भीड़ का दबाव बढ़ने के बाद लाल मार्ग पर परेड थाने के सामने स्थित पार्किंग का रास्ता श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया।
त्रिवेणी संगम की पावन धरती पर महाकुंभ 2025 में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने श्रद्धा और आस्था के साथ स्नान किया। उन्होंने इसे सनातन सभ्यता, संस्कृति और शाश्वत परंपराओं की जीवंतता का प्रतीक बताया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती की दिव्य धाराओं में स्नान कर आशीर्वाद प्राप्त करना मेरे लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है।
महाकुंभ 2025 में पुलिस आयुक्त प्रयागराज तरुण गाबा और मण्डलायुक्त प्रयागराज विजय विश्वास पंत ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से यातायात व सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने प्रमुख मार्गो, चौराहों और प्रमुख स्थानों का भ्रमण भी किया।
प्रयागराज के अरैल कटान क्षेत्र में स्नान करते वक्त तेज बहाव की चपेट में तीन श्रद्धालु आ गए। आर्मी के डीप डाइवर्स और एनडीआरएफ ने तीनों को बचा लिया, एक महिला और दो पुरुष श्रद्धालु स्नान करने के लिए कटान क्षेत्र में पहुंच गए थे। अरैल सेल्फी प्वाइंट के पास घटना हुई।
महाकुंभ के मौके पर प्रयागराज में आवागमन में असुविधा को देखते हुए एक से आठ तक की कक्षाएं 20 फरवरी तक ऑनलाइन चलेंगी। यह आदेश सभी बोर्डों पर लागू होगा।
प्रयागराज से रात 12 बजे तक 127 स्पेशल ट्रेन चल चुकी है। शहर के सभी रेलवे स्टेशनों पर स्थिति सामान्य है। रात 12:00 के बाद भी चार और स्पेशल अब तक चलाई जा चुकी है। उसमें से दो प्रयागराज जंक्शन से, एक प्रयागराज छिवकी और एक नैनी से चली है। उत्तर मध्य रेलवे के सीनियर पीआरओ डॉक्टर अमित मालवीय का कहना है कि किसी भी तरह का रेल संचालन बाधित नहीं है। ट्रेनों का मूवमेंट हो रहा है। स्पेशल ट्रेनों को प्राथमिकता के आधार पर ऑन डिमांड चलाया जा रहा है। रूटीन की भी सभी ट्रेने चल रही है। प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ है।
वहीं प्रयागराज महाकुंभ में आपात सेवा की गाड़ियों का प्रयोग सवारियों को ले जाने और छोड़ने के लिए हो रहा है।
दिल्ली में मची भगदड़ के बाद प्रयागराज जंक्शन के कंट्रोल टावर की डीआरएम हिमांशु बडोनी और कमांडेंट आरपीएफ ने कमान संभाल ली है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान प्रयागराज, उत्तर प्रदेश में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करेंगे। उन्होंने कहा, "हम सौभाग्यशाली महसूस करते हैं कि हमें महाकुंभ 2025 में भाग लेने का अवसर मिला है। हम यहां आकर बहुत खुश हैं। हम आज पवित्र स्नान करेंगे।"
महाकुंभ 2025 पर प्रयागराज के डीएम रवींद्र कुमार मंदर ने कहा कि "महाकुंभ के पिछले 33 दिनों में 50 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। चूंकि आज प्रयागराज में श्रद्धालुओं की संख्या बहुत ज़्यादा है, इसलिए नो व्हीकल जोन लागू किया गया है। वाहनों को पार्किंग में खड़ा किया जा रहा है और श्रद्धालुओं को शटल सेवा के जरिए नजदीकी संगम घाट भेजा जा रहा है।
प्रयागराज लखनऊ हाईवे पर हथिंगहा स्थित पार्किंग में गाड़ियों को रोका जा रहा है यहां से श्रद्धालु पैदल मेला क्षेत्र के लिए निकल रहे हैं। वीकेंड को देखते हुए मेले में शनिवार से दो दिनों के लिए नो व्हीकल जोन व्यवस्था लागू की गई है। संपूर्ण मेला क्षेत्र में प्रशासकीय और चिकित्सीय वाहनों को छोड़कर अन्य किसी भी तरह के वाहन पर रोक है। यह प्रतिबंध पासधारक वाहनों पर भी लागू है। मेले की ओर आने वाले सभी वाहनों को निकटतम पार्किंग में पार्क कराया जाएगा।
कुंभ की आस्था और जलवायु परिवर्तन विषय पर आयोजित 'जलवायु सम्मेलन' के शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी महाकुंभ 2025 में भाग लेने के लिए प्रयागराज हवाई अड्डे पर पहुंचे।
यूपी के प्रयागराज में उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ शशिकांत त्रिपाठी ने कहा, "हमने प्रयागराज और उसके आसपास के 8 मुख्य स्टेशनों पर एक निर्धारित प्रोटोकॉल बनाया है कि कैसे लोगों को स्टेशन में प्रवेश करने और बाहर निकलने की अनुमति दी जाएगी। हमने अधिकांश स्टेशनों पर एक तरफ से प्रवेश और दूसरी तरफ से निकास की व्यवस्था की है। इससे लोगों की आवाजाही को रोका जा सके... हम निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार काम कर रहे हैं... हम लोगों की संख्या को देखते हुए लगातार विशेष ट्रेनें भी चला रहे हैं..."
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण किया।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं का बड़ी संख्या में आना जारी है। 13 जनवरी से शुरू हुए और 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुंभ मेले में अब तक 50 करोड़ से अधिक लोग त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगा चुके हैं। श्रद्धालु कमल कहते हैं, "मैं अभी नैनीताल, उत्तराखंड से यहां आया हूं। अभी तक तो मैं देख रहा हूं कि व्यवस्थाएं अच्छी हैं। भीड़ बहुत है। ट्रेनें भरी हुई हैं, लेकिन लोगों में महाकुंभ में पवित्र स्नान के लिए बहुत उत्साह है..."
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ 2025 के लिए श्रद्धालुओं का प्रयागराज पहुंचना जारी है। श्रद्धालु राजकुमार कहते हैं, "हम छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से यहां आए हैं। हमने पवित्र स्नान किया है। श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन देने के लिए सभी चौकों पर पुलिस मौजूद है। श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था की गई है ताकि वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। रेलवे स्टेशन और घाट पर भारी भीड़ है, लेकिन चीजों को अच्छी तरह से प्रबंधित किया गया है।
प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के घाटों से ड्रोन से तस्वीरें ली गई हैं। महाकुंभ 2025 में श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। 15 फरवरी तक दुनिया के सबसे बड़े आध्यात्मिक समागम में 50 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।
प्रयागराज महाकुंभ मेले में श्रद्धालुओं का बड़ी संख्या में पहुंचना जारी है। 13 जनवरी से शुरू हुए और 26 फरवरी तक चलने वाले महाकुंभ मेले में अब तक 50 करोड़ से अधिक लोग त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।
प्रयागराज जाने वाले रास्ते पर 20 किलोमीटर पहले टिकरी के पास से भीषण जाम लगा है। पार्किंग से पहले करीब तीन किलोमीटर लंबा जाम लगा है। प्रयागराज लखनऊ हाईवे पर गाड़ियां लगभग तीन घंटे से फंसी हुई हैं।