बरेली में नामांकन स्थल पर कड़ी सुरक्षा
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में नामांकन के अंतिम दिन कलेक्ट्रेट गेट पर सुरक्षा बंदोबस्त बढ़ा दिया गया। पुलिस प्रशासन के अधिकारियों ने यहां जायजा लेकर स्टाफ से बात की। एसपी सिटी राहुल भाटी, अंडर ट्रेनी एसपी विक्रम दहिया, एडीएम सिटी राम दुलारे पांडे, सीओ श्वेता यादव, कोतवाल हिमांशु निगम भी यहां मौजूद रहे।
पार्षद प्रत्याशियों के नामांकन बरेली कॉलेज में हुए। अंतिम दिन होने के कारण सोमवार सुबह से ही यहां प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ पहुंचने लगे।
कलेक्ट्रेट में नामांकन करने पहुंचे डॉक्टर आईएस तोमर
- फोटो : अमर उजाला
बरेली के पूर्व मेयर डॉक्टर आईएस तोमर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं। वह अपने समर्थकों के साथ नामांकन स्थल कलेक्ट्रेट में नामांकन दाखिल करने पहुंचे।
भाजपा नेता अवनेश कौशिक
- फोटो : अमर उजाला
पीलीभीत में भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी के बाद बगावत के सुर उठ रहे हैं। पीलीभीत नगर पालिका सीट से भाजपा नेता अवनेश कौशिक ने पत्नी प्रियंका कौशिक का निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन कराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने बाहरी को चुनाव मैदान में उतारा है। बता दें कि भाजपा ने आस्था अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने बाहरी पर भरोसा जताकर स्थानीय लोगों को निकारा है। यह बर्दाश्त नहीं। पूरी रणनीति के साथ चुनाव में उतरे हैं। जो बाहरी हैं उन्हें 27 वार्ड के बारे में नहीं पता। शहर के बारे में नहीं पता। यहां की जनता उनको मुहंतोड़ जवाब देगी। बता दें कि अवनेश कौशिक भी नगर पालिका परिषद पीलीभीत का चुनाव लड़ चुके हैं।
बरेली में भाजपा से मेयर पद के प्रत्याशी उमेश गौतम दोपहर करीब एक बजे नामांकन दाखिल करने पहुंचे। उनके साथ भाजपा सांसद संतोष गंगवार और भाजपा के पदाधिकारी मौजूद रहे। बता दें कि भाजपा ने रविवार रात निवर्तमान मेयर उमेश गौतम के नाम का एलान किया।
समर्थकों के साथ सपा प्रत्याशी संजीव सक्सेना
- फोटो : अमर उजाला
बरेली में सपा ने संजीव सक्सेना को मेयर प्रत्याशी बनाया है। वह अब तक नामांकन के दो सेट दाखिल कर चुके हैं। अंतिम दिन भी नामांकन स्थल पर पहुंचे। उन्होंने नामांकन का तीसरा सेट जमा किया।
नामांकन के बाद सपा के मेयर प्रत्याशी संजीव प्रत्याशी ने कहा कि मेयर बनने के बाद जनता की सेवा करूंगा। शहर की समस्याओं को दूर करुंगा। उन्होंने अपनी जीत का दावा करते हुए कहा कि उनका किसी से मुकाबला नहीं है।
सपा नेता एवं निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर आईएस तोमर ने कहा कि मेरा मकसद बरेली नगर निगम को भ्रष्टाचार से मुक्त करना है। सपा से सिंबल न मिलने के सवाल पर कहा कि मेरे साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का आशीर्वाद है। अभी दो दिन हैं, देखिए आगे क्या होता है।
नामांकन के बाद मेयर प्रत्याशी उमेश गौतम ने भाजपा की जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि मेरा संघर्ष किसी से नहीं है। भाजपा एकतरफा विजय हासिल करेगी। उन्होंने कहा कि बरेली में जो निवेश हुआ, जिससे शहर के लोगों को रोजगार दिलाना मेरा मकसद है।
फरीदपुर में सपा ने बदला प्रत्याशी
फरीदपुर नगर पालिका परिषद से अध्यक्ष पद के लिए समाजवादी पार्टी से शराफत हुसैन ने तीन दिन पूर्व अपना नामांकन करा दिया था। उन्होंने नगर में जनसंपर्क भी शुरू कर दिया था। रविवार देर रात सपा ने शराफत हुसैन का टिकट काटकर शराफत जरी वाले को टिकट दिया है। नामांकन के अंतिम दिन शराफत जरी वाले ने पर्चा दाखिल किया। वह पूर्व में भी समाजवादी पार्टी के टिकट पर चेयरमैन का चुनाव लड़ चुके हैं।
फरीदपुर के पूर्व चेयरमैन लालाराम की पत्नी गिरजा रानी गुप्ता बसपा में शामिल हो गई हैं। वह अध्यक्ष पद के लिए भाजपा से टिकट मांग रही थीं। टिकट न मिलने पर उन्होंने बसपा का दामन थाम लिया। सोमवार को उन्होंने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
पीलीभीत में इन्होंने दाखिल किया नामांकन
नामांकन प्रक्रिया के अंतिम दिन पीलीभीत नगर पालिका परिषद से भाजपा प्रत्याशी आस्था अग्रवाल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके साथ ही भाजपा के बागी प्रियंका कौशिक सपा के बागी शबनम, राजीव अग्रवाल टीटी ने अपनी पुत्रवधू का नामांकन पत्र दाखिल किया। इसके अलावा निवर्तमान पालिकाध्यक्ष विमला जायसवाल ने भी अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन स्थल पर अंतिम दिन काफी गहमागहमी देखी गई, तो वहीं सुरक्षा को लेकर सीओ एवं सिटी मजिस्ट्रेट पूरे समय मौजूद रहे।
सपा प्रत्याशी अर्चना वर्मा
- फोटो : अमर उजाला
शाहजहांपुर में अर्चना वर्मा ने किया नामांकन
शाहजहांपुर में एक दिन पहले सपा छोड़कर भाजपा में शामिल होने वालीं अर्चना वर्मा ने सोमवार को महापौर पद के लिए भाजपा प्रत्याशी के तौर पर नामांकन कराया। इससे पहले खिरनीबाग रामलीला मैदान में जनसभा का आयोजन किया गया। इसके बाद वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सहकारिता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार जेपीएस राठौर, सांसद अरुण सागर आदि के साथ अर्चना वर्मा कलेक्ट्रेट स्थित नामांकन कक्ष पहुंचीं। उन्होंने अपना नामांकन दाखिल किया। बसपा प्रत्याशी शगुफ्ता ने भी अपना नामांकन दाखिल किया है।
नामांकन करने पहुंची सपा प्रत्याशी माला राठौर
- फोटो : अमर उजाला
अर्चना वर्मा के भाजपा में जाने के बाद सपा ने माला राठौर को मेयर प्रत्याशी बनाया है। माला राठौर के ससुर सर्वेश राठौर सपा के पूर्व नगर विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रह चुके हैं। सोमवार दोपहर सपा नेताओं के साथ माला राठौर ने नामांकन दाखिल किया।