फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh Live: जवानों से बोले सीएम- मैंने यूपी पुलिस की क्षमता को आगे बढ़ते देखा, आज 40 हजार करोड़ का बजट

Thu, 27 Feb 2025 07:45 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Mahakumbh 2025 Concludes At Triveni, CM Yogi Live News in Hindi: महाशिवरात्रि पर 45 दिन चले महाकुंभ 2025 का समापन हो गया, फिर भी प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अफसरों, कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित करेंगे। समारोह में मेले के दौरान बनने वाले चार विश्व कीर्तिमान के सर्टिफिकेट मिलने की भी उम्मीद है।
विज्ञापन
सीएम योगी - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:42 PM, 27-Feb-2025

मंत्री स्वतंत्र देव सिंह बोले- सीएम ने पुलिस कर्मियों संग भोजन किया
प्रयागराज में यूपी सरकार में मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि जब कोई भी कर्मचारी या अधिकारी परिश्रम की पराकाष्ठा करता है, तो वह दिव्य और भव्य कुंभ को सफल बनाता है। पुलिस प्रशासन की मेहनत के कारण, उनके योगदान के कारण, दिव्य और भव्य कुंभ से राज्य का नाम देश और दुनिया में रोशन हुआ है। आज हमारे पुलिस कर्मियों को अच्छा लग रहा है कि हमारे मुखिया उनके साथ बैठकर भोजन कर रहे हैं। जिस तरह से योगी आदित्यनाथ ने व्यवस्था की है, यह प्रशासन के साथ भोजन करने का पहला उदाहरण होगा।

07:41 PM, 27-Feb-2025

महाकुंभ के समापन पर क्या बोले उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सबसे पहले हमने मजदूरों, सफाई कर्मचारियों से बातचीत की और उनके साथ दोपहर का भोजन किया, उन्हें सम्मानित किया। हमने महाकुंभ को सफल बनाने में योगदान देने वाले सभी समूहों से बात की और उन्हें सम्मानित किया। अब हम पुलिस बल के साथ भोजन के लिए यहां एकत्र हुए हैं। हम उत्तर प्रदेश पुलिस और केंद्रीय बलों को उनके द्वारा किए गए उत्कृष्ट कार्य के लिए बधाई देते हैं और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हैं। 66 करोड़ श्रद्धालुओं ने यहां पावन स्नान किया है, मैं सभी का अभिनंदन करता हूं।

06:44 PM, 27-Feb-2025

प्रयागराज में पुलिस कार्मिकों के साथ सीएम योगी का संवाद कार्यक्रम
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ के सफल आयोजन पर कहा कि मैंने उत्तर प्रदेश पुलिसबल की क्षमता को आगे बढ़ते हुए देखा है। मुझे याद है कभी उत्तर प्रदेश गृह विभाग का बहुत साधारण बजट होता था। इस समय अकेले पुलिसबल के लिए 40 हजार करोड़ रुपए का बजट है। यह वहीं प्रदेश था। जहां हर दूसरे दिन दंगे होते थे।
 

05:15 PM, 27-Feb-2025

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की डिजिटल प्रदर्शनी का समापन
दिव्य भव्य डिजिटल महाकुम्भ 2025 प्रयागराज में त्रिवेणी मार्ग पर प्रदर्शनी परिसर में 13 जनवरी से 26 फरवरी, 2025 तक सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ’जन भागीदारी से जन कल्याण’ शीर्षक से भारत सरकार की विगत 10 वर्षो की उपलब्धियों, कार्यक्रमों, नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित लगायी गयी डिजिटल प्रदर्शनी श्रद्धालुओं और जनसामान्य के बीच आकर्षण का केंद्र रही। देश के विभिन्न हिस्सों से आये श्रद्धालुजनों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। डिजिटल प्रदर्शनी में एनामॉर्फिक वाल, एलईडी टीवी स्क्रीन, एलईडी वाल, होलोग्राफिक सिलेंडर के माध्यम से विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दर्शकों को मिली।

विज्ञापन
05:13 PM, 27-Feb-2025

'एकता का महाकुंभ, युग परिवर्तन की आहट'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि महाकुंभ संपन्न हुआ। एकता का महायज्ञ संपन्न हुआ। जब एक राष्ट्र की चेतना जागृत होती है, जब वो सैकड़ों साल की गुलामी की मानसिकता के सारे बंधनों को तोड़कर नव चैतन्य के साथ हवा में सांस लेने लगता है, तो ऐसा ही दृश्य उपस्थित होता है, जैसा हमने 13 जनवरी के बाद से प्रयागराज में एकता के महाकुंभ में देखा। 22 जनवरी, 2024 को अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में मैंने देवभक्ति से देशभक्ति की बात कही थी। प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान सभी देवी-देवता जुटे, संत-महात्मा जुटे, बाल-वृद्ध जुटे, महिलाएं-युवा जुटे, और हमने देश की जागृत चेतना का साक्षात्कार किया। ये महाकुंभ एकता का महाकुंभ था, जहां 140 करोड़ देशवासियों की आस्था एक साथ एक समय में इस एक पर्व से आकर जुड़ गई थी।

05:10 PM, 27-Feb-2025

परिवहन चालकों को भी मिलेंगे 10 हजार रुपये
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाविकों के बाद यूपी रोडवेज के चालकों से भी संवाद किया और महाकुम्भ के दौरान उनकी सेवाओं की प्रशंसा की। उन्होंने महाकुम्भ में रोडवेज की बसों के संचालन से जुड़े चालकों के लिए 10 हजार रुपए अतिरिक्त बोनस का ऐलान किया। सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग की बसों के माध्यम से महाकुम्भ में 3.75 करोड़ यात्री को उनके गंतव्यों तक पहुंचाया गया। अनेक ऐसे यात्रियों के लिए रोडवेज बड़ा सहारा बना, जहां रेलवे की सुविधा नहीं है। प्रदेश सरकार ने प्रत्येक गांव को रोडवेज से जोड़ने का जो प्रयास किया था, उसके माध्यम से गांव-गांव से लोग महाकुम्भ पहुंच सके। उन्होंने परिवहन चालकों की अथक मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि रोडवेज चालकों ने बिना थके लोगों को महाकुम्भ की यात्रा कराई, उसके लिए उनका अभिनंदन करता हूं।

05:08 PM, 27-Feb-2025

यूपी सरकार नाविकों को विशेष सुविधाएं देगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नाविकों और निषाद समाज के कल्याण के लिए कई अहम घोषणाएं की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में मत्स्य पालन से जुड़े हुए सभी लोगों के कल्याण के लिए डबल इंजन की सरकार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री कोष से एक योजना के तहत नाव उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए हर नाविक का पंजीकरण होगा और उसे सुरक्षा बीमा भी मिलेगा।

सीएम योगी ने कहा कि किसान आपदा योजना के तहत मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना की तरह ही आपदा पर 5 लाख की सहायता उपलब्ध कराई जाती है। ऐसे ही नौका संचालन से जुड़े लोगों को भी यह सुविधा मिले, इसके लिए उनका रजिस्ट्रेशन कराया जाएगा। नाव के लिए पैसे उपलब्ध कराए जाएंगे। साथ ही, जिनका स्वास्थ्य बीमा कवर नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना से जोड़कर 5 लाख का बीमा कवर भी करवाएंगे। नाव संचालन से जुड़े लोगों को विशेष सुविधाएं मिल सकें, इसके लिए ट्रेनिंग भी दी जाएगी।

05:08 PM, 27-Feb-2025

सीएम योगी ने नाविकों का किया सम्मान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुम्भ में नाविकों के योगदान को लेकर उनके साथ संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने नाविकों के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी की। सीएम योगी ने कहा कि नाव चालकों को सरकार विशेष सुविधाएं देगी, जिसके तहत पहले नाविकों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा। इसके बाद नाव के लिए पैसा और 5 लाख रुपए तक बीमा कवर की भी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।

04:42 PM, 27-Feb-2025

यूपीएसआरटीसी के चालकों के साथ संवाद करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ



 

04:39 PM, 27-Feb-2025

मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर खिले चेहरे 
स्वच्छता कर्मी अमन ने बताया की मेले में स्वच्छता को लेकर किए गए अच्छे कार्य को मुख्यमंत्री जी ने सराहा है और इसीलिए उन्होंने हमें 10000 रुपये अतिरिक्त बोनस देने की घोषणा की है। यह अच्छी पहल है इससे हम सभी का हौसला बढ़ेगा और हम मन लगाकर स्वच्छ प्रदेश बनाने की दिशा में कार्य करेंगे। एक अन्य स्वच्छताकर्मी लाल बहादुर ने बताया कि महाकुम्भ समापन के बाद मुख्यमंत्री जी हमारे बीच आए यह देखकर हमें अच्छा लगा उन्होंने हमारा सम्मान भी किया और हमारे साथ बैठकर भोजन भी ग्रहण किया यह अच्छी पहल है।

04:36 PM, 27-Feb-2025

स्वच्छताकर्मियों ने सीएम योगी का जताया आभार 
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में महाकुम्भ से जुड़े स्वच्छताकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों को बड़ी सौगात देते हुए उनके लिए 10 हजार रुपये अतिरिक्त बोनस और अप्रैल से न्यूनतम वेज के रूप में 16 हजार रुपये देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इस घोषणा का स्वच्छताकर्मियों ने खुले दिल से स्वागत किया और इस पहल के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। सभी स्वच्छताकर्मियों और स्वास्थ्यकर्मियों ने कहा कि यह पूरे मेला के दौरान उनके द्वारा की गई अथक मेहनत का फल है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने न सिर्फ मंच पर बुलाकर उनका सम्मान किया, बल्कि उनके साथ बैठकर भोजन भी किया, जिससे उनका मान बढ़ा है। 

03:53 PM, 27-Feb-2025

लेटे हनुमान मंदिर में सीएम योगी ने की पूजा
प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने लेटे हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की।
 

03:46 PM, 27-Feb-2025

महाकुम्भ को ऐतिहासिक बनाने वाले कर्मचारियों को सम्मानित करेंगे सीएम
मुख्यमंत्री आज दिनभर महाकुम्भ नगर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। वे महाकुम्भ को ऐतिहासिक, दिव्य, भव्य, स्वच्छ, सुरक्षित और डिजिटल बनाने में योगदान देने वाले कर्मचारियों और संस्थाओं से मुलाकात करेंगे और उन्हें सम्मानित करेंगे। शाम को सीएम योगी पुलिसकर्मियों से भी संवाद करेंगे और सुरक्षित महाकुम्भ के लिए उनका आभार प्रकट करेंगे। इसके अलावा, कुम्भ की व्यवस्था में लगे अधिकारियों और मेला प्रशासन से जुड़े लोगों के साथ भी उनकी बैठक प्रस्तावित है।

03:42 PM, 27-Feb-2025

सीएम योगी ने की संगम तट और गंगा नदी की सफाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार सुबह महाकुम्भ 2025 की औपचारिक पूर्णाहुति के लिए प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान उन्होंने महाकुम्भ नगर के अरैल घाट पर सफाईकर्मियों के साथ मिलकर घाट की सफाई की और गंगा तट पर स्नानार्थियों द्वारा छोड़ी गए वस्त्र आदि को साफ करने में अपने मंत्रियों के साथ श्रमदान किया। जल में मौजूद छोड़े गए वस्त्रों को निकालकर महाकुम्भ के उपरांत पूरे मेला क्षेत्र की स्वच्छता के लिए अभियान का शुभारंभ किया।

03:05 PM, 27-Feb-2025

नाव खरीदने के लिए धनराशि दी जाएगी: सीएम

महाकुंभ के समापन के बाद उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में नाव चालकों से बातचीत की। सीएम ने कहा, "पंजीकरण के बाद हर नाव चालक को 5 लाख रुपये की बीमा योजना दी जाएगी। नाव खरीदने के लिए धनराशि दी जाएगी। जिन लोगों के पास स्वास्थ्य बीमा नहीं है, उन्हें आयुष्मान भारत योजना के तहत कवर किया जाएगा।"
 

02:25 PM, 27-Feb-2025

सफाईकर्मियों के लिए योगी का बड़ा एलान, 10 हजार का बोनस

महाकुंभ के समापन के बाद प्रयागराज पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ी घोषणा की है। महाकुंभ में लगे यूपी के सफाई कर्मचारियों को 10 हजार का अतिरिक्त बोनस मिलेगा। इसके अलावा न्यूनतम 16000 प्रति माह वेतन की घोषणा की है। इसके अलावा महाकुंभ में कार्यरत सभी कर्मियों को पांच लाख तक मुफ्त इलाज का लाभ मिलेगा। अप्रैल निगम गठित होगा। अप्रैल से कर्मचारियों के खाते में रुपये भी भेजे जाएंगे।

02:01 PM, 27-Feb-2025

सफाई कर्मचारियों के साथ सीएम ने किया भोजन

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केशव प्रसाद मौर्य, उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार समेत प्रदेश कैबिनेट के मंत्रियों और अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों के साथ भोजन किया।

01:47 PM, 27-Feb-2025

'सनातन का झंडा कभी नीचे नहीं झुकेगा'

सीएम योगी ने कहा कि वे कहीं और का वीडियो दिखाकर प्रयागराज को बदनाम कर रहे थे। उस रात एक दुखद घटना हुई, हम पीड़ित परिवारों के साथ सहानुभूति रखते हैं, लेकिन विपक्ष काठमांडू के वीडियो का उपयोग करके और उसे प्रयागराज का बताकर भ्रम फैला रहा था - यही विपक्ष कर रहा था। लेकिन, भक्तों ने बड़ी संख्या में आकर उन्हें जवाब दिया, उन्होंने विपक्ष को स्पष्ट कर दिया कि वे विपक्ष के बहकावे में नहीं आएंगे और सनातन का झंडा कभी नीचे नहीं झुकेगा।"
 

 

01:40 PM, 27-Feb-2025

दुनिया में कहीं भी इतना बड़ा समागम नहीं हुआ: योगी

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा, "दुनिया में कहीं भी इतना बड़ा समागम नहीं हुआ। इसमें 66.30 करोड़ श्रद्धालु शामिल हुए। कोई अपहरण, लूट या ऐसी कोई घटना नहीं हुई। विपक्ष दूरबीन और माइक्रोस्कोप का उपयोग करके भी ऐसी किसी घटना को उजागर नहीं कर सका। विपक्ष ने भ्रम फैलाने का कोई मौका नहीं छोड़ा। इतना बड़ा आयोजन उन्हें अच्छा नहीं लग रहा था। मौनी अमावस्या पर आठ करोड़ श्रद्धालु वहां थे, लेकिन विपक्ष लगातार भ्रम फैलाता रहा और असम्मान की भाषा का इस्तेमाल करता रहा।


 

01:36 PM, 27-Feb-2025

'हर विभाग ने अपने स्तर पर इस आयोजन में भरपूर सहयोग किया'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ 2025 पर कहा कि हर विभाग ने अपने स्तर पर इस आयोजन में भरपूर सहयोग किया। आज महाकुंभ के बहाने प्रयागराज एक स्मार्ट सिटी के रूप में चमक रहा है। मैं प्रयागराजवासियों का भी अभिनंदन करूंगा कि उन्होंने पिछले दो महीनों के अंदर बिना किसी संकोच के इस आयोजन को अपने घर का आयोजन माना।

01:24 PM, 27-Feb-2025

'मैं समझ सकता हूं कि शहर की आबादी 20-25 लाख है, और...'

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि "मैं प्रयागराज के लोगों का आभार व्यक्त करता हूं - जिन्होंने पिछले दो महीनों से इस आयोजन (महाकुंभ) को अपने घर के आयोजन की तरह लिया। मैं समझ सकता हूं कि शहर की आबादी 20-25 लाख है, और इसलिए जब 5-8 करोड़ लोग एक साथ आए होंगे तो क्या स्थिति रही होगी..."
 

01:10 PM, 27-Feb-2025

'हर विभाग का आयोजन में सहयोग मिला'

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज प्रयागराज आधुनिक सिटी बन गई है। सबने मिलकर बेहतर आयोजन किया है। हर विभाग का आयोजन में सहयोग मिला है। भव्य आयोजन के लिए सभी को बधाई। सभी अधिकारी बधाई के पात्र हैं।

12:56 PM, 27-Feb-2025

सबसे बड़े समन्वयित सफाई अभियान का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड

उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ 2025 के दौरान सबसे बड़े समन्वयित सफाई अभियान का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने आज पुरस्कार प्राप्त किया। 
 

12:55 PM, 27-Feb-2025

प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
 

12:41 PM, 27-Feb-2025

सीएम योगी ने पक्षियों को खिलाया दाना

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को प्रयागराज में त्रिवेणी पूजन किया। आरती उतारी, इसके बाद पक्षियों को दाना खिलाया। 

11:57 AM, 27-Feb-2025

अरैल घाट-संगम पर गंगा आरती

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट-संगम पर गंगा आरती की।
 

11:54 AM, 27-Feb-2025

सीएम योगी ने प्रयागराज के अरैल घाट-संगम पर की पूजा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्रियों ने प्रयागराज के अरैल घाट-संगम पर पूजा की।
 

11:49 AM, 27-Feb-2025

सीएम योगी कैबिनेट मंत्रियों के साथ

प्रयागराज में संगम पर उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, केपी मौर्य और कैबिनेट के अन्य मंत्री। कल महाकुंभ के समापन के बाद आज अरैल घाट पर गंगा पूजा की जाएगी।
 

11:47 AM, 27-Feb-2025

'महाकुंभ में आए सभी श्रद्धालुओं का हृदय से आभार'

प्रयागराज में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि महाकुंभ में आए सभी श्रद्धालुओं का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। मैं सहयोग प्रदान करने वाले सभी सफाई कर्मचारियों, डॉक्टरों, नर्सों, पैरामेडिक्स और अन्य कर्मचारियों का अभिनंदन करता हूं और आभार व्यक्त करता हूं... मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।"
 

11:45 AM, 27-Feb-2025

'सब कुछ इतने शानदार तरीके से आयोजित किया गया'

प्रयागराज में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि "मैं यहां महाकुंभ मेले के सफल आयोजन के लिए सभी अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देने आया हूं, पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सब कुछ इतने शानदार तरीके से आयोजित किया गया। हम यहां से सीख लेकर अपने काम को बेहतर बनाने की कोशिश करेंगे। मैं उन सभी को धन्यवाद देना चाहता हूं जिन्होंने महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए दिन-रात काम किया। मैं बिहार के सीएम नीतीश कुमार और मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव को धन्यवाद देना चाहता हूं जो महाकुंभ में होने वाली गतिविधियों का जायजा लेते रहे।"
 

11:37 AM, 27-Feb-2025

स्वच्छता अभियान में शामिल हुए सीएम योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज के अरैल घाट पर स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
 

11:22 AM, 27-Feb-2025

अरैल घाट पर मेला क्षेत्र में सफाई अभियान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रयागराज पहुंच गए हैं। उन्होंने अरैल घाट पर मेला क्षेत्र में सफाई अभियान चलाया। महाकुंभ समापन पर सफाई अभियान चल रहा है। 

11:05 AM, 27-Feb-2025

4 से 5 करोड़ श्रद्धालुओं को संगम तक लाने में सक्षम हुए: रेल मंत्री

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मैं पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देना चाहता हूं जिनके नेतृत्व में इतना भव्य आयोजन हुआ... सभी के सहयोग से हम घनिष्ठ समन्वय के साथ काम कर पाए, जिसकी वजह से हम 13,000 ट्रेनों की योजना के मुकाबले 16,000 से अधिक ट्रेनों का संचालन करने में सक्षम हुए। हम महाकुंभ के लिए लगभग 4 से 5 करोड़ श्रद्धालुओं को संगम तक लाने में सक्षम हुए... हमने सुनिश्चित किया कि महाकुंभ के 45 दिनों के दौरान श्रद्धालुओं को रखरखाव के मामले में किसी भी समस्या का सामना न करना पड़े। पीएम नरेंद्र मोदी ने हमें महाकुंभ में आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था पर विचार करने और उन्हें भीड़ के रूप में न देखने के लिए निर्देशित किया... हम सभी व्यवस्थाओं का विश्लेषण करेंगे और रेलवे संचालन नियमावली में स्थायी बदलाव लाएंगे..."
 

10:37 AM, 27-Feb-2025

रेल मंत्री ने रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों से की मुलाकात

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ कर्मियों और अन्य रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों से मुलाकात की।
 

10:29 AM, 27-Feb-2025

Mahakumbh Live: जवानों से बोले सीएम- मैंने यूपी पुलिस की क्षमता को आगे बढ़ते देखा, आज 40 हजार करोड़ का बजट

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 45 दिवसीय धार्मिक समागम महाकुंभ 2025 का समापन हो गया, फिर भी प्रयागराज के त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना जारी है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अफसरों, कर्मचारियों और संस्थाओं को सम्मानित करेंगे। समारोह में मेले के दौरान बनने वाले चार विश्व कीर्तिमान के सर्टिफिकेट मिलने की भी उम्मीद है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें