फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

CWG 2026 Day-6 Highlights: भारोत्तोलक हरजिंदर, लंबी दौड़ में गुलवीर को रजत पदक; मुक्केबाजी में तीन मेडल पक्के

Wed, 29 Jul 2026 03:33 AM IST
शोभित चतुर्वेदी स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, ग्लास्गो

खास बातें

Glasgow Commonwealth Games Day 6 Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स के छठे दिन भारतीय एथलीट्स और खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किए। एथलेटिक्स में गुलवीर सिंह ने ऐतिहासिक रजत पदक हासिल किया। भारत अब तक दो स्वर्ण, सात रजत और तीन कांस्य पदकों समेत कुल 12 पदक जीतकर नौवें स्थान पर है।
विज्ञापन
प्रीति - फोटो : SAI Media
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:30 AM, 29-Jul-2026

तमिलनाडु के युवा से पदक की आस, पदक तालिका में भारत कहां?

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक तमिलनाडु के 22 वर्षीय विशाल टीके ने संयमित क्वालीफाइंग रन के साथ सेमीफाइनल में पहुंचकर पुरुषों की 400 मीटर दौड़ में भारत की पदक की उम्मीदों को जिंदा रखा। विशाल ने इस साल मई में 44.98 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। वे 45 सेकंड की बाधा को तोड़ने वाले पहले भारतीय हैं। सेमीफाइनल 30 जुलाई को आयोजित किए जाएंगे।

मेजबान स्कॉटलैंड को कितने पदक, भारत का स्थान कितना?
भारत बीते छह दिनों में अब तक 12 पदक अपने नाम कर चुका है। पदक तालिका में भारत नौवें स्थान पर है। 35 स्वर्ण पदकों के साथ अब तक 80 मेडल जीत चुका ऑस्ट्रेलिया शीर्ष पर है। दूसरे नंबर पर कनाडा और तीसरे पायदान पर इंग्लैंड है। मेजबान स्कॉटलैंड कुल 15 पदकों के साथ चौथे स्थान पर है।

02:35 AM, 29-Jul-2026

CWG Day-6: भारत के अभियान की झलकियां

भारोत्तोलक हरजिंदर कौर और लंबी दूरी की दौड़ के स्टार एथलीट गुलवीर सिंह ने कड़ी मेहनत से रजत पदक हासिल किए। तीन भारतीय मुक्केबाज सेमीफाइनल में पहुंचे। इससे तीन और पदक पक्के हो चुके हैं। करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए हरजिंदर ने महिलाओं के 69 किलोग्राम भार वर्ग में रजत पदक जीता। ये भारोत्तोलन में सातवां पदक है। 

धावक ने रजत पदक जीतकर इतिहास रचा
गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 10 हजार मीटर दौड़ स्पर्धा में रजत पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इस प्रतियोगिता में पोडियम पर पहुंचने वाले पहले भारतीय बने। स्कॉटलैंड के ग्लास्गो में लगातार बारिश और भीगे हुए ट्रैक से जूझते हुए, गुलवीर ने उल्लेखनीय साहस और रणनीतिक सूझबूझ का प्रदर्शन किया।

02:05 AM, 29-Jul-2026

भारत की विजयी शुरुआत, लॉन बॉल्स में कुक आइलैंड्स को हराया

राष्ट्रमंडल खेलों की लॉन बॉल्स प्रतियोगिता में भारत ने विजयी आगाज किया। पुरुष पेयर्स राउंड 1 के दूसरे मैच में भारतीय दल ने कुक आइलैंड्स को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराया। दोनों टीमें 1-1 से बराबरी पर थीं। भारतीय जोड़ी नवनीत सिंह और दिनेश कुमार ने धीमी शुरुआत की, पहला सेट 2-5 से गंवा दिया। कुक आइलैंड्स के पोइला एपी और जेसन लिंडसे ने पहले सेट पर नियंत्रण कर लिया था। हार के कगार पर भारतीयों ने दूसरे सेट में शानदार वापसी की। नवनीत और दिनेश ने दबाव में संयम बनाए रखते हुए दूसरा सेट 6-5 से जीता। इससे मैच टाई-ब्रेक में चला गया। भारतीय जोड़ी ने निर्णायक शूटआउट में अपनी पकड़ बनाए रखी। उन्होंने टाई-ब्रेक 1-0 से जीतकर कड़ी जीत हासिल की और अपने अभियान की विजयी शुरुआत की।

विज्ञापन
01:30 AM, 29-Jul-2026

भारत के गुलवीर सिंह ने रजत पदक जीता

पुरुषों की 10000 मीटर दौड़ स्पर्धा में भारत के गुलवीर सिंह ने ऐतिहासिक सफलता पाई। उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया। एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता गुलवीर सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में पुरुषों की इस स्पर्धा में पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने। यह एथलेटिक्स में इस साल भारत का दूसरा रजत पदक है। गुलवीर से पहले सर्वेश कुशारे ने ऊंची कूद में सिल्वर मेडल जीता था। भारी बारिश और गीले ट्रैक पर गुलवीर पूरे समय अग्रणी समूह के साथ दौड़ते रहे। उन्होंने अंतिम लैप्स में शानदार फिनिशिंग की और 27:49.78 समय के साथ रजत पदक जीता। ऑस्ट्रेलियाई धावक के वाई रॉबिन्सन (Ky Robinson) ने 27:48.93 सेकंड के साथ स्वर्ण पदक जीता। आइल ऑफ मैन के डेविड मुल्लार्की ने 27:50.28 सेकंड में कांस्य पदक हासिल किया। 1986 के बाद पहली बार ऐसा हुआ है कि पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में कोई अफ्रीकी एथलीट पोडियम फिनिश नहीं कर सका।

01:05 AM, 29-Jul-2026

राष्ट्रमंडल खेल तैराकी: भारतीय पैरा तैराक रवि और अली पदक से चूके

राष्ट्रमंडल खेलों में भारतीय पैरा तैराक रवि वीरा वेंकट भवन बुडिगिना और अली इमाम पुरुषों की 50 मीटर फ्रीस्टाइल S13 फाइनल में पदक से चूक गए। वे क्रमशः छठे और आठवें स्थान पर रहे।बुडिगिना ने फाइनल के लिए छठे स्थान पर क्वालीफाई किया था। उन्होंने पदक दौड़ में 25.68 सेकंड का समय लेकर यही स्थान बरकरार रखा। अली इमाम ने भी अपनी क्वालीफाइंग स्थिति से मैच किया। उन्होंने 28.28 सेकंड के समय के साथ आठवां स्थान हासिल किया। स्कॉटलैंड के स्टीफन क्लेग ने 24.73 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। दक्षिण अफ्रीका के नाथन हेंड्रिक्स ने 24.84 सेकंड के साथ रजत पदक अपने नाम किया। कनाडा के निकोलस गाय टर्बाइड ने 24.96 सेकंड के साथ कांस्य पदक जीता। S13 वर्गीकरण दृष्टिबाधित एथलीटों के लिए एक पैरा-तैराकी खेल वर्ग है।

विज्ञापन
12:55 AM, 29-Jul-2026

हरिंजदर ने जीता रजत पदक

12:40 AM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: मुक्केबाज जादूमणि सिंह का पदक पक्का

भारतीय मुक्केबाज जादूमणि सिंह ने 5-0 से शानदार जीत दर्ज की है। जादूमणि ने पुरुष 55 किग्रा में जांबिया के खिलाड़ी मवेंगो मवाले को सर्वसम्मत फैसले में हराया। इस तरह जादूमणि ने भी पदक पक्का कर लिया है। मुक्केबाजी में भारत के तीन पदक पक्के हो गए हैं। 

12:08 AM, 29-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: पूजा का शानदार प्रयास

पूजा सिंह ने महिला ऊंची कूद के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 1.77 मीटर का सफल प्रयास किया। इससे पहले उन्होंने 1.72 मीटर का प्रयास किया था।

11:58 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: महिला ऊंची कूद का फाइनल जारी

महिला ऊंची कूद का फाइनल जारी है। भारत की ओर से इसमें पूजा सिंह चुनौती पेश कर रही हैं। पूजा ने 1.72 मीटर का प्रयास किया है। 

11:51 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: हरजिंदर का स्नैच में दमदार प्रदर्शन

भारतीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने महिला 69 किलो वजन वर्ग के फाइनल में शानदार प्रदर्शन किया। हरजिंदर ने स्नैच के पहले प्रयास में 96 किलो वजन उठाया। इसके बाद अगले प्रयास में उन्होंने 99 किलो और तीसरे प्रयास में 101 किलो का वजन उठाया। हरजिंदर ने इस तरह स्नैच के तीनों प्रयास में सफलतापूर्वक वजन उठाए। अब क्लीन एंड जर्क में उन्होंने पहले प्रयास में 120 किलो वजन रजिस्टर कराया है। 

11:49 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: लॉन बॉल में भारत को मिली जीत

लॉन बॉल पुरुष एकल पेयर्स के सेक्शन बी राउंड 1 मुकाबले में भारत को जीत मिली है। नवनीत सिंह और दिनेश कुमार की जोड़ी ने कुक आइलैंड के इपी पोएला और जेसन लिंडसे को टाई ब्रेक में 1-0 से हराया। दोनों टीमों के बीच मैच 1-1 की बराबरी पर था जिसके बाद टाई ब्रेक में भारतीय जोड़ी ने बाजी मारी। 


 

11:45 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: मुक्केबाज परवीन हारीं

भारतीय मुक्केबाज परवीन को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है। परवीन को महिला 65 किग्रा में इंग्लैंड की साचा हिकी ने खंडित फैसले में 3-2 से हराया। परवीन अगर ये मुकाबला जीत लेतीं तो भारत के लिए पदक पक्का कर लेतीं। अब तक मुक्केबाजी में भारत दो पदक पक्के कर चुका है। 


11:41 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: पैरा तैराकी में मिली निराशा

पैरा तैराकी में भारत को हार का सामना करना पड़ा है। पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 के फाइनल में भारत के रवि बुडिगिना और इमाम अली पदक लाने से चूक गए। बुडिगिना ने फाइनल में 25.68 सेकेंड का समय लिया और वह आठ पैरा तैराकों में छठे स्थान पर रहे। वहीं, इमाम ने 28.28 सेकेंड का समय लिया और वह आठवें नंबर पर रहे। 

11:20 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: भारोत्तोलक हरजिंदर कौर पेश कर रहीं चुनौती

भारतीय महिला भारोत्तोलक हरजिंदर कौर 69 किलो वर्ग के फाइनल में चुनौती पेश कर रही हैं। भारोत्तोलन में भारत का प्रदर्शन शानदार रहा है और हरजिंदर से पदक लाने की उम्मीद है। हरजिंदर ने स्नैच के पहले प्रयास में 95 किलो वजन रजिस्टर कराया है। 

11:15 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: प्रिया ने भी पदक पक्का किया

भारतीय महिला मुक्केबाज प्रिया ने सेमीफाइनल में जगह बनाने के साथ मुक्केबाजी में भारत के लिए एक और पदक पक्का कर लिया है। प्रिया ने महिला 60 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियामह मिचेल को खंडित फैसले में 4-1 से हराया। प्रिया से पहले प्रीति ने भी महिला 54 किग्रा वर्ग में पदक पक्का किया था। प्रिया मिचेल के खिलाफ पहले राउंड में पिछड़ गई थीं, लेकिन उन्होंने दूसरे राउंड में दमदार वापसी की और मैच का रुख पलट दिया। तीसरे राउंड में भी प्रिया हावी रहीं। 

10:43 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: मुक्केबाज प्रीति का पदक पक्का

मुक्केबाज प्रीति पवार ने राष्ट्रमंडल खेलों में पदक पक्का कर लिया है। प्रीति ने महिला 54 किग्रा के क्वार्टर फाइनल में आयरलैंड की निकोल क्लाइड को सर्वसम्मत फैसले में 5-0 से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। प्रीति ने इसके साथ ही कम से कम कांस्य पक्का कर लिया है। हालांकि, उनकी नजरें स्वर्ण पदक की होंगी। सेमीफाइनल जीतने पर प्रीति स्वर्ण पदक के लिए भिड़ेंगी। प्रीति ने क्वार्टर फाइनल में तीनों राउंड में दमदार प्रदर्शन किया और अपने पंच से विरोधी खिलाड़ी को पस्त कर दिया। तीनों ही राउंड में सभी जजों ने प्रीति के पक्ष में ही फैसला सुनाया और अंतत: वह पदक सुनिश्चित करने में सफल रहीं। 

08:29 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: निरुपमा पदक की दौड़ से बाहर

भारतीय भारोत्तोलक निरुपमा देवी महिला 63 किलो वजन वर्ग में पदक की दौड़ से बाहर हो गई हैं। निरुपमा क्लीन एंड जर्क के तीनों प्रयास में ही विफल रहीं। उन्होंने क्लीन एंड जर्क में पहले 115 किलो वजन रजिस्टर कराया था, लेकिन उन्होंने इसे बढ़ाकर 123 किलो कर दिया। निरुपमा तीनों ही प्रयास में 123 किलो वजन सही से नहीं उठा सकीं। उन्होंने क्लीन में सही प्रयास किया, लेकिन जर्क में वह लड़खड़ा गईं। इस तरह वह क्लीन एंड जर्क में एक भी प्रयास सफल नहीं कर सकीं।

निरुपमा ने स्नैच में 93 किलो वजन उठाया। भारत की निरुपमा ने स्नैच के पहले प्रयास में 93 किलो रजिस्टर कराया, लेकिन वह सफल नहीं हुई। दूसरे प्रयास में हालांकि, उन्होंने 93 किलो वजन सफलतापूर्वक उठा लिया। तीसरे प्रयास के लिए निरुपमा ने 95 किलो रजिस्टर कराया, लेकिन एक बार फिर वह सफल नहीं हो सकीं। इस तरह स्नैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 93 किलो रहा। वहीं, क्लीन एंड जर्क के तीनों प्रयास में विफल रहने पर वह स्पर्धा से ही बाहर हो गईं। निरुपमा मौजूदा राष्ट्रमंडल खेलों में फिलहाल पहली भारोत्तोलक हैं जो पदक नहीं जीत सकी हैं। 

08:27 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: निरुपमा का दूसरा प्रयास भी विफल

निरुपमा का क्लीन एंड जर्क में दूसरा प्रयास भी विफल हो गया है। निरुपमा ने 123 किलो वजन रजिस्टर कराया है, लेकिन पहले दो प्रयास में वह ये वजन नहीं उठा सकीं। अब एक बार फिर वह यही वजन उठाने आएंगी।

08:25 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: निरुपमा का पहला प्रयास विफल

निरुपमा का क्लीन एंड जर्क में पहला प्रयास विफल हो गया है। निरुपमा ने 123 किलो वजन रजिस्टर कराया है। अब एक बार फिर वह यही वजन उठाने आएंगी। 

08:15 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: क्लीन एंड जर्क में निरुपमा ने बढ़ाया वजन

स्नैच राउंड खत्म होने के बाद निरुपमा 93 किलो के साथ पांचवें स्थान पर थीं। उन्होंने क्लीन एंड जर्क में पहले 115 किलो वजन रजिस्टर कराया था, लेकिन अब उन्होंने इसे बढ़ाकर 123 किलो कर दिया है। यानी निरुपमा पहले प्रयास में 123 किलो वजन उठाएंगी। 

07:24 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: स्नैच में निरुपमा का प्रदर्शन

भारतीय भारोत्तोलक निरुपमा देवी ने महिला 63 किलो भारवर्ग के फाइनल में स्नैच में 93 किलो वजन उठाया। भारत की निरुपमा ने स्नैच के पहले प्रयास में 93 किलो रजिस्टर कराया, लेकिन वह सफल नहीं हुई। दूसरे प्रयास में हालांकि, उन्होंने 93 किलो वजन सफलतापूर्वक उठा लिया। तीसरे प्रयास के लिए निरुपमा ने 95 किलो रजिस्टर कराया, लेकिन एक बार फिर वह सफल नहीं हो सकीं। इस तरह स्नैच में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 93 किलो रहा। 

07:18 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: दूसरे प्रयास में सफल रहीं निरुपमा

भारत की निरुपमा ने स्नैच के पहले प्रयास में 93 किलो रजिस्टर कराया, लेकिन वह सफल नहीं हुई। दूसरे प्रयास में हालांकि, उन्होंने 93 किलो वजन सफलतापूर्वक उठा लिया। तीसरे प्रयास के लिए निरुपमा ने 95 किलो रजिस्टर कराया है। 

06:43 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: भारोत्तोलक निरुपमा पेश कर रहीं चुनौती

भारोत्तोलन में महिला 63 किलो भार वर्ग का फाइनल शुरू होने जा रहा है। इस स्पर्धा में भारत की ओर से निरुपमा देवी सेराम चुनौती पेश करेंगी। निरुपमा ने स्नैच के पहले प्रयास में 93 किलो वजन रजिस्टर कराया है। 

05:28 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: पुरुष 400 मीटर के सेमीफाइनल में विशाल

भारतीय एथलीट विशाल टीके पुरुष 400 मीटर स्पर्धा के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। विशाल ने अपनी हीट में 46.49 सेकेंड का समय लिया और वह ओवरऑल 14वें स्थान पर रहकर अगले दौर में पहुंचने में सफल रहे। भारत के अन्य एथलीट राजेश रमेश हालांकि, सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सके। रमेश ने अपनी हीट में 47.43 सेकेंड का समय लिया और वह ओवरऑल 25वें स्थान पर रहे। इस स्पर्धा से शीर्ष 16 एथलीटों ने सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई किया है। 

05:04 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: बुडिगिना-इमाम फाइनल में

पैरा तैराक रवि बुडिगिना और अली इमाम पुरुष 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 के फाइनल में पहुंच गए हैं। बुडिगिना ने अपनी हीट में 26.33 सेकेंड का समय लिया और वह अपनी हीट में तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, इमाम ने अपनी हीट में 28.41 सेकेंड का समय लिया और वह पांचवें स्थान पर रहे। ओवरऑल बुडिगिना और इमाम क्रमश: छठे और आठवें नंबर पर रहकर मेडल राउंड में पहुंचे। 

04:52 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: श्रीहरि नटराज सेमीफाइनल में

भारतीय तैराक श्रीहरि नटराज पुरुष 100 मीटर बैकस्ट्रोक के सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। श्रीहरि नटराज ने अपनी हीट में 55.58 सेकेंड का समय लिया। वह अपनी हीट में पांचवें स्थान पर रहे,जबकि ओवरऑल 13वें नंबर पर रहकर सेमीफाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए। हीट से शीर्ष 16 तैराकों ने सेमीफाइनल में जगह बनाई है। 

04:08 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: साजन प्रकाश ने किया निराश

भारत के तैराक साजन प्रकाश पुरुष 50 मीटर बटलरफ्लाई इवेंट के सेमीफाइनल में जाने से चूक गए। साजन अपनी हीट में 24.94 सेकेंड के साथ आठवें और ओवरऑल 28वें स्थान पर रहे। 

02:25 PM, 28-Jul-2026

भारत का 28 जुलाई का कार्यक्रम (भारतीय समय)

समय प्रतियोगिता भारतीय खिलाड़ी मेडल इवेंट
3:26 PM तैराकी - पुरुष 50मी बटरफ्लाई हीट्स साजन प्रकाश -
4:30 PM एथलेटिक्स - पुरुष 400मी हीट्स विशाल टीके, राजेश रमेश -
4:41 PM तैराकी - पुरुष 100मी बैकस्ट्रोक हीट्स श्रीहरि नटराज -
4:57 PM पैरा तैराकी - पुरुष 50मी फ्रीस्टाइल S13 हीट्स कार्तिक बुडिगिना, अली इमाम -
6:30 PM वेटलिफ्टिंग - महिला 63 किग्रा फाइनल नीरुपमा देवी सेराम मेडल इवेंट
10:20 PM लॉन बॉल्स - पुरुष युगल दिनेश कुमार, नवनीत सिंह -
10:30 PM बॉक्सिंग - महिला 54 किग्रा क्वार्टर फाइनल प्रीति पवार जीत पर पदक पक्का
11:00 PM बॉक्सिंग - महिला 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल प्रिया घंघास जीत पर पदक पक्का
11:00 PM वेटलिफ्टिंग - महिला 69 किग्रा फाइनल हरजिंदर कौर मेडल इवेंट
11:30 PM बॉक्सिंग - महिला 65 किग्रा क्वार्टर फाइनल परवीन हुड्डा जीत पर पदक पक्का
11:35 PM एथलेटिक्स - महिला हाई जंप फाइनल पूजा सिंह मेडल इवेंट
11:37 PM पैरा तैराकी - पुरुष 50मी फ्रीस्टाइल S13 फाइनल* कार्तिक बुडिगिना, अली इमाम मेडल इवेंट
12:15 AM बॉक्सिंग - पुरुष 55 किग्रा क्वार्टर फाइनल जादूमणि सिंह जीत पर पदक पक्का
12:50 AM तैराकी - पुरुष 50मी बटरफ्लाई सेमीफाइनल* साजन प्रकाश क्वालिफाई करने पर
12:55 AM एथलेटिक्स - पुरुष 10,000मी फाइनल गुलवीर सिंह मेडल इवेंट
1:10 AM लॉन बॉल्स - महिला सिंगल्स नयनमोनी सैकिया -
1:30 AM बॉक्सिंग - पुरुष 90 किग्रा क्वार्टर फाइनल कपिल पोखरिया जीत पर पदक पक्का
1:33 AM तैराकी - पुरुष 100मी बैकस्ट्रोक सेमीफाइनल* श्रीहरि नटराज क्वालिफाई करने पर

02:24 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: तैराकी और लॉन बॉल्स में भी भारतीय चुनौती

तैराकी में साजन प्रकाश 50 मीटर बटरफ्लाई हीट्स में उतरेंगे और क्वालिफाई करने पर सेमीफाइनल भी खेलेंगे। श्रीहरि नटराज 100 मीटर बैकस्ट्रोक हीट्स में भाग लेंगे। पैरा स्विमिंग में कार्तिक बुडिगिना और अली इमाम 50 मीटर फ्रीस्टाइल एस13 वर्ग में हिस्सा लेंगे। लॉन बॉल्स में पुरुष युगल और महिला सिंगल्स में भी भारतीय खिलाड़ी अपनी चुनौती पेश करेंगे।

02:24 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: एथलेटिक्स में गुलवीर और पूजा पर रहेंगी निगाहें

एथलेटिक्स में पुरुषों की 10,000 मीटर फाइनल दौड़ में गुलवीर सिंह भारत के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। वहीं महिला हाई जंप फाइनल में पूजा सिंह भी पदक जीतने की कोशिश करेंगी। इसके अलावा विशाल टीके और राजेश रमेश पुरुष 400 मीटर हीट्स में अपनी चुनौती पेश करेंगे।

02:24 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: वेटलिफ्टिंग में दो और पदकों की उम्मीद

भारतीय वेटलिफ्टिंग टीम ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है और छठे दिन भी पदकों की उम्मीद बनी हुई है। महिलाओं के 63 किग्रा वर्ग में नीरुपमा देवी सेराम और 69 किग्रा वर्ग में हरजिंदर कौर फाइनल में उतरेंगी। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर भारत की नजरें टिकी होंगी।

02:23 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: बॉक्सिंग में पांच खिलाड़ियों के पास पदक पक्का करने का मौका

भारतीय बॉक्सिंग दल के लिए मंगलवार बेहद अहम रहेगा। महिला वर्ग में प्रीति पवार, प्रिया घंघास और परवीन हुड्डा अपने-अपने क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेलेंगी। वहीं पुरुष वर्ग में जादूमणि सिंह और कपिल पोखरिया भी रिंग में उतरेंगे। इन सभी मुकाबलों में जीत दर्ज करते ही संबंधित खिलाड़ी कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित कर लेंगे।

02:22 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Live: आज छठा दिन

स्कॉटलैंड के ग्लासगो में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के छठे दिन (28 जुलाई) भारत के लिए मुकाबलों से भरा दिन रहने वाला है। भारतीय खिलाड़ी एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, वेटलिफ्टिंग, तैराकी और लॉन बॉल्स में चुनौती पेश करेंगे। सबसे अधिक उम्मीद बॉक्सिंग और वेटलिफ्टिंग से रहेगी, जहां भारत के खाते में कई पदक जुड़ सकते हैं।

02:18 PM, 28-Jul-2026

CWG 2026 Day-6 Highlights: भारोत्तोलक हरजिंदर, लंबी दौड़ में गुलवीर को रजत पदक; मुक्केबाजी में तीन मेडल पक्के

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। आज ग्लास्गो कॉमनवेल्थ गेम्स का छठा दिन है। भारत ने अब तक दो स्वर्ण समेत 10 पदक जीते हैं। आज मुक्केबाज कई पदक पक्की कर सकते हैं। वहीं, आज दांव पर छह पदक हैं। एथलेटिक्स में गुलवीर पर सबकी नजरें होंगी।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें