माघ पूर्णिमा के पावन अवसर पर धर्म, अध्यात्म और आस्था के महासमागम महाकुंभ में पुण्य सलिला भगवती मां गंगा, मां यमुना और अदृश्य सरस्वती की पावन त्रिवेणी में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने सपरिवार आस्था की डुबकी लगाकर लोक कल्याण व पुण्य की कामना की।
महाकुंभ के मौके पर शहर में आवागमन को देखते हुए एक से आठ तक की कक्षाएं 15 फरवरी तक ऑनलाइन चलेंगी। बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रवीण कुमार तिवारी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह व्यवस्था सभी बोर्ड के स्कूलों में रहेगी।
माघी पूर्णिमा के मौके पर महाकुंभ में 12 फरवरी को शाम 6 बजे तक कल्पवास में 10 लाख से अधिक श्रद्धालु हैं वहीं 1.90 करोड़ लोग महाकुंभ पहुंचे हैं। आज अब तक दो करोड़ लोगों ने स्नान किया है। वहीं बीती 11 फरवरी तक महाकुंभ में 46.25 करोड़ श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद दिग्विजय सिंह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ क्षेत्र पहुंचे हैं। जहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि मैं पिछले 3 कुंभ से यहां (प्रयागराज) स्नान करता आया हूं। महाकुंभ में जो दुर्घटना हुई है उस पर हम अपना दुख प्रकट करते हैं। कहीं न कहीं कमी रही क्योंकि कहा गया था कि महाकुंभ में 100 करोड़ लोगों की व्यवस्था है। इसे (महाकुंभ) इवेंट नहीं मानना चाहिए यह हमारी आस्था का प्रश्न है।
प्रयागराज में फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा महाकुंभ में पहुूंचे। जहां उन्होंने संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान उन्होंने ज्योतिषपीठ के शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से आशीर्वाद लिया।
भारतीय रेलवे के ईडीआईपी दिलीप कुमार ने कहा कि बड़ी संख्या में लोग संगम में स्नान करने आए हुए हैं। इस विशेष दिन के लिए हमने सभी योजनाएं बनाई हुई हैं। शाम चार बजे तक हम 200 से अधिक गाड़ियों का परिचालन कर चुके हैं। रेल सेवा का लाभ उठाकर करीब 11 लाख लोग अपने-अपने घरों की ओर प्रस्थान कर चुके हैं। हमने 1186 सीसीटीवी कैमरे पूरे प्रयाग क्षेत्र में लगाए हैं।
उत्तर प्रदेश के बागपत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि महाकुंभ में कल तक 50 करोड़ लोग डुबकी लगा लेंगे। सीएम योगी ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ लोगों की आदत है, चोरी छिपे उन लोगों ने कोरोना की वैक्सीन लगवाई और दुनिया को कहते रहे कि मत लगाओ। ऐसे ही चोरी छिपे संगम में डुबकी लगाकर आ गए। लेकिन जनता को कह रहे हैं मत जाओ।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। जहां हर दिन लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच माघ पूर्णिमा के मौके पर आज फिल्म अभिनेता सुनील शेट्टी महाकुंभ में पहुंचे हैं।
प्रयागराज में संगम नोज के पास महावीर मार्ग पर भीड़ की स्थिति सामान्य है। माघ पूर्णिमा पर स्नान के लिए आज श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी है।
प्रयागराज शहरी विकास सचिव अनुज कुमार झा ने माघी पूर्णिमा स्नान पर कहा, "आज कुशलता पूर्वक माघी पूर्णिमा स्नान संपन्न हुआ है... अभी तक 40 करोड़ से अधिक श्रद्धालु यहां आ चुके हैं... सभी व्यवस्थाएं ठीक रही हैं... विभाग द्वारा पूरी टीम यहां काम कर रही है..."
महाकुंभ में माघ पूर्णिमा स्नान के मौके 1.59 करोड़ श्रद्धालुओं ने पुण्य की डुबकी लगाई है। बेंगलुरु से 72 वर्षीय बुजुर्ग अकेले महाकुंभ पहुंचीं। उन्होंने कहा कि पेंशन मिलती है अब वर्ल्ड टूर पर निकली हैं। 37 देश घूम चुकीं हैं।
अंदावा से झूंसी और शास्त्री पुल पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। पर भीड़ की स्थिति सामान्य है। श्री बड़े हनुमान मंदिर मार्ग पर भी स्थिति सामान्य है।
उत्तर प्रदेश शिया वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन वसीम रिजवी मंगलवार को महाकुंभ पहुंचे। उन्होंने संगम में आस्था की डुबकी लगाई। कहा कि संगम स्नान करने के बाद बहुत खुशी मिल रही है। उन्होंने घोषणा की कि अपनी खुशी से इस्लाम धर्म छोड़कर सनातन धर्म अपनाने वालों का स्वागत है। वह एक संगठन तैयार कर रहे हैं। जिसमें सनातन धर्म में आने वाले लोगों की आर्थिक मदद की जाएगी। कारोबार शुरू करने में भी सहायता की जाएगी।
यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि "...कुछ वीकेंड ऐसे होते हैं जब भीड़ बढ़ जाती है और ट्रैफिक धीमा हो जाता है...लोग अनुशासन का पालन करने में भी विफल हो जाते हैं...लेकिन कुछ ही समय में ट्रैफिक सुचारू हो जाता है...हमारे देश की लगभग एक तिहाई आबादी अब तक पवित्र डुबकी लगा चुकी है, इससे पता चलता है कि यहां प्रबंधन अच्छा है..."
मौनी अमावस्या की भगदड़ पर यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि उस दिन हमारी आकस्मिक योजना सफल रही। घटना होते ही हमारी एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई और 10-15 मिनट के अंदर घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बचाव और राहत कार्य भी तेजी से हुआ। इससे पता चलता है कि योजना में कोई चूक नहीं हुई। न्यायिक समिति गठित की गई है। घटना दुर्भाग्यपूर्ण थी और ऐसा नहीं होना चाहिए था।
यूपी के डीजीपी प्रशांत कुमार ने कहा कि "यह महाकुंभ 2025 का 5वां स्नान है, इसके बाद महाशिवरात्रि का स्नान होगा। मौनी अमावस्या पर एक दुर्घटना हुई थी। हमने इससे सबक लिया और नई तकनीकें लागू कीं। 'बिल्ड बैक बेटर' की एक प्रबंधन तकनीक है। हमने खुद को बेहतर बनाने के लिए समुदाय की प्रतिक्रिया ली और नई तकनीकों को लागू किया। नतीजतन, अब तक 46 से 47 करोड़ लोग महाकुंभ में आ चुके हैं। आज सुबह 10 बजे तक 1.3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। हम चित्रकूट, मिर्जापुर विंध्यांचल मंदिर, विश्वनाथ कॉरिडोर और अयोध्या पर भी ध्यान केंद्रित कर रहे हैं क्योंकि प्रयागराज में डुबकी लगाने के बाद श्रद्धालु इन स्थानों पर जा रहे हैं। हमने लखनऊ में एक वॉर रूम बनाया है जहां प्रयागराज क्षेत्र की लाइव फीड मिलती है। 2500 से अधिक कैमरे सक्रिय हैं। हम प्रयागराज में ICCC में लाइव फीड प्राप्त करते हैं। नई भीड़ प्रबंधन तकनीकों ने सकारात्मक परिणाम दिए हैं और भारी भीड़ के बीच भी चीजें सुचारू रूप से चल रही हैं।
पूर्व क्रिकेटर अनिल कुंबले ने संगम पर पूर्णिमा पर संगम में डुबकी लगाई।
सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उन्होंने लिखा कि पावन स्नान पर्व माघ पूर्णिमा की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को हार्दिक बधाई! महाकुम्भ-2025, प्रयागराज में आज पवित्र त्रिवेणी में पुण्य स्नान हेतु पधारे सभी पूज्य साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का हार्दिक अभिनंदन! भगवान श्री हरि की कृपा से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और सौभाग्य का वास हो। मां गंगा, मां यमुना और मां सरस्वती सभी के मनोरथ पूर्ण करें, यही कामना है।
उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को माघ पूर्णिमा के अवसर पर समस्त श्रद्धालुओं और प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दीं। इसके साथ ही, साधु-संतों, धर्माचार्यों, कल्पवासियों और श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए उन्होंने भगवान श्री हरि से सबके सुख-समृद्धि व सौभाग्य तथा मां गंगा-यमुना-सरस्वती से मनोरथ सिद्ध करने की कामना की।
त्रिवेणी पर कड़ी चौकसी है। हर तरफ पुलिस अलर्ट कर रही है। पुलिस फोर्स को लगातार चौकस रहने के निर्देश मिल रहे हैं। झूसी से संगम जाने वाले मार्ग की स्थिति सामान्य है।
आध्यात्मिकता और संस्कृति के मिलन स्थल महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है। माघी पूर्णिमा पर संगम स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जा रही है। अब तक 46 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने स्नान कर लिया है।
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 के दौरान माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर संगम के जल में पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं और तपस्वियों पर पुष्प वर्षा की जा रही है।
प्रयागराज में माघी पूर्णिमा पर त्रिवेणी संगम पर महास्नान जारी है। संगम पर उमड़े श्रद्धालुओं पर 'पुष्प वर्षा' की गई।
प्रयागराज में महाकुंभ के एक तीर्थयात्री ने कहा, "मैं आज माघ पूर्णिमा पर स्नान करने की योजना बनाकर दिल्ली से यहां आया हूं। यहां व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं।"
प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर पवित्र डुबकी लगाने के बाद महाकुंभ में शामिल हुए एक श्रद्धालु ने कहा, "मैंने आज तड़के तीन बजे स्नान किया। अब हम लौट रहे हैं। मौनी अमावस्या के मुकाबले आज भीड़ कम है। यहां व्यवस्थाएं अच्छी हैं।"
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ 2025 के दौरान माघी पूर्णिमा के पावन अवसर पर संगम के जल में पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं और तपस्वियों पर 'पुष्प वर्षा' की जा रही है।
माघी पूर्णिमा पर प्रयागराज में त्रिवेणी संगम पर लाखों श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई।
प्रयागराज में आध्यात्मिकता और संस्कृति के मिलन महाकुंभ 2025 में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ रहा है।
प्रयागराज महाकुंभ में माघपूर्णी के अवसर पर त्रिवेणी संगम पर श्रद्धालु उमड़ रहे हैं।
माघी पूर्णिमा पर कल शाम से ही संगम में स्नान जारी है। बताया जा रहा है कि माघी पर 73 लाख से अधिक लोग स्नान कर चुके हैं। कल शाम से शुरू हुई माघी पूर्णिमा आज शाम तक रहने वाली है।
महाकुंभ में पावन स्नान के लिए सरकार ने जो अनुमान जताया था, श्रद्धालुओं की संख्या वह रेखा पार कर चुकी है। सरकार को इस मेले में 45 करोड़ श्रद्धालुओं के आने का अनुमान था मगर मेला प्रशासन के मुताबिक कल तक 46 करोड़ लोग संगम में स्नान कर चुके हैं।
प्रयागराज के डीआइजी वैभव कृष्ण का कहना है कि माघी पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालु बड़ी संख्या में स्नान के लिए यहां पहुंच रहे हैं। हमारी तैयारियां अच्छी हैं। सब कुछ नियंत्रण में है। पार्किंग, ट्रैफिक डायवर्जन से लेकर सब कुछ सक्रिय है। श्रद्धालु नियमों का पालन कर रहे हैं।
महाकुंभ में श्रद्धालुओं का महास्नान जारी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी श्रद्धालुओं को महापुर्व की शुभकामनाएं दी हैं। खबर है कि सीएम योगी सवेरे चार बजे से आयोजन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज संतोष राय ने मौनी अमावस्या पर मेले में हादसे में घायल व मृत श्रद्धालुओं की पहचान के लिए अस्पतालों व मेलाधिकारी, डीएम को पत्र भेज रिपोर्ट मांगी है। साथ ही लोगों से टोल फ्री नंबर 15100 व जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मोबाइल नंबर 9532671570 पर संपर्क करने के लिए कहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रयागराज के सचिव दिनेश कुमार गौतम ने मेले में विधिक जागरूकता व साक्षरता शिविर लगा श्रद्धालुओं को विधिक जानकारी दे रहे हैं। सेक्टर-3 स्थित जनपद न्यायालय शिविर में एक विधिक सहायता केंद्र स्थापित किया गया है। इसमें स्वयंसेवकों की ओर से घायल व मृत श्रद्धालुओं के बारे में जानकारी जुटा देश के सभी जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के माध्यम से उनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। मेला क्षेत्र में स्थापित अस्पताल व एसआरएन में पराविधिक स्वयं सेवकों को नियुक्त कर वहां घायलों व मृत श्रद्धालुओं का विवरण लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को भेजा जा रहा है।
माघी पूर्णिमा स्नान के साथ ही संगम की रेती पर चलने वाला एक महीने का कल्पवास भी बुधवार को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद, कल्पवासियों और संतों के जाने का क्रम शुरू हो जाएगा।
महाकुंभ 2025 में पहली बार यह देखा जा रहा है कि मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या और बसंत पंचमी जैसे प्रमुख स्नान के बाद भी माघी पूर्णिमा पर करोड़ों श्रद्धालु आस्था की डुबकी लगाने के लिए प्रयागराज संगम पहुंच रहे हैं।
माधी पूर्णिमा के अवसर पर आज श्रद्धालु संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। पावन पर्व पर आस्था और अत्साह के साथ हजारों-लाखों श्रद्धालुओं का रेला स्नान के लिए संगम की ओर बढ़ रहा है।