डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 91वां दीक्षांत समारोह बुधवार को खंदारी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंपस में स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में आयोजित होगा। समारोह के दौरान 77 मेधावियों को 117 मेडल प्रदान किए जाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल व विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंंगी, जबकि इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. केजी सुरेश मुख्य अतिथि होंगे। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय व राज्यमंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे।
कुलपति ने लिया तैयारियों का जायजा
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए मंगलवार को विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशू रानी ने खुद भी परिसर में घूमकर तैयारियों का जायजा लिया। कुलसचिव से लेकर विश्वविद्यालय का पूरा प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा रहा। रिहर्सल के दौरान न केवल मंच और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया गया, बल्कि विद्यार्थियों की ओर से दी जा रहीं प्रस्तुति और पदक, उपाधियों के क्रम का भी अभ्यास किया गया।
रिहर्सल किया गया
शाम चार बजे हुए रिहर्सल के दौरान सबसे पहले कुलपति समेत विश्वविद्यालय के अधिकारी और विभिन्न विभागों के अध्यक्ष निर्धारित क्रम में शोभायात्रा के रूप में दीक्षांत समारोह स्थल पहुंचे। औपचारिकताओं के बीच मेधावियों को पदक, डिग्री और पुरस्कार वितरण का अभ्यास कराया। इसके बाद ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय गीत और यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल के बच्चों ने पर्यावरण पर आधारित गीत प्रस्तुत किया। समारोह की शुरुआत किस तरह होगी और किस क्रम में कार्यक्रम आगे बढ़ेगा, इसका भी अभ्यास किया गया। कुलपति प्रो. आशु रानी ने कहा कि मुख्य समारोह को यादगार बनाने के लिए हर पहलू पर विशेष ध्यान दिया गया है। क्यूआर कोड भी जनरेट किया गया है, जिसे स्कैन कर लोग समारोह को लाइव देख सकेंगे।
समारोह की तैयारियां पूरी, अतिथियों का इंतजार
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 91वां दीक्षांत समारोह बुधवार को खंदारी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंपस में स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। समारोह को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही अतिथियों के पहुंचने के साथ समारोह का शुभारंभ होगा।
कैडेट्स ने की गार्ड ऑफ ऑनर की रिहर्सल
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। राज्यपाल समारोह की अध्यक्षता करेंगी। राज्यपाल के आने से पहले एनसीसी कैडेट्स गार्ड ऑफ ऑनर की तैयारी करते दिखे।
आयोजन स्थल पर तैनात पुलिस बल।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
मेधावियों का पहुंचना शुरू, चेकिंग के बाद ही दिया जा रहा प्रवेश
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में मेधावियों का पहुंचना शुरू हो गया है। गेट पर चेकिंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। आयोजनस्थल पर सुरक्षा चाक-चाैबंद है।
पुलिस ने लगाए बैरियर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
छात्र नेताओं ने किया विरोध प्रदर्शन का एलान, पुलिस ने लगाए बैरियर
दीक्षांत समारोह में विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने खंदारी चाैराहे पर बैरियर लगा दिए हैं। एनएसयूआई पदाधिकारियों का कहना है कि अधूरे परिणामों, विभिन्न अव्यवस्थाओं के बीच यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। एनएसयूआई और सपा छात्र सभा इस अधूरे दीक्षांत समारोह का विरोध करेंगी। पदाधिकारियों का कहना है कि इसको लेकर खंदारी परिसर के बाहर मुख्य गेट पर दोपहर 12:30 बजे प्रदर्शन करेंगे।
रोक दिया गया यातायात।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
खंदारी कैंपस पहुंचीं राज्यपाल
दीक्षांत समारोह का आयोजन खंदारी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंपस में स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में किया गया है। इसकी अध्यक्षता करने के लिए राज्यपाल आनंदीबेन पटेल खंदारी कैंपस पहुंच चुकी हैं। इस दाैरान सड़क पर यातायात रोक दिया गया।
दीक्षांत समारोह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
राज्यपाल ने समारोह शुरू करने की दी अनुमति
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के 91वें दीक्षांत समारोह में राज्याल आनंदीबेन पटेल और मुख्य अतिथि इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. केजी सुरेश मंच पर पहुंच चुके हैं। राज्यपाल ने समारोह शुरू करने की अनुमति दी।
दीक्षांत समारोह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
संदिग्धों पर नजर रख रहे सुरक्षाकर्मी
खंदारी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंपस में स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में दीक्षांत समारोह का शुभारंभ हो गया है। इस दौरान किसी भी तरह के विरोध प्रदर्शन की आशंका के बीच सुरक्षाकर्मी हर उस व्यक्ति से पूछताछ कर रहे हैं, जिनकी मौजूदगी संदिग्ध लगे।
मेधावियों को दिए गए पदक
खंदारी स्थित स्वामी विवेकानंद कैंपस में स्थित छत्रपति शिवाजी मंडपम में दीक्षांत समारोह शुरू हो गया है। मंच पर राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल, मुख्य अतिथि इंडिया हैबिटेट सेंटर के निदेशक प्रो. केजी सुरेश और कुलपति आशू रानी की ओर से मेवाधियों को डिग्री और पदक दिए जा रहे हैं।
दीक्षांत समारोह।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
एसएन मेडिकल काॅलेज के छात्र शिखर को मिले 11 पदक
दीक्षांत समारोह में एसएन मेडिकल कॉलेज के छात्र शिखर सिंह ने सर्वाधिक 11 मेडल प्राप्त किए हैं। एमबीबीएस के छात्र शिखर ने 10 स्वर्ण और एक रजत समेत 11 पदक प्राप्त किए हैं।
सर्वाधिक पदक प्राप्त करने के बाद शिखर ने इनका जताया आभार
दीक्षांत समारोह में एसएन मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस के छात्र डॉक्टर शिखर सिंह ने बताया कि उन्हें 10 स्वर्ण पदक और एक रजत पदक मिला है। इस उपलब्धि के बाद वह बहुत खुश है। उनका परिवार भी बड़ा गर्व महसूस कर रहा है। उन्होंने अपनी उपलब्धि के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य, शिक्षक, माता-पिता और सभी मार्गदर्शकों का धन्यवाद किया।