भारत ने हॉकी विश्व कप 2026 के महामुकाबले में पाकिस्तान को 5-3 से हराकर टूर्नामेंट के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। एम्सटलवीन के वेगनर स्टेडियम में खेले गए पूल डी के इस मुकाबले में भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा। कप्तान हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक के दो-दो गोल की बदौलत भारत ने मुकाबले पर अपनी पकड़ मजबूत की, जबकि हार्दिक सिंह ने भी एक गोल दागा। पाकिस्तान की ओर से हन्नान शाहिद ने दो और सुफियान खान ने एक गोल किया।
भारत ने पहले क्वार्टर में बनाई 2-0 की बढ़त
भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबले की शुरुआत होते ही भारतीय टीम ने आक्रामक रुख अपनाया। चौथे मिनट में भारत को पेनल्टी कॉर्नर मिला और इसके ठीक एक मिनट बाद कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने शानदार गोल करते हुए टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। नौवें मिनट में पाकिस्तान के मुहम्मद हम्मादुद्दीन को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। इसका फायदा भारतीय टीम ने उठाया और 10वें मिनट में अभिषेक ने शानदार गोल करते हुए भारत की बढ़त को 2-0 कर दिया। पहले क्वार्टर के अंत तक भारत ने पाकिस्तान को कोई मौका नहीं दिया और 2-0 की बढ़त के साथ पहला क्वार्टर समाप्त किया।
दूसरे क्वार्टर में भारत का दबदबा कायम
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने अपना दबदबा बरकरार रखा। 19वें मिनट में भारत को पेनल्टी मिली। कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने 20वें मिनट में इस मौके को गोल में बदलते हुए भारत की बढ़त 3-0 कर दी। हालांकि, पाकिस्तान ने इसके बाद वापसी की कोशिश की। 21वें मिनट में हन्नान शाहिद ने गोल दागकर पाकिस्तान का खाता खोला और स्कोर 3-1 कर दिया। भारत ने ज्यादा देर इंतजार नहीं किया। 23वें मिनट में अभिषेक ने अपना दूसरा गोल करते हुए भारत को 4-1 की मजबूत बढ़त दिला दी। इसी मिनट पाकिस्तान को पेनल्टी कॉर्नर मिला और 24वें मिनट में सुफियान खान ने इसे गोल में बदलकर स्कोर 4-2 कर दिया। हाफ-टाइम तक भारत 4-2 से आगे था। पहले दो क्वार्टर में भारत को तीन जबकि पाकिस्तान को दो पेनल्टी कॉर्नर मिले।
तीसरे क्वार्टर में हार्दिक सिंह ने दागा गोल
तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत ने अपनी बढ़त को बनाए रखा। 29वें मिनट में भारत के सुखजीत सिंह को ग्रीन कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 34वें मिनट में हार्दिक सिंह ने शानदार गोल करते हुए भारत की बढ़त को 5-2 कर दिया। पाकिस्तान के जिक्रिया हयात को 36वें मिनट में ग्रीन कार्ड मिला, जबकि 38वें मिनट में भारत के रजिंदर सिंह को भी ग्रीन कार्ड दिखाया गया। तीसरे क्वार्टर के समाप्त होने तक भारत ने 5-2 की बढ़त कायम रखी।
चौथे क्वार्टर में पाकिस्तान की कोशिश, लेकिन भारत ने नहीं छोड़ी बढ़त
मुकाबले के आखिरी क्वार्टर में पाकिस्तान ने एक बार फिर वापसी की कोशिश की। 45वें मिनट में हन्नान शाहिद ने अपना दूसरा गोल दागते हुए पाकिस्तान को मुकाबले में वापस लाने की कोशिश की। इसके साथ ही स्कोर भारत के पक्ष में 5-3 हो गया। इसके बाद पाकिस्तान ने दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से उसका सामना किया। भारत ने अपनी 5-3 की बढ़त को अंत तक बरकरार रखा।
भारत ने दर्ज की शानदार जीत
आखिरकार भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराकर हॉकी विश्व कप 2026 के दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की कर ली। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पाकिस्तान के विश्व कप सफर को भी समाप्त कर दिया। भारत की ओर से हरमनप्रीत सिंह और अभिषेक ने दो-दो गोल, जबकि हार्दिक सिंह ने एक गोल किया। पाकिस्तान के लिए हन्नान शाहिद ने दो और सुफियान खान ने एक गोल दागा।
भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हाई-फाइव हुआ है। दोनों टीमों ने खेल भावना का सम्मान किया है।
मुकाबले का समीकरण भी बेहद महत्वपूर्ण है। भारत जीत दर्ज करता है तो अगले दौर में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का अभियान खत्म हो जाएगा। पाकिस्तान जीतता है तो भारत दूसरे दौर की दौड़ से बाहर हो जाएगा। इसके बाद पाकिस्तान को इंग्लैंड और वेल्स के मुकाबले के नतीजे का इंतजार करना होगा। ड्रॉ की स्थिति में भारत को अगले दौर में पहुंचने के लिए इंग्लैंड की वेल्स पर जीत या दोनों के बीच ड्रॉ की उम्मीद करनी होगी।
क्रिकेट की तरह हॉकी में भी खिलाड़ियों को हैंडशेक करने के लिए बाध्य करने वाला कोई विशेष नियम नहीं है, लेकिन मैच से पहले और बाद में हाथ मिलाना खेल भावना से जुड़ी एक पारंपरिक परंपरा है, जिसे सामान्य खेल भावना, अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) और ओलंपिक चार्टर के सिद्धांतों के तहत देखा जाता है।
क्रिकेट में हाल के मुकाबलों में भारतीय टीम ने मैच से पहले और बाद की पारंपरिक हैंडशेक प्रक्रिया से दूरी बनाई है। हालांकि, हॉकी में स्थिति अलग रही है। हॉकी इंडिया ने पिछले साल नवंबर में कहा था कि वह क्रिकेट की राह पर नहीं चलेगा और ओलंपिक चार्टर तथा अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के दिशा-निर्देशों का पालन करेगा। हालांकि, हाल ही में एफआईएच प्रो लीग के मुकाबलों और जूनियर स्तर पर भारतीय खिलाड़ियों को मैच से पहले हाई-फाइव करते देखा गया है।
भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी मुकाबला शुरू होने से पहले इस बार सिर्फ मैदान पर होने वाली टक्कर ही चर्चा में नहीं है। दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक होगा या नहीं, यह सवाल भी मुकाबले से पहले सुर्खियों में है। दोनों देशों की टीमें हॉकी विश्वकप के अहम मुकाबले में दूसरे दौर में जगह बनाने के लिए भिड़ेंगी।
भारतीय टीम ने टूर्नामेंट में अब तक दो मुकाबले खेले हैं, जिसमें उसे एक जीत और एक हार मिली है। टीम ने अपने अभियान की शुरुआत वेल्स के खिलाफ जीत से की थी, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड के हाथों उसे हार का सामना करना पड़ा। पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबला ग्रुप चरण में भारत का तीसरा और आखिरी मैच है। वहीं, पाकिस्तान की टीम ग्रुप डी में चौथे स्थान पर है। उसने अपने दो मुकाबलों में एक मैच ड्रॉ खेला है और एक में उसे हार मिली है। ऐसे में उसके लिए भी यह मुकाबला बेहद अहम है।
हॉकी विश्वकप 2026 में भारत और पाकिस्तान की बहुप्रतीक्षित भिड़ंत बुधवार को होगी। एम्सटेलवीन के वैगनर स्टेडियम में होने वाले इस मुकाबले पर दुनियाभर के फैंस की नजरें रहेंगी। ग्रुप डी के इस अहम मुकाबले में भारतीय टीम जीत के साथ अगले दौर में अपनी जगह पक्की करने के इरादे से उतरेगी।
नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज पुरुष हॉकी विश्व कप 2026 का महामुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच एम्सटलवीन के वेगनर स्टेडियम में खेला जाएगा। पूल डी के इस मुकाबले में भारतीय टीम की नजरें पाकिस्तान को रौंदने पर हैं। आप यहां मैच से जुड़े पल-पल के अपडेट्स पढ़ सकते हैं...