सैफई में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी आने की चर्चा है। हालांकि अभी तक अधिकृत कार्यक्रम घोषित नहीं हुआ है।
रामपुर लोकसभा क्षेत्र की पूर्व सांसद एवं फिल्म अभिनेत्री जयाप्रदा ने सपा मुखिया एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया है। सांसद जयाप्रदा ने कहा कि आदरणीय नेताजी के स्वर्गवास होने का समाचार सुनकर बहुत दुःख हुआ। मै जब समाजवादी पार्टी में थी तब मै नेताजी से बहुत प्रभावित थी वह हमेशा परिवार और समाज को बाँधकर चलने की बात करते थे और उन्होंने ही समाजवादी पार्टी को और परिवार को एक माला में पिरोलर रखा।
मुलायम सिंह यादव के पार्थिव शरीर का काफिला अलीगढ़ के टप्पल में यमुना एक्सप्रेसवे से होकर गुजरा है। जहां समर्थकों और कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उमड़ी और उन्होंने पार्थिव शरीर के दर्शन किए। इस दौरान यमुना एक्सप्रेसवे पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक ऐसे नेता थे जिन्होंने गरीबों से जुड़कर अपनी ज़िंदगी गुजारी। अभी तक के जो भी नेता रहें उनमें से मुलायम जी एक बड़ा नाम थे।दिलचस्प बात यह है कि इतनी उम्र के बावजूद वे सदन में आते और हर वक्तव्य को सुनते समझते थे। साइकिल के हिस्सों को व्यवस्थित कर मुलायम सिंह का अक्स दीवार पर उकेरा गया।
उत्तराखंड विधानसभा में विपक्ष के नेता यशपाल आर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का उत्तर प्रदेश के विकास में बड़ा योगदान रहा। वह सही मायनों में लोकतंत्र की आवाज थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। मेरी और कांग्रेस की तरफ से उनको श्रद्धांजलि। उनका जाना राजनीति में खाई है जिसका भरना मुश्किल है।
कोलकाता में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मुलायम सिंह यादव एक वरिष्ठ नेता थे जिनको हमने खोया है। वे हमेशा गरीबों के साथ थे, पिछड़े हुए लोगों के लिए वे एक मसीहा थे। वे अच्छे व्यक्तित्व वाले इंसान थे।
सपा के वरिष्ठ नेता राजेंद्र चौधरी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर कहा कि नेता जी भले हमारे बीच नहीं है लेकिन उनका संघर्ष, विचार हमेशा हमारे बीच रहेगा... समाजवादी पार्टी के लखनऊ के मुख्यालय में पार्टी के झंडे को झुकाया है और एक शोक सभा भी की है। हमने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
उत्तर प्रदेश के समाजवादी पार्टी अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि हम लोग मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर पाकर काफी दुखी हैं और समाजवादी पार्टी उनके निधन पर शोक व्यक्त करती है। समाजवादी पार्टी उनकी आत्मा की शांति की कामना करती है। यह देश के लिए अपूरणीय क्षति है:
अंतिम दर्शन के लिए नेताजी का शव उनके सैफई आवास पर रखा जाएगा। मंगलवार को सैफई पंडाल में अंतिम संस्कार कराया जाएगा। यह जानकारी सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव ने दी है। बताते चलें कि मुलायम सिंह यादव ने आज सुबह 8:16 पर अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वेंटिलेटर पर थे।
सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर मिलते ही उनका पैतृक गांव सैफई शोक में डूब गया। घर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण और सपा समर्थक पहुंचने लगे हैं। नेताजी का पार्थिव शरीर आज इटावा लाया जा रहा है। उसके बाद मंगलवार दोपहर 3:00 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
मुलायम सिंह यादव देश के वरिष्ठ राजनीतिज्ञ थे। उत्तर प्रदेश के विकास और देश की राजनीति में उनकी भूमिक रही है। पुराने समाजवादियों में उनका बड़ा नाम था। हम सबको उनके जाने का बहुत दुख है। भगवान उनके परिवार को दुख सहन करने की शक्ति दे।
प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक व्यक्त किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कैबिनेट मंत्रियों ने दिवंगत मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित कर शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सरकार ने कैबिनेट के सभी प्रस्ताव स्थगित किए गए हैं।
जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि हमें सूचना मिली है कि नेता जी का अंतिम संस्कार सैफई में किया जाएगा। प्राथमिक व्यवस्था कि लिए पुलिस और प्रशासन की टीम यहां मौजूद हैं, प्राथमिक जानकारी के मुताबिक हमें अंतिम संस्कार का समय कल दोपहर का दिया गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, बिहार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के साथ ही कई केंद्रीय और प्रदेश स्तर के मंत्रियों के आने की सूचना मिल रही है।
मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर पहुंचा यमुना एक्सप्रेस-वे, लोगों ने दुखी मन से दी नेताजी को अंतिम विदाई।
मुलायम सिंह यादव जी का निधन अपूरणीय क्षति है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति दे और उनके परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे। उनके समर्थकों से उम्मीद है कि वह मुलायम सिंह जी के द्वारा दिखाए जनसेवा के रास्ते पर चलेंगे।
वह बड़े नेता थे। वह धर्मनिरपेक्ष नेता थे जिन्होंने पिछड़ी जातियों के लिए काम कर उन्हें सशक्त किया। उन्होंने सांप्रदायिक ताकतों के ख़िलाफ़ डटकर मुकाबाला किया। उन्होंने जिस तरह से हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को आगे बढ़ाया हमें उनसे सीखना चाहिए।
मेरी गुरु धरती पुत्र नेताजी मेरे लिए “पिताजी” आज गोलोक वासी हो गए । सत्य है,की धरती पर शरीर रूपी जीव नश्वर है।इस सत्य की वेदना सहन करने की मुझे और नेताजी से प्रेम करने वाले सभी लोगो को ईश्वर शक्ति दे।
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने ट्वीट कर कहा, मुलायम सिंह यादव जी का राजनीतिक कौशल अद्भुत था। दशकों तक उन्होंने भारतीय राजनीति का एक स्तंभ बनकर समाज व राष्ट्र की सेवा की। जमीन से जुड़े परिवर्तनकारी,सामाजिक सद्भाव के नेता,आपातकाल में लोकतांत्रिक मूल्यों के पक्षधर के रूप में वे सदैव याद किए जाएंगे। उनका जाना अपूर्णीय क्षति है।
उन्होंने लिखा, "देश के पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री के रूप में मुलायम सिंह का योगदान हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।"
मेदांता अस्पताल से सैफई के लिए रवाना हुआ मुलायम सिंह यादव का पार्थिव शरीर।
पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव को पत्र लिखा।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि दी।
राजनाथ सिंह कल मुलायम सिंह यादव के अंतिम संस्कार में शमिल होने सफाई जाएंगे।
बहुत ही दुखद खबर है, मेरी संवेदना उनके परिवार और शुभचिंतकों के साथ है। कुछ समय पहले मैं मेदांता में उनसे मिलने पहुंचा था, उस समय भी उनकी स्थिति काफी नाजुक बनी हुई थी। उनके निधन का हमें काफी गहरा दुख है।
अदिति यादव का अपने दादा के लिए भावुक पोस्ट किया। उन्होंने लिखा दादा अब इस दुनिया में नहीं रहे।
माननीय नेता जी हमारे बीच नहीं रहे। उनका पार्थिव शरीर 11.30 बजे मेदांता अस्पताल से यमुना एक्सप्रेसवे और आगरा लखनऊ इक्स्प्रेसवे से होकर करहल कट से सैफई के लिए जाएगा। उनका अंतिम संस्कार कल 11 अक्तूबर को अपरान्ह 3 ( तीन) बजे सैफई में होगा।अंतिम दर्शन के लिए आज माननीय नेता जी का शव उनके सैफई आवास पर रखा जाएगा और कल सैफई पंडाल में।
राजनीति के एक युग का अंत। निःशब्द हूँ।
नेताजी जी हमेशा अमर रहेंगें। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें……!
नफीस अहमद, विधायक।
समाजवादी पार्टी के संस्थापक व वरिष्ठ राजनेता, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री मुलायम सिंह यादव जी का निधन अत्यंत दुःखद है।
ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं परिजनों तथा समर्थकों को यह असीम दु:ख सहन करने की शक्ति दें।
धर्मपाल सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन भाजपा
नेताजी मुलायम सिंह यादव हम लोगों के संरक्षक रहे। 1987 में लोकदल का विभाजन हुआ। अजीत गुट ने लोकदल आ बनाया । मुलायम सिंह यादव ने लोकदल ब के जरिए एकजुट किया। फिर लोकतांत्रिक मोर्चा बना। यहीं से क्रांतिकारी मोर्चा की शुरुआत हुई और रथ यात्रा निकली। लखनऊ में यात्रा का नेतृत्व हमने किया। भगवती सिंह और हीरालाल अभिभावक के रूप में मौजूद थे। इस यात्रा ने क्रांतिकारी बदलाव किए।
अशोक यादव, पूर्व जिलाधयक्ष सपा।
नेताजी के साथ समाजवादी आंदोलन के एक युग का अंत हो गया है। राजनीति की एक पीढ़ी समाप्त हुई है। इसकी भरपाई नहीं हो सकती है। नेताजी ने जो रास्ता दिखाया है, उस पर चलते हुए गरीबों मजदूरों की लड़ाई लड़ी जाएगी।
राजेंद्र चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री।
नेताजी का जाना बेहद दुखद है। निशब्द हूं। ऐसी विभूति धरती पर कभी कभार आती है।
नेताजी मुलायम सिंह यादव ने जो थाती सौंपी है। उसे बचाने का निरंतर प्रयास होगा।
नरेश उत्तम पटेल प्रदेश अध्यक्ष सपा
नेताजी मुलायम सिंह यादव के जाने से हम लोगों ने अभिभावक खो दिया है। यह असहनीय पीड़ा है। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।
मनोज पाण्डेय, सचेतक सपा।
योगी आदित्यनाथ सरकार की कैबिनेट बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। सुबह 11 बजे लोक भवन में होगी कैबिनेट बैठक।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरिवंद केजरीवाल ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर लिखा, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता श्री मुलायम सिंह यादव जी के निधन का दुखद समाचार मिला। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें एवं उनके सभी प्रशंसकों और परिजनों को ये अपार दुख सहने की शक्ति दें।
राजद अध्यक्ष लालू यादव ने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए कहा, समाजवादी वटवृक्ष सपा संरक्षक आदरणीय मुलायम सिंह जी के निधन की खबर से मर्माहत हूं। देश की राजनीति में एवं वंचितों को अग्रिम पंक्ति में लाने में उनका अतुलनीय योगदान रहा।उनकी यादें जुड़ी रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान दें। विनम्र श्रद्धांजलि।
मेदांता अस्पताल पहुंचे गृह मंत्री अमित शाह। अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर शोक जताया। उन्होंने कहा, मुलायम सिंह यादव का निधन देश के लिए अपूरणीय क्षति है। साधारण परिवेश से आए मुलायम सिंह यादव जी की उपलब्धियां असाधारण थीं। ‘धरती पुत्र’ मुलायम जी जमीन से जुड़े दिग्गज नेता थे। उनका सम्मान सभी दलों के लोग करते थे। उनके परिवार-जन व समर्थकों के प्रति मेरी गहन शोक-संवेदनाएं।
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुलायम सिंह यादव का निधन बेहद दुखद है। उनका इलाज चल रहा था सब इस आस में थे कि वे वापस इलाज करवाकर लौटेंगे लेकिन यह खबर आई। राजनीतिक दृष्टि से यह एक युग का अंत है
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल पहुंचेंगे। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल की इमरजेंसी के बाहर मुलायम सिंह के समर्थक जुटे हुए हैं।
मुलायम सिंह यादव के निधन पर बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी उनको श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, समाजवादी पार्टी के व्योवृद्ध नेता व यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन की खबर अति-दुःखद है। उनके परिवार व सभी शुभचिन्तकों के प्रति मेरी गहरी संवेदना। कुदरत उन सबको इस दुःख को सहन करने की शक्ति दे।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए ट्विटर पर लिखा, राजनीतिक विरोधी होने के बावजूद मुलायम सिंह जी के सबसे अच्छे संबंध थे। जब भी उनसे भेंट होती तो वे बड़े खुले मन से अनेक विषयों पर बात करते। अनेक अवसरों पर उनसे हुई बातचीत मेरी स्मृति में सदैव तरोताजा रहेगी। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।
गृहमंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर लिखा, मुलायम सिंह यादव जी अपने अद्वितीय राजनीतिक कौशल से दशकों तक राजनीति में सक्रिय रहे। आपातकाल में उन्होंने लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए बुलंद आवाज उठाई। वह सदैव एक जमीन से जुड़े जननेता के रूप में याद किए जाएंगे। उनका निधन भारतीय राजनीति के एक युग का अंत है। दुःख की इस घड़ी में उनके परिजनों व समर्थकों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुलायम सिंह यादव के निधन पर काफी भावुक नजर आए। उन्होंने एक के बाद एक ट्वीट कर मुलायम सिंह यादव के बारे में बहुत कुछ लिखा, इसके साथ ही उन्होंने मुलायम सिंह के साथ अपनी कई तस्वीरों को ट्वीट किया।
पीएम मोदी ने अपने ट्वीटों की श्रृखंला में लिखा, "मुलायम सिंह यादव जी एक विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे। उन्हें एक विनम्र और जमीन से जुड़े नेता के रूप में व्यापक रूप से सराहा गया, जो लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील थे। उन्होंने लगन से लोगों की सेवा की और लोकनायक जेपी और डॉ. लोहिया के आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। मुलायम सिंह यादव जी ने यूपी और राष्ट्रीय राजनीति में अपनी अलग पहचान बनाई। वह आपातकाल के दौरान लोकतंत्र के लिए एक प्रमुख सैनिक थे। रक्षा मंत्री के रूप में, उन्होंने एक मजबूत भारत के लिए काम किया। उनके संसदीय हस्तक्षेप व्यावहारिक थे और राष्ट्रीय हित को आगे बढ़ाने पर जोर देते थे। जब हमने अपने-अपने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के रूप में काम किया, तब मुलायम सिंह यादव जी के साथ मेरी कई बातचीत हुई। घनिष्ठता जारी रही और मैं हमेशा उनके विचारों को सुनने के लिए उत्सुक था। उनका निधन मुझे पीड़ा देता है। उनके परिवार और लाखों समर्थकों के प्रति संवेदना। शांति।"
प्रियंका गांधी ने मुलायम सिंह यादव के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि मुलायम सिंह यादव के निधन का दुखद समाचार मिला। भारतीय राजनीति में उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री, भारत सरकार के रक्षामंत्री व सामाजिक न्याय के सशक्त पैरोकार के रूप में उनका अतुलनीय योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।
अखिलेश यादव व अन्य सभी प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी शोक संवेदनाएं। ईश्वर मुलायम सिंह यादव को श्रीचरणों में स्थान दें।
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश सरकार ने तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। मुलायम सिंह का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ होगा।
मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई: योगी
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव का निधन अत्यंत दुखदाई है। उनके निधन से समाजवाद के प्रमुख स्तंभ एवं संघर्षशील युग का अंत हुआ है। सीएम योगी ने कहा कि ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति की कामना एवं शोकाकुल परिजनों एवं समर्थकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
मुलायम सिंह यादव के निधन पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलायम सिंह के पुत्र व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके भाई रामगोपाल यादव से फोन पर बात की और संवेदनाएं व्यक्त की।
आपको बता दें कि 22 अगस्त को मेदांता अस्पताल में भर्ती किया गया था। मुलायम सिंह को एक अक्तूबर की रात को आइसीयू में शिफ्ट किया गया था। मुलायम सिंह यादव का मेदांता के एक डॉक्टरों का पैनल इलाज कर रहा था।
पहलवान और शिक्षक रहे मुलायम ने लंबी सियासी पारी खेली। तीन बार यूपी के मुख्यमंत्री रहे। केंद्र में रक्षा मंत्री रहे। उन्हें बेहद साहसिक सियासी फैसलों के लिए भी जाना जाता है।
उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव का निधन हो गया है। उन्होंने आज सुबह 8.16 पर अंतिम सांस ली। वह 82 साल के थे। मुलायम सिंह गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में वह वेंटिलेटर पर थे। पिछले रविवार से उनकी हालत नाजुक बनी हुई थी। मुलायम सिंह यादव के निधन के बाद सपा कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई।