भाला फेंक में नीरज चोपड़ा ने रजत पदक जीता है। उन्होंने 89.45 मीटर के थ्रो के साथ रजत पदक जीता। पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर के थ्रो के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
नीरज का चौथा प्रयास फाउल रहा। वह अभी भी 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे नंबर पर हैं। अरशद 92.97 मीटर के ओलंपिक रिकॉर्ड थ्रो के साथ पहले नंबर पर हैं।
नीरज का तीसरा प्रयास भी फाउल रहा। फिलहाल वह 89.45 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं, पाकिस्तान के अरशद नदीम 92.97 मीटर के थ्रो के साथ पहले स्थान पर मौजूद हैं।
पाकिस्तान के अरशद नदीम ने 92.97 मीटर दूर भाला फेंककर ओलंपिक रिकॉर्ड बना दिया। उनका यह दूसरा प्रयास रहा। वहीं, भारत के नीरज चोपड़ा ने दूसरे प्रयास में 89.45 मीटर दूर भाला फेंका। वह फिलहाल दूसरे स्थान पर हैं। 89.45 मीटर नीरज का दूसरा सर्वश्रेष्ठ थ्रो है।
नीरज का पहला प्रयास फाउल रहा। वह थ्रो के लिए तय सीमा लाइन से टच कर गए। ऐसे में उनका पहला प्रयास नाकाम रहा। फिलहाल पहले नंबर पर वालकॉट हैं, जिन्होंने 86.16 मीटर का थ्रो किया है। शुरू में तीन प्रयास के बाद एलिमिनेशन होगा। फिर आखिरी तीन प्रयास छह एथलीटों के बीच होगा।
भालाफेंक का फाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। भारत के नीरज चोपड़ा से स्वर्ण की उम्मीदें हैं। हालांकि, उन्होंने अब तक थ्रो नहीं किया है।
हॉकी इंडिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'हॉकी इंडिया पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने वाले प्रत्येक खिलाड़ी को 15 लाख रूपये और सहयोगी स्टाफ को साढ़े सात लाख रूपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा करता है।'
भारत के अमन सहरावत कुश्ती की 57 किलोग्राम भारवर्ग फ्रीस्टाइल कुश्ती में सेमीफाइनल में हार गए। उन्हें जापान के शीर्ष वरीय हिगुची रेई ने तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हरा दिया। पहला राउंड यानी तीन मिनट से भी कम समय में जापानी पहलवान ने अमन को चित कर 10 अंक हासिल किए और तकनीकी श्रेष्ठता पर जीत दर्ज की। अब जबकि हिगुची फाइनल में पहुंच गए हैं, अमन के पास कांस्य जीतने का मौका होगा। कांस्य के लिए वह भिड़ेंगे। उनका कांस्य पदक का मुकाबला नौ अगस्त को पुएर्ते रिको के पहलवान डेरियन टोई क्रूज से होगा।
अमन सहरावात का सेमीफाइनल मुकाबला शुरू हो चुका है। पुरुषों की 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल कुश्ती में उनका मुकाबला जापान के हिगुची रेई से था। हिगुची की वरीयता शीर्ष थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अलावा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और गृहमंत्री अमित शाह ने भी पेरिस ओलंपिक में लगातार दूसरा कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय हॉकी टीम को बधाई दी। राष्ट्रपति मुर्मू ने एक्स पर लिखा, 'पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी हॉकी टीम को हार्दिक बधाई। पांच दशक से भी अधिक समय के बाद भारत ने लगातार दो ओलंपिक खेलों में कांस्य पदक जीता है। भारतीय हॉकी के पुनरुत्थान के लिए टीम प्रशंसा की पात्र है। उन्होंने भारत को गौरवान्वित किया है। इस टीम द्वारा दिखाई गई निरंतरता, कौशल, एकजुटता और लड़ने की भावना हमारे युवाओं को प्रेरित करेगी। वेल डन भारतीय हॉकी टीम।' गृहमंत्री अमित शाह ने लिखा, 'क्या शानदार प्रदर्शन। पेरिस ओलंपिक में कांस्य पदक जीतने पर हमारी पुरुष हॉकी टीम को बहुत-बहुत बधाई। आपका दमदार प्रदर्शन और बेहतरीन खेल भावना खेल के लिए एक नया जोश जगाएगी। आपकी उपलब्धि ने देश का गौरव बढ़ाया है।'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेरिस ओलंपिक में कांस्य जीतने पर बधाई दी है। भारत ने कांस्य पदक के मुकाबले में स्पेन को 2-1 से हरा दिया। पीएम ने बधाई देते हुए लिखा- एक उपलब्धि जिसे आने वाली पीढ़ियां याद रखेंगी! भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक में चमकी, कांस्य पदक जीता! यह और भी खास है क्योंकि यह ओलंपिक में उनका लगातार दूसरा पदक है। उनकी सफलता कौशल, दृढ़ता और टीम भावना की जीत है। उन्होंने अत्यधिक धैर्य और लचीलापन दिखाया। खिलाड़ियों को बधाई। हर भारतीय का हॉकी से भावनात्मक जुड़ाव है और यह उपलब्धि इस खेल को हमारे देश के युवाओं के बीच और भी लोकप्रिय बनाएगी।
भारत और स्पेन के बीच कांस्य पदक मुकाबले में हॉफ टाइम तक स्कोर 1-1 की बराबरी पर चल रहा है। दोनों टीमों के बीच पहला क्वार्टर गोल रहित बराबरी पर रहा था, लेकिन दूसरे क्वार्टर में पहले स्पेन ने पेनल्टी स्ट्रोक पर बढ़त हासिल की, लेकिन हरमनप्रीत सिंह ने दूसरा क्वार्टर समाप्त होने के चंद सेकेंड पहले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर बराबरी हासिल कर ली। स्पेन के लिए मार्क मिराल्स ने गोल दागकर स्पेन को बढ़त दिलाई। इसके बाद भारतीय टीम लंबे समय तक बराबरी करने के लिए संघर्ष करती रही। भारत को दूसरे क्वार्टर में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन टीम गोल करने से चूक गई। इसके कुछ मिनट बाद फिर भारत के पास बराबरी का मौका आया और इस बार कप्तान हरमनप्रीत ने गोल करने का मौका नहीं गंवाया।
भारत और स्पेन के बीच पुरुष हॉकी टीम का कांस्य पदक मुकाबला शुरू हो गया है। भारत को सेमीफाइनल में जर्मनी के हाथों हार का सामना करना पड़ा था जिससे उसकी स्वर्ण पदक जीतने की उम्मीद टूट गई थी। हालांकि भारत के पास अब कांस्य जीतने का सुनहरा अवसर है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में भी कांस्य पदक जीता था।
अमन सहरावत ने अल्बानिया के पहलवान अबकारोव को पुरुषों के 57 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में हरा दिया। उन्होंने अबकारोव को 12-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। यह मुकाबला आज रात 9.45 बजे खेला जाएगा।
पेरिस गए भारतीय दल के सूत्र ने पीटीआई को जानकारी देते हुए बताया कि अनुशासनहीनता के लिए पहलवान अंतिम पंघाल पर आईओए द्वारा तीन साल का प्रतिबंध लगाया जाएगा। दरअसल, अंतिम ने पेरिस ओलंपिक में महिलाओं की 53 किलोग्राम कुश्ती प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। यह वही भार वर्ग है जिसमें पहले विनेश हिस्सा लेती थीं। हैरानी की बात यह है कि अंतिम भी विवादों में फंस गई हैं। युवा पहलवान अंतिम और उनकी बहन को पेरिस से निर्वासन का सामना करना पड़ रहा है। अंतिम ने खेल गांव से अपना निजी सामान लेने के लिए अपना आधिकारिक मान्यता कार्ड अपनी छोटी बहन को सौंप दिया और सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें पकड़ लिया। ऐसे में फ्रांसीसी अधिकारियों द्वारा अनुशासनात्मक उल्लंघन का आरोप लगाए जाने के बाद भारतीय ओलंपिक संघ ने संज्ञान लिया है। भारतीय पहलवान अंतिम, उनकी बहन और उनके सहयोगी स्टाफ को भारत वापस भेजने का फैसला लिया है।
अंशु मलिक महिलाओं की 57 किग्रा स्पर्धा में अमेरिका की हेलेन लुईस से राउंड ऑफ 16 में हार गईं। अब देखना यह है कि वह रेपेचेज के लिए क्वालिफाई करती हैं या नहीं।
अमन सेहरावत तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर उत्तर मैसेडोनिया के व्लादिमीर ईगोरोव को 10-0 से हरा दिया। इसी के साथ वह पुरुषों की 57 किग्रा स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। क्वार्टर फाइनल में उनका सामना अल्बानिया के अबकारोव जेलिमखान से होगा।
अमन पुरुषों की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल राउंड ऑफ 16 स्पर्धा में भाग लेंगे। वहीं, अंशु महिलाओं की 57 किग्रा फ्रीस्टाइल राउंड ऑफ 16 में भाग लेंगी।
ज्योति याराजी महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ के रेपेचेज राउंड में 13.17 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं। सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गईं। हर हीट से शीर्ष दो पर रहने वाली खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचती है।
खेल मंत्री मनसुख मांडविया से मिलीं निशानेबाज मनु भाकर। मांडविया ने कहा कि पेरिस ओलंपिक में पिस्टल निशानेबाज मनु भाकर का दो कांस्य पदक जीतना युवाओं की एक पूरी पीढ़ी को इस खेल को अपनाने और गौरव हासिल करने के लिए प्रेरित करेगा।
दीक्षा डागर शानदार फॉर्म में दिख रही हैं। वह तीन पायदान की छलांग लगाकर टी7 से टी4 पर पहुंच गई हैं। वहीं, अदिति अशोक टी13 पर खिसक गईं।
ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर ने कांग्रेस नेता दीपेंद्र सिंह हुड्डा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा से मुलाकात की।
ओलंपिक में दो कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय निशानेबाज मनु भाकर ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात की। इसकी जानकारी मनु ने सोशल मीडिया के जरिए दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, "मुझे भारत के माननीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में मिलने का अवसर पाकर बहुत गर्व महसूस हो रहा है। मैं आभारी हूं कि उन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम से समय निकालकर मुझे अपना समर्थन दिया और अपने प्रेरणादायक शब्दों से मुझे प्रेरित किया।"
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, विनेश फोगाट पर सुनवाई स्थानीय समयानुसार दोपहर दो बजे, यानी भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगी।
गोल्फ में महिला व्यक्तिगत स्ट्रोकप्ले स्पर्धा के साथ भारत का 13वें दिन का अभियान शुरू हो गया। राउंड 2 में अदिति अशोक और दीक्षा डागर से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
जोएल मोनलुइस, एस्टेले इवानोवा, हैबिन एस्टेले किम और चार्ल्स एमसन CAS सुनवाई में विनेश की तरफ से केस लड़ेंगे।
भारत की दिग्गज पहलवान विनेश फोगाट ने खेल पंचाट यानी कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन ऑफ स्पोर्ट्स (CAS) के सामने खुद को रजत पदक देने की अपील की है। दरअसल, उन्होंने मंगलवार को लगातार तीन मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी। हालांकि, बुधवार को उनके वजन को मापा गया तो वह 100 ग्राम ज्यादा निकला। इसके बाद उन्हें डिसक्वालिफाई कर दिया गया था। खेल पंचाट खेल के लिए मध्यस्थता न्यायालय भी कहा जाता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब विनेश ने इस जगह अपील कर खुद को कम से कम रजत देने के लिए कहा है। फाइनल में हारने पर विनेश रजत जीततीं, लेकिन फैंस उनसे गोल्ड की उम्मीद लगाए बैठे थे। ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर्स के मुताबिक, विनेश ने स्थानीय समयानुसार शाम पांच बजकर 51 मिनट पर खेल पंचाट के सामने अपील दायर की। उन्होंने संयुक्त रूप से रजत पदक देने की मांग की है। विनेश ने स्वर्ण पदक का मैच खेलने देने की मांग भी की थी। हालांकि, खेल पंचाट ने इस मैच को खारिज कर दिया। खेल पंचाट ने कहा- हम फाइनल मैच को नहीं रोक सकते। खेल पंचाट गुरुवार को फैसला सुनाएगा।
भारत की अदिति अशोक और दीक्षा डागर दोपहर 12:30 बजे से गोल्फ में महिला व्यक्तिगत स्ट्रोकप्ले में एक्शन में होंगी। राउंड 1 के बाद डागर T7 पर थीं, जबकि अशोक T13 पर थीं।
गोल्फ
- महिला व्यक्तिगत राउंड-2: अदिति अशोक और दीक्षा डागर (दोपहर 12.30 बजे से)
एथलेटिक्स
- महिलाओं की 100 मीटर बाधा दौड़ रेपेचेज राउंड: ज्योति याराजी (दोपहर 2.05 बजे से)
- पुरुष भाला फेंक फाइनल : नीरज चोपड़ा (देर रात 11.55 बजे से)
कुश्ती
- पुरुष फ्रीस्टाइल 57 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल: अमन सहरावत (दोपहर 2.30 बजे)
- महिला फ्रीस्टाइल 57 किग्रा प्री क्वार्टर फाइनल: अंशु मलिक (दोपहर 2.30 बजे से)
हॉकी
- पुरुष कांस्य पदक मैच: भारत बनाम स्पेन (शाम 5.30 बजे से)
जर्मनी के हाथों सेमीफाइनल में मिली हार का गम भुलाकर भारतीय हॉकी टीम एक आखिरी बार पेरिस ओलंपिक में स्पेन के खिलाफ तीसरे स्थान के प्लेऑफ मुकाबले में उतरेगी तो लक्ष्य पीआर श्रीजेश और देश के लिए कांसे के तमगे के साथ लौटने का होगा। पूरे टूर्नामेंट में एक चैंपियन की तरह खेलने वाली भारतीय टीम का 44 साल बाद ओलंपिक स्वर्ण पदक जीतने का सपना एक रोमांचक मुकाबले में मंगलवार को जर्मनी से 2-3 से मिली हार के साथ टूट गया। इसके डेढ़ दिन बाद ही अब हरमनप्रीत सिंह की टीम को स्पेन से कांस्य पदक का प्लेऑफ खेलना है और कोशिश यही रहेगी कि टोक्यो में जीते कांस्य पदक को बरकरार रखा जाए।
भारत के स्टार भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा गुरुवार की रात ओलंपिक में लगातार दूसरे स्वर्ण पदक के लिए उतरेंगे। नीरज ने क्वालिफिकेशन में दमदार प्रदर्शन किया था और पहले ही प्रयास में 89.34 मीटर का थ्रो कर फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया था। नीरज फाइनल में ओलंपिक के इतिहास में खिताब बरकरार रखने वाले पांचवां पुरुष भाला फेंक खिलाड़ी बनने के इरादे से उतरेंगे। अगर वह खिताब जीतते हैं तो ओलंपिक व्यक्तिगत वर्ग में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी बनेंगे। अगर नीरज कोई भी पदक अपने नाम करते हैं तो भी वह स्वतंत्रता के बाद दो व्यक्तिगत ओलंपिक पदक जीतने वाले सिर्फ चौथे भारतीय खिलाड़ी होंगे। स्वतंत्रता के बाद बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू (एक रजत और एक कांस्य), पहलवान सुशील कुमार (एक रजत और एक कांस्य) और निशानेबाज मनु भाकर (दो कांस्य) ही भारत के लिए दो ओलंपिक पदक जीत पाए हैं।
India at Paris 2024 Olympics Games Day 13 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पेरिस ओलंपिक 2024 का 13वां दिन है। भारत को पेरिस ओलंपिक के 13वें दिन टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता भारतीय भाला फेंक एथलीट नीरज चोपड़ा से एक बार फिर ऐतिहासिक प्रदर्शन को दोहराने की उम्मीद होगी।