फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hockey World Cup: मेजबान भारत हॉकी विश्व कप से बाहर, न्यूजीलैंड ने पेनाल्टी शूटआउट में जीता क्रॉसओवर मैच

Sun, 22 Jan 2023 09:20 PM IST
रोहित राज स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, भुवनेश्वर

खास बातें

FIH Hockey Men’s World Cup 2023 India vs New Zealand Score News in Hindi : हॉकी विश्व कप में रविवार (22 जून) को टीम इंडिया क्रॉसओवर मैच में हार गई। न्यूजीलैंड के खिलाफ पेनाल्टी शूटआउट में मिली हार के साथ ही भारत टूर्नामेंट से बाहर हो गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर थीं। उसके बाद मुकाबला पेनाल्टी शूटआउट में पहुंचा। वहां न्यूजीलैंड ने 5-4 से जीत हासिल कर ली। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला 24 जनवरी को गत चैंपियन बेल्जियम से होगा।
विज्ञापन
भारत बनाम न्यूजीलैंड हॉकी - फोटो : सोशल मीडिया
विज्ञापन

लाइव अपडेट

09:10 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: श्रीजेश और कृष्ण पाठक के प्रयासों के बावजूद हारा भारत

भारतीय टीम हॉकी विश्व कप से बाहर हो गई है। इसके साथ ही उसका 1975 के बाद पदक जीतने का सपना भी टूट गया है। टीम इंडिया को क्रॉसओवर मैच में न्यूजीलैंड ने हरा दिया। निर्धारित 60 मिनट तक मैच 3-3 की बराबरी पर रहा था। उसके बाद न्यूजीलैंड ने पेनाल्टी शूटआउट में 5-4 से जीत हासिल कर ली। टीम इंडिया के गोलकीपर पीआर श्रीजेश और कृष्ण पाठक ने पेनाल्टी शूटआउट में कुल चार बचाव किए। इसके बावजूद भारत को जीत हासिल नहीं हुई।

भारत ने मैच में पहला गोल किया। उसके बाद उसने दूसरा गोल किया। न्यूजीलैंड ने एक गोल कर वापसी की तो भारत ने तीसरा गोल कर दिया। उसके बाद लग रहा था कि टीम इंडिया आसानी से मैच जीत जाएगी, लेकिन कीवी टीम ने जबरदस्त वापसी की। उसने दो दनादन गोल करके भारतीय खिलाड़ी और फैंस को हैरान कर दिया। न्यूजीलैंड ने मैच में पिछड़ने के बाद बराबरी की और फिर पेनाल्टी शूआउट में जीत हासिल कर ली। भारत के लिए मैच में ललित उपाध्याय, वरुण कुमार और सुखजीत सिंह ने गोल दागे। टीम इंडिया 2018 में क्वार्टर फाइनल में पहुंची थी।

पेनाल्टी शूटआउट में दोनों टीमों का प्रदर्शन

भारत न्यूजीलैंड
हरमनप्रीत ने किया गोल केन रसेल ने किया गोल
राजकुमार पाल ने किया गोल शॉन फिडले ने किया गोल
अभिषेक गोल से चूके निक वुड्स ने किया गोल
शमशेर सिंह चूके सैम लेन गोल से चूके
सुखजीत सिंह ने गोल किया सैम हिहा गोल से चूके
हरमनप्रीत सिंह चूके निक वुड्स गोल से चूके
राजकुमार पाल ने किया गोल सीन फिंडले ने गोल किया
सुखजीत सिंह गोल से चूके हेडेन फिलिप्स गोल से चूके
शमशेर सिंह गोल से चूके सैम लीन ने गोल किया

08:45 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: बराबरी पर रहा मैच

भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी विश्व कप का क्रॉसओवर मुकाबला निर्धारित समय तक 3-3 की बराबरी पर रहा। अब मैच का फैसला पेनाल्टी शूटआउट से होगा। इस दौरान दोनों टीमों को 5-5 शॉट मारने के लिए मिलेंगे। शॉट लेने वाले खिलाड़ी को विपक्षी टीम के गोलकीपर को भेदना होगा। अगर 5-5 शॉट के बाद भी मैच बराबरी पर रहता है तो फिर सडेन डेथ शुरू होगा। एक भी शॉट चूकने वाली टीम बाहर हो जाएगी।

08:30 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: न्यूजीलैंड ने की बराबरी

न्यूजीलैंड ने इस मैच में पहली बार बराबरी कर लिया है। उसने 49वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर दिया। सीन फिंडले ने शानदार गोल कर मैच को रोमांचक मोड़ पर पहुंचा दिया है। अब आखिरी 10 मिनट का खेल बाकी है। टीम इंडिया को जीत के लिए गोल की आवश्यकता है। अगर बराबरी पर मैच रहता है तो फिर पेनाल्टी शूटआउट से फैसला होगा।

विज्ञापन
08:10 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत ने किया तीसरा गोल

भारत ने हाफटाइम के बाद तीसरे क्वार्टर में अपनी बढ़त को बढ़ा लिया है। 40वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर वरुण कुमार ने बेहतरीन गोल किया। तीसरे क्वार्टर में टीम इंडिया को पेनाल्टी कॉर्नर (38वें, 40वें और 40वें मिनट) मिले। शुरुआती दो पेनाल्टी कॉर्नर पर तो गोल नहीं आ पाया, लेकिन तीसरे पर वरुण ने स्कोर कर दिया। न्यूजीलैंड ने तीन मिनट बाद ही इस अंतर को कम कर दिया। उसके लिए केन रसेल ने 43वें मिनट में गोल कर स्कोर 3-2 कर दिया।

07:58 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: हाफटाइम के बाद स्कोर 2-1

भुवनेश्वर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच हॉकी विश्व कप के क्रॉसओवर मैच में पहले हाफ का खेल समाप्त हो चुका है। टीम इंडिया दो क्वार्टर के बाद 2-1 से आगे है। उसके लिए ललित उपाध्याय ने पहला और सुखजीत सिंह ने दूसरा गोल किया। वहीं, न्यूजीलैंड के लिए पहला गोल सैम लेन ने किया। टीम इंडिया हाफटाइम के बाद मजबूत शुरुआत करना चाहेगी। वह पहले तो खुद गोल करना चाहेगी और साथ में न्यूजीलैंड को गोल से रोकना भी चाहेगी।

विज्ञापन
07:47 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत ने किया दूसरा गोल

भारत ने दूसरा गोल 24वें मिनट में पेनाल्टी कॉर्नर पर किया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर पर शानदार स्ट्रोक लगाया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ने उसे रोक दिए। गोलपोस्ट के करीब खड़े सुखजीत सिंह ने मौके का फायदा उठाया और कोई गलती किए बगैर गेंद को गोलपोस्ट में डाल दिया। भारत इस तरह 2-0 से आगे हो गया। हालांकि, भारत की यह बढ़त चार मिनट बाद ही कम हो गई। न्यूजीलैंड के सैम लेन ने पहला गोल किया। इस तरह स्कोर 2-1 हो गया।

07:37 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत को एक मिनट में मिले दो पेनाल्टी कॉर्नर

भारत को 21वें मिनट में दो पेनाल्टी कॉर्नर मिले। टीम इंडिया दोनों पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सकी। दूसरे पेनाल्टी कॉर्नर पर भारतीय खिलाड़ी ने गेंद को गोलपोस्ट में तो डाल दिया, लेकिन न्यूजीलैंड ने रिव्यू ले लिया। तीसरे अंपायर ने भारतीय खिलाड़ी अभिषेक के बैकस्टिक के कारण न्यूजीलैंड के पक्ष में फैसला दिया। इस तरह टीम इंडिया का दूसरा गोल खारिज हो गया। इसके बाद 23वें मिनट में भारत ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर गंवा दिया।

07:33 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत के खाते में आया पहला गोल

भारत ने 17वें मिनट में शानदार गोल किया। आकाशदीप और शमशेर ने मिलकर न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को छकाया। शमशेर के पास पर ललित ने बेहतरीन स्ट्राइक किया और गेंद को सीधे गोलपोस्ट में डाल दिया। टीम इंडिया मैच में 1-0 से आगे हो गई है।

07:27 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: पहले क्वार्टर के बाद स्कोर 0-0

भुवनेश्वर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्रॉसओवर में पहले क्वार्टर का खेल समाप्त हो चुका है। दोनों टीमें 0-0 की बराबरी पर हैं। टीम इंडिया को गोल करने का एक मौका 12वें मिनट में मिला था, लेकिन कप्तान हरमनप्रीत सिंह पेनाल्टी शूटआउट पर गोल नहीं कर सके। मैच के सातवें मिनट में न्यूजीलैंड के कप्तान निक वुड्स और नौवें मिनट में भारत के अनुभवी खिलाड़ी मनप्रीत सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। दोनों खिलाड़ी दो-दो मिनट के लिए मैच से बाहर रहे।

07:24 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत को मैच में मिला पहला पेनाल्टी कॉर्नर

भारत को मैच में पहला पेनाल्टी कॉर्नर 12वें मिनट में मिला। न्यूजीलैंड के खिलाड़ी साइमन चाइल्ड ने भारतीय कप्तान हरमनप्रीत सिंह के शॉट को रोक दिया। इस तरह टीम इंडिया अपने पहले पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल नहीं कर सकी। भारतीय टीम मैच में अब तक न्यूजीलैंड पर पूरी तरह हावी है। टीम को पहले गोल की तलाश है।

07:09 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: भारत और न्यूजीलैंड के बीच मैच शुरू

हॉकी विश्व कप के क्रॉसओवर में भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबला शुरू हो गया है। टीम इंडिया की नजर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने पर है। रैंकिंग में कीवी टीम भारत से नीचे जरूर है, लेकिन टीम इंडिया उसे हल्के में नहीं लेगी। एफआईएच रैंकिंग में भारत छठे और न्यूजीलैंड 12वें स्थान पर है।
 

06:33 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: स्पेन ने क्वार्टर फाइनल में बनाई जगह

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुकाबले से पहले क्रॉसओवर में मलयेशिया और स्पेन की टीमें आमने-सामने हुईं। निर्धारित समय तक 2-2 की बराबरी के बाद यह मैच पेनाल्टी शूटआउट में पहुंच गया। वहां भी दोनों टीमें 3-3 की बराबरी पर रहीं। इसके बाद सडेन डेथ शुरू हुआ। इसमें एक भी मौका चूकने वाली टीम सीधे बाहर हो जाती है। स्पेन ने पहले मौके को गोल में तब्दील कर दिया, लेकिन मलयेशिया के खिलाफ ऐसा नहीं कर सके। स्पेन ने इस तरह पेनाल्टी शूटआउट में मलयेशिया को 4-3 से हरा दिया। क्वार्टर फाइनल में उसका मुकाबला 24 जनवरी को मजबूत ऑस्ट्रेलिया से होगा।

06:26 PM, 22-Jan-2023

IND vs NZ Hockey Live: हेड टू हेड रिकॉर्ड

हॉकी विश्व कप में भारत और न्यूजीलैंड के बीच कुल छह मैच हुए हैं। इनमें से तीन में भारत को जीत मिली है, जबकि दो न्यूजीलैंड के नाम रहे हैं। एक मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। दोनों टीमों के बीच कुल 44 मैच हो चुके हैं। इनमें से 24 मैच भारत जीता है और 15 मैच न्यूजीलैंड जीता है। पांच मैच ड्रॉ रहे हैं।

06:22 PM, 22-Jan-2023

Hockey World Cup: मेजबान भारत हॉकी विश्व कप से बाहर, न्यूजीलैंड ने पेनाल्टी शूटआउट में जीता क्रॉसओवर मैच

नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। हॉकी विश्व कप के क्रॉसओवर राउंड में टीम इंडिया का मुकाबला थोड़ी देर में न्यूजीलैंड से होगा। भारत अगर इस मैच को जीत लेता है तो वह क्वार्टर फाइनल में पहुंच जाएगा। वहां उसका मुकाबला 24 जनवरी को गत चैंपियन बेल्जियम से होगा।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें