मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में सामाजिक एकता का जिक्र करते हुए विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग जाति के नाम पर समाज को बांटने का काम करते हैं और अलग-अलग वर्गों के बीच दूरी पैदा करने की कोशिश करते हैं।
हमारा उद्देश्य समाज को जोड़ना है'
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का एजेंडा समाज में विभाजन पैदा करना नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों को साथ लेकर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना ही सरकार की प्राथमिकता है। इसी उदबोधन के साथ सीएम ने अपना संबोधन समाप्त किया। इसके बाद सीएम योगी मुरादनगर के लिए रवाना हो गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की मांग पर सरकार ने गन्ने का मूल्य 400 रुपये प्रति क्विंटल किया। उन्होंने कहा कि पहले किसानों को भुगतान के लिए लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता था, जबकि अब सरकार किसानों के हितों को प्राथमिकता दे रही है।
2017 से पहले की कानून-व्यवस्था का किया जिक्र, कहा- दंगा कराने वालों को जिन्ना पसंद है, हमें गन्ना पसंद है
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले बिजनौर में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी। उन्होंने दावा किया कि उस समय अपराध और माफिया का दबदबा था, जबकि आज सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के कारण जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत हुई है और विकास को गति मिली है।
सीएम ने कहा कि कुछ लोग ऐसा बिजनौर चाहते थे जो गुंडों, अपराधियों और माफियाओं के कब्ज़े में रहे। वे समाज को बांटने की राजनीति करते हैं। लेकिन हमें जिन्ना नहीं, गन्ना पसंद है, इसलिए हमारी प्राथमिकता गन्ना किसान और गन्ने का मूल्य बढ़ाना है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिजनौर के विकास को नई गति दे रही है। उन्होंने घोषणा की कि गंगा एक्सप्रेसवे का विस्तार हरिद्वार तक किया जाएगा, जिससे बिजनौर को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
बिजनौर में नर्सिंग कॉलेज बनेगा, बेटियों को मिलेगा बड़ा फायदा
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजनौर में मेडिकल कॉलेज के बाद अब नर्सिंग कॉलेज का निर्माण भी तेजी से कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इससे जिले की बेटियों को नर्सिंग की पढ़ाई के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें स्थानीय स्तर पर बेहतर शिक्षा व रोजगार के अवसर मिलेंगे।
पश्चिमी उत्तर प्रदेश आज विकास, जनकल्याण और जनविश्वास की नई ऊर्जा से आलोकित होगा।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) July 17, 2026
जनपद शामली, बिजनौर तथा गाजियाबाद के विभिन्न विधान सभा क्षेत्रों में ₹2,452 करोड़ से अधिक लागत की 255 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास होगा।
इस अवसर पर जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को…
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे के दौरान किसानों की समस्याओं से संबंधित ज्ञापन देने की योजना बना रहे किसान नेता को पुलिस ने नजरबंद कर दिया। इस दौरान किसान मजदूर संगठन के प्रदेश महामंत्री कैलाश लांबा ने कहा अस्पतालों की फार्मेसी की मनमानी चल रही है। स्कूलों के बच्चों के कोर्स बहुत महंगे हो गए हैं। ऐसे मुद्दो को लेकर हम अपनी मांग सीएम तक पहुंचाना चाहते हैं।
बिजनौर सीएम योगी के संबोधन को सुनने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं। सीएम के आने से पूर्व स्थानीय नेता मंच संभाले हुए हैं। हालांकि भीषण गर्मी और उमसे के बीच लोग जनसभा में पहुंचे और पांडाल में काफी संख्या में महिलाएं भी सीएम को सुनने के लिए पहुंची है।
सीएम योगी ने 'भारत माता की जय', 'जय हिंद' और 'जय-जय श्रीराम' के उद्घोष के साथ अपना संबोधन समाप्त किया। इसके बाद सीएम योगी हेलीपैड से सीधे बिजनौर के लिए रवाना हो गए। बिजनौर में सीएम वर्धमान कॉलेज ग्राउंड में बने जनसभा स्थल पर जनसभा को संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं के लिए शामली की तीनों विधानसभा क्षेत्रों की जनता और जनप्रतिनिधियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और जनप्रतिनिधियों की मेहनत से ही जिले की तस्वीर और तकदीर बदल रही है।
विपक्ष पर फिर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में जनता की बजाय माफिया को संरक्षण मिलता था, जबकि मौजूदा सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं और व्यापारियों के हित में बिना भेदभाव के काम कर रही है।
डबल इंजन सरकार ने विकास को बुलेट ट्रेन की रफ्तार दी
अपने संबोधन के समापन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि डबल इंजन सरकार उत्तर प्रदेश के विकास को तेज गति से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने प्रदेश में सुरक्षा, सुशासन और विकास के लिए जनता से लगातार सहयोग और आशीर्वाद की अपील की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि एक समय शामली की पहचान गन्ने की मिठास नहीं, बल्कि आतंक, पलायन और गुंडागर्दी से होने लगी थी। उन्होंने कहा कि कैराना और कांधला से पलायन हो रहा था, कानून-व्यवस्था चरमराई हुई थी, किसान, युवा और व्यापारी सभी परेशान थे, जबकि बहन-बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस नहीं करती थीं।
अब एक्सप्रेसवे के त्रिवेणी संगम का केंद्र बनेगा शामली: सीएम
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि जिस तरह प्रयागराज त्रिवेणी संगम के लिए जाना जाता है, उसी तरह शामली अब दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, शामली-अंबाला एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे के संगम का प्रमुख केंद्र बनने जा रहा है। बेहतर आधारभूत संरचना और मजबूत कानून-व्यवस्था से आने वाले समय में शामली एनसीआर के सबसे समृद्ध जिलों में शामिल होगा।
कैराना में मुख्यमंत्री योगी का इंतजार खत्म हो गया है, ऊंचागांव में सीएम का हेलीकॉप्टर लैंड हुआ। इस दौरान लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। जनसभा में काफी संख्या में लोग पहुंच चुके हैं।
मुख्यमंत्री के आगमन से पहले शामली में जहां चप्पे चप्पे पर फोर्स तैनात की गई है। वहीं बिजनौर में करीब ढाई हजार पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन ने पुलिस लाइन से लेकर जजी चौक, शास्त्री चौक और नजीबाबाद मार्ग तक सड़कों की मरम्मत कराई है। शहर में विशेष सफाई अभियान चलाकर प्रमुख मार्गों और चौराहों को साफ कराया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनपद को कुल 617.70 करोड़ रुपये की 90 विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें 263.98 करोड़ रुपये की 48 परियोजनाओं का लोकार्पण और 353.72 करोड़ रुपये की 42 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इनमें अमृत 2.0 योजना के तहत पेयजल परियोजनाएं, कलक्ट्रेट भवन, सड़क चौड़ीकरण, आईटीआई, छात्रावास, सार्वजनिक स्वास्थ्य लैब सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं शामिल हैं।