमरा लगवाए गए हैं। लोकार्पण समारोह में आने-जाने वाले लोगों, सुरक्षा बंदोबस्त और सभास्थल में बैठे लोगों पर इन कैमरों की नजर रहेगी। वैसे तो सुरक्षा व्यवस्था के लिए एसपीजी, पीएसी और पुलिस फोर्स लगाया गया है। वहीं सीसी कैमरों से भी कंट्रोल रूम में नजर रखी जाएगी।

10:55 AM, 29-Apr-2026

मुख्य मंच के दोनों तरफ भी बनवाए गए मंच

लोकार्पण समारोह के सभास्थल पर एक मुख्य मंच प्रधानमंत्री के लिए होगा। इसी पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल के साथ ही दोनों उप मुख्यमंत्री, मंत्री और सांसद, विधायक के बैठने के लिए भी कुर्सियां लगाई गईं हैं। वहीं मुख्य मंच के दोनों तरफ भी मंच बनवाए गए हैं। मंच के दाहिनी तरफ एक मंच पर जनप्रतिनिधियों और पार्टी पदाधिकारियों के बैठने के लिए लिए वरिष्ठता क्रम से कुर्सियां लगवाई गई हैं। मंच के बांयी तरफ भी एक छोटा मंच बनाया गया है। इस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन होंगे। वहीं मंच से लेकर हेलीपैड, सभास्थल और प्रधानमंत्री के आवागमन, हरित वाटिका आदि को एसपीजी ने अपनी सुरक्षा में ले लिया है।

10:53 AM, 29-Apr-2026

मुख्य अपडेट्स 

समय: प्रधानमंत्री सुबह 11:20 बजे सीधे एक्सप्रेसवे पर बने हेलीपैड पर पहुंचेंगे।
जनसभा: लोकार्पण के बाद एक विशाल जनसभा होगी, जिसमें करीब दो लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है।
कनेक्टिविटी: मेरठ से प्रयागराज का सफर अब 12 घंटे के बजाय महज छह घंटे में पूरा होगा।
विस्तार: यह एक्सप्रेसवे मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज को जोड़ेगा।

10:46 AM, 29-Apr-2026

गंगा एक्सप्रेसवे की विशेषताओं पर एक नजर

  • गंगा एक्सप्रेसवे को हादसा रहित बनाए जाने के लिए अलर्ट स्ट्रिप्स बनाए गए हैं। यह वाहन चालक के झपकी आने पर स्ट्रिप्स पर वाहन के आते ही कंपन से चालक को नींद से जगाने का काम करेंगे।
  • मेरठ से प्रयागराज तक 594 किलोमीटर के गंगा एक्सप्रेसवे पर नौ स्थानों पर रेस्ट एरिया को विकसित किया गया है। एक एरिया का क्षेत्रफल करीब पांच हेक्टेयर रखा गया है
  • गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले लोगों को डीजल, पेट्रोल और सीएनजी पंप के साथ ही इलेक्ट्रिक वाहन यानी ईवी चार्जिंग सेंटर की भी सुविधा उपलब्ध होगी।
  • झूला पार्क भी बनवाए गए हैं। परिवार सहित सफर के लिए निकले लोगों के बच्चों के लिए एक्सप्रेसवे पर ही झूला पार्क विकसित कराए गए हैं। इससे सफर के दौरान लोग बच्चों के साथ कुछ पल बिता सकेंगे।
  • गंगा एक्सप्रेसवे पर जिलों की पहचान के उत्पाद, भोजन और अन्य सामग्री भी उपलब्ध होगी। वहीं सफर करने वाले लोगों को गंगा भोग ढाबा के भोजन का स्वाद लेने का भी मौका मिलेगा।
  • 17 स्थानों पर हाईटेक टोल प्लाजा बनवाए गए हैं। इससे वाहनों को कतार में नहीं लगना होगा, गति सीमा में ही वाहन के लिए ऑटोमेटेड सिस्टम से टोल की कटौती होते ही बूम खुल जाया करेगा।
  • गंगा एक्सप्रेसवे पहला एक्सप्रेसवे होगा जिस पर ट्रक लेन भी बनवाई गई है।
  • सीसी कैमरों की निगरानी रहेगी। 120 किलोमीटर से अधिक गति सीमा होने पर वाहनों का आटोमैटिक चालान कट जाएगा।
  • एंबुलेंस की तैनाती के साथ ही ट्रॉमा सेंटर की भी स्थापना कराई गई है।


 

10:41 AM, 29-Apr-2026

टोल टैक्स: जितनी दूरी, उतना भुगतान

एक्सप्रेसवे पर 'क्लोज्ड टोलिंग सिस्टम' लागू किया गया है, जैसे ही आपका वाहन एक्सप्रेसवे पर चढ़ेगा, डिजिटल सिस्टम के जरिए एंट्री दर्ज हो जाएगी। आप एक्सप्रेसवे पर जहां से उतरेंगे, वहां का सेंसर तय की गई कुल दूरी को ऑटोमैटिक कैलकुलेट कर लेगा। फास्टैग के माध्यम से टोल का भुगतान तुरंत हो जाएगा।

10:36 AM, 29-Apr-2026

जानें क्या हैं सियासी मायने

गंगा एक्सप्रेसवे का शिलान्यास वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों की घोषणा से ठीक पहले हुआ था। 18 दिसंबर 2021 को पीएम मोदी ने शाहजहांपुर में इसका शिलान्यास किया था। अब 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले पीएम एक्सप्रेसवे का लोकार्पण कर फिर सियासी जमीन तैयार करेंगे।

10:20 AM, 29-Apr-2026

ये है सामरिक महत्व

शाहजहांपुर में गंगा एक्सप्रेसवे पर आपातकालीन जरूरतों के लिए 3.5 किमी लंबी हवाई पट्टी बनाई गई है। इस पर लड़ाकू विमान उतर सकते हैं। एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक गलियारे विकसित किए जा रहे हैं। स्थानीय स्तर पर रोजगार और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। यह एक्सप्रेसवे जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए सीधी कनेक्टिविटी प्रदान करने में मदद करेगा।

10:10 AM, 29-Apr-2026

12 जिलों से होकर गुजरेगा

मेरठ (बिजौली गांव), हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, संभल, बदायूं, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज (जुडापुर दांदू गांव)। मेरठ से प्रयागराज तक का सफर 6 से 7 घंटे में होगा पूरा। अभी लगते हैं 12 से 13 घंटे। मार्ग में नौ वे-साइड एमेनिटीज (जन सुविधा परिसर) विकसित किए गए हैं। इनमें पेट्रोल पंप, फूड कोर्ट विश्राम स्थल, ई-चार्जिंग स्टेशन व ट्रॉमा सेंटर।

10:04 AM, 29-Apr-2026

इन जनपदों से निकला है एक्सप्रेसवे

  • मेरठ
  • हापुड़
  • बुलंदशहर
  • अमरोहा
  • संभल
  • बदायूं
  • शाहजहांपुर
  • हरदोई
  • उन्नाव
  • रायबरेली
  • प्रतापगढ़
  • प्रयागराज

09:58 AM, 29-Apr-2026

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

प्रधानमंत्री की जनसभा में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपीजी के अलावा तकरीबन पांच हजार पुलिस कर्मियों की ड्यूटी कार्यक्रम स्थल पर लगाई गई है। पुलिस अधीक्षक स्तर के आठ, अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के 17, सीओ स्तर के 51 अधिकारियों को तैनात किया गया है। 118 निरीक्षक और 696 उपनिरीक्षक भी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। बड़ी संख्या में महिला पुलिस कर्मियों की भी ड्यूटी आयोजन स्थल पर है।

09:57 AM, 29-Apr-2026

कार्यक्रम में ये रहेंगे मौजूद

इसके अलावा सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर, आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी के साथ ही राज्यमंत्री डॉ. अरुण सक्सेना, नरेंद्र कश्यप, जसवंत सैनी आदि भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। जनसभा में हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, उन्नाव, शाहजहांपुर की जनता शामिल होगी। जनसभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रशासन के साथ ही संगठन स्तर पर भाजपा की तरफ से भी तैयारियां की गई हैं।

09:54 AM, 29-Apr-2026

11:20 बजे एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे पीएम

लोकार्पण समारोह में शामिल होने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11:20 बजे एक्सप्रेसवे पर बनाए गए हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से उतरेंगे। समारोह में उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव मौर्या, केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद और पंकज चौधर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना भी खास तौर पर मौजूद रहेंगे। 

09:49 AM, 29-Apr-2026

Ganga Expressway Inauguration Live: गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ से हरिद्वार भी जाएगा, पीएम बोले-ये विकास की नई लाइफलाइन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण आज करेंगे। लोकार्पण के मौके पर हरदोई में मल्लावां कट के पास श्यामपुर में जनसभा को भी संबोधित करेंगे। तकरीबन दो लाख लोग इस ऐतिहासिक पल के साक्षी श्यामपुर में मौजूद रहकर बनेंगे। इसके अलावा 11 जनपदों में आयोजन का लाइव प्रसारण दिखाने की व्यवस्था भी की गई है। 594 किलोमीटर लंबे एक्सप्रेसवे का 99 किलोमीटर हिस्सा हरदोई जनपद से निकला है। प्रदेश के 12 जनपदों से निकले इस एक्सप्रेसवे से मेरठ और प्रयागराज के बीच का सफर महज छह घंटे में पूरा होने का दावा किया जा रहा है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें