भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया ने पहले मैच में तीन विकेट से हरा दिया। भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। जवाब में कंगारू टीम ने 19 ओवर में सात विकेट पर 157 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। भारतीय टीम ने एक समय 49 रन के अंदर ऑस्ट्रेलिया के पांच विकेट झटक लिए थे, लेकिन जीत हासिल नहीं कर पाई। कंगारू बल्लेबाजों ने आखिरी ओवरों में शानदार बल्लेबाजी की। अंतिम के 24 गेंद पर उसने 43 रन बनाकर मैच को जीत लिया। भारत के लिए रेणुका सिंह ने चार विकेट लिए।
भारत को सातवीं सफलता जेस जोनासेन के रूप में मिला। जोनासेन तीन रन बनाकर दीप्ति शर्मा की गेंद पर उनको ही कैच थमा बैठीं। उन्होंने पांच गेंद पर तीन रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट पर 110 रन है।
ऑस्ट्रेलिया को छठा झटका मेघना ने दिया। उन्होंने 13वें ओवर की आखिरी गेंद पर ग्रेस हैरिस को आउट कर दिया। हैरिस का कैच कप्तान हरमनप्रीत कौर ने लिया। ऑस्ट्रेलिया ने 13 ओवर में छह विकेट पर 100 रन बना लिए हैं। कंगारू टीम को जीत के लिए 42 गेंद पर 55 रन चाहिए। वहीं, भारत को चार विकेट की दरकार है।
ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका आठवें ओवर में लगा। दीप्ति शर्मा ने रेचेल हेंस को आउट कर दिया। हेंस ने 14 गेंद पर नौ रन बनाए। राधा यादव ने उनका कैच लिया। ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम 49 रनों के अंदर पवेलियन लौट चुकी है। एश्ले गार्डनर और ग्रेस हैरिस क्रीज पर हैं।
रेणुका सिंह ने ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका दिया है। उन्होंने ताहिला मैकग्राथ को क्लीन बोल्ड कर भारतीय टीम को चौथी सफलता दिलाई। ताहिला ने आठ गेंदों में 14 रन बनाए। ऑस्ट्रेलियाई टीम 34 रन के अंदर चार विकेट गंवा चुकी है। पांच ओवर के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 38 रन पर चार विकेट है। रेणुका ने अपने तीन ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए हैं।
रेणुका सिंह के सामने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजी बेबस नजर आ रही है। 21 रन के स्कोर पर कंगारू टीम के तीन विकेट गिर चुके हैं। तीनों विकेट रेणुका ने लिए हैं। उन्होंने एलीसा हीली और मेग लेनिंग के बाद बेथ मूनी को भी पवेलियन भेज दिया है। उन्होंने 10 रन बनाए। अब ताहिला मैकग्राथ और राचेल हायेंस क्रीज पर हैं। चार ओवर के बाद कंगारू टीम तीन विकेट गंवाकर 34 रन बना चुकी है।
रेणुका सिंह ने मेग लेनिंग को आउट कर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया है। उन्होंने लेनिंग को राधा यादव के हाथों कैच आउट कराया। लेनिंग दुनिया की नंबर एक बल्लेबाज हैं और वो भारत के लिए बड़ा खतरा थीं, लेकिन रेनुका ने उनको आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई है। उन्होंने आठ रन बनाए।
रेणुका सिंह ने भारत को बड़ी सफलता दिलाई। उन्होंने पहली ही गेंद पर ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज एलिसा हिली को आउट कर दिया। हिली के बल्ले से लगकर गेंद स्लिप में दीप्ति शर्मा के हाथों में चली गई। ऑस्ट्रेलिया की कप्तान मेग लेनिंग क्रीज पर उतर चुकी हैं। वह टी20 में नंबर-1 बल्लेबाज हैं। वहीं, दूसरे छोर पर टी20 की नंबर-2 बल्लेबाज बेथ मूनी खड़ी हैं।
भारतीय महिला टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 154 रन बनाए। उसने मजबूत ऑस्ट्रेलियाई टीम को 155 रनों का लक्ष्य दिया है। भारत के लिए कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सबसे ज्यादा 52 रन बनाए। उन्होंने अपनी 34 गेंद की पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। हरमन के अलावा शेफाली वर्मा ने 33 गेंद पर 48 और स्मृति मंधाना ने 17 गेंद पर 24 रन की पारी खेली। ऑस्ट्रेलिया के लिए जेस जोनासेन ने चार ओवर में 22 रन देकर सर्वाधिक चार विकेट लिए। मेगन सट को दो और डार्सी ब्राउन को एक सफलता मिली।
हरलीन देओल का भी बल्ला इस मैच में नहीं चला। वह छह गेंद पर सात रन बनाकर आउट हो गईं। जोनासेन की गेंद पर मैक्ग्रा ने उनका कैच लिया। उनके आउट होने के बाद राधा यादव क्रीज पर उतरी हैं। भारत को तेजी से रन चाहिए। हरमनप्रीत टीम इंडिया को 160 रन के पार पहुंचाना चाहेंगी।
भारत को 16वें ओवर में चौथा झटका लगा। जेमिमा रोड्रिग्ज 12 गेंद पर 11 रन बनाकर आउट हो गईं। जेसी जोनासेन की गेंद पर रोड्रिग्ज ने बेथ मूनी को कैच थमा दिया। उनके आउट होने के बाद इसी ओवर में टीम इंडिया को पांचवां झटका भी लगा। जोनासेन ने पांचवीं गेंद पर दीप्ति शर्मा को पवेलियन भेज दिया। दीप्ति एक रन बनाकर जोनासेन को ही कैच थमा बैठीं। भारत का स्कोर 16 ओवर में पांच विकेट पर 117 रन है। कप्तान हरमनप्रीत कौर 24 और हरलीन देओल खाता खोले बगैर क्रीज पर हैं।
भारत को 12वें ओवर में बड़ा झटका लगा। शेफाली वर्मा राष्ट्रमंडल खेलों में अर्धशतक लगाने वाली पहली महिला बनने से चूक गईं। शेफाली को जेस जोनासेन ने आउट किया। विकेट के पीछे एलिसा हिली ने शानदार कैच लिया। शेफाली ने 33 गेंद पर 48 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में नौ चौके लगाए। शेफाली के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत का साथ देने के लिए जेमिमा रोड्रिग्ज उतरी हैं। भारत का स्कोर तीन विकेट पर 97 रन है।
भारत को दूसरा झटका 10वें ओवर में लगा। यास्तिका भाटिया एक रन लेने के प्रयास में रनआउट हो गईं। यास्तिका ने लॉन्ग ऑन की तरफ शॉट लगाया और एक रन लेने के दौड़ पड़ीं। दूसरे छोर पर खड़ीं शेफाली ने उन्हें रोका। इतने में हैरिस ने गेंद को विकेटकीपर हिली की ओर फेंक दिया। हिली ने यास्तिका को रनआउट कर दिया। वह 12 गेंद पर आठ रन ही बना सकीं। यास्तिका के आउट होने के बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर क्रीज पर उतरी हैं।
शेफाली वर्मा ने पावरप्ले समाप्त होने के बाद तेजी से बल्लेबाजी की है। उन्होंने पिछले तीन ओवरों में चार चौके लगा दिए हैं। इनमें से लगातार तीन चौके तो नौवें ओवर में आए हैं। वह 25 गेंद पर 34 रन बना चुकी हैं। भारत को दूसरा झटका भी नौवें ओवर में भी लगा। वह इस ओवर में आउट होते-होते बचीं। विकेटकीपर हिली के पास उन्हें स्टंप आउट करने का मौका था, लेकिन वह मौका चूक गईं। हिली ने वेल्स तो गिरा दिया, लेकिन गेंद उनके दूसरे हाथ में था। इस तरह शेफाली आउट होने से बच गईं।
भारत ने शुरुआती छह ओवरों (पावरप्ले) में 35 रन बनाए। इस दौरान उसे स्मृति मंधाना के रूप में एक झटका लगा। शेफाली वर्मा 11 और यास्तिका भाटिया खाता खोले बगैर क्रीज पर हैं।
भारत को पहला झटका चौथे ओवर में लगा। डार्सी ब्राउन ने स्टार ओपनर स्मृति मंधाना को आउट कर दिया। मंधाना का कैच विकेट के पीछे एलिसा हिली ने लिया। स्मृति ने 17 गेंद पर 25 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में पांच चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद यास्तिका भाटिया क्रीज पर उतरी हैं। भारत का स्कोर चार ओवर में एक विकेट पर 25 रन है। शेफाली वर्मा चार गेंद पर एक रन बनाकर नाबाद हैं।
भारत की पारी शुरू हो गई है। शेफाली वर्मा के साथ स्मृति मंधाना क्रीज पर उतरी हैं। स्मृति मंधाना ने डार्सी ब्राउन के पहले ओवर में चौका लगाकर भारत का खाता खोला।
भारत: हरमनप्रीत कौर (कप्तान), स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), जेमिमा रोड्रिग्ज, हरलीन देओल, दीप्ति शर्मा, राधा यादव, राजेश्वरी गायकवाड़, मेघना सिंह, रेणुका ठाकुर।
ऑस्ट्रेलिया: एलिसा हिली (विकेटकीपर), बेथ मूनी, मेग लेनिंग (कप्तान), ताहलिया मैक्ग्रा, रिचेल हेंस, एश्ले गार्डनर, ग्रेस हैरिस, जेस जोनासेन, अलाना किंग, मेगन सट, डार्सी ब्राउन।
भारत की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने पहले मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टॉस जीत लिया है। उन्होंने पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है।
भारत ने राष्ट्रमंडल खेलों से पहले श्रीलंका के खिलाफ सीरीज जीती थी। पहली बार सभी प्रारूप की पूर्णकालिक कप्तान बनीं हरमनप्रीत ने कहा, उन्होंने श्रीलंका दौरे पर अपनी खिलाड़ियों से पूछा था आप कैसा खेलना चाहती हो। खिलाड़ियों ने जवाब दिया आक्रामक। उन्होंने उम्मीद जताई कि राष्ट्रमंडल खेलों में भी हम आक्रामक होकर खेलेंगे। हालांकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले पहले मैच में भारत को ऑलराउंडर पूजा वस्त्राकर की कमी खलेगी। वह कोरोना संक्रमित होने की वजह से टीम के साथ बर्मिंघम नहीं जा सकी हैं। मैच की पूर्व संध्या पर कप्तान हरमनप्रीत ने कहा, बल्लेबाजी और गेंदबाजी के हिसाब से हमारी टीम संतुलित है। खेलों हिस्सा ले रहीं सभी टीमों को एक होटल में ठहराया गया है, जिसे खेल गांव का रूप दिया गया है। कप्तानों को छोड़कर सभी टीमों के खिलाड़ी रूम साझा कर रहे हैं।
नमस्कार अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राष्ट्रमंडल खेलों में आज ऐतिहासिक दिन है। पहली बार क्रिकेट में महिला टीमें मैदान में उतरेंगी। पहले मुकाबले में भारत और ऑस्ट्रेलिया की टीमें थोड़ी देर में आमने-सामने होंगी। पांच बार की टी-20 विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीतने के लिए भारत को दमदार प्रदर्शन करने की जरूरत है। टी-20 महिला विश्वकप की मौजूदा विजेता ऑस्ट्रेलिया और उपविजेता भारत के बीच जोरदार मैच देखने को मिलेगा।