भक्तों के स्वागत के लिए सज गई कन्हैया की नगरी
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर देश विदेश से भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन को आ रहे भक्तों के लिए उनकी जन्मस्थली को सजा दिया गया है। मथुरा के सभी प्रवेश द्वारों पर साज सज्जा की गई है। तिराहे और चौराहों को भी भव्य स्वरूप दिया गया।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मंदिरों में होने वाले कार्यक्रम
- राधारमण मंदिर में प्रात: 9 बजे से बजे तक दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि 54 प्रकार की वनौषधियों से ठाकुर राधा रमणलाल के श्रीविग्रह के अभिषेक दर्शन होंगे।
- राधादामोदर मंदिर में प्रात: 9 बजे श्री गिरिराज चरणशिला का महादुग्धाभिषेक होगा।
- शाह बिहारी मंदिर में 9.30 बजे से दूध, दही, घी, शहद, शक्कर आदि से ठाकुर राधा रमणलाल जू के श्रीविग्रह का अभिषेक होगा।
- यशोदानंदन धाम में सायं 6 बजे से श्रीकृष्ण जन्मकाल तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। नंदोत्सव के पर्व पर प्रात: 10 बजे मटकी फोड़ लीला तथा देर रात्रि तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
मुख्यमंत्री योगी ने दी बधाई और शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की जनता को जन्माष्टमी की बधाई और शुभकामनाएं दी है। सीएम कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का धरा पर अवतरण धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना के लिए हुआ था। उनका जन्म धर्म, सत्य और न्याय की स्थापना एवं अधर्म, अन्याय और अत्याचार समाप्त करने की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण ने भगवत गीता के माध्यम से ज्ञान, कर्म एवं भक्ति योग का जो संदेश दिया, उसकी प्रासंगिकता शाश्वत है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा में अभेद्य सुरक्षा व्यवस्था की गई। आतंकवादी निरोधक दस्ता (एटीएस) ने पैनी निगाह रखी हुई है, तो वहीं आज सुबह से ही बम निरोधक दस्ता (बीडीएस) और श्वान दल अलर्ट दिखे। जन्मस्थान के रेड जोन, यलो जोन और ग्रीन जोन में किसी को भी बिना तलाशी के अंदर नहीं आने दिया गया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर खुफिया तंत्र भी सक्रिय हो गया। श्रीकृष्ण जन्मभूमि के आसपास होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशाला में ठहरे लोगों का पता किया गया। क्षेत्रीय नागरिकों को भी सजग किया गया है। संदिग्ध नजर आने पर उनकी तत्काल ही जानकारी देने को कहा गया।
मथुरा में जन्माष्टमी पर चारों तरफ उल्लास का वातावरण छाया रहा। घर-घर के साथ-साथ जिले से हर मंदिर में कन्हैया के जन्म की तैयारियां चलती रहीं। वहीं कन्हैया के भक्तों के लिए ब्रजवासियों ने जगह-जगह भंडारों का भी आयोजन किया गया।
जन्माष्टमी के अवसर सीएम योगी ने वृंदावन में अन्नपूर्णा भोजनालय का लोकार्पण किया। इस मौके पर उन्होंने संतों और श्रद्धालुओं को अपने हाथों से भोजन परोसा। सीएम योगी ने संतों और बच्चों से पूछा यह रसोई आपको कैसी लगी, कोई कमी तो नहीं रह गई।
वृन्दावन के श्री प्रियकांत जू मंदिर को भी भगवान श्री कृष्ण के जन्मोत्सव पर भव्य रूप से सजाया गया। इस मौके पर बिड़ला मंदिर को भी खूब सजाया गया है। मंदिर में भगवान श्री कृष्ण का जन्मोत्सव की तैयारियां हो रही हैं। मंदिरों में रात 12 बजे कान्हा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा।
सीएम योगी पहुंचे वृंदावन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का हेलीकॉप्टर वृंदावन के पवनहंस हेलीपेड 1 बजकर 17 मिनट पर पहुंचा। यहां संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह, गन्ना विकास मंत्री चौधरी लक्ष्मीनारायण समेत स्थानीय विधायकों ने बुके देकर किया स्वागत किया। स्वागत के बाद मुख्यमंत्री का काफिला अन्नपूर्णा रसोई के लिए रवाना हुआ।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वृंदावन के अन्नपूर्णां भोजनालय का उद्घाटन किया। यहां ब्रजवासी लजीज व्यंजनों का स्वाद लेंगे, वहीं साधु संतों के लिए फलाहार तैयार किया गया है।
सीएम योगी ने अन्नपूर्णा योजना की शुरुआत कर दी है। यूपी ब्रज तीर्थ विकास परिषद की ओर से यहां अब हर दिन 5 हजार लोगों को मुफ्त खाना खिलाने की व्यवस्था रहेगी। इसके बाद सीएम योगी टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के मंच पर पहुंचे, जहां उन्होंने पटका पहनाकर संतों का सम्मान किया।
सीएम योगी आदित्यनाथ टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर के मंच पर पहुंचे, जहां से 5 इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया गया।
सीएम योगी पहुंचे मथुरा
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मोत्सव देश दुनिया मना रही है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के साथ अन्नपूर्णा भोजनालय का शुभारंभ हुआ है, इसके लिए विजय कौशल महाराज न्यास का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति की श्रद्धा ही है जो इस तीर्थ को तीर्थत्व प्रदान करती है। ऐसे लोगों के लिए ही अन्नपूर्णा भोजनालय शुरू हुआ है।
सीएम योगी ने गर्भगृह में किए कान्हा के दर्शन
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन के लिए जन्मभूमि पर पहुंचे। उन्होंने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर गर्भगृह में कान्हा के दर्शन किए।
भागवत भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
- फोटो : अमर उजाला
गर्भगृह में दर्शन करने के बाद सीएम योगी जन्मस्थान स्थित भागवत भवन में पहुंचे। यहां उन्होंने विधि-विधा से राधाकृष्ण की पूजा-अर्चना की।
कारागार रूप में सजाया गया गर्भगृह
- फोटो : अमर उजाला
जन्माष्टमी पर कृष्ण जन्मभूमि को भव्य रूप से सजाया गया। इस बार श्रीकृष्ण जन्मस्थान स्थित गर्भगृह को कारागार का स्वरूप दिया गया। यहां कहीं अंधेरी छाया है तो कहीं सोते हुए पहरेदार दिखाई दिए।
शाम होते ही श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगा उठी। मंदिर के बाहर भक्तों की कतारें लग गईं। परिसर में भी भक्तों की भीड़ रही।
श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अलावा मथुरा-वृंदावन के प्रमुख मंदिरों में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। घरों में भी कान्हा के जन्मोत्सव की धूम रही।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में भक्तों की भीड़
- फोटो : ANI
श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर परिसर में दिनभर राधे-राधे के जयकारों की गूंज रही। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों ने कृष्ण भजनों से भक्ति की बयार बहायी। श्रद्धालु भी भक्ति में सराबोर होकर झूमे।
द्वारिकाधीश मंदिर में भी जन्माष्टमी की धूम रही। यहां उत्सव का दौर प्रात:काल मंगला के दर्शन से ही शुरू हो गया था। इसके बाद ठाकुर जी का पंचामृत अभिषेक किया गया। भक्तों ने द्वारिकाधीश महाराज के दर्शन किए।
श्री प्रियाकांत जू मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
वृंदावन के मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की धूम रही। श्री प्रियाकांत जू मंदिर में भजनों से कान्हा की मीठी मनुहार हुई। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर अभिषेक से पूर्व भक्तों ने मंदिर में 5100 घी के दीपक जलाए।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर कान्हा के जन्म से पहले भक्तों में जबरदस्त उत्साह दिखा। कान्हा के जन्म लेते ही यह उत्साह चरम पर पहुंच गया। कान्हा के जन्म की खुशी में भक्त झूमने लगे।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर रात के 12:00 बजते ही श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर ढोल-नगाडे़, झांझ-मंजीरे और मृदंग की आवाज गूंज उठी। भगवान के प्राकट्योत्सव की खुशी में भक्त झूमने लगे। मंदिर के कोने-कोने में कृष्ण कन्हैया की जय-जयकार होने लगी।
भागवत भवन में हुई कान्हा की महाआरती
- फोटो : ANI
जयकारों के बीच भागवत भवन में भगवान कृष्ण के विग्रह को मोर्छलासन में विराजमान होकर अभिषेक स्थल पर लाया गया। यहां चांदी के कमलपुष्प में विराजित कान्हा का महाअभिषेक सवा मन दूध, दही, घी, बूरा, शहद और दिव्य औषधियों से निर्मित पंचामृत से किया गया।
जन्माष्टमी पर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजराज के अहमदाबाद स्थित इस्कॉन मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की। इस दौरान उनके परिवार के लोग भी मौजूद रहे।
कृष्ण जन्माष्टमी पर मथुरा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने पूजा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बच्चों को मिठाई बांटी।
पंचामृत से हुआ कान्हा का महाभिषेक
- फोटो : अमर उजाला
प्राकट्य अवसर पर श्रीकृष्ण जन्मस्थान के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण का महाभिषेक किया। इस मौके पर महंत नृत्यगोपाल दास महाराज के साथ जन्मस्थान के प्रबंध न्यासी अनुराग डालमिया, सचिव कपिल शर्मा, गोपेश्वरनाथ चतुर्वेदी भी सहयोगी बने।
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में भी जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दही हांडी फोड़ी।
श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर की गई भव्य सजावट
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर महाभिषेक का यह दौर 12:40 बजे तक चला। इसके बाद ठाकुरजी की शृंगार आरती की। इस संपूर्ण दृश्य के साक्षी बने लाखों भक्तों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। हर कोई ठाकुर जी की एक झलक पाने के लिए ललायित नजर आया। देर रात तक जन्मोत्सव की धूम रही।