फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mahakumbh Live: 29 दिनों में ही सरकार के अनुमान के बराबर श्रद्धालु लगा चुके डुबकी, 45 करोड़ के पार आंकड़ा

Tue, 11 Feb 2025 11:25 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज

खास बातें

Maha Kumbh Mela 2025 Live Updates: महाकुंभ में बिना विशेष स्नान पर्व के ही भक्ति का सैलाब उमड़ रहा है। संगम जाने वाले मार्गों पर श्रद्धालुओं की लंबी कतारें दिख रही हैं। आज सुबह से ही प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है।
विज्ञापन
महाकुंभ में स्नान के लिए उमड़ा जनसैलाब - फोटो : @यूपी सरकार
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:28 PM, 11-Feb-2025

पाकिस्तान के कराची स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत पहुंचे महाकुंभ
महाकुंभ में पाकिस्तान के कराची स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर के महंत रामनाथ मिश्रा पहुंचे।

07:14 PM, 11-Feb-2025

यूपी पुलिस का दावा कुंभ मेले की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर यातायात सामान्य
उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, कुंभ मेले की ओर जाने वाले सभी मार्गों पर फिलहाल यातायात व्यवस्था ठीक चल रही है। पिछले कुछ घंटों में यातायात दर समान रही और इसमें वृद्धि नहीं हुई है। शहर के अंदर के जंक्शन भी अच्छा काम कर रहे हैं।

06:59 PM, 11-Feb-2025

मंगलवार को शाम छह बजे तक 1.23 करोड़ श्रद्धालुओं ने किया स्नान
महाकुंभ मेले में मंगलवार शाम छह बजे तक एक दिन में 1.23 करोड़ श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाई। इनमें 10 लाख कल्पवासी और 1.13 करोड़ श्रद्धालु शामिल रहे। 10 फरवरी तक कुल 44.74 करोड़ श्रद्धालु स्नान कर चुके हैं और अगर आज छह बजे तक के आंकड़े को जोड़ लें तो यह आंकड़ा 45 करोड़ के पार है। सरकार ने 45 दिनों में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के महाकुंभ में स्नान करने का अनुमान जताया था, जबकि यह आंकड़ा 29 दिनों में ही पूरा हो गया। 

विज्ञापन
06:17 PM, 11-Feb-2025

29 दिनों में ही अनुमान से अधिक आ चुके श्रद्धालु
प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ मेले में पूरा देश आ रहा है। 29 दिनों में 45 करोड़ से अधिक श्रद्धालु पवित्र त्रिवेणी में स्नान कर चुके हैं। बता दें कि सरकार ने अनुमान जताया था कि पूरे महाकुंभ में कुल 45 करोड़ से ज्यादा लोग आएंगे। 

06:07 PM, 11-Feb-2025

ट्रैश स्कीमर मशीन हर दिन निकाल रही 10 से 15 टन कचरा
महाकुम्भ में गंगा-यमुना को स्वच्छ, निर्मल बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार प्रतिबद्ध है। आने वाले श्रद्धालु पवित्र संगम में स्नान कर अपने साथ भक्ति के साथ स्वच्छता का भाव भी ले जाएं, इसके लिए प्रयागराज नगर निगम मुख्यमंत्री जी के विजन को साकार करने में लगा हुआ है। न केवल मैनुअल, बल्कि आधुनिक तरीके से भी गंगा-यमुना के संगम को स्वच्छ बनाने का काम हो रहा है। इसके लिए बकायदा ट्रैश स्कीमर मशीन लगाई गई है। यह मशीन हर दिन गंगा-यमुना से 10 से 15 टन कचरा निकाल रही है। 

 

विज्ञापन
05:48 PM, 11-Feb-2025

मंत्री दयाशंकर बोले- हमारे सभी श्रद्धालु संतुष्ट हैं
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा, 'महाकुंभ में आशा से अधिक श्रद्धालुओं के आने से कुछ व्यवस्थाओं में थोड़ी दिक्कत आई है मगर अन्य व्यवस्थाएं बहुत उत्तम हुई हैं। हमारे सभी श्रद्धालु संतुष्ट हैं... महाकुंभ के प्रारंभ से ही डिंपल यादव और अखिलेश यादव को केवल कमी ही दिख रही है। यह दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। यह भारत के लिए गर्व का विषय है।'

05:43 PM, 11-Feb-2025

ट्रैफिक व्यवस्था के बारे में एएसपी ने दी जानकारी
एएसपी विशाल यादव ने कहा, आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए, हमने नो-व्हीकल जोन बनाया है, ताकि लोगों को पैदल चलने के लिए जगह मिल सके। केवल आपातकालीन वाहनों और भोजन ले जाने वाले वाहनों को जाने की अनुमति है। स्टॉलों को हटाया जा रहा है और लोगों को ट्रैफिक से बचाने के लिए कहीं भी न रुकने के लिए कहा जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बच्चा या बुजुर्ग थक जाता है, तो हम उन्हें पुलिस स्टेशन में रोकते हैं, उन्हें आराम और पानी देते हैं और फिर वे आगे बढ़ते हैं। मेला क्षेत्र और आयुक्तालय के बाहरी हिस्से में पार्किंग की सुविधा बनाई गई है।

05:24 PM, 11-Feb-2025

महाकुंभ में आए बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय ने सीएम योगी का किया धन्यवाद
महाकुंभ पहुंचे बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय ने कहा, 'मैं प्रशासन, प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद देता हूं। देशभर से लोग आ रहे हैं, उत्तर प्रदेश प्रशासन ने जो व्यवस्था की है, उसके लिए मैं उनका आभारी हूं। कुंभ में 42 करोड़ से ज्यादा लोगों ने डुबकी लगाई है। हर हिंदू इस जगह पर आकर गौरवान्वित महसूस कर रहा है। दुनियाभर से अलग-अलग समुदायों के लोग यहां आ रहे हैं।'

04:51 PM, 11-Feb-2025

अभिनेता विद्युत जामवाल ने भी महाकुंभ में किया स्नान
अभिनेता विद्युत जामवाल ने महाकुंभ में पहुंचने पर कहा, 'महाकुंभ में स्नान करने के बाद जो खुशी मिली है, उसके आगे भीड़ कुछ नहीं है। सरकार ने बहुत अच्छा आयोजन किया है। देश-विदेश से लोग महाकुंभ में पहुंच रहे हैं युवाओं के लिए यही संदेश है कि अपनी जिम्मेदारी पूरी करें। मां, देश, धर्म और इंसानियत के प्रति अपनी जिम्मेदारी को पूरा करें।'

04:16 PM, 11-Feb-2025

उद्योगपति मुकेश अंबानी परिवार सहित महाकुंभ पहुंचे
रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी परिवार सहित महाकुंभ पहुंचे हैं। उनके साथ मां कोकिलाबेन, बेटा आकाश अंबानी, अनंत अंबानी और बहू समेत अन्य परिजन हैं।  

03:23 PM, 11-Feb-2025

राजस्थान से महाकुंभ में पहुंचा ढाई सौ लोगों का जत्था

राजस्थान से महाकुंभ में ढाई सौ लोगों का जत्था पहुंचा है। तेज कदमों से श्रद्धालु आगे बढ़ रहे हैं।

03:21 PM, 11-Feb-2025

आठ बजे तक 49.68 लाख लोगों ने त्रिवेणी में स्नान किया

मंगलवार को सुबह आठ बजे तक 49.68 लाख लोगों ने त्रिवेणी में स्नान किया। इसके बाद कुल स्नानार्थियों की संख्या 45 करोड़ के ऊपर पहुंच गई है। स्नानार्थियों में 10 लाख कल्पवासियों के साथ-साथ देश-विदेश से आए श्रद्धालु एवं साधु-संत शामिल रहे।

02:45 PM, 11-Feb-2025

कीचड़ से निकल रहे श्रद्धालु

प्रयागराज में महाकुंभ जाने के लिए शॉर्टकट के चक्कर में श्रद्धालु कीचड़ से निकलने में भी गुरेज नहीं कर रहे हैं। 

02:44 PM, 11-Feb-2025

'यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 300 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम था'

दिल्ली में समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने कहा, "महाकुंभ के लिए सरकार ने हजारों करोड़ रुपये खर्च किए और उन्हें कुप्रबंधन के लिए जवाबदेह होना चाहिए... यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि 300 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम था और लोग कई दिनों तक फंसे रहे..."

02:35 PM, 11-Feb-2025

12 फरवरी को माघ पूर्णिमा

पुलिस प्रयागराज में यातायात के सुचारू चलने को सुनिश्चित कर रही है, जहां महाकुंभ चल रहा है। 12 फरवरी को माघ पूर्णिमा से पहले शहर में बड़ी संख्या में तीर्थयात्री आ रहे हैं
 

02:07 PM, 11-Feb-2025

गौतम अदाणी के भाई अयोध्या एयरपोर्ट पर पहुंचे

अडानी ग्रुप के चेयरपर्सन गौतम अदाणी के भाई विनोद अदाणी और उनकी पत्नी रंजनबेन विनोद अदाणी अयोध्या एयरपोर्ट पहुंचे हैं। 
 

12:58 PM, 11-Feb-2025

राज्यमंत्री रामकेश निषाद करेंगे स्नान

उत्तर प्रदेश के राज्यमंत्री रामकेश निषाद आज त्रिवेणी संगम में स्नान करेंगे। इसके अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यूपी के प्राविधिक शिक्षा एवं उपभोक्ता मामले मंत्री आशीष पटेल प्रयागराज में हैं। आज वो कई कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

12:05 PM, 11-Feb-2025

हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष आएंगे प्रयागराज

हरियाणा के विधानसभा अध्यक्ष हरविन्दर कल्याण देर रात प्रयागराज पहुंचेंगे। कल त्रिवेणी संगम में स्नान करेंगे। इसके बाद मेला भ्रमण का कार्यक्रम है। महाराष्ट्र के सांसद डॉ. श्रीकांत एकनाथ शिंदे आज प्रयागराज आएंगे। कल सुबह 10:00 बजे त्रिवेणी संगम में स्नान के साथ कई अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। 
 

12:03 PM, 11-Feb-2025

श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य

महाकुंभ में स्नान करने के लिए श्रद्धालुओं का आना लगातार जारी है। अन्य दिनों की अपेक्षा श्रद्धालुओं की संख्या सामान्य है। 

10:55 AM, 11-Feb-2025

राजस्थान के राज्यपाल आज लगाएंगे डुबकी

राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे आज त्रिवेणी संगम में स्नान के साथ पूजा-अर्चना करेंगे। मेघालय के राज्यपाल सी.एच. विजयशंकर भी वाराणसी से कार द्वारा प्रयागराज आएंगे। वो ड्रोन शो, संगम स्नान, बड़े हनुमान जी, अक्षयवट, पातालपुरी मंदिर, कांची कामकोटि मंदिर, शंकराचार्य मंदिर दर्शन एवं गंगा आरती में शामिल होंगे। 

10:41 AM, 11-Feb-2025

तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन श्रद्धालुओं को कुचला दर्दनाक मौत

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। महाकुंभ में स्नान करने जा रहे तीन श्रद्धालुओं की हादसे में मौत हो गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। महाकुंभ में स्नान करने जा रही तीनों महिला की मौत से अन्य श्रद्धालुओं का रो-रो कर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, उतरांव थाना इलाके में नागनाथपुर नेशनल हाईवे  के पास भोर में एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने तीन श्रद्धालुओं को कुचल दिया। तीनों महिला की दर्दनाक मौके पर ही मौत हो गई। 

वहीं घटना से अन्य श्रद्धालुओं में अफरा तफरी का माहौल बन गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पूर्णिमा पर्व पर बस में श्रद्धालु महाकुंभ स्नान करने जा रहे थे। 

10:04 AM, 11-Feb-2025

अब तक 43 करोड़ से अधिक लोगों ने लगाई पवित्र डुबकी

प्रयागराज में त्रिवेणी संगम के घाटों से तस्वीरें ड्रोन से ली गई हैं। घाटों पर लोग पवित्र डुबकी लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश सूचना विभाग के अनुसार, अब तक 43 करोड़ से अधिक लोग पवित्र डुबकी लगा चुके हैं।
 

09:54 AM, 11-Feb-2025

बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल आएंगे कुंभ

बॉलीवुड अभिनेता विद्युत जामवाल आज दोपहर 12 : 30 बजे सेक्टर 20 स्थित शंभू पंच अग्नि अखाडे में शंखनाद करेंगे। 

09:33 AM, 11-Feb-2025

मुकेश अंबानी परिवार के साथ करेंगे संगम स्नान

रिलायंस इंडस्ट्रीज के मालिक उद्योगपति मुकेश अंबानी आज 11:00 बजे परिवार के साथ संगम स्नान करेंगे। कुछ संतों के शिविरों में भी जा सकते हैं। इसके बाद एयरपोर्ट रवाना होंगे। मुकेश अंबानी आज चार्टर्ड प्लेन से बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
 

09:10 AM, 11-Feb-2025

आज आस्था की डुबकी लगाएंगे फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा

जाने-माने फिल्म अभिनेता आशुतोष राणा मंगलवार को महाकुंभ में आस्था की डुबकी लगाएंगे। साथ ही बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन पूजन संग साधु-संतों से भी मुलाकात करेंगे। यह जानकारी संतोष उपाध्याय ने दी। उन्होंने बताया कि आशुतोष राणा की ओर से हमारे राम कार्यक्रम में प्रस्तुति भी दी जाएगी।
 

08:59 AM, 11-Feb-2025

माघी पूर्णिमा के स्नान को लेकर महाकुंभ में यातायात योजना

  • मेला क्षेत्र में सुचारू रूप से श्रद्धालुओं का स्नान संपन्न कराने के लिए तड़के 4:00 बजे से आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं के अतिरिक्त संपूर्ण मेला क्षेत्र नो व्हीकल जोन रहेगा।
  • प्रयागराज में महाकुंभ स्नान के लिए बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को 11 फरवरी तड़के 4:00 बजे के बाद संबंधित रूट की पार्किंग में पार्क कराया जाएगा। उक्त व्यवस्था में आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को छूट रहेगी।
  • श्रद्धालुओं के प्रयागराज शहर एवं मेला क्षेत्र में सुगम आवागमन एवं स्नान के दृष्टिगत प्रयागराज शहर में आज तड़के पांच बजे के बाद नो व्हीकल जोन लागू रहेगा। उक्त व्यवस्था में आवश्यक एवं आकस्मिक सेवाओं के वाहनों को छूट रहेगी।
  • उपरोक्त यातायात व्यवस्था दिनांक 12 फरवरी को मेला क्षेत्र से श्रद्धालुओं  के सुगमतापूर्वक निकासी तक लागू रहेगी।
  • प्रयागराज शहर एवं मेला क्षेत्र में वाहनों के प्रवेश तथा निकासी पर उपरोक्त प्रतिबंध कल्पवासियों के वाहनों पर भी लागू रहेगा।

08:38 AM, 11-Feb-2025

संगम पर फिर उमड़ी बेतहाशा भीड़, प्रशासन सजग

संगम पर बेतहाशा भीड़ उमड़ने से एक बार फिर मेला प्रशासन को अतिरिक्त सजगता बरतनी पड़ रही है। सोमवार को सुबह से शाम तक संगम पर अत्यधिक भीड़ बढ़ने के बाद श्रद्धालुओं को स्नान घाटों से सुरिक्षत बाहर निकलने की अपील की जाती रही। स्नान करने के बाद किसी को भी दीप जलाने या अनुष्ठान करने के लिए वहां रुकने नहीं दिया जा रहा है।
 

08:35 AM, 11-Feb-2025

'गंगा मइया की कृपा से न कोई थकान है ना ही किसी तरह का कष्ट'

इससे पुराने शहर के मीरापुर, नुरुल्लाह रोड, खुल्दाबाद, सदियाबाद, एलनगंज, बैंक रोड, बक्शी बांध, बघाड़ा, सलोरी, अल्लापुर, दारागंज में भी भक्ति की लहरों का प्रवाह उमड़ने से पैदल तिल-तिल कर लोग बढ़ते रहे। हर हर महादेव, गंगा मइया की जय... के उद्घोष के बीच श्रद्धालुओं का जोश बढ़ता रहा था। रास्ते भर भजनानंदियों की टोलियां कीर्तन गान करती नजर आ रही थीं। नागपुर से विनोद महेस्कर और रामचंद्र कालेकर अपने परिवारीजनों के साथ गमछे और साड़ी के सहारे खिसकते बढ़ते रहे। विनोद सूबेदारगंज से पैदल ही संगम पहुंचे। उनका कहना था कि गंगा मइया की कृपा से न कोई थकान है ना ही किसी तरह का कष्ट। सारे कष्ट मां गंगा की गोद में मिटाने के लिए आया हूं। इसी तरह लोग रुकते, सुस्ताते संगम में डुबकी लगाने के लिए देर रात तक बढ़ते जा रहे हैं।

08:29 AM, 11-Feb-2025

हर तरफ श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी

चाहे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन हो या फिर प्रयागराज जंक्शन या प्रयाग, छिवकी रेलवे स्टेशन, हर तरफ श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। सिविल लाइंस बस स्टेशन के सामने बसों पर सिर्फ चढ़ने-उतरने की होड़ मची रही। मुख्य मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लगीं तो हाइवे से शहर में प्रवेश करने वाले गलियों के रास्ते संगम की ओर बढ़ने लगे।

08:01 AM, 11-Feb-2025

छह फरवरी से संगम स्नान के लिए उमड़ा जन ज्वार लगातार जारी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महाकुंभ दौरे के बाद पिछले छह फरवरी से संगम स्नान के लिए उमड़ा जन ज्वार लगातार जारी है। रविवार की रात भर संगम जाने वाले मार्गों पर लगी लंबी कतारें सोमवार की शाम तक लयबद्ध होकर बढ़ती रहीं। काली मार्ग, लाल मार्ग,त्रिवेणी मार्ग पर सिर्फ आस्थावानों का तांता लगा रहा।

07:38 AM, 11-Feb-2025

महाकुंभ में उमड़ा भक्ति का सैलाब

आस्था, आधुनिकता, समरसता और एकात्मता के दिव्य समागम 'महाकुम्भ-2025, प्रयागराज' में सोमवार को 1.17 करोड़ से अधिक और अब तक 44.74 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। 

 

07:31 AM, 11-Feb-2025

Mahakumbh Live: 29 दिनों में ही सरकार के अनुमान के बराबर श्रद्धालु लगा चुके डुबकी, 45 करोड़ के पार आंकड़ा

महाकुंभ के दुर्लभ योग में अमृतमयी त्रिवेणी में डुबकी लगाने के लिए सनातनधर्मियों का तांता रुकने का नाम नहीं ले रहा है। मकर संक्रांति, मौनी अमावस्या, वसंत पंचमी के शाही स्नान के बाद सामान्य दिनों में भक्ति की लहर देखते बन रही है। कहा जा रहा है कि बिना विशेष तिथि या स्नान पर्व के इस तरह का आस्था का जन सैलाब पहली बार देखा जा रहा है। प्रयागराज में त्रिवेणी संगम में पवित्र डुबकी लगाने के लिए महाकुंभ मेला क्षेत्र में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पहुंच रही है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें