भगदड़ मामले में बंगाल सरकार स्थिति का जायजा लेने के लिए यूपी भेजेगी टीम
पश्चिम बंगाल सरकार ने बुधवार को महाकुंभ में एक टीम भेजने का फैसला किया है। जो वहां भगदड़ के बाद राज्य के तीर्थयात्रियों की स्थिति के बारे में उत्तर प्रदेश प्रशासन से कोई जानकारी नहीं मिली थी। उन्होंने कहा कि दिल्ली स्थित रेजिडेंट कमिश्नर कार्यालय से अधिकारियों की एक टीम स्थिति का जायजा लेने के लिए प्रयागराज जाएगी। मौनी अमावस्या पर पवित्र स्नान के लिए लाखों तीर्थयात्रियों के बीच संगम क्षेत्र में सुबह-सुबह मची भगदड़ में कम से कम 30 लोगों की मौत हो गई और 60 लोग घायल हो गए।
रात 8 बजे तक 7.64 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन आज शाम 6 बजे तक 7.64 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया है तो वहीं कल्पवास में 10 लाख लोग हैं। 28 जनवरी तक 19.94 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में स्नान किया है।
सांसद राघव चड्ढा बोले- मामले की समीक्षा हो, ताकि कोई दोबारा घटना न हो
महाकुंभ भगदड़ मामले में आम आदमी पार्टी के सांसद राघव चड्ढा ने कहा कि महाकुंभ में हम सनातनी हिंदुओं के लिए आस्था और श्रद्धा का सबसे बड़ा महापर्व 144 साल बाद मनाया जा रहा है। लेकिन आज वहां जो सुबह-सुबह दुर्घटना घटी है। जानकारी मिल रही है कि भगदड़ मचने से 30 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। मुझे लगता है इससे ज्यादा दुखद खबर कोई नहीं हो सकती थी। मुझे लगता है पूरे देश का दिल दहल गया है। मैं महादेव से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और उनकी आत्माओं को शांति दें और जो लोग घायल हुए हैं वो जल्द से जल्द ठीक हो और सरकार ने जो व्यवस्थाएं की हैं। उन पर एक बार फिर से समीक्षा करें और उसमें सुधार करें ताकि ऐसी कोई घटना दोबारा न हो।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा बोले- मैं यूपी सरकार के साथ संपर्क में हूं
महाकुंभ भगदड़ पर असम के सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार कुंभ को सफल बनाने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है। घटना में जिन श्रद्धालुओं की मृत्यु हुई है मैं उनको अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उस घटना में असम के एक श्रद्धालु का भी निधन हुआ है। हम उनके पार्थिव शरीर को वापस लाने के लिए यूपी सरकार के साथ संपर्क में हैं।
सीएम योगी बोले- महाकुंभ भगदड़ मामले की होगी जांच
महाकुंभ में बीती रात हुए 30 श्रद्धालुओं की मौत की घटना की जांच न्यायिक आयोग करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसकी जानकारी दी है। तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग से जांच कराने का आदेश दिया है। वहीं दूसरी तरफ मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया कराने का निर्देश भी दिया है।
आज शाम 6 बजे तक 6.99 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान
प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में मौनी अमावस्या के दिन आज शाम 6 बजे तक 6.99 करोड़ श्रद्धालुओं ने स्नान किया है तो वहीं कल्पवास में 10 लाख लोग हैं। 28 जनवरी तक 19.94 करोड़ लोगों ने महाकुंभ में स्नान किया है। वहीं इस महाकुंभ में रेसलर द ग्रेट खली भी पहुंचे।
25 मृतकों के शवों की पहचान हुई: महाकुंभ डीआईजी वैभव कृष्ण
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हुई भगदड़ मामले में प्रशासन की ओर से जानकारी साझा कर दी गई है। महाकुंभ डीआईजी वैभव कृष्ण ने जानकारी देते हुए बताया कि महाकुंभ में रात 1-2 बजे के बीच भगदड़ हुई थी। जिसमें 90 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। इसमें से 30 लोगों की मौत हो गई है। 25 लोगों की पहचान हो गई है और बाकी 5 की पहचान की जा रही है।
महाकुंभ भगदड़ मामले में प्रशासन ने जारी किया मौतों का आंकड़ा
महाकुंभ मेला क्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके जानकारी दी। उन्होंने बताया कि महाकुंभ में हुई भगदड़ में 30 लोगों की मौत हुई है। 90 लोगों को अस्पताल लगाया गया। जिसमें से 30 लोगों ने दम तोड़ दिया, इनमें से 25 लोगों की शिनाख्त हो गई है। जिसमें कर्नाटक के चार, गुजरात के एक श्रद्धालु की मौत हुई है। 60 लोग घायल हैं। बैरिकेड्स टूटने की वजह से भगदड़ हुई।
महाकुंभ भगदड़ मामले में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान का बयान आया सामने
महाकुंभ भगदड़ मामले में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि भगदड़ के चलते लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। मृतकों के प्रति मैं अपनी और अपनी पार्टी की तरफ से श्रद्धांजलि प्रकट करता हूं। जो भी लोग इस हादसे में घायल हुए हैं। उनके भी जल्द स्वस्थ होने की कमना करता हूं। ये घटना दुखद है। किस कारण से इतनी बड़ी घटना घटी है। उस पर पीएम मोदी लगातार निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री भी लगातार संपर्क में हैं। भविष्य में ये घटना न घटे इस बात को हमारी सरकार सुनिश्चित कर रही है। ये घटना कैसे घटी इसकी जानकारी लेकर उचित कार्रवाई की जाएगी।
घोड़े और रथों पर सवार होकर संगम की ओर बढ़ रहे साधु-संत
मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए संत और नागा त्रिवेणी संगम की ओर बढ़ रहे हैं। रथों और वाहनों पर सवार होकर साधु-संत निकल रहे हैं।
संगम नोज की तरफ जाने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में अभी कमी नहीं देखी जा रही है, बड़ी संख्या में श्रद्धालु संगम में डुबकी लगाने के लिए जा रहे हैं।
मौनी अमावस्या को होने वाले शाही स्नान से पहले आधी रात को संगम पर मची भगदड़ के बाद पुलिस प्रशासन को अति चौकन्ना किया गया। ज्यादातर क्षेत्रों में लगे बैरियर को खोला गया है। ऐसे में घटना के बाद एक बात देखी जा रही जिसको लेकर चर्चाएं हो रही हैं। सुबह से मेला क्षेत्र में एंबुलेंस लगातार घूम रही हैं।
मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए नागा साधु त्रिवेणी संगम की ओर बढ़ रहे हैं। संगम घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ है। कक्षप द्वार से संगम घाट की ओर श्रद्धालुओं का रेला है।
मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के दौरान त्रिवेणी के घाटों से ड्रोन से तस्वीरें ली गई। आज दोपहर 12 बजे तक करीब 4.24 करोड़ श्रद्धालुओं ने पवित्र डुबकी लगाई है। आज तक पवित्र डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 20 करोड़ को पार कर गई है।
मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए संत और नागा त्रिवेणी संगम की ओर बढ़ रहे हैं।
केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि प्रयागराज महाकुंभ में हुई दुःखद घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इस हादसे में जिन श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवारों को इस कठिन समय में संबल दें। साथ ही, मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।
अमावस्या के अवसर पर त्रिवेणी संगम पर पवित्र स्नान कर रहे साधु-संतों पर फूलों की वर्षा की गई।
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी का कहना है, ''हम अमृत स्नान के लिए जा रहे हैं और मेरे साथ हजारों साधु-संत और नागा आ रहे हैं। हम बहुत जल्दी घाट खाली कर देंगे ताकि यहां आए सभी श्रद्धालुओं को सुविधा हो सके, पवित्र स्नान करने के लिए।"
मौनी अमावस्या पर अखाड़ों का अमृत स्नान शुरू हो गया है। यह पहले की तरह निर्धारित क्रम में ही किया जाएगा। भारी पुलिस बल के बीच अखाड़ों ने त्रिवेणी संगम की ओर निकल गए हैं।
महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने कहा, "अमृत स्नान शुरू होने वाला है। जो परंपरागत क्रम है उस तरह से यह होगा। पुलिस और प्रशासन सभी अखाड़ों को उनके परंपरागत क्रम में जाने में मदद करेगा। स्थिति नियंत्रण में है। हम आज सुबह की घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह लोगों की भारी भीड़ के कारण हुआ। 10 करोड़ से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।"
मौनी अमावस्या पर अमृत स्नान के बाद पंचायती निरंजनी अखाड़े के दिगंबर नागा बाबा चिदानंद पुरी ने कहा, "आज एक आक्समिक घटना के कारण हमारी (अखाड़ों की) शोभा यात्रा नहीं निकाली जा सकी। अब हम कम संख्या में पवित्र डुबकी लगाने आ रहे हैं।"
महिला गुड्डी देवी (57 वर्ष) किच्छा निवासी वार्ड-3 की प्रयागराज में हुए हादसे में मौत हो गई। यह अपने बेटे-बहू के साथ गई थीं। बेटे और बहू के साथ भगदड़ के समय महिला बिछड़ गई। सुबह 6:00 बजे आज उनके पुत्र को उनका शरीर मिला है। फिलहाल अभी प्रयागराज में कागजी कार्रवाई चल रही है। इनको अभी तक शव नहीं मिला है। शव मिलने के बाद यह वापिस रवाना होंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रयागराज में हुए हादसे का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिन्होंने अपनों को खोया उनके परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाकुंभ का हादसा बहुत दुखद है। कुछ समय के लिए स्नान को रोका गया था लेकिन अब इसे फिर से प्रारंभ कर दिया गया है।
बंगाल से आए श्रद्धालु अपनों से बिछुड़ गए हैं। इसके बाद उन्हें किसी अनहोनी की चिंता सताने लगी है, इससे वह परेशान हो गए। उनके मोबाइल की बैटरी डिस्चार्ज हो गई है। इस वजह से वह एक दूसरे से संपर्क नहीं कर पा रहे थे। मेला क्षेत्र में एक युवक 50 रुपए प्रति घंटे में मोबाइल चार्ज कर रहा है। जैसे ही उन्होंने इस मोबाइल चार्जिंग प्वाइंट को देखा, वहां पहुंचे। 50 रुपए देकर मोबाइल चार्ज किया, इसके बाद अपनों से बात की, जब उन्हें उनके सुरक्षित होने की जानकारी हुई तो उन्होंने राहत की सांस ली।
महाकुंभ के दौरान त्रिवेणी संगम पर दूसरे अमृत स्नान पर एक साधु ने कहा, "इस पवित्र अवसर पर सभी को गंगा नदी में पवित्र डुबकी लगानी चाहिए। कुछ दुर्भाग्यपूर्ण घटनाएं हुईं, लेकिन सभी को स्वस्थ रहना चाहिए..."
प्रयागराज में मौनी अमावस्या के अवसर पर दूसरे अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी संगम पर छोटे-छोटे जुलूसों के साथ संतों का पहुंचना जारी है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने ट्वीट किया कि "प्रयागराज महाकुंभ में भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है। मैं घायल श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं और ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि सभी घायल श्रद्धालु शीघ्र स्वस्थ हों।"
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीट कर कहा कि "प्रयागराज में चल रहे महाकुंभ में हुआ हादसा बेहद दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार और स्थानीय प्रशासन पीड़ितों को हर संभव मदद मुहैया करा रहा है।"
भीड़ को देखते हुए प्रयागराज की ओर आने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया है। जैसे ही भीड़ कम होगी इसे खोल दिया जाएगा। रास्ता रोकने से जाम भी लगा है।
मौनी अमावस्या के अवसर पर दूसरे अमृत स्नान के लिए संतों का त्रिवेणी संगम पर पहुंचना शुरू हो गया है।
महाकुंभ के लिए प्रयागराज जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार कर रहे श्रद्धालुओं की भारी भीड़ वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर देखी गई।
कुंभ मेला SSP राजेश द्विवेदी ने कहा कि "कोई भगदड़ नहीं हुई, अत्यधिक भीड़भाड़ थी जिसके कारण कुछ श्रद्धालु घायल हो गए... किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। मेरी श्रद्धालुओं से अपील है कि जो घाट उनके लिए खुले हैं, वहां आराम से स्नान करें। अमृत स्नान जल्द ही शुरू होने वाला है और यह शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होगा...कई घाट विकसित किए गए हैं और लोग सुगमता से वहां स्नान कर रहे हैं..."
महाकुंभ के DIG वैभव कृष्ण ने कहा, "अमृत स्नान शुरू होने वाला है। जो परंपरागत क्रम है उस तरह से यह होगा... पुलिस और प्रशासन सभी अखाड़ों को उनके परंपरागत क्रम में जाने में मदद करेगा... स्थिति नियंत्रण में है। हम आज सुबह की घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं। यह लोगों की भारी भीड़ के कारण हुआ। 10 करोड़ से अधिक लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
नई दिल्ली वाया अलीगढ़ प्रयागराज जाने वाली छह ट्रेनों को निरस्त किया गया है। नॉर्थ ईस्ट, सीमांचल, सिक्किम महानंदा, अलीगढ़ -कानपुर मेमू फास्ट, महाबोधी एक्सप्रेस शामिल हैं। प्रयागराज जाने वाली सभी ट्रेनें प्रभावित हो गई हैं।
प्रयागराज में भगदड़ के बीच एम्बुलेंसकर्मियों ने छोटे बच्चों को उनके परिवार से मिलाने का काम किया। असम से आई मोर्णिमा के पिता को भगदड़ के समय एक ही बात समझ मे आई बेटी को बचा लें, उन्होंने इसे एम्बुलेंस में डाल दिया, उसके बाद एम्बुलेंसकर्मियों की मदद से ये अपने पिता से मिले, जिनकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। बिहार के रहने वाले रितेश अपनी दादी के साथ आया था, लेकिन दादी का पता नहीं है, लिहाजा आंसू बहा रहा है।
महाकुंभ में भगदड़ पर पीएम मोदी ने कहा कि "प्रयागराज महाकुंभ में जो हादसा हुआ, वह बेहद दुखद है। इसमें जिन श्रद्धालुओं ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदना है। इसके साथ ही मैं सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद करने में लगा हुआ है। इस संबंध में मैंने मुख्यमंत्री योगी जी से बात की है और मैं लगातार राज्य सरकार के संपर्क में हूं।"
मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए अखाड़ों और संतों के लिए पुलिस ने रास्ता साफ करने के साथ ही त्रिवेणी संगम पर भारी सुरक्षा तैनात की गई है।
अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत रवींद्र पुरी ने कहा कि अमृत स्नान कुछ देर में शुरू होगा। कम संख्या में स्नान के लिए संत जाएंगे। झांकी नहीं निकलेगी।
आज तक 3.61 करोड़ से अधिक लोगों ने त्रिवेणी में पवित्र डुबकी लगाई है, 28 जनवरी तक कुल 19.94 करोड़ से अधिक लोग डुबकी लगा चुके हैं। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग ने यह आंकड़ा जारी किया है।
प्रमुख अधीक्षक डॉ. अजय सक्सेना ने कहा 24 घायल मेला से ट्रामा लाए गए। सभी को इलाज मिल रहा है। अधिकतर मरीजों को सीने में चोट आई है। हादसे के कारण बेहोश हुए हैं।
योग गुरु बाबा रामदेव ने कहा कि "हमने घायल लोगों के लिए प्रार्थना करते हुए और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए आज पवित्र डुबकी लगाई है। हमने आज प्रतीकात्मक स्नान किया और लोगों की भलाई के लिए प्रार्थना की।"
प्रयागराज में मौनी अमावस्या के अवसर पर अमृत स्नान के लिए त्रिवेणी के घाटों पर बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे हैं।
सीएम योगी ने संगम न आने की अपील की है। महाकुंभ में हुई भगदड़ के बाद सीएम योगी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वह संगम नोज जाने के बजाय निकट के घाट पर स्नान कर लें। सीएम योगी ने कहा है कि स्नान के लिए कई घाट बनाए गए हैं। लोग वहां स्नान कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्रशासन के नियमों का ध्यान रखें और किसी प्रकार की अफवाह में न आएं।
महामंडलेश्वर प्रेमानंद गिरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बड़े दुख का समाचार है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ सेना के हवाले कर देना चाहिए। इस दौरान वो भगदड़ के बारे में बात करते हुए भावुक हो गए।
घायलों को केंद्रीय चिकित्सालय पर लाये जा रहे हैं। मौत के आंकड़ों पर अभी तक प्रशासनिक बयान नहीं आया है। परिजनों को खोजते हुए परिजन चिकित्सालय पहुंच रहे हैं।
साध्वी निरंजन ज्योति ने महाकुंभ क्षेत्र में हुई भगदड़ की घटना को लेकर कहा कि यह दुखद है। जो भी हुआ वो ठीक नहीं हुआ। अखाड़ा परिषद ने जनहित को ध्यान में रखते हुए अमृत स्नान को रद्द करने का फैसला लिया है।
हादसे के बाद जहां अखाड़ों ने अमृत स्नान रद्द कर दिया है वहीं लोग अभी भी पुलिस के निर्देशों को नहीं मान रहे हैं और संगम की ओर मना करने पर भी लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
संगम तट के पास मची भगदड़ और घटना से जुड़ी जानकारी के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री योगी से बात की है। प्रधानमंत्री ने घटनाक्रम की समीक्षा की तथा तत्काल सहायता उपाय करने का आह्वान किया।
महामंडलेश्वर आचार्य स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि जी महाराज ने कि मेला क्षेत्र में भारी भीड़ के कारण 'अमृत स्नान' न कर पाने से श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी साधु निराश हैं।
कहा जा रहा है कि मेले में मची भगदड़ से जुड़ी जानकारी के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने मुख्यमंत्री योगी से बात की है। हादसे के बाद अखाड़ों ने अमृत स्नान स्थगित कर दिया है और राहत तथा बचाव का काम चल रहा है। प्रशासन के अनुसार स्थिति अब काबू में है।
पंचायती महानिर्वाणी के कुछ देवता आगे बढ़ गए। भीड़ अधिक होने के कारण स्थिति उपयुक्त नहीं लग रही थी। इसलिए अखाड़े ने महामंडलेश्वरों के लिए स्नान रोक दिया है...
मेले में मची भगदड़ और भारी भीड़ के कारण अखाड़ों का अमृत स्नान रद्द हो गया है।
घायलों को मेला क्षेत्र में बने केंद्रीय अस्पताल में ले जाया गया। कई घायलों के रिश्तेदार भी वहां पहुंचे, साथ ही कुछ वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भी वहां पहुंचे।कर्नाटक की सरोजिनी ने अस्पताल के बाहर रोते हुए कहा, "हम दो बसों में 60 लोगों के समूह में आए थे, हम समूह में नौ लोग थे। अचानक भीड़ में धक्का-मुक्की होने लगी और हम फंस गए। हममें से बहुत से लोग गिर गए और भीड़ अनियंत्रित हो गई।"
महिला ने पीटीआई वीडियोज को बताया, "भागने का कोई मौका नहीं था, हर तरफ से धक्का-मुक्की हो रही थी।"
कुंभ मेला क्षेत्र में भगदड़ की खबरों पर प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओएसडी आकांक्षा राणा ने कहा कि मुझे जो जानकारी मिली है उसके अनुसार संगम नोज पर बैरियर टूटने के बाद भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। इस घटना में कुछ लोग घायल हुए हैं। कोई भी गंभीर नहीं है और उन्हें आवश्यक उपचार दिया जा रहा है।
मौनी अमावस्या पर होने वाले अमृत स्नान को भारी भीड़ के चलते शैव अखाड़ों ने रोक दिया है। महानिर्वाणी और निरंजनी अखाड़े के साधु संत एवं नागा संन्यासी स्नान को नहीं निकले। हजारों की संख्या में नागा संन्यासी छावनी में ही मौजूद हैं। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविंद्र पुरी का कहना है भारी भीड़ के चलते स्नान को रोका गया है। अगर स्थिति ठीक हुई तभी अखाड़े स्नान को निकलेंगे। अन्यथा स्नान को निरस्त कर दिया जाएगा।
मौनी अमावस्या पर बुधवार को 10 करोड़ से अधिक संतों-भक्तों के डुबकी लगाने का अनुमान है। श्रद्धालुओं पर 25 क्विंटल गुलाब के फूलों से पुष्पवर्षा भी की जाएगी। बुधादित्य योग के साथ सर्वसिद्धि योग में आधी रात को ही अमृतमयी त्रिवेणी में मौन डुबकी आरंभ हो गई।
मेले में मची भगदड़ के बाद निरंजनी अखाड़े ने स्नान जुलूस रोक दिया है। कुछ फिलहाल अखाड़े स्नान के लिए नहीं निकले हैं।
महाकुंभ में आज मौनी अमावस्या के मौके पर संगम तट के पास भगदड़ मच गई। 15 लोगों के हताहत होने की खबर है और कुछ बेहोश हुए हैं। मौके पर मुस्तैद प्रशासन ने तत्काल राहत-बचाव का काम शुरू किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
मौनी अमावस्या के मौके पर महानिर्वाणी अखाड़े के संत अमृत स्नान के लिए संगम पर पहुंच रहे हैं।
हताहतों को 50 से अधिक एंबुलेंस की मदद से सेंट्रल हॉस्पिटल लाया गया है। कई घायलों को मोटरसाइकिल से भी लोगों ने पहुंचाया है।
घटना की सूचना पर कई एंबुलेंस की गाड़ियां संगम के पास पहुंच गई हैं।
मौनी अमावस्या पर संगम तट के पास भगदड़ की खबर है। अपुष्ट सूत्र बताते हैं कि कई हताहत हुए हैं और राहत तथा बचाव कार्य शुरू हो गया है।
सुबह 4 बजे महानिर्वाणी और अटल अखाड़े के संत अपने शिविर से संगम के लिए निकलेंगे और 5 बजे संगम पहुंच जाएंगे। दोनों अखाड़ों के संत 40 मिनट में स्नान कर वापस शिविर के लिए रवाना होंगे।
मौनी अमावस्या के मौके पर आज होने वाले अमृत स्नान को सबसे बड़ा स्नान माना जा रहा है। उम्मीद है कि आज 10 करोड़ लोग त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगाएंगे।