फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jhansi Medical College Fire Live: साफ नजर आई प्रशासन की लापरवाही, राहुल-अखिलेश ने खूब सुनाया, जानें क्या कहा

Sat, 16 Nov 2024 04:25 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, झांसी

खास बातें

झांसी के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा वार्ड (एसएनसीयू) में भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। प्रशासन ने 12 घंटे में रिपोर्ट तलब की है और वहीं राज्य सरकार के साथ पीएम राहत कोष से पीड़ितों के लिए मुआवजे का एलान किया गया है। इसके साथ ही हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।
विज्ञापन
Jhansi Medical College Fire - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

04:25 PM, 16-Nov-2024

'मामले की हो निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई'

सपा सांसद डिंपल यादव ने झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई मासूमों की मौत को लेकर कहा कि समाजवादी पार्टी मृतक मासूमों के परिवार के साथ खड़ी है और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करती है। 

03:19 PM, 16-Nov-2024

शार्ट सर्किट से ऑक्सीजन कंसनट्रेटर में लगी आग

सीएमएस डॉ. सचिन माहूर के मुताबिक, शार्ट सर्किट से ऑक्सीजन कंसनट्रेटर में आग लग गई। देखते ही देखते आग की चपेट में पूरा वार्ड आया गया, जिससे वार्ड में भगदड़ मच गई। मौजूद स्टाफ व परिजन नवजातों को लेकर बाहर की ओर भागे।

03:11 PM, 16-Nov-2024

डिप्टी सीएम के स्वागत में चूना डालने में व्यस्त रहा मेडिकल प्रशासन

झांसी के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा वार्ड (एसएनसीयू) में भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की झुलसने एवं दम घुटने से मौत हो गई। इस बात की जानकारी जब डिप्टी सीएम बृजेश पाठक को हुई तो वह झांसी मेडिकल कॉलेज का दौरा करने के लिए निकल पड़े। इस बात की जानकारी जब मेडिकल प्रशासन को हुई तो वह  10 नवजातों की दर्दनाक मौत के बाद भी डिप्टी सीएम बृजेश पाठक की अगवानी की रस्म निभाना नहीं भूला। तड़के करीब 3:00 बजे मेडिकल प्रशासन ने इमरजेंसी के पास डिप्टी सीएम के आने से पहले चूना छिड़कवाया। मेडिकल प्रशासन ने अस्पताल के पर्दे वगैरहा भी दुरुस्त कराए।

विज्ञापन
01:40 PM, 16-Nov-2024

लापता नवजातों के परिजनों को नहीं मिला जवाब

झांसी मेडिकल कॉलेज की एसएनसीयू में भर्ती छह नवजात लापता हैं, जिनके बारे में किसी के भी पास कोई संतोषजनक जबाव नहीं है। वहीं, परिजनों का रो-रो का बुरा हाल है। परिजनों का कहना है कि जब बच्चे एसएनसीयू में भर्ती थे तो वहां से कहां चले गए? कोई भी कुछ नहीं बता रहा है। इससे मरने वाले नवजात शिशुओं का आंकड़ा बढ़ सकता है। उधर, ये जानकारी भी सामने आई है कि छह बच्चे वार्ड में सुरक्षित हैं, इनके मां-बाप का पता नहीं है। जबकि दस बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। सात बच्चों का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। एक को डिस्चार्ज कर दिया गया है।

01:35 PM, 16-Nov-2024

बच्चों को पागलों की तरह तलाशते रहे परिजन

कई मां-बाप रोते-बिलखते अपने बच्चे के लिए गुहार लगाते रहे। महोबा निवासी संजना, जालौन निवासी संतराम अपने बच्चों को पागलों की तरह तलाशते रहे। उनके नवजात उनको मिले ही नहीं। बच्चे के लापता होने पर मां-बाप डॉक्टर, कर्मी एवं अधिकारियों से गुहार लगाते रहे लेकिन, कोई भी जवाब नहीं मिला।

विज्ञापन
01:07 PM, 16-Nov-2024

झांसी कांड पर राहुल गांधी ने शोक जताया

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी झांसी कांड पर शोक जताया है। राहुल गांधी ने लिखा कि झांसी मेडिकल कॉलेज में हुए दर्दनाक हादसे में कई नवजात बच्चों की मृत्यु और घायल होने की खबर से मैं बेहद दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। उत्तर प्रदेश में एक के बाद एक हो रही इस तरह की दुखद घटनाएं सरकार और प्रशासन की लापरवाही को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े करती है। सरकार सुनिश्चित करे कि घायल बच्चों का बेहतर से बेहतर इलाज हो। साथ ही इस दुखद घटना की तुरंत जांच कराई जाए और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई हो।
 

12:16 PM, 16-Nov-2024

झांसी अग्निकांड में बड़ा खुलासा

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा वार्ड (एसएनसीयू) में भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की झुलसने एवं दम घुटने से मौत हो गई। जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां 55 नवजात भर्ती थे। 45 नवजात को सुरक्षित निकाल लिया गया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आग बुझाने वाले सिलिंडर एक्सपायर हो चुके थे। ये सिलिंडर से आग काबू पाने में नाकाम साबित हुए। 

12:11 PM, 16-Nov-2024

10 घंटे बाद भी लापता शिशुओं की सूची जारी नहीं

दस घंटे से अधिक का समय बीतने के बाद भी प्रशासन ने हादसे का शिकार हुए और लापता नवजात शिशुओं की कोई भी सूची जारी नहीं की है। वहीं, मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी के बाहर महिला संध्या ने बताया कि उसका 12 दिन का बेटा, बंगरा की कविता का 15 दिन का बेटा, जालौन की संतोषी का एक दिन का बेटा, कबरई महोबा की नीलू का नौ दिन का बेटा, फुलवारा ललितपुर की संजना का 29 दिन का बेटा और राजगढ़ की नैंसी का बेटा नहीं मिल रहा है।

11:35 AM, 16-Nov-2024

हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर जारी

झांसी मेडिकल कॉलेज हादसे के बाद प्रशासन की ओर से हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। झांसी मेडिकल कॉलेज का हेल्पलाइन नंबर- 6389831357 है।

11:32 AM, 16-Nov-2024

पीएम राहत कोष से भी मुआवजे का एलान

झांसी के मेडिकल कॉलेज में हुए हादसे के बाद उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से मुआवजे का एलान किया गया। इसके बाद अब प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से भी मुआवजे का एलान हो चुका है। 

 

11:19 AM, 16-Nov-2024

झांसी हादसे पर अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव ने झांसी हादसे पर सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट साझा कर लिखा कि झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों के मौत का समाचार बेहद दुखद एवं चिंताजनक है। सबके प्रति संवेदनात्मक श्रद्धांजलि। आग का कारण ‘ऑक्सीजन कॉन्संट्रेटर’ में आग लगना बताया जा रहा है। ये सीधे-सीधे चिकत्सीय प्रबंधन व प्रशासन की लापरवाही का मामला है  या फिर खराब क्वॉलिटी के आक्सीजन कॉन्संट्रेटर का है।

आगे लिखा कि इस मामले में सभी जिम्मेदार लोगों पर दंडात्मक कार्रवाई हो। मुख्यमंत्री फिलहाल चुनावी प्रचार छोड़कर, ‘सब ठीक होने के झूठे दावे’ छोड़कर स्वास्थ्य और चिकित्सा की बदहाली पर ध्यान देना चाहिए। जिन्होंने अपने बच्चे गंवाएं हैं, वो परिवारवाले ही इसका दुख-दर्द समझ सकते हैं। ये सरकारी ही नहीं, नैतिक जिम्मेदारी भी है। आशा है चुनावी राजनीति करनेवाले पारिवारिक विपदा की इस घड़ी में इसकी सच्ची जांच करवाएंगे और अपने तथाकथित स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्रालय में ऊपर-से-नीचे तक आमूलचूल परिवर्तन करेंगे। रही बात उप्र के ‘स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री’ की तो उनसे कुछ नहीं कहना है क्योंकि उन्हीं के कारण आज उप्र में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा व्यवस्था की इतनी बदहाली हुई है। संकीर्ण-साम्प्रदायिक राजनीति की निम्न स्तरीय टिप्पणियां करने में उलझे मंत्री जी को तो शायद ये भी याद नहीं होगा कि वो ‘स्वास्थ्य एवं चिकित्सा मंत्री’ हैं। न तो उनके पास कोई शक्ति है न ही इच्छा शक्ति, बस उनके नाम की तख़्ती है। सबसे पहले उप्र भाजपा सरकार समस्त झुलसे बच्चों के लिए विश्वस्तरीय चिकित्सा व्यवस्था उपलब्ध कराए। जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है, उन समस्त शोक संतप्त परिवारों को 1-1 करोड़ संवेदना राशि दे। गोरखपुर न दोहराया जाए।

11:17 AM, 16-Nov-2024

मासूमों की मौत पर जताया शोक

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना को लेकर शोक जताया है। एक्स पर पीएमओ ने लिखा कि हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। 

11:14 AM, 16-Nov-2024

जांच के लिए टीम का गठन

सीएम योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर उपमुख्यमंत्री एवं चिकित्सा मंत्री ब्रजेश पाठक मेडिकल कॉलेज पहुंच गये हैं। उनके साथ प्रमुख सचिव स्वास्थ्य भी हैं। झांसी के मंडलायुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक को हादसे की जांच के निर्देश दिए गए हैं। सीएम ने हादसे पर दुख जताते हुए जांच कर 12 घंटे में रिपोर्ट देने को कहा है।

10:44 AM, 16-Nov-2024

झांसी पहुंचे डिप्टी सीएम

उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने आग से जले बच्चों को देखा। साथ ही घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने हादसे के बारे में जानकारी ली। 
 

10:41 AM, 16-Nov-2024

झांसी अग्निकांड: हादसे में मुआवजे का एलान

झांसी मेडिकल कॉलेज हादसे में शिकार नवजातों के परिजनों को शासन द्वारा पांच-पांच लाख रुपयों की सहायता की घोषणा की गई है। घायलों के परिजनों को पचास-पचास हजार की सहायाता मिलेगी। सीएम ने कहा कि यह सहायता राशि जल्द से जल्द मिलनी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में हुई दुर्घटना पर गहरा दुःख जताया है। शुक्रवार देर रात घटना की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री ने रातों-रात उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को मौके पर भेजा।

10:33 AM, 16-Nov-2024

Jhansi Medical College Fire Live: साफ नजर आई प्रशासन की लापरवाही, राहुल-अखिलेश ने खूब सुनाया, जानें क्या कहा

झांसी के महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा वार्ड (एसएनसीयू) में भीषण आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की झुलसने एवं दम घुटने से मौत हो गई। जिस वार्ड में आग लगी थी, वहां 55 नवजात भर्ती थे। 45 नवजात को सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंच गई। सेना को भी बुला लिया। सेना एवं दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने में मदद कीं।

दस नवजात की मौत से अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। माता-पिता भी अपने बच्चों को बचाने की गुहार लगाते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार रात करीब दस बजे वार्ड से धुआं निकलता दिखा। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाया। जब तक कुछ समझ पाते, आग की लपटें उठने लगीं। कुछ ही देर में आग ने वार्ड को अपनी जद में ले लिया।

वहां भगदड़ मच गई। नवजात को बाहर निकालने की कोशिश हुई, पर धुआं एवं दरवाजे पर आग की लपट होने से नवजात समय पर बाहर नहीं निकाले जा सके। दमकल की गाड़ियों के पहुंचने पर शिशुओं को बाहर निकाला जा सका। 
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें