महाकुंभ की व्यवस्था से अभिभूत नजर आए विदेशी श्रद्धालु
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ आस्था, भक्ति और संस्कृति का अद्वितीय संगम बन चुका है। इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से श्रद्धालुओं का विशाल जनसैलाब उमड़ रहा है। हर किसी के मन में आस्था की ज्योति प्रज्ज्वलित हो रही है। सभी संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर मोक्ष की कामना कर रहे हैं। इस दौरान विदेशी तीर्थयात्री भी महाकुंभ की अद्भुत व्यवस्था से अभिभूत नजर आ रहे हैं। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार द्वारा किए गए बेहतरीन प्रबंधों की सभी ने मुक्त कंठ से सराहना की है।
धीरेंद्र शास्त्री बोले- राजनीतिक बयानबाजी करने वालों को सद्बुद्धि दें भगवान
महाकुंभ भगदड़ मामले में बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा, हम हनुमान जी से प्रार्थना करते हैं कि घटना पर राजनीतिक बयानबाजी करने वालों को सद्बुद्धि दें। लाशों पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। स्थिति को तुरंत नियंत्रित कर लिया गया। श्रद्धालुओं से सतर्क और अनुशासित रहने की अपील की।
कांग्रेस सांसद उज्जवल रमण सिंह कुंभ हादसे में घायल हुए श्रद्धालुओं के लिए योगी सरकार द्वारा की गई इलाज की व्यवस्था से संतुष्ट नजर आ रहे हैं। प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमन सिंह ने शहर के एक अस्पताल में महाकुंभ भगदड़ में घायल हुए लोगों से मुलाकात की। उन्होंने डॉक्टरों के अथक प्रयासों की प्रशंसा की और मरीजों की निरंतर देखभाल पर संतोष व्यक्त किया।
राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने संगम पहुंचकर संगम स्नान किया।
प्रयागराज महाकुंभ भगदड़ पर न्यायिक समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने कहा कि "हमें एक महीने के भीतर रिपोर्ट सौंपने की उम्मीद है। कल सुबह हम साइट निरीक्षण के लिए जाएंगे, और हालांकि हम यह नहीं कह सकते कि इसमें कितना समय लगेगा, हम जल्द से जल्द काम पूरा करने की कोशिश करेंगे... बेहतर सटीकता के लिए साइट निरीक्षण जल्द से जल्द किया जाना चाहिए... इससे पहले कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी..."
पंजाब के पठानकोट से आए एक तीर्थयात्री ने बताया, "तीर्थयात्रियों को प्रशासन से पूरा सहयोग मिल रहा है।"
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 में भाग लेने के लिए तीर्थयात्रियों का पहुंचना जारी है। जम्मू के कठुआ से आए एक तीर्थयात्री ने कहा, "यहां योगी जी और मोदी जी द्वारा परिवहन, भोजन और आश्रय की बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। यहां की बेहतरीन व्यवस्थाओं को पूरी दुनिया देख रही है।
उत्तर प्रदेश के DGP प्रशांत कुमार, मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह और अन्य अधिकारियों ने महाकुंभ जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया।
आज आयोग की पहली बैठक हुई। आयोग के सदस्य कल प्रयागराज जाएंगे। आयोग कल से जांच शुरू कर देगा। अभी मौके पर काफी सुबूत मौजूद हैं, इसलिए तत्काल जाने का फैसला लिया गया है।
महाकुंभ में अब अनुभवी ऑफिसर्स की ड्यूटी लगाई गई। आईएएस आशीष गोयल और भानुचंद्र गोस्वामी को तत्काल प्रयागराज पहुंचने को कहा गया है। 2019 अर्ध कुंभ गोयल और गोस्वामी की जोड़ी ने विजय किरण के साथ मिलकर करवाया था। भानु तब डीएम और प्राधिकरण के वीसी थे। आशीष गोयल तब के इलाहाबाद के कमिश्नर और अर्धकुंभ मेले के प्रभारी थे। पांच और विशेष सचिव रैंक के अधिकारियों को कुंभ भेजा गया है जिनका अनुभव रहा है।
डीजीपी प्रशांत कुमार और मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के अवसर पर हुई भगदड़ का निरीक्षण करने प्रयागराज पहुंचे। वे वसंत पंचमी के अवसर पर 3 फरवरी को होने वाले तीसरे अमृत स्नान से पहले सुरक्षा व्यवस्था की भी निगरानी करेंगे।
महाकुंभ हादसे पर न्यायिक आयोग ने अपने काम शुरू कर दिया है। आयोग के सदस्य 10 जनपथ लखनऊ स्थित अपने कार्यालय में पहुंच गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाकुंभ हादसे की जांच के लिए न्यायिक आयोग के गठन की घोषणा की थी।
महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने कहा कि "हम बसंत पंचमी के मुख्य स्नान पर्व की तैयारी कर रहे हैं। ड्यूटी को और मजबूत किया जा रहा है... पहले के निर्देशों के क्रम में जैसे 29 तारीख को VIP मूवमेंट की अनुमति नहीं थी, वैसे ही 3 तारीख को भी नहीं होगी... जगह-जगह ड्यूटी प्वाइंट बनाए गए हैं। भीड़ को प्रबंधित किया जा रहा है।"
महाकुंभ में मची भगदड़ के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के नेता और पूर्व सांसद एसटी हसन ने गहरी चिंता व्यक्त की और आयोजन के प्रबंधन में लापरवाही के लिए अधिकारियों की आलोचना की। हसन ने घटना पर टिप्पणी करते हुए कहा, यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कल कुंभ में इतनी बड़ी घटना घटी, जबकि दावे किए गए थे कि सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा, "कुंभ एक पवित्र आयोजन है। लोग भगवान को याद करते हैं और अपने पापों के लिए क्षमा मांगते हैं। इस पर कोई राजनीति नहीं होनी चाहिए।"
प्रयागराज महाकुंभ में कर्नाटक के चार लोगों की मौत पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा, "हमने कन्नड़ लोगों की मौत पर संज्ञान लिया है। एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है। DC स्थिति पर नज़र रख रहे हैं और हमने बेलगावी जिले के मंत्रियों को भी सूचित कर दिया है। लापता आठ लोगों के बारे में कोई जानकारी नहीं है। संबंधित मंत्री मृतकों के परिवारों के लिए मुआवज़े की घोषणा करेंगे।"
परमार्थ निकेतन आश्रम के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने महाकुंभ 2025 की व्यवस्थाओं पर कहा, कुछ लोगों की गलती के कारण मौनी अमावस्या पर घटना घटी। सारी व्यवस्थाएं थीं, लेकिन कुछ लोगों ने प्रशासन की बात नहीं मानी और बैरिकेडिंग को नजरअंदाज किया, जिससे घटना घट गई। "...हम सभी दुखी हैं। वे केवल कुछ लोग नहीं बल्कि हमारा परिवार हैं... प्रभु से प्रार्थना है कि जो लोग हमें छोड़ कर चले गए हैं, उन्हें मोक्ष प्रदान करें और जो घायल अवस्था में हैं वे शीघ्र ही स्वस्थ हो... प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने पूरी टीम को लगाया हुआ है ताकि इस प्रकार की दूसरी कोई घटना न घटे... नियमों का पालन करें और प्रशासन ने जो कहा है उन सभी बातों का ध्यान रखें।
प्रयागराज में त्रिवेणी के घाटों से ड्रोन से तस्वीरें ली गई हैं। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। आज सुबह 8 बजे तक 55 लाख से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई है। यूपी सरकार के अनुसार 29 जनवरी तक 27 करोड़ से अधिक लोगों ने पवित्र डुबकी लगाई है।
महाकुंभ क्षेत्र के घाटों पर पवित्र डुबकी लगाने के लिए श्रद्धालुओं का आना जारी है।