फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh 2025 Live: पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने संगम में किया स्नान, बोले- यह बहुत ही महान अवसर है

Tue, 18 Feb 2025 11:35 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Mahakumbh prayagraj Mela 2025 Live Updates: प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का महाकुंभ मेला क्षेत्र में आना जारी है। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ 2025 में अब तक 54 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र स्नान किया है।
विज्ञापन
शाम के समय संगम मार्ग का एक नजारा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:25 PM, 18-Feb-2025

स्नान के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति बोले- यह बहुत ही महान अवसर है
महाकुंभ पर संगम में स्नान के बाद पूर्व उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने कहा, 'यह एक बहुत ही महान अवसर है। 144 साल में एक बार होने वाला यह महाकुंभ एक महान आयोजन है इसलिए मैं विनम्र महसूस कर रहा हूं और मैं यहां अपने परिवार के साथ आया और पवित्र स्नान किया। यहां पर प्रशासन ने जो अच्छा प्रबंध किया है मैं उसकी प्रशंसा करता हूं।'

07:20 PM, 18-Feb-2025

सपा सांसद राम गोपाल यादव बोले महाकुंभ में बहुत ज्यादा अव्यवस्था है
महाकुंभ पर समाजवादी पार्टी सांसद राम गोपाल यादव ने कहा, 'ये महाकुंभ नहीं बल्कि कुंभ है किसी शास्त्र में या धर्मग्रंथ में महाकुंभ का जिक्र नहीं है। महाकुंभ में अव्यवस्था बहुत ज्यादा है। लोगों को वहां पर बहुत कष्ट हो रहा है तमाम लोग मारे गए और उनके लिए एक बाबा कह रहे हैं कि मोक्ष मिल गया। ये इतने संवेदनहीन हो सकते हैं जिसकी कोई कल्पना नहीं कर सकता है।'

07:13 PM, 18-Feb-2025

सपा सांसद डिंपल यादव ने ममता बनर्जी के बयान को लेकर कही ये बात 
सपा सांसद डिंपल यादव ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के 'मृत्यु कुंभ' वाले बयान पर कहा, "इस बार बहुत निंदनीय घटनाएं घटी हैं। शासन और प्रशासन ने इसे छिपाने की कोशिश की थी तो हम केवल यह चाहते हैं कि सरकार सही आंकड़े बताए... सरकार ने कहा था कि 100 करोड़ लोगों की व्यवस्था है लेकिन वह नहीं थी..."

विज्ञापन
07:13 PM, 18-Feb-2025

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने महाकुंभ में किया स्नान
केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने मंगलवार को महाकुंभ में स्नान किया। उन्होंने कहा, 'यहां पवित्र स्नान करके अलौकिक और जो शब्द मैं बोल नहीं सकता वैसा अनुभव था...मुझे बहुत ही अच्छा लगा और व्यवस्थाएं भी बहुत अच्छी हैं।'

06:12 PM, 18-Feb-2025

पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू से लेकर आंध्र प्रदेश के डिप्टी सीएम पवन कल्याण ने परिवार सहित किया स्नान
पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अपने परिवार के साथ प्रयागराज में महाकुंभ 2025 में पहुंचकर पावन स्नान किया। इसके अलावा आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने अपने परिवार के साथ प्रयागराज में महाकुंभ 2025 पहुंचकर पावन स्नान किया। मशहूर सिंगर शान ने भी त्रिवेणी में डुबकी लगाई है। 

पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने परिवार सहित किया स्नान देखें वीडियो


पवन कल्याण ने परिवार सहित किया स्नान देखें वीडियो

विज्ञापन
05:48 PM, 18-Feb-2025

आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने आयोजन के लिए सीएम योगी का धन्यवाद किया
आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने महाकुंभ में पहुंचने पर कहा, 'हमारी भाषा और संस्कृति अलग-अलग हो सकती हैं लेकिन हमारा धर्म एक है। महाकुंभ के आयोजन के लिए मैं योगी सरकार को बहुत-बहुत धन्यवाद देता हूं। आधे से ज्यादा भारत यहां महाकुंभ में पहुंच रहा है। ये सदियों से चल रहा है। हमारे धर्म की निरंतरता अद्भुत है।'

05:39 PM, 18-Feb-2025

केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी बोले- यह दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक कार्यक्रम
महाकुंभ में स्नान करने के लिए प्रयागराज पहुंचे केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, 'दुनिया के सबसे बड़ा आध्यात्मिक कार्यक्रम आज प्रयागराज में हो रहा है। इतना बड़ा कार्यक्रम आज तक दुनिया में नहीं हुआ है। ये कार्यक्रम हिन्दू समाज के शक्ति प्रदर्शन का भी कार्यक्रम है।'

04:48 PM, 18-Feb-2025

4 बजे तक 99.20 लाख लोगों ने किया स्नान
महाकुंभ में मंगलवार को दोपहर 4 बजे तक एक दिन में 99.20 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। जबकि 17 फरवरी तक दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, 54.31 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैंं।

03:57 PM, 18-Feb-2025

दोपहर दो बजे तक 84.11 लाख श्रद्धालुओं ने किया स्नान
प्रयागराज महाकुंभ में मंगलवार को दोपहर 2 बजे तक एक दिन में 84.11 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। जबकि 17 फरवरी तक दर्ज आंकड़ों के मुताबिक, 54.31 करोड़ से अधिक लोग स्नान कर चुके हैंं।

03:13 PM, 18-Feb-2025

श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो में लगी आग

मध्य प्रदेश के मुरैना से आए श्रद्धालुओं की स्कॉर्पियो में आग लग गई। प्रयागराज के कीडगंज थाना क्षेत्र के बैरहना चौराहे पास हादसा हुआ। गाड़ी में पांच श्रद्धालु सवार थे। हादसे के दौरान चलती गाड़ी से छलांग लगाकर श्रद्धालुओं ने जान बचाई। मौके पर पहुंचे दमकल कर्मी आग बुझाने में जुटे हैं।

01:53 PM, 18-Feb-2025

शहर में कई जगह बैरिकेडिंग

मेले से जंक्शन की ओर जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अधिक है। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में कुछ कमी आई है। शहर में कई जगह बैरिकेडिंग करके बाइक और चार पहिया वाहनों को रोक दिया गया है। मेडिकल कॉलेज, सीएमपी डॉट पुल से लेकर बालसन चौराहे पर जबर्दस्त बैरिकेडिंग की गई है। पैदल जाने वालों को दूसरे रास्ते से और वाहनों को दूसरे रास्ते से भेजा जा रहा है। 

01:38 PM, 18-Feb-2025

प्रयागराज जंक्शन जाने वाले रास्ते बंद

मंगलवार को प्रयागराज जंक्शन जाने वाले रास्ते को बंद कर दिया गया। डीएसए ग्राउंड के पास भीषण जाम लगा है। आवागमन पूरी तरह से ठप है।

01:28 PM, 18-Feb-2025

प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ का दबाव काफी अधिक

प्रयागराज संगम स्टेशन को 26 फरवरी तक बंद करने के बाद प्रयागराज जंक्शन पर भीड़ का दबाव काफी अधिक बढ़ गया है। जंक्शन जाने वाले सभी रास्तों पर खड़े होने तक की जगह नहीं बची है। सिविल लाइंस पानी की टंकी से जंक्शन जाने वाला आरओबी यात्रियों से भर गया है। जानसेनगंज चौक के रास्ते भी भीड़ जंक्शन की ओर बढ़ रही है।

12:48 PM, 18-Feb-2025

'यह भारतीय संस्कृति और विरासत की सर्वोत्तम चीजों का संगम है'

महाकुंभ की अपनी यात्रा पर पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस ने कहा कि "मां गंगा में डुबकी लगाना एक बहुत ही उत्थानकारी और सक्षम अनुभव है, जिससे जाने-अनजाने में किए गए सभी पापों से मुक्ति मिलती है और भावी जीवन के लिए आशीर्वाद मिलता है... यह भारतीय संस्कृति और विरासत की सर्वोत्तम चीजों का संगम है।"

12:34 PM, 18-Feb-2025

'दक्षिण भारत से हजारो-लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं'

प्रयागराज महाकुंभ में शामिल होने पर राज्यसभा सांसद और भाजपा OBC मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. के. लक्ष्मण ने कहा कि "मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने महाकुंभ के लिए अच्छी व्यवस्था की है। दक्षिण भारत से हजारो-लाखों की संख्या में श्रद्धालु यहां आ रहे हैं... सनातन धर्म में अपनी आस्था के लिए बहुत से लोग यहां आ रहे हैं, लेकिन बहुत दुख की बात है कि विपक्ष इस पर भी राजनीति करने की कोशिश कर रहा है..."
 

12:29 PM, 18-Feb-2025

'कुंभ मेले में बड़े-बड़े शिविर लगाए गए'

गुजरात के सूरत में द्वारका शारदा पीठम मठ के शंकराचार्य स्वामी सदानंद सरस्वती ने कहा कि आपने देखा होगा कि कुंभ मेले में बड़े-बड़े शिविर लगाए गए थे, जहां भोजन, पानी और रहने की व्यवस्था की गई थी। मेला प्राधिकरण और प्रशासन ने व्यवस्था की थी, स्वयंसेवी संगठनों और बड़े दानदाताओं ने भी व्यवस्था की थी। जब हम सेक्टर 19 से सेक्टर 12 जा रहे थे, तो हमने देखा कि अदाणी ग्रुप द्वारा बहुत बड़ा भंडारा लगाया जा रहा था, अदाणी ग्रुप द्वारा हर दिन 1 लाख लोगों को खाना खिलाया जा रहा था। यह बहुत बड़ी बात है। जब हम वहां से निकले, तो एक किलोमीटर लंबी कतार लगी हुई थी, लोग खाना परोस रहे थे, लोग खाना खा रहे थे, बैठ रहे थे और प्रसाद पा रहे थे। अदाणी ग्रुप ने यह काम एक महीने तक किया है।"
 

12:19 PM, 18-Feb-2025

अभिनेत्री जूही चावला ने लगाई डुबकी

प्रयागराज में अभिनेत्री जूही चावला ने महाकुंभ में शामिल होने पर कहा कि आज मेरे जीवन की सबसे खूबसूरत सुबह थी, इतने लोग, इतनी श्रद्धा के साथ स्नान कर रहे हैं। हमने भी स्नान किया, उन सभी लोगों का धन्यवाद जिन्होंने यहां इतनी अच्छी व्यवस्थाएं की हैं।"
 

12:17 PM, 18-Feb-2025

'व्यवस्थाएं अद्भुत और अकल्पनीय हैं'

प्रयागराज में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने महाकुंभ 2025 में शामिल होने पर कहा कि "भारत का जो सनातन धर्म है और उसमें श्रद्धा रखने वाले लोग हैं उनके लिए यह बहुत अलौकिक अनुभव है। इतनी बड़ी संख्या में करोड़ों लोग यहां आ रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो व्यवस्थाएं की हैं वह अद्भुत और अकल्पनीय हैं... लगभग सभी लोग व्यवस्थित तौर पर इसमें शामिल हो रहे हैं जो भारत के सनातन धर्म के बल को दिखाता है..."
 

11:56 AM, 18-Feb-2025

सिर पर गठरी और कंधे पर झोला

संगम के घाटों पर हर तरफ स्नानार्थी ही नजर आ रहे थे। सिर पर गठरी और कंधे पर झोला-बोरा लिए लोग संगम की ओर बढ़ते रहे। रास्ते भर जय गंगा मैया, हर-हर महादेव और जय श्रीराम के गगनभेदी जयघोष के बीच दिन भर डुबकी लगती रही। भीड़ के बीच संगम जाने वाले मार्गों पर शहर के लोगों ने भी श्रद्धालुओं की मदद और सेवा में कोई कसर नहीं छोड़ी है। भीड़ प्रबंधन के लिए पुलिस और प्रशासन के अफसर अतिरिक्त सजगता बरत रहे हैं। आस्था - भक्ति की लहरों के बीच संगम से शहर तक कहीं तिल रखने की जगह नहीं बची। सड़कें पैक हुईं तो संगम की राह पकड़ने के लिए लोगों ने गलियों का रुख कर लिया।
 

11:38 AM, 18-Feb-2025

तीन चरणों में बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया

प्रयागराज जंक्शन के सभी 10 प्लेटफार्मों पर तिल रखने की जगह नहीं बची तो घंटे-घंटे भर के लिए इस रेलवे स्टेशन पर यात्रियों का प्रवेश रोका जाने लगा। सभी रूटों को वन वे करना पड़ गया। अंदावा, नैनी और फाफामऊ के अलावा कोखराज के रूट पर तीन चरणों में बैरिकेडिंग कर भीड़ को नियंत्रित किया जाने लगा। मेला प्रशासन की ओर से घाटों पर भीड़ न लगाने की लगातार अपील की जाती रही।

11:28 AM, 18-Feb-2025

अब तक 54.31 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में लगाई डुबकी

सोमवार को संगम जाने वाले सभी रास्ते श्रद्धालुओं की भीड़ से खचाखच भर गए। अमृतमयी त्रिवेणी में पुण्य की डुबकी के लिए एक लय में रात तक भक्ति की लहरें हिचकोले खाती रहीं। मेला प्रशासन ने शाम आठ बजे तक 1.35 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का दावा किया। अब तक के महाकुंभ में कुल 54.31 करोड़ श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा चुके हैं।

11:25 AM, 18-Feb-2025

संगम पर भक्ति का अनंत प्रवाह

महाकुंभ में अमृत स्नान के लिए आस्था का भक्ति का प्रवाह लगातार तेज होता जा रहा है। सोमवार की देर शाम संगम पर फिर लाखों श्रद्धालु पहुंच गए। दिन रात रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर आस्थावानों का तांता लगा रहा। संगम जाने वाली सड़कों पर हर तरफ जन ज्वार नजर आने लगा।

08:56 AM, 18-Feb-2025

Mahakumbh 2025 Live: पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने संगम में किया स्नान, बोले- यह बहुत ही महान अवसर है

प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का महाकुंभ मेला क्षेत्र में आना जारी है। प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के घाटों पर श्रद्धालु महाकुंभ 2025 में पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। 45 दिनों तक चलने वाले महाकुंभ 2025 के पहले 36 दिनों में 54 करोड़ से ज़्यादा श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है, जो दुनिया का सबसे बड़ा मानव समागम है।
 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें