फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

PM Modi Kanpur Visit: 'दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा', पीएम मोदी कानपुरिया अंदाज में पाकिस्तान पर बरसे

Fri, 30 May 2025 05:56 PM IST
हिमांशु अवस्थी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर

खास बातें

PM Modi In Kanpur: प्रधानमंत्री शुक्रवार को पटना से सीधे कानपुर पहुंचे। करीब सवा दो घंटे शहर में रहे। इस दौरान बटन दबाकर प्रदेश की 47,600 करोड़ की 15 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। यहां पढ़ें, पीएम मोदी की जनसभा से जुड़ा हर अपडेट...
विज्ञापन
PM Modi in Kanpur - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:08 PM, 30-May-2025

जो संसाधन बड़े शहरों में होते हैं वो अब अपने कानपुर में भी दिखने लगे हैं
पीएम मोदी ने कहा कि जो इंफ्रास्ट्रक्चर, जो सुविधाएं, जो संसाधन बड़ी-बड़ी मेट्रो सिटीज में होते हैं… वो सब अब अपने कानपुर में भी दिखने लगे हैं। कानपुर मेट्रो इस बात का सबूत है कि अगर सही इरादों, मजबूत इच्छाशक्ति और नेक-नीयत वाली सरकार हो, तो देश और प्रदेश के विकास के लिए कैसे ईमानदारी से प्रयास होते हैं।

04:00 PM, 30-May-2025

जिस ब्रह्मोस ने दुश्मनों को सोने नहीं दिया, उसका नया पता है यूपी: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि भारत अपनी रक्षा जरूरतों के लिए आत्मनिर्भर हो, ये हमारी अर्थव्यवस्था के लिए तो जरुरी है ही। ये देश के आत्मसम्मान के लिए भी उतना ही जरुरी है। इसलिए हमने देश को उस निर्भरता से आजादी दिलाने के लिए आत्मनिर्भर भारत अभियान चलाया। उन्होंने कहा कि एक समय जहां से पारंपरिक उद्योग पलायन कर रहे थे। वहां अब डिफेंस सेक्टर की बड़ी कंपनियां आ रही हैं। यहां पास में ही अमेठी में AK203 राइफल का निर्माण शुरू हो चुका है। ऑपरेशन सिंदूर में जिस ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मनों को सोने नहीं दिया, उस ब्रह्मोस मिसाइल का भी नया पता है-उत्तर प्रदेश।

03:54 PM, 30-May-2025

ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर में दुनिया ने भारत के स्वदेशी हथियारों और मेक इन इंडिया की ताकत भी देखी है। हमारे भारतीय हथियारों ने और ब्रह्मोस मिसाइल ने दुश्मन के घर में घुसकर तबाही मचाई है। उन्होंने कहा कि ये ताकत हमें आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से मिली है। एक समय था, जब भारत सैन्य जरूरतों के लिए, अपनी रक्षा के लिए दूसरे देशों पर निर्भर था। हमने उन हालातों को बदलने को शुरुआत की।

विज्ञापन
03:52 PM, 30-May-2025


भारत ने आतंक के खिलाफ अपनी लड़ाई में तीन सूत्र स्पष्ट रूप से तय किए हैं: पीएम मोदी
1 - भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा, उसका समय, तरीका और शर्तें हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी।
2 - भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा।
3 - आतंक के आका और आतंक की सरपरस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा।

03:43 PM, 30-May-2025

पीएम मोदी ने कानपुरिया अंदाज में पाकिस्तान पर बोला हमला
पीएम मोदी ने कहा कि भारत हर आतंकी हमले का करारा जवाब देगा। उसका समय, जवाब देने का तरीका और जवाब देने की शर्तें हमारी सेनाएं खुद तय करेंगी। दूसरा भारत अब एटम बम की गीदड़भभकी से नहीं डरेगा और न ही उसके आधार पर कोई फैसला लेगा। तीसरा आतंकियों के आका और आतंकी सरपरस्त सरकार को भारत एक ही नजर से देखेगा। अगर मैं सीधे-सीधे कनपुरिया में कहूं तो दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा। 

विज्ञापन
03:38 PM, 30-May-2025

ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है, दुश्मन किसी धोखे में न रहे: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि विकास का यह कार्यक्रम 24 अप्रैल को होने वाला था, लेकिन पहलगाम हमले के कारण कार्यक्रम रद्द करना पड़ा। इस हमले का शिकार कानपुर के शुभम भी हुए। वह पीड़ा, कष्ट और भीतर का आक्रोश हम सब महसूस कर सकते हैं। हमारी बेटियों-बहनों का वही आक्रोश ऑपरेशन सिंदूर के रूप में पूरी दुनिया में देखा गया। हमने पाकिस्तान में आतंकी ठिकाने सैंकड़ों मील अंदर घुसकर तबाह कर दिए। हमारी सेना ने ऐसा पराक्रम किया कि पाकिस्तानी सेना को गिड़गिड़ाकर युद्ध रोकने की मांग करने के लिए मजबूर होना पड़ा। मैं सेना के शौर्य और पराक्रम को बार-बार सैल्यूट करता हूं। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान जो दुश्मन गिड़गिड़ा रहा था, वह दुश्मन किसी धोखे में न रहे। ऑपरेशन सिंदूर अभी खत्म नहीं हुआ है।

03:26 PM, 30-May-2025

भारत माता की जय के साथ पीएम ने संबोधन की शुरुआत की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के साथ संबोधन की शुरुआत की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्याथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम में पेंटिंग बनाकर लाए लोगों को लेकर पीएम मोदी बोले कि एसपीजी के लोग उनको ले लें। पेंटिंग लाए हुए लोगों से कहा कि अपना पता उस पर लिख दें मैं चिट्टी भेजूंगा।

03:16 PM, 30-May-2025

पीएम ने 15 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बटन दबाकर प्रदेश की 47,600 करोड़ की 15 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया।

03:13 PM, 30-May-2025

सीएम योगी ने सरकार की उपलब्धियां बताईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई विकास परियोजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। मुख्यमंत्री योगी ने सरकार की उपलब्धियों और आज के कार्यक्रम के बार में जानकारी दी। 
 

02:47 PM, 30-May-2025

प्रधानमंत्री से चकेरी एयरपोर्ट पर मिला शुभम का परिवार
शुक्रवार को कानपुर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चकेरी एयरपोर्ट पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजनों से मिले। शहीद शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा द्विवेदी और पत्नी ऐशान्या मौजूद रहे।

02:05 PM, 30-May-2025
बिठूर - फोटो : amar ujala

पीएम को मिलने वाले उपहार में दिखेगी बिठूर के इतिहास की झलक
कानपुर शहर आगमन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उपहार स्वरूप में मिलने वाले पॉट में शहर की विरासत और बिठूर के इतिहास की झलक दिखेगी। इसे आईआईटी के रोजी शिक्षा केंद्र में डिजाइन करने के साथ बिठूर निवासी कुम्हार ने तैयार किया है।

02:04 PM, 30-May-2025

प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए शुभम द्विवेदी का परिवार रवाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चकेरी एयरपोर्ट पर मिलने के लिए पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए शुभम द्विवेदी के परिजन घर से रवाना हुए हैं। शहीद शुभम द्विवेदी के पिता संजय द्विवेदी, मां सीमा द्विवेदी और पत्नी ऐशान्या  को ज्योतिषाचार्य पंडित मनोज कुमार द्विवेदी, बहन आरती दुबे और भाई सौरभ द्विवेदी ने घर से भावुक क्षण में विदा किया।

01:20 PM, 30-May-2025
कोरोना जांच - फोटो : अमर उजाला

प्रधानमंत्री से मिलने वालों की होगी कोरोना की जांच
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने वाले लोगों की कोरोना की जांच की जाएगी। साथ ही थर्मल स्कैनिंग भी की जाएगी। जांच निगेटिव आने के बाद ही लोग प्रधानमंत्री से मिल पाएंगे। इसके लिए चकेरी एयरफोर्स और सीएसए स्थित कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्यकर्मियों की टीमें लगा दी गई हैं। स्वास्थ्यकर्मी मौके पर ही ब्लड सैंपल लेकर एंटीजन जांच करेंगे। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने इस संबंध में निर्देश जारी कर दिए हैं। चकेरी एयरपोर्ट पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रणव कुमार की अगुवाई में टीम रहेगी। इसमें लैब टेक्नीशियन अनुराग दास और कर्मचारी कृष्ण कुमार चौधरी हैं। सीएसए स्थित कार्यक्रम स्थल पर उप मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश्वर सिंह, लैब टेक्नीशियन प्रवीण कुमार, मनीष शर्मा और कर्मचारी अनिल कुमार रहेंगे। 

01:19 PM, 30-May-2025

पनकी और नयवेली पावर प्लांट से पूरे उत्तर प्रदेश को मिलेगी बिजली
उत्तर प्रदेश में अब लोगों को बिजली संबंधित दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के घाटमपुर और पनकी पावर प्लांट का उद्घाटन करते ही दोनों प्लांट से प्रदेश को बिजली मिलने लगेगी। यह परियोजना कोयला मंत्रालय, भारत सरकार और ऊर्जा विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार के संयुक्त तत्वावधान में संचालित हो रही है। परियोजना का कार्यान्वयन नयवेली उत्तर प्रदेश पावर लिमिटेड और उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम की ओर से संयुक्त रूप से किया जा रहा है। जल्द ही यहां पर अब दूसरे चरण के ट्रायल शुरू के संबंध में कार्य किया जाएगा। वहीं, पनकी तापीय विस्तार परियोजना उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (उप्र सरकार का उपक्रम) की ओर से क्रियान्वित की जा रही है। पनकी पावर प्लांट से बिजली बेचने के लिए केंद्र और राज्य सरकार से अनुमति प्राप्त हो गई है।

12:42 PM, 30-May-2025
डिफेंस कॉरिडोर - फोटो : amar ujala

शिलान्यास परियोजनाएं

  • गौरिया पाली मार्ग का दो किलोमीटर तक चौड़ीकरण 113 करोड़
  • नर्वल-डिफेंस मोड़ मार्ग का चौड़ीकरण 187.37 करोड़
  • 220केवी उपकेंद्र यीडा, गौतमबुद्ध नगर का निर्माण 140.73 करोड़
 

12:41 PM, 30-May-2025

लोकार्पण की परियोजनाएं

  • पनकी, कानपुर तापीय विस्तार योजना (660 मेगावाट) 8,305.16 करोड़
  • घाटमपुर, कानपुर में नवेली पावर प्लांट (660 मेगावाट) 9,337.68 करोड़
  • चुन्नीगंज से कानपुर सेंट्रल तक मेट्रो संचालन -2,120 करोड़
  • पनकी मंदिर से पावर हाउस तक पुल निर्माण- 28.70 करोड़
  • पनकी धाम से नहरिया तक पुल निर्माण -36.88 करोड़
  • 40 एमएलडी टर्सरी ट्रीटमेंट प्लांट बिनगंवा -296.33 करोड़
  • बिठूर, कानपुर में अग्निशमन केंद्र का आवासीय भवन -11.92 करोड़
  • 132 केवी उपकेंद्र इकोटेक-8 ग्रेटर नोएडा का निर्माण 153.28 करोड़
  • 132केवी उपकेंद्र इकोटेक-10 ग्रेटर नोएडा का निर्माण- 168.84 करोड़
  • एटा की जवाहरपुर तापीय परियोजना- 14,628 करोड़
  • ओबरा सी तापीय परियोजना - 6,502 करोड़
  • खुर्जा तापीय परियोजना - 5,544 करोड़

12:27 PM, 30-May-2025
pm modi in kanpur - फोटो : amar ujala

522 बसों से 19 हजार पहुंचेंगे लाभार्थी
रैली स्थल पर विभिन्न योजनाओं के करीब 19,515 लाभार्थियों को लाया जाएगा। इन्हें लाने के लिए प्रशासन ने 522 बसों को लगाया है। सभा स्थल पर करीब 50 हजार लोगों के लिहाज से व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए अलग-अलग 30 ब्लाॅक बनाए गए हैं।

12:25 PM, 30-May-2025

एयरपोर्ट पर पीएम का स्वागत करेंगे महाना
उप्र विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना पीएम मोदी का स्वागत चकेरी एयरपोर्ट पर उनके आगमन के समय करेंगे। इसके बाद यहां से प्रस्थान के समय भी वह साथ में उपस्थित रहेंगे।

12:20 PM, 30-May-2025
pm modi in kanpur - फोटो : amar ujala

पटना से 2.15 बजे पहुंचेंगे चकेरी एयरपोर्ट
प्रधानमंत्री शुक्रवार को पटना से सीधे कानपुर आएंगे। करीब सवा दो घंटे शहर में रहेंगे। वह एक बजे पटना से चलेंगे और 2.10 पर चकेरी एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से चॉपर से 2.15 बजे रवाना होंगे और 2.35 बजे सीएसए पहुंचेंगे। 2.40 बजे पीएम कार्यक्रम मंच पर पहुंचेगे। 3.45 बजे पीएम मंच से निकलेंगे। 3.50 बजे सीएसए से चकेरी के लिए रवाना होंगे। 4.25 बजे चकेरी एयरपोर्ट से रवाना हो जाएंगे।

10:35 AM, 30-May-2025

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मैदान में पीएम मोदी की जनसभा के लिए भगवा रंग से मंच और पंडाल सजाया गया है। बारिश को देखते हुए पूरे मैदान में जर्मन हैंगर टेंट लगाया गया है। कुलपति कार्यालय के सामने तीन हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल के करीब पीएम, राज्यपाल और सीएम का हेलीपैड बनाया गया है। आने वाले लाभार्थियों के वाहनों को खड़ा करने के लिए 25 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 35 मिनट में ऑपरेशन सिंदूर से लेकर विकास की गौरव गाथा पर अपनी बात रखेंगे। भविष्य में शहर के विकास के रोडमैप पर बड़ी परियोजनाओं की घोषणा की भी उम्मीद है।

10:28 AM, 30-May-2025

PM Modi Kanpur Visit: 'दुश्मन कहीं भी हो हौंक दिया जाएगा', पीएम मोदी कानपुरिया अंदाज में पाकिस्तान पर बरसे

PM Modi Kanpur Event Today: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सीएसए मैदान से रिमोट का बटन दबाकर प्रदेश की 47,573 करोड़ की 15 बड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। इनमें शहरवासियों को मेट्रो, सड़क, पुल परियोजना की सौगात मिलेगी। साथ ही पांच बड़ी तापीय परियोजनाओं से ग्रिड को मिलने वाली 3300 मेगावाट बिजली से पूरे देश को फायदा होगा। शहर के अलावा नोएडा, एटा, सहारनपुर के लोगों को भी परियोजनाओं की सौगात मिलेगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें