राष्ट्रमंडल खेलों में पहले दिन भारत के सभी मुकाबले समाप्त हो चुके हैं। आज के लिए बस इतना ही। शनिवार को राष्ट्रमंडल खेलों के दूसरे दिन के मुकाबलों के लिए पढ़ते रहें अमर उजाला।
भारतीय स्विमर श्रीहरि नटराज ने इतिहास रच दिया है। वह 100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग कॉम्पिटीशन के फाइनल में पहुंच गए हैं। दूसरे सेमीफाइनल में श्रीहरि ने 54.55 सेकेंड का समय निकाला और चौथे स्थान पर रहे। उन्होंने ओवरऑल सेमीफाइनल में सातवें स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालिफाई किया। अब श्रीहरि से पदक की उम्मीद जग गई है। फाइनल में आठ स्विमर्स के बीच टक्कर देखने को मिलेगी।
100 मीटर बैकस्ट्रोक स्विमिंग कॉम्पिटीशन के फाइनल में पहुंचने वाले खिलाड़ी
भारत के अभय सिंह ने स्क्वैश पुरुष एकल राउंड ऑफ 64 के मैच में ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड के जो चैपमैन को 3-0 से हरा दिया। अभय सिंह ने जो चैपमैन को 11-5, 11-5, 11-5 से हराकर पुरुष एकल राउंड ऑफ 32 में प्रवेश किया।

अभय सिंह
भारतीय पुरुष टेबल टेनिस टीम क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई है। बारबाडोस के खिलाफ पहले मैच में 3-0 से जीत हासिल करने के बाद भारत ने सिंगापुर को भी 3-0 से हरा दिया। सिंगापुर के खिलाफ पहले मैच में हरमीत देसाई और साथियान ज्ञानसेकरन की जोड़ी ने शाओ फेंग एथन पोह और क्लेरेंस च्यू जे यू की जोड़ी को 11-5, 11-5, 9-11, 11-2 से हरा दिया। इसके बाद दिग्गज अचंता शरथ कमल ने सिंगापुर के यू इन कोएन पैंग को 11-8, 11-9, 11-9 से शिकस्त दी। टीम इवेंट के तीसरे मैच में साथियान ज्ञानसेखरन सिंगापुर के झे यू क्लेरेंस च्यू को 11-7, 11-5, 11-8 से हरा दिया।
पैरा तैराक आशीष कुमार सिंह पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक S9 फाइनल में आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने 1:18.21 का समय लिया। ऑस्ट्रेलिया के टिमोथी हॉज ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया। न्यूजीलैंड के जैसी रेनॉल्ड्स दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक अपने नाम किया। वहीं, बैरी मैक्लिमेंट्स ने कांस्य पदक जीता।
टेबल टेनिस मेन्स टीम इवेंट के दूसरे मैच में शरथ कमल ने सिंगापुर के यू इन कोएन पैंग को 11-8, 11-9, 11-9 से हरा दिया। शरथ ने तीनों गेम में खराब शुरुआत की, लेकिन अंत में जबरदस्त वापसी करते हुए जीत हासिल की। पहले गेम में शरथ 1-5 से पीछे चल रहे थे। इसके बाद वापसी करते हुए 11-8 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में सिंगापुर के पैंग ने 9-3 की लीड ले थी। इसके बाद शरथ ने पहले स्कोर 9-7 किया। फिर 11-9 से जीत हासिल की। तीसरे गेम में शरथ कमल ने 11-9 से जीत हासिल की और टीम इंडिया को मेन्स टेबल टेनिस टीम इवेंट में 2-0 की बढ़त दिलाई। 2-0 की बढ़त के बाद, भारत का लक्ष्य अब ग्रुप-स्टेज का अपना दूसरा मुकाबला जीतना है। टीम इवेंट के तीसरे मैच में साथियान ज्ञानसेखरन सिंगापुर के झे यू क्लेरेंस च्यू के खिलाफ खेलेंगे।
हरमीत देसाई और साथियान ज्ञानसेकरन ने पुरुष टेबल टेनिस टीम मैच में भारत को 1-0 की बढ़त दिला दी है। इन दोनों ने सिंगापुर के शाओ फेंग एथन पोह और क्लेरेंस च्यू जे यू के खिलाफ पहले मैच में 11-5, 11-5, 9-11, 11-2 से जीत हासिल की। अब दिग्गज टेबल टेनिस खिलाड़ी शरथ कमल पर इस लीड को बरकरार रखने की जिम्मेदारी है।
राष्ट्रमंडल खेलों में भारत की सबसे युवा खिलाड़ी भारत की अनाहत सिंह ने स्क्वैश के महिला सिंगल्स में जीत के साथ शानदार शुरुआत की है। उन्हें अपना पहला मैच जीतने के लिए ज्यादा मेहनत नहीं करनी पड़ी और सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस के जैडा रॉस को लगातार तीन गेमों में हरा दिया। अनाहत ने पहला गेम 11-5 से जीता। इसके बाद दूसरे गेम में अनाहत एक बार फिर सीनियर जैडा रॉस के लिए परेशानी खड़ी कर दी। दूसरा गेम अनाहत और भी आसानी से 11-2 से अपने नाम किया और 2-0 की बढ़त बना ली। अनाहत के आगे जैडा रॉस टिक नहीं सकीं। तीसरा गेम अनाहत ने 11-0 से जीत लिया और जैडा को राउंड ऑफ 64 के मैच में करारी शिकस्त दी। अनाहत अब महिला सिंगल्स स्कैश के राउंड ऑफ 32 में पहुंच गई हैं।
टेबल टेनिस में भारतीय मेन्स डबल्स टीम ग्रुप-3 के अपने दूसरे मैच में सिंगापुर के सामने है। टीम ने पहला मैच बारबाडोस के खिलाफ 3-0 से आराम से जीता था। हरमीत देसाई और साथियान ज्ञानशेखरन की डबल्स टीम ने सिंगापुर की शाओ फेंग एथन पोह और क्लेरेंस च्यू झे यू की जोड़ी को पहले गेम में 11-5 और दूसरे गेम में भी 11-5 से हराया और 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है।
राष्ट्रमंडल खेलों में सबसे कम उम्र की एथलीट अनाहत सिंह, जो कक्षा 9 में पढ़ रही हैं, वह एक्शन में हैं। उन्होंने सेंट विंसेंट और ग्रेनेडाइंस की जैडा रॉस के खिलाफ महिला सिंगल्स के राउंड ऑफ 64 के मैच में अच्छी शुरुआत की है और 7-2 की बढ़त बना ली है।
कॉमनवेल्थ गेम्स के पहले दिन अभी भी एक्शन बाकी है। पुरुष टेबल टेनिस टीम का इंडोनेशिया के खिलाफ मैच है, जबकि स्क्वैश स्टार अनाहत सिंह और अभय सिंह भी एक्शन में होंगे। पैरा तैराक आशीष कुमार सिंह भी पुरुषों की 100 मीटर बैकस्ट्रोक S9 में भाग लेंगे। वहीं, स्विमर श्रीहरि नटराज पुरुषों के 100 मीटर बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल में भाग लेंगे।
टेबल टेनिस में भारतीय महिला टीम ने ग्रुप-2 के मुकाबले में फिजी को 3-0 से हरा दिया। दिया पराग चितले और श्रीजा की भारत की डबल्स जोड़ी ने फिजी की तौआ टिटाना और ग्रेस रोजी यी को पहले मैच में 11-8, 11-3, 11-5 से हराया। इसके बाद सिंगल्स कैटेगरी में मनिका बत्रा ने कैरोलिन ली को 11-2, 11-4, 11-2 से आसानी से हरा दिया और टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिलाई। आखिरी मैच में श्रीजा अकुला ने ग्रेस रोजी यी को 11-7, 11-1, 11-2 से हराया और टीम इंडिया को 3-0 से जीत दिला दी। फिजी से पहले भारत ने दक्षिण अफ्रीका की महिला टीम को 3-0 से हराया था।
बैडमिंटन में मिक्स्ड टीम इवेंट के पांचवें मैच में त्रिषा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद की महिला जोड़ी ने पाकिस्तान की माहूर शहजाद और गजाला सिद्दकी की पाकिस्तानी जोड़ी को 21-4, 21-5 से हरा दिया। गायत्री भारत के पूर्व दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की बेटी हैं। इस जीत के साथ भारत ने ग्रुप-ए में पाकिस्तान को मिक्स्ड टीम इवेंट में 5-0 से रौंद दिया। मिक्स्ड टीम इवेंट के पहले मैच में सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पी की जोड़ी ने इरफान भाट्टी और गजाला सिद्दकी की जोड़ी को 21-9, 21-12 से हराया। फिर पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने मोराद अली को 21-7, 21-12 से हरा दिया। इसके बाद महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु ने माहूर शहजाद को लगातार गेमों में 21-7, 21-6 से हराकर टीम इंडिया को 3-0 से बढ़त दिलाई। इसके बाद मेन्स डबल्स में सात्विकसाईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी ने पाकिस्तान के मोराद अली और मोहम्मद इरफान की जोड़ी को 21-12, 21-9 से हरा दिया।
मिक्स्ड टीम इवेंट के चौथे मैच में मेन्स डबल्स में भारत के सात्विकसाईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी ने पाकिस्तान के मोराद अली और मोहम्मद इरफान की जोड़ी को 21-12, 21-9 से हरा दिया। भारतीय टीम ने मिक्स्ड टीम इवेंट में पाकिस्तान पर 4-0 की अजेय बढ़त बना ली है। महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु, पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत और मिक्स्ड डबल्स में सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पी की जोड़ी ने जीत हासिल की। मिक्स्ड टीम के अगले मैच में त्रिषा जॉली और पुलेला गायत्री गोपीचंद की महिला टीम का सामना पाकिस्तान की माहूर शहजाद और गजाला सिद्दकी की पाकिस्तानी जोड़ी से है। गायत्री भारत के पूर्व दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पुलेला गोपीचंद की बेटी हैं।
भारतीय महिला हॉकी टीम ने राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार शुरुआत की है। उसने घाना को अपने पहले मैच में 5-0 से रौंद दिया। टीम इंडिया के लिए गुरजीत कौर ने सबसे ज्यादा दो गोल किए। नेहा गोयल, संगीता कुमारी और सलिमा टेटे ने भी स्कोर किया। अब भारतीय महिला टीम शनिवार (30 जुलाई) को वेल्स के खिलाफ अपने दूसरे ग्रुप मैच में उतरेगी।
मिक्स्ड टीम इवेंट के चौथे मैच में मेन्स डबल्स में भारत के सात्विकसाईराज रैंकी रेड्डी और चिराग शेट्टी का मुकाबला पाकिस्तान के मोराद अली और मोहम्मद इरफान की जोड़ी से जारी है। पहला गेम सात्विक और चिराग ने जीत लिया है। दूसरा गेम जारी है। भारतीय टीम ने मिक्स्ड टीम इवेंट में पाकिस्तान पर 3-0 की अजेय बढ़त बना ली है। महिला सिंगल्स में पीवी सिंधु, पुरुष सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत और मिक्स्ड डबल्स में सुमित रेड्डी और अश्विनी पोनप्पी की जोड़ी ने जीत हासिल की।
मिक्स्ड टीम इवेंट के तीसरे मैच में महिला सिंगल्स में भारत की पीवी सिंधु ने पाकिस्तान की माहूर शहजाद को लगातार गेमों में हरा दिया। पहला गेम सिंधु ने 21-7 से जीता। वहीं, दूसरे गेम में सिंधु ने माहूर को 21-6 से आसानी से हराया। भारतीय टीम मिक्स्ड टीम इवेंट में 3-0 से आगे है। इससे पहले मिक्स्ड डबल्स में पहला मैच भारत ने 21-9, 21-12 से जीता। अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी ने पाकिस्तान के इरफान और गजाला की जोड़ी को हराया था। वहीं, दूसरे मैच में मेन्स सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने 21-7, 21-12 से हरा दिया।
मिक्स्ड टीम इवेंट के तीसरे मैच में महिला सिंगल्स में भारत की पीवी सिंधु का सामना पाकिस्तान की माहूर शहजाद से जारी है। पहला गेम सिंधु ने 21-7 से अपने नाम किया। वहीं, दूसरे गेम का खेल जारी है। इससे पहले मिक्स्ड डबल्स में पहला मैच भारत ने 21-9, 21-12 से जीता। अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी ने पाकिस्तान के इरफान और गजाला की जोड़ी को हराया था। वहीं, दूसरे मैच में मेन्स सिंगल्स में किदांबी श्रीकांत ने 21-7, 21-12 से हरा दिया। भारतीय टीम मिक्स्ड टीम इवेंट में 2-0 से आगे है।
मिक्स्ड टीम इवेंट के दूसरे मैच में पुरुष सिंगल्स में भारत के किदांबी श्रीकांत का सामना पाकिस्तान के मुराद अली से जारी है। भारतीय टीम मिक्स्ड टीम इवेंट में 1-0 से आगे है। श्रीकांत ने पहले गेम में मुराद को 21-7 से हरा दिया। दूसरा गेम में श्रीकांत ने आसानी से जीत लिया। इस तरह श्रीकांत ने पाकिस्तान के मुराद अली को 2-0 से हराया। साथ ही मिक्स्ड टीम इवेंट में भारत ने पाकिस्तान पर 2-0 की बढ़त ले ली है। अगले मिक्स्ड टीम इवेंट मैच में पीवी सिंधु महिला सिंगल्स में पाकिस्तान की शहजाद से भिड़ेंगी।
अब मिक्स्ड टीम इवेंट के दूसरे मैच में पुरुष सिंगल्स में भारत के किदांबी श्रीकांत का सामना पाकिस्तान के मुराद अली से है। मिक्स्ड टीम इवेंट का पहला मैच भारत ने 21-9, 21-12 से जीता। अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी ने पाकिस्तान के इरफान और गजाला की जोड़ी को हराया। भारतीय टीम मिक्स्ड टीम इवेंट में 1-0 से आगे है।
बैडमिंटन में भारत और पाकिस्तान के बीच मिक्स्ड टीम मैच जारी है। पीवी सिंधु, किदांबी श्रीकांत, अश्विनी पोनप्पा और लक्ष्य सेन से सजी भारतीय टीम के लिए यह मैच मुश्किल नहीं रहने वाला है। अश्विनी पोनप्पा और सुमित रेड्डी की भारतीय जोड़ी ने मुहम्मद इरफान सईद भट्टी और गजाला सिद्दीकी की पाकिस्तानी जोड़ी को पहले गेम में 21-9 से हरा दिया। दूसरे गेम में पोनप्पा और रेड्डी ने गजाला और इरफान को 21-12 से हरा दिया। साथ ही मिक्स्ड इवेंट का पहला मैच अपने नाम किया।
महिला हॉकी में भारतीय टीम का पहले मैच में सामना घाना से है। पहले क्वार्टर में गुरजीत ने गोल दागकर भारत को 1-0 से बढ़त दिला दी है।
कॉमनवेल्थ गेम्स में महिला क्रिकेट में अपने पहले मुकाबले में ही टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा है। ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत को तीन विकेट से हराया है। इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 154 रन बनाए थे। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने सात विकेट गंवाकर एक ओवर रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। ऑस्ट्रेलिया के लिए गार्डनर ने नाबाद 52 रन बनाए।
पुरुष टेबल टेनिस टीम इवेंट के ग्रुप 3 के मैच में भारत ने बारबाडोस के खिलाफ 3-0 की जीत हासिल की। डबल्स मैच में पहले हरमीत देसाई और जी साथियान ने बारबाडोस के केविन फार्ले और टायरेस नाइट के खिलाफ 11-9, 11-9 11-4 से जीत दर्ज की। फिर पुरुष एकल में अचंता शरथ कमल ने रेमन मैक्सवेल के खिलाफ 11-5, 11-3, 11-3 से जीत दर्ज की। तीसरे मैच में साथियान ज्ञानशेखरन ने टाइरीज नाइट को 11-4, 11-4, 11-5 से हरा दिया।
ऑस्ट्रेलिया ने 42.222 के समय के साथ राष्ट्रमंडल खेलों का नया रिकॉर्ड बनाया। इंग्लैंड 43.296 के समय के साथ फाइनल में पहुंच गई है। फाइनल में इंग्लैंड का सामना ऑस्ट्रेलियाई टीम से होगा। न्यूजीलैंड और कनाडा तीसरे और चौथे स्थान पर रहे। दोनों के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला होगा। क्वालिफाइंग राउंड में भारतीय टीम 44.702 के समय के साथ छठे स्थान पर रही। टीम में वाई रोजित सिंह, डेविड बेकहम और रोनाल्डो लैटनजम शामिल हैं।
बॉक्सिंग में 63.5 किलोग्राम भारवर्ग में राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में भारत के शिव थापा ने पाकिस्तान के सुलेमान बलूच को करारी शिकस्त दी। शिव थापा ने सुलेमान को 5-0 से हराया।
सुलेमान और शिव थापा मैच के दौरान
भारत के आदर्श एमएस और विश्वनाथ यादव 30वें और 33वें स्थान पर रहे। इंग्लैंड के एलेक्स यी ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 का पहला स्वर्ण पदक जीता। यी ने ओलंपिक में रजत पदक जीता था। न्यूजीलैंड के हेडन वाइल्ड ट्रायथलॉन मेन्स इंडिविजुअल में दूसरे स्थान पर रहे। वाइल्ड ओलंपिक में कांस्य पदक जीत पाए थे। ऑस्ट्रेलिया के मैथ्यू हॉसर ने कांस्य पदक अपने नाम किया। 2018 कॉमनवेल्थ गेम्स के चैंपियन हेनरी शोमैन ने खेलों से पहले ही नाम वापस ले लिया था।
अच्छी शुरुआत के बाद मयूरी लुटे, त्रियशा पॉल और शुशिकला अगाशे ने महिला टीम स्प्रिंट में 51.433 सेकेंड का समय निकाला, लेकिन यह पदक दौर के लिए क्वालिफाई करने के लिए पर्याप्त नहीं था। न्यूजीलैंड, कनाडा, वेल्स और ऑस्ट्रेलिया ने अगले राउंड के लिए क्वालिफाई किया।
भारत की पुरुष साइकिलिंग टीम 4000 मीटर क्वालीफाइंग दौर में 4:12.865 के समय के साथ समाप्त हुई। के. वेंकप्पा, दिनेश कुमार, अनंत नारायणन और विश्वजीत सिंह जैसे खिलाड़ियों से सजी भारतीय टीम छठे स्थान पर रही।
स्विमर श्रीहरि नटराज ने 54.68 सेकेंड के समय के साथ 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया है।
स्विमिंग में भारत को निराशा हाथ लगी। साजन प्रकास पुरुष 50 मीटर बटरफ्लाई स्पर्धा के हीट 6 में आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने 25.01 सेकंड का समय निकाला। साजन सेमीफाइनल में जगह बनाने में नाकाम रहे।
भारतीय पुरुष साइकिलिंग टीम ट्रैक पर उतरी। वेंकप्पा केंगालागुट्टी, दिनेश कुमार, अनंता नारायण और विश्वजीत सिंह ने क्वालिफाइंग राउंड में हिस्सा लिया। भारतीय टीम ने पुरुष 4000 मीटर परसुईट क्वालिफाइंग में 4:12:865 मिनट का समय निकाला। इस स्पर्धा में शीर्ष दो पर रहने वाली टीमें स्वर्ण पदक के लिए खेलेंगी। वहीं, तीसरे और चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच कांस्य पदक का मैच होगा। भारत इस स्पर्धा में छठे स्थान पर रहा और पदक की दौड़ से बाहर हो गया।
भारत के कुशाग्र रावत ने स्विमिंग में अपनी दावेदारी पेश की है। वह पुरुषों के 400 मीटर फ्रीस्टाइल स्पर्धा में हीट 3 में आठवें स्थान पर रहे। उन्होंने 3:57:45 का समय लिया।
राष्ट्रमंडल खेलों में आज ऐतिहासिक दिन है। पहली बार क्रिकेट में महिला टीमें मैदान में उतरी हैं। पहला मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है।
लॉन बॉल के पुरुष ट्रिपल सेक्शनल प्ले के पहले राउंड में भारत को निराशा हाथ लगी है। उसे मजबूत न्यूजीलैंड ने 23-6 से बुरी तरह हराया दिया।
भारत ने टेबल टेनिस में शानदार शुरुआत की है। महिला टीम ने दक्षिण अफ्रीका को पहले मैच में हरा दिया है। टीम इवेंट के तीसरे मुकाबले में सृजा अकूला ने दानिशा पटेल को 11-5,11-3 और 11-6 से हराया। मनिका बत्रा ने इससे पहले भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई थी।
टेबल टेनिस में महिला टीम ग्रुप मैच में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से जारी है। सृजा अकूला ने पहला गेम आसानी से जीत लिया है। उन्होंने दानिशा पटेल को 11-5 से हराया। भारत फिलहाल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2-0 से आगे है।
लॉन और बोल्स में भारत की तानिया चौधरी महिला एकल के पहले राउंड में हार का सामना करना पड़ा है। स्कॉटलैंड की डी हॉगन ने उन्हें 10-21 से हराया।
टेबल टेनिस में मनिका बत्रा ने भी अपना मुकाबला जीत लिया है। उन्होंने पहला गेम 11-5, दूसरा गेम 11-3 और तीसरा गेम 11-2 के अंतर से जीत लिया। इसके साथ ही भारत ने दक्षिण अफ्रीका पर 2-0 की बढ़त बना ली है।
दक्षिण अफ्रीका की मुश्फिक कलाम के खिलाफ मनिका बत्रा जीत के करीब हैं। उन्होंने शुरुआती दोनों गेम जीत लिए हैं। दोनों गेम में एकरतफा जीत के बाद मनिका जीत के करीब पहुंच चुकी हैं।
टेबल टेनिस के ग्रुप मैच में भारत ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहला मुकाबला जीत लिया है। टेनिसन और अकुला की भारतीय जोड़ी ने दक्षिण अफ्रीका की जोड़ी को 11-7, 11-7, 11-5 से हराया।
टेनिसन और अकुला की भारतीय जोड़ी ने शुरुआती दो गेम जीत लिए हैं। भारतीय जोड़ी जीत के बेहद करीब है।
टेबल टेनिस में भारतीय खिलाड़ियों ने दक्षिण अफ्रीका से पहला गेम जीत लिया है। रीथ टेनिसन और श्रीजा अकुला की जोड़ी अच्छी लय में दिख रही है।
लॉन और बाउल्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारतीय टीम पिछड़ रही है। न्यूजीलैंड ने भारतीय तिकड़ी पर 8-1 से बढ़त बना ली है। महिला एकल में तानिया चौधरी डी हॉगन के खिलाफ 16-6 से पिछड़ रही हैं।
लॉन बॉल व पैरा लॉन बॉल
नमस्कार, अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। राष्ट्रमंडल खेलों के भव्य आगाज के बाद आज से प्रतियोगिताएं शुरू हो रही हैं। राष्ट्रमंडल खेलों के पहले दिन भारतीय महिलाओं से विजयी आगाज की उम्मीद है। खासकर हॉकी में महिला खिलाड़ियों का मुकाबला घाना से है और उनसे मैच जीतने की उम्मीद लगाई जा रही है। क्रिकेट में महिला टीम ऑस्ट्रेलिया के सामने होगी और यह टीम इंडिया के सामने मुश्किल चुनौती है।