फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

IND vs GER Hockey Highlights: जर्मनी ने भारत को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब कांस्य के लिए खेलेगी भारतीय टीम

Wed, 07 Aug 2024 12:11 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, पेरिस

खास बातें

IND vs GER Olympics Semi Final Hockey: भारतीय पुरुष हॉकी टीम को सेमीफाइनल में जर्मनी से हार का सामना करना पड़ा और उसका स्वर्ण पदक जीतने का इंतजार फिर बढ़ गया। भारत का अब कांस्य पदक के लिए स्पेन से मुकाबला होगा, जबकि जर्मनी फाइनल में नीदरलैंड से भिड़ेगा। 
विज्ञापन
पेरिस ओलंपिक 2024 - फोटो : PTI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:08 AM, 07-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: जर्मनी फाइनल में पहुंचा

जर्मनी ने सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय पुरुष हॉकी टीम को हराकर पेरिस ओलंपिक के फाइनल में जगह बना ली है। जर्मनी ने इस मैच में भारत को 3-2 के अंतर से हराया और स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बना ली। जर्मनी का फाइनल में सामना नीदरलैंड से होगा जिसने एक अन्य सेमीफाइनल में स्पेन को हराया था। भारतीय टीम भले ही स्वर्ण पदक मुकाबले के लिए क्वालिफाई नहीं कर सकी, लेकिन हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम के पास कांस्य पदक जीतने का मौका रहेगा। भारत का कांस्य के लिए सामना स्पेन से होगा। भारत ने इस मैच में पहले क्वार्टर में गोल कर बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने दो गोल दागे और भारत पर बढ़त बना ली थी। इसके बाद तीसरे क्वार्टर में भारत ने फिर बराबरी का गोल दागा, लेकिन मैच समाप्त होने से छह मिनट पहले जर्मनी ने तीसरा गोल दागा जिसने अंत में अंतर पैदा कर दिया। इस तरह भारत का स्वर्ण पदक जीतने का 44 वर्षों का इंतजार बढ़ गया।

12:05 AM, 07-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: जर्मनी को मिला पेनल्टी कॉर्नर

जर्मनी को मैच के अंतिम समय में पेनल्टी कॉर्नर मिला है और टीम के अनुभवी गोलकीपर पहले ही मैदान से हट चुके हैं। हालांकि, जर्मनी की टीम इसका फायदा नहीं उठा सकी। मैच समाप्त होने में अब डेढ़ मिनट का समय शे रह गया है। 

12:04 AM, 07-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: श्रीजेश मैदान से बाहर गए

भारत के गोलकीपर मैच समाप्त होने से दो मिनट पहले मैदान से बाहर चले गए हैं। उनकी जगह अटैकिंग के लिए एक अतिरिक्त खिलाड़ी मैदान पर आया है। 

विज्ञापन
11:59 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: जर्मनी ने बनाई बढ़त

जर्मनी ने चौथे क्वार्टर में बढ़त हासिल कर मैच में वापसी कर ली है। जर्मनी के लिए मार्को मिल्टकाउ ने 54वें मिनट में गोल दागा और जर्मनी को भारत पर 3-2 की महत्वपूर्ण बढ़त दिला दी है। 

11:43 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: तीसरा क्वार्टर समाप्त

भारत और जर्मनी के बीच सेमीफाइनल मैच का तीसरा क्वार्टर समाप्त हो गया है। हॉफ टाइम के बाद भारत ने जोरदार वापसी की और सुखजीत सिंह ने 36वें मिनट पर मिली पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने में जरा भी देर नहीं की। इस तरह भारत ने स्कोर 2-2 से बराबर किया। अब 15 मिनट का खेल शेष है और दोनों टीमों की कोशिश बढ़त लेने की होगी। 

विज्ञापन
11:32 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत ने की बराबरी

भारतीय टीम ने तीसरे क्वार्टर में गोल कर बराबरी हासिल कर ली है। भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने 36वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दाग स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया है। 

11:24 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: तीसरा क्वार्टर शुरू

हॉफ टाइम के बाद भारत और जर्मनी के बीच सेमीफाइनल मैच का तीसरा क्वार्टर शुरू हो गया है। जर्मनी ने दूसरे क्वार्टर के बाद 2-1 की बढ़त बना ली थी। 

11:14 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: दूसरा क्वार्टर समाप्त

भारत और जर्मनी के बीच सेमीफाइनल मैच का दूसरा क्वार्टर समाप्त हो गया है। भारत ने पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बनाई थी, लेकिन दूसरे क्वार्टर में जर्मनी ने पहले पेनल्टी कॉर्नर और फिर पेनल्टी स्ट्रोक पर गोल कर 2-1 की बढ़त हासिल कर ली है। पहला हॉफ समाप्त होने तक जर्मनी ने वापसी की है और भारत की कोशिश जल्द से जल्द बढ़त लेने की होगी। 

11:09 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: जर्मनी ने हासिल की बढ़त

जर्मनी को पेनल्टी स्ट्रोक मिला और उसने बिना कोई गलती किए बढ़त हासिल कर ली है। जर्मनी के लिए दूसरे क्वार्टर में क्रिस्टोफर रुएहर ने 27वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर शानदार गोल दागा और टीम को 2-1 की बढ़त दिला दी। 

10:55 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: जर्मनी ने दागा बराबरी का गोल

जर्मनी ने दूसरे क्वार्टर में मिले पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर भारत के खिलाफ स्कोर 1-1 से बराबर कर दिया है। जर्मनी के लिए 18वें मिनट में गोंजालो पिलाट ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर टीम को बराबरी दिलाई।

10:51 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: पहला क्वार्टर समाप्त

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल मैच के पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने पहले क्वार्टर में सात पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए जिसमें से एक को गोल में बदला। भारत के लिए हरमनप्रीत सिंह ने पेनल्टी कॉर्नर को भुनाने में कोई गलती नहीं की और भारत को बढ़त दिलाई। हरमनप्रीत का यह पेरिस ओलंपिक का आठवां गोल था। 

10:41 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत ने बनाई बढ़त

भारतीय हॉकी टीम ने जर्मनी के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले के पहले क्वार्टर में ही गोल कर बढ़त हासिल कर ली है। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने सातवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागा। 

10:38 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत को फिर मिला पेनल्टी कॉर्नर

जर्मनी के खिलाफ भारत को पहली ही क्वार्टर में तीसरा पेनल्टी कॉर्नर मिला है। पहले दो पेनल्टी को भारत गोल में नहीं बदल सका था। भारत के पास तीसरी बार गोल करने का अच्छा अवसर था, लेकिन टीम फिर चूक गई। 

10:31 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत को मिला पेनल्टी कॉर्नर

भारतीय पुरुष हॉकी टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला है औऱ टीम की कोशिश इसे गोल में बदलकर बढ़त लेने की होगी। भारत इस मौके का फायदा नहीं उठा सका, लेकिन एक और पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल रहा। हालांकि, दूसरे पेनल्टी कॉर्नर पर भी भारत गोल नहीं कर सका।

10:30 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत और जर्मनी का मैच शुरू

भारत और जर्मनी के बीच पेरिस ओलंपिक का सेमीफाइनल मैच शुरू हो चुका है। पहला क्वार्टर शुरू हो चुका है और भारत की कोशिश जल्द से जल्द बढ़त हासिल करने की होगी। 

10:08 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: कैसा है दोनों का रिकॉर्ड?

विश्व रैंकिंग और एक दूसरे के खिलाफ रिकॉर्ड को देखें तो मौजूदा विश्व चैंपियन और चार बार की ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता जर्मनी और भारत में ज्यादा फर्क नहीं है। जर्मनी विश्व रैंकिंग में चौथे और भारत पांचवें स्थान पर है। क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना को हराने वाली जर्मनी का सामना भारत से टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक के मैच में हुआ था जिसमें भारत ने 5-4 से जीत दर्ज की थी। ओलंपिक से पहले भारत ने जर्मनी से अभ्यास मैच खेले थे और छह में से पांच जीते। इस साल जून में एफआईएच प्रो लीग के लंदन चरण में भारत ने जर्मनी को 3-0 से हराया, लेकिन रिटर्न मैच में 2-3 से हार गए। भारत का जर्मनी के खिलाफ रिकॉर्ड बेहतर है और उसने 18 में से आठ मुकाबले जीते हैं। इस दौरान भारत ने इस टीम के खिलाफ 41 गोल किए हैं, जबकि जर्मनी 37 गोल ही कर सकी है।

10:03 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत को खलेगी रोहिदास की कमी 

ब्रिटेन के खिलाफ भारत ने करीब 42 मिनट 10 खिलाड़ियों के साथ खेला क्योंकि अमित रोहिदास को रेडकार्ड दिखाया गया था। अब सेमीफाइनल में भी भारत को अपने नंबर एक फर्स्ट रशर के बिना ही खेलना होगा जिन पर एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। रोहिदास की गैर मौजूदगी भारत को पेनल्टी कॉर्नर में भी खलेगी क्योंकि कप्तान हरमनप्रीत सिंह के बाद वह भारत के ड्रैग फ्लिक विशेषज्ञ हैं। उनकी गैर मौजूदगी में अब हरमनप्रीत पर अतिरिक्त दबाव रहेगा जो शानदार फॉर्म में हैं और अब तक सात गोल कर चुके हैं।

10:01 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Live: भारत के पास पदक पक्का करने का अवसर

भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम है। टोक्यो में टीम करीब आकर स्वर्ण से चूक गई थी, लेकिन इस बार हरमनप्रीत सिंह की अगुआई वाली टीम की कोशिश चैंपियन बनने की होगी। सेमीफाइनल जीतने पर भारत का रजत तो पक्का हो जाएगा जो आखिरी बार उसने 1960 में रोम में जीता था। भारत ने आठ ओलंपिक स्वर्ण में से आखिरी 1980 में मॉस्को में जीता था और अब पेरिस में उसके पास 44 साल बाद इतिहास रचने का मौका है।

09:56 PM, 06-Aug-2024

IND vs GER Hockey Highlights: जर्मनी ने भारत को हराकर फाइनल में बनाई जगह, अब कांस्य के लिए खेलेगी भारतीय टीम

IND vs GER Olympics Semi Final Hockey Live Score: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम का पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में जर्मनी से सामना है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में जर्मनी को हराकर ही कांस्य जीता था और अब उसकी नजरें फाइनल में पहुंचने पर टिकी होंगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें