फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Mexico vs South Africa Highlights: मैक्सिको की द. अफ्रीका पर 2-0 से जीत, क्विनोन्स और जिमेनेज ने दागे गोल

Fri, 12 Jun 2026 02:35 AM IST
मयंक त्रिपाठी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, मैक्सिको सिटी

खास बातें

FIFA World Cup 2026 Opening Ceremony, Mexico vs South Africa Live Updates: सह-मेजबान मैक्सिको ने फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। जूलियन क्विनोन्स और राउल जिमेनेज ने गोल किए, जबकि दक्षिण अफ्रीका को मैच में दो खिलाड़ियों के रेड कार्ड झेलने पड़े।
विज्ञापन
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : @FIFAcom
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:35 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Highlights: मैक्सिको ने 2-0 से जीता मुकाबला

फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में सह-मेजबान मैक्सिको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 2-0 से हरा दिया। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले गए टूर्नामेंट के पहले मैच में मेजबान टीम ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और जूलियन क्विनोन्स तथा राउल जिमेनेज के गोल की बदौलत जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया।

सलमा हायेक और इन्फेंटिनो ने की औपचारिक शुरुआत 
मैच से पहले रंगारंग उद्घाटन समारोह का आयोजन किया गया। स्पेनिश अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप 2026 की औपचारिक शुरुआत की। इसके बाद ट्रॉफी को स्टेडियम में प्रदर्शित किया गया और फिर मुकाबले का आगाज हुआ।

नौवें मिनट में मैक्सिको ने दागा पहला गोल
मैक्सिको ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और इसका फायदा उसे नौवें मिनट में मिला। जूलियन क्विनोन्स ने दक्षिण अफ्रीका की रक्षापंक्ति को भेदते हुए शानदार गोल दागा और टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। शुरुआती गोल के बाद भी मैक्सिको ने नियंत्रण बनाए रखा और लगातार विपक्षी टीम पर दबाव बनाते रहे।

पहले हाफ में मैक्सिको ने 1-0 से बनाई बढ़त
दक्षिण अफ्रीका को 17वें मिनट में पहला झटका लगा, जब तेबोहो मोकोएना को फाउल के लिए यलो कार्ड दिखाया गया। इसके बाद 25वें मिनट में खिलाड़ियों को राहत देने के लिए टूर्नामेंट का पहला हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया। पहले हाफ के अंत तक दक्षिण अफ्रीका कोई प्रभावी जवाब नहीं दे सका और मैक्सिको 1-0 की बढ़त के साथ ब्रेक में गया। पहले हाफ में चार मिनट का अतिरिक्त समय भी जोड़ा गया था।

दूसरे हाफ में बढ़ीं दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें
दूसरे हाफ की शुरुआत दक्षिण अफ्रीका के लिए बेहद खराब रही। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को सीधे रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। सिथोले ने गोल की ओर बढ़ रहे एरिक गुटिएरेज को पेनल्टी बॉक्स के बाहर फाउल कर रोक दिया था। इस फैसले के बाद दक्षिण अफ्रीका को लगभग पूरा दूसरा हाफ 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा।

जिमेनेज ने मैक्सिको के लिए दागा दूसरा गोल
संख्यात्मक बढ़त का फायदा उठाते हुए मैक्सिको ने लगातार हमले जारी रखे। आखिरकार 67वें मिनट में राउल जिमेनेज ने गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। इसी दौरान मुकाबले का दूसरा हाइड्रेशन ब्रेक भी लिया गया।

84वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका को एक और रेड कार्ड
दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें 84वें मिनट में और बढ़ गईं। VAR समीक्षा के बाद रेफरी ने थेम्बा ज्वाने को रोबर्टो अल्वाराडो पर हाथ चलाने का दोषी पाया और उन्हें रेड कार्ड दिखा दिया। इसके साथ ही दक्षिण अफ्रीका नौ खिलाड़ियों तक सिमट गया और उसकी वापसी की उम्मीदें लगभग समाप्त हो गईं।

मैक्सिको को भी मिला रेड कार्ड
इंजरी टाइम (90+2 मिनट) में मैक्सिको को भी झटका लगा। डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को खुलिसो मुदाउ को फाउल करने के कारण रेड कार्ड दिखाया गया। इसके बावजूद मैच के नतीजे पर इसका कोई असर नहीं पड़ा। अंतिम सीटी बजते ही मैक्सिको ने 2-0 की शानदार जीत दर्ज कर विश्व कप 2026 अभियान का विजयी आगाज किया। वहीं, दक्षिण अफ्रीका को पहले ही मुकाबले में हार के साथ-साथ दो रेड कार्डों का भी नुकसान उठाना पड़ा, जिससे आगे की राह उसके लिए और चुनौतीपूर्ण हो गई है।

02:30 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: 90'+2' मिनट में मैक्सिको को रेड कार्ड

मैच के 90+2वें मिनट में मैक्सिको को बड़ा झटका लगा, जब डिफेंडर सीजर मॉन्टेस को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। मॉन्टेस ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी खुलिसो मुदाउ को रोकने की कोशिश में फाउल किया, जिसके बाद रेफरी ने उन्हें सीधे रेड कार्ड थमा दिया। हालांकि मैक्सिको बढ़त बनाए हुए है, लेकिन मैच के अंतिम क्षणों में यह फैसला टीम के लिए चिंता का कारण बन सकता है।

02:22 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: 84वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका को मिला एक और रेड कार्ड

दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें 84वें मिनट में और बढ़ गईं, जब टीम के अनुभवी खिलाड़ी थेम्बा ज्वाने को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। शुरुआत में खेल जारी रहा, लेकिन VAR समीक्षा के बाद रेफरी ने पाया कि ज्वाने ने मैक्सिको के रोबर्टो अल्वाराडो पर हाथ चलाया था। इसके बाद उन्हें सीधे रेड कार्ड दिखाया गया। पहले से एक खिलाड़ी कम के साथ खेल रही दक्षिण अफ्रीकी टीम अब नौ खिलाड़ियों के साथ मुकाबला खेलने को मजबूर है, जिससे मैक्सिको की जीत की राह और आसान होती नजर आ रही है।

विज्ञापन
02:06 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: 67वें मिनट में जिमेनेज ने दागा गोल

मैक्सिको के राउल जिमेनेज ने 67वें मिनट में गोल दागकर टीम को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-0 की बढ़त दिला दी है। इसी के साथ दूसरा हाइड्रेशन ब्रेक भी हो गया।

01:52 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: दक्षिण अफ्रीका को बड़ा झटका

दक्षिण अफ्रीका की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। 49वें मिनट में स्पेफेलो सिथोले को रेड कार्ड दिखाकर मैदान से बाहर भेज दिया गया। सिथोले ने गोल की ओर बढ़ रहे मैक्सिको के एरिक गुटिएरेज को पेनल्टी बॉक्स के ठीक बाहर फाउल करके रोक दिया, जिसके बाद रेफरी ने बिना देर किए उन्हें सीधे रेड कार्ड थमा दिया। अब दक्षिण अफ्रीका को शेष मुकाबला 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना होगा, जबकि मैक्सिको के पास अपनी बढ़त बढ़ाने का सुनहरा मौका है।

विज्ञापन
01:47 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: दूसरे हाफ का खेल शुरू

दूसरे हाफ का खेल शुरू हो चुका है। दक्षिण अफ्रीका की नजरें वापसी पर होंगी।

01:31 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: पहला हाफ खत्म

फीफा विश्व कप 2026 के उद्घाटन मुकाबले में मैक्सिको ने पहले हाफ के बाद दक्षिण अफ्रीका पर 1-0 की बढ़त बना ली है। मैक्सिको सिटी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच की शुरुआत से ही मेजबान टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और उसका फायदा नौवें मिनट में मिला, जब जूलियन क्विनोन्स ने शानदार गोल दागकर टीम को शुरुआती बढ़त दिला दी। गोल के बाद मैक्सिको ने गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और दक्षिण अफ्रीका की रक्षापंक्ति पर लगातार दबाव बनाकर रखा। वहीं, दक्षिण अफ्रीकी टीम ने भी वापसी की कोशिश की, लेकिन वह पहले हाफ में कोई बड़ा मौका भुनाने में सफल नहीं हो सकी। मुकाबले के 17वें मिनट में दक्षिण अफ्रीका के तेबोहो मोकोएना को फाउल करने पर रेफरी ने यलो कार्ड दिखाया, जिससे टीम पर अतिरिक्त दबाव बन गया।

मैच के 25वें मिनट में खिलाड़ियों को राहत देने के लिए टूर्नामेंट का पहला हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया। इसके बाद भी मैक्सिको ने अपनी बढ़त को सुरक्षित रखते हुए पहले हाफ का अंत 1-0 की बढ़त के साथ किया। अब दूसरे हाफ में दक्षिण अफ्रीका बराबरी की तलाश में उतरेगा, जबकि मैक्सिको अपनी बढ़त को बढ़ाकर विश्व कप अभियान की विजयी शुरुआत करना चाहेगा। इससे पहले टूर्नामेंट के रंगारंग उद्घाटन समारोह में स्पेनिश अभिनेत्री सलमा हायेक और फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने विश्व कप 2026 के आगाज की घोषणा की। इसके बाद बहुप्रतीक्षित मुकाबले की शुरुआत हुई, जिसमें फिलहाल मैक्सिको का पलड़ा भारी नजर आ रहा है।

01:22 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: पहले हाफ में चार मिनट एक्सट्रा जुड़े

आमतौर पर पहले हाफ का खेल 45 मिनट में खत्म हो जाता है, लेकिन इस मैच में चार मिनट एक्स्ट्रा जोड़े गए हैं। फिलहाल मैक्सिको ने 1-0 से दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बढ़त बना रखी है।

01:05 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: पहला हाइड्रेशन ब्रेक

इस मुकाबले में 25 मिनट के खेल के बाद पहला हाइड्रेशन ब्रेक लिया गया है। शुरुआती मिनटों से ही मेक्सिको ने आक्रामक अंदाज दिखाया और जूलियन क्विनोन्स के शुरुआती गोल की बदौलत 1-0 की बढ़त बना रखी है।

12:54 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: तेबोहो मोकोएना को यलो कार्ड

दक्षिण अफ्रीका के तेबोहो मोकोएना को 17वें मिनट में मैच रेफरी ने फाउल के लिए यलो कार्ड दिखाया गया है।

12:46 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: मैक्सिको का नौवें मिनट में पहला गोल

मैक्सिको को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जूलियन क्विनोन्स ने बढ़त दिलाई है। उन्होंने नौवें मिनट में पहला गोल किया। अब मैक्सिको दक्षिण अफ्रीका से 1-0 से आगे है।

12:33 AM, 12-Jun-2026

Mexico vs South Africa Live: फीफा विश्वकप का पहला मैच शुरू

फीफा विश्वकप का पहला मैच मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच शुरू हो चुका है। इससे पहले स्पेन की अभिनेत्री सलमा हायेक और FIFA प्रेसिडेंट जियानी इन्फेंटिनो ने टूर्नामेंट की शुरुआत की घोषणा की और मैक्सिको सिटी स्टेडियम में ट्रॉफी रखी।

11:59 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: पहला मुकाबला मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच

फीफा विश्व कप 2026 का पहला मुकाबला मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। मैच 12:30 बजे से शुरू होगा।

दोनों की प्लेइंग-11

मैक्सिको: रेंगल, रेयेस, मोंटेस, वास्केज, गालार्डो, लीरा, फिदाल्गो, गुटिएरेज, अल्वाराडो, जिमेनेज और क्विन्योनेस।

दक्षिण अफ्रीका: विलियम्स, मुदाउ, सिबिसी, ओकोन, म्बोकाजी, मोडिबा, मोकुएना, शिटोले, एडम्स, रेयनर्स और फोस्टर।
 

11:32 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय ने बांधा समां

उद्घाटन समारोह में शकीरा और बर्ना बॉय ने मंच पर एक साथ शानदार प्रस्तुति दी। दोनों कलाकारों ने अपने मशहूर सॉन्ग 'दाई दाई' पर ऐसा समां बांधा कि पूरा स्टेडियम झूम उठा। पॉप सुपरस्टार शकीरा की मंच पर मौजूदगी ने समारोह में अलग ही ऊर्जा भर दी। उनकी दमदार परफॉर्मेंस के साथ दर्शक भी झूमते और तालियां बजाते दिखाई दिए।
 

11:25 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: शकीरा कर रहीं परफॉर्म

मशहूर पॉप स्टार शकीरा परफॉर्म कर रही हैं। 
 


 

11:14 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: उद्घाटन समारोह शुरू

फीफा विश्व कप 2026 का रंगारंग आगाज हो रहा है। उद्घाटन समारोह जारी है। कुछ ही देर में शकीरा परफॉर्म करेंगी।
 


 

10:52 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: जल्द शुरू होने वाला है उद्घाटन समारोह

फीफा विश्व कप 2026 का उद्घाटन समारोह शुरू होने में अब कुछ ही लम्हे बचे हैं। शुरुआती मुकाबला मैक्सिको और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाना है। दोनों टीमें स्टेडियम पहुंच चुकी हैं।

09:58 PM, 11-Jun-2026
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : FIFA WC/AI

FIFA WC Opening Live: फ्री में कैसे देख सकेंगे मैच?

विश्व कप के सभी मुकाबले देखने के लिए दर्शकों को ज़ी के स्पोर्ट्स चैनलों या ZEE5 की सदस्यता लेनी होगी। हालांकि, भारतीय फुटबॉल प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर यह है कि टूर्नामेंट के आठ सबसे बड़े मुकाबले मुफ्त में भी देखे जा सकेंगे। इनमें उद्घाटन मैच, चारों क्वार्टर फाइनल, दोनों सेमीफाइनल और फाइनल मुकाबला शामिल हैं। इन महत्वपूर्ण मैचों का सीधा प्रसारण DD Sports पर भी किया जाएगा, जिससे दर्शक बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के विश्व कप के सबसे बड़े मुकाबलों का आनंद उठा सकेंगे।

09:58 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: भारत में कहां देख सकेंगे फीफा विश्व कप 2026?

भारत में फीफा विश्व कप 2026 के सभी मुकाबलों का प्रसारण जी एंटरटेनमेंट के स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। हिंदी कमेंट्री के साथ मैचों का आनंद दर्शक Unite8 Sports 1 और Unite8 Sports 1 HD चैनलों पर ले सकेंगे, जबकि अंग्रेजी कमेंट्री के लिए Unite8 Sports 2 और Unite8 Sports 2 HD उपलब्ध रहेंगे। वहीं, मोबाइल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग ZEE5 ऐप और वेबसाइट के जरिए की जाएगी, जिससे फुटबॉल प्रशंसक कहीं भी और कभी भी विश्व कप का रोमांच देख सकेंगे।

09:56 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: 2026 में क्या टूटेगा इतिहास?

फीफा विश्व कप 2026 इतिहास का सबसे बड़ा संस्करण होगा। पहली बार 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मुकाबले खेले जाएंगे। इससे छोटे देशों और नए फुटबॉल राष्ट्रों को खुद को साबित करने का बड़ा मंच मिलेगा। फिर भी पिछले 96 वर्षों का इतिहास यही कहता है कि विश्व कप जीतना बेहद मुश्किल है। ब्राजील, जर्मनी, इटली और अर्जेंटीना जैसे दिग्गज देशों ने इस मंच पर अपना दबदबा बनाया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 2026 में कोई नया देश इतिहास रचता है या फिर ट्रॉफी एक बार फिर पुराने दिग्गजों के हाथों में जाती है।

09:55 PM, 11-Jun-2026
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : FIFA WC/AI

FIFA WC Opening Live: 96 साल का इतिहास, सिर्फ 8 चैंपियन

विश्व कप का इतिहास बताता है कि ट्रॉफी जीतना कितना मुश्किल है। 1930 से 2022 तक खेले गए 22 संस्करणों में केवल आठ देश ही चैंपियन बन पाए हैं।

सबसे सफल देश

देश खिताब
ब्राजील 5
जर्मनी 4
इटली 4
अर्जेंटीना 3
उरुग्वे 2
फ्रांस 2

09:54 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: क्रिकेट से कितना आगे है फीफा?

आर्थिक दृष्टि से फीफा विश्व कप और क्रिकेट विश्व कप के बीच भारी अंतर दिखाई देता है। 2023 क्रिकेट विश्व कप की कुल पुरस्कार राशि लगभग 10 मिलियन डॉलर थी, जबकि फीफा विश्व कप 2026 में केवल विजेता टीम को ही 50 मिलियन डॉलर मिलने वाले हैं। यानी फुटबॉल का वैश्विक आर्थिक प्रभाव क्रिकेट से कई गुना बड़ा है।

09:53 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: आखिरी टीम भी होगी मालामाल

विश्व कप में हिस्सा लेने वाली हर टीम को:

  • 10 मिलियन डॉलर क्वालिफिकेशन राशि मिलेगी।
  • 2.5 मिलियन डॉलर तैयारी सहायता मिलेगी।
  • यानी अंतिम स्थान पर रहने वाली टीम भी लगभग 21.5 मिलियन डॉलर (करीब 205 करोड़ रुपये) लेकर घर लौटेगी।

09:53 PM, 11-Jun-2026
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : Twitter

FIFA WC Opening Live: करोड़ों की नहीं, अरबों की प्राइज मनी

फीफा ने इस बार पुरस्कार राशि में रिकॉर्ड बढ़ोतरी की है।

स्थान प्राइज मनी
विजेता 50 मिलियन डॉलर
उपविजेता 33 मिलियन डॉलर
तीसरा स्थान 29 मिलियन डॉलर
चौथा स्थान 27 मिलियन डॉलर

कुल प्रदर्शन-आधारित प्राइज मनी 655 मिलियन डॉलर निर्धारित की गई है।

09:52 PM, 11-Jun-2026
शकीरा और सलमा हायेक - फोटो : अमर उजाला/AI

FIFA WC Opening Live: भव्य होगी ओपनिंग सेरेमनी, मंच पर दिखेंगे वैश्विक सितारे

विश्व कप का उद्घाटन 11 जून को मैक्सिको सिटी में होगा। उद्घाटन मुकाबले से पहले रंगारंग समारोह आयोजित किया जाएगा जिसमें संगीत और मनोरंजन जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल होंगी। शकीरा इस समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण होंगी। उनके अलावा बर्ना बॉय, जे बाल्विन, डैनी ओशन, बेलिंडा, लिला डाउन्स, लॉस एंजिलिस अजुलेस और माना परफॉर्म करेंगे। ये सभी कलाकार फीफा विश्व कप 2026 के आधिकारिक एल्बम के गानों को लाइव परफॉर्म करेंगे।

09:50 PM, 11-Jun-2026
फीफा विश्व कप 2026 - फोटो : अमर उजाला

FIFA WC Opening Live: टूर्नामेंट की सबसे बड़ी खासियतें

  • पहली बार 48 टीमों का विश्व कप होगा।
  • 1930 में शुरू हुए विश्व कप के इतिहास में पहली बार टीमों की संख्या 32 से बढ़ाकर 48 की गई है।
  • इससे अधिक देशों को विश्व मंच पर खुद को साबित करने का मौका मिलेगा।
  • इसमें रिकॉर्ड 104 मैच होंगे।
  • पिछले संस्करणों में 64 मुकाबले खेले जाते थे।
  • इसका मतलब है कि फुटबॉल प्रशंसकों को पहले से कहीं ज्यादा रोमांच देखने को मिलेगा।
  • तीन देशों की संयुक्त मेजबानी में आयोजन होगा। इनमें अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको शामिल हैं।

09:49 PM, 11-Jun-2026

FIFA WC Opening Live: फुटबॉल के महाकुंभ का आगाज

दुनिया के सबसे बड़े खेल आयोजन, फीफा विश्व कप 2026 का इंतजार आखिरकार खत्म होने वाला है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आज से आयोजित होने जा रहा यह टूर्नामेंट कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। पहली बार 48 टीमें विश्व कप में हिस्सा लेंगी, 104 मुकाबले खेले जाएंगे और 16 शहर इस वैश्विक फुटबॉल उत्सव की मेजबानी करेंगे। यह सिर्फ एक फुटबॉल टूर्नामेंट नहीं, बल्कि खेल, संस्कृति, संगीत और वैश्विक एकता का महोत्सव बनने जा रहा है।

09:24 PM, 11-Jun-2026

Mexico vs South Africa Highlights: मैक्सिको की द. अफ्रीका पर 2-0 से जीत, क्विनोन्स और जिमेनेज ने दागे गोल

FIFA World Cup 2026 Opening Ceremony, Mexico vs South Africa Live Updates: नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है।  आज से फुटबॉल के सबसे बड़े महाकुंभ, फीफा विश्व कप 2026, का आगाज होने जा रहा है। अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको की संयुक्त मेजबानी में आयोजित यह टूर्नामेंट विश्व कप इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होगा। इस बार टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 48 टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 104 मैच खेले जाएंगे। सह-मेजबान मैक्सिको में आज विश्व कप का भव्य और रंगारंग उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। समारोह कुछ ही देर में शुरू होने वाला है, जिसमें मशहूर पॉप स्टार शकीरा और अभिनेत्री सलमा हायेक समेत कई अंतरराष्ट्रीय सितारे अपनी प्रस्तुति देंगे। विश्व भर के करोड़ों फुटबॉल प्रशंसकों की निगाहें इस ऐतिहासिक आयोजन पर टिकी हैं, जिसके साथ अगले एक महीने तक रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी रहेगा।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें