फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games Day-5 Live: वुशु के फाइनल में हारीं रोशिबिना, जीता रजत; रोइंग में सलमान-सतनाम ने जीता कांस्य

Thu, 24 Sep 2026 08:53 AM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

Asian Games Day 5 Results Medal Tally Live Updates : नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान गुरुवार, 24 सितंबर को भी जारी रहेगा। रोइंग, वुशु, निशानेबाजी, कैनो स्प्रिंट, तैराकी और एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश कर रहे हैं। सुबह से ही कई भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ में नजर आएंगे। रोशिबिना और सतनाम-सलमान ने दो पदक दिला भी दिए हैं।
विज्ञापन
रोशिबिना, सतनाम और सलमान - फोटो : ANI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

08:52 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: स्क्वैश में जोशना-वेलावन की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में, सूरज-शमीना को हराया

मिश्रित युगल के राउंड ऑफ-16 में हुए ऑल-इंडियन मुकाबले में जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार ने सूरज चंद और शमीना रियाज को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। जोशना-वेलावन ने मुकाबला 11-7, 11-10 से अपने नाम किया। पहला गेम उन्होंने आसानी से जीता, लेकिन दूसरे गेम में सूरज और शमीना ने कड़ी टक्कर दी। वे 7-9 से पिछड़ने के बाद स्कोर बराबर करने में सफल रहे, लेकिन अंत में जोशना और वेलावन ने बाजी मार ली।

08:52 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: कैनो स्प्रिंट में पुरुषों की 500 मीटर डबल स्पर्धा में भारत आखिरी स्थान पर

कैनो स्प्रिंट में भारत के लिए एक और निराशाजनक नतीजा रहा। पुरुषों की 500 मीटर डबल स्पर्धा में राजू रावत और ज्ञानेश्वर सिंह की भारतीय जोड़ी आखिरी स्थान पर रही। दोनों ने 1:56.121 का समय निकाला और स्वर्ण जीतने वाली चीन की बोवेन जी और शेंगयुए वू की जोड़ी से 15 सेकंड से अधिक पीछे रही।

08:35 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में केदारलिंग की शानदार शुरुआत, पहली सीरीज में 97 अंक

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में केदारलिंग उचागनवे ने शानदार शुरुआत की है। उन्होंने पहली सीरीज में 97 अंक हासिल किए और फिलहाल संयुक्त रूप से छठे स्थान पर हैं। हालांकि, अन्य निशानेबाजों के मैदान में उतरने के बाद कमलजीत और आकाश भारद्वाज व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन के शीर्ष-8 स्थानों से बाहर हो गए हैं।

विज्ञापन
08:34 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में मिश्रित टीम स्कीट में अनंतजीत-परिनाज की शानदार वापसी

अनंतजीत सिंह नरुका और परिनाज धालीवाल ने मिश्रित टीम स्कीट के दूसरे राउंड में शानदार वापसी की। पहली सीरीज में 44 का स्कोर करने के बाद भारतीय जोड़ी ने दूसरी सीरीज में 47 अंक जुटाए। कुल 91 के स्कोर के साथ भारत जापान के साथ संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।

08:34 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: स्क्वैश में मिश्रित युगल के राउंड ऑफ-16 में आमने-सामने होंगी दो भारतीय जोड़ियां

मिश्रित युगल के राउंड ऑफ-16 में अब सूरज चंद-शमीना रियाज और जोशना चिनप्पा-वेलावन सेंथिलकुमार की भारतीय जोड़ियों के बीच मुकाबला होगा। यानी अगले दौर में भारत की ही दो जोड़ियां एक-दूसरे के सामने होंगी।

विज्ञापन
08:30 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: निशानेबाजी में क्या फाइनल में पहुंच पाएंगे कमलजीत? बेहद रोमांचक हुआ मुकाबला

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में कमलजीत की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है। पहली रिले के बाद 580-18x के स्कोर के साथ वह सातवें स्थान पर हैं, लेकिन अभी दूसरी रिले में 30 निशानेबाजों का प्रदर्शन बाकी है। इंडोनेशिया के दो निशानेबाज पहले ही शीर्ष-8 में हैं। अगर इंडोनेशिया के वायरा सुकमाना 580-19x या इससे बेहतर स्कोर करते हैं, तो दूसरी रिले के केवल दो निशानेबाजों का कमलजीत से आगे निकलना उन्हें नौवें स्थान पर धकेलने के लिए पर्याप्त होगा। ऐसे में उनका फाइनल में पहुंचना बेहद करीबी मुकाबले पर निर्भर है।

08:29 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: तैराकी में 800 मीटर फ्रीस्टाइल में आर्यन नेहरा फाइनल-बी में तीसरे स्थान पर

पुरुषों की 800 मीटर फ्रीस्टाइल फाइनल-बी में भारत के आर्यन नेहरा 8:02.52 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वह वियतनाम के गुयेन हुई होआंग से 5.13 सेकंड पीछे रहे। फाइनल-बी पदक के लिए मुख्य फाइनल नहीं, बल्कि वर्गीकरण रेस होती है, इसलिए आर्यन को इस स्पर्धा में पदक नहीं मिला।

08:28 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 2026 Live: कैनो स्प्रिंट में पुरुषों की चार कयाक 500 मीटर में भारत सातवें स्थान पर

नाओचा लैटोनजाम, वरिंदर सिंह, ओइनम अरुण सिंह और हर्षवर्धन शक्तावत की भारतीय टीम पुरुषों की चार कयाक 500 मीटर फाइनल ए में सातवें स्थान पर रही। भारत ने 1:28.982 का समय निकाला। स्वर्ण जीतने वाली दक्षिण कोरिया की टीम से भारत छह सेकंड से ज्यादा पीछे रहा।

07:53 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: एथलेटिक्स में हेप्टाथलॉन हाई जंप में पूजा-अनामिका संयुक्त पांचवें स्थान पर

महिलाओं की हेप्टाथलॉन हाई जंप स्पर्धा में भारत की पूजा और अनामिका कोझिनजाप्रांबिल फिलहाल संयुक्त रूप से पांचवें स्थान पर हैं। दोनों ने अब तक 1.62 मीटर की अपनी सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाई है।

qu4sv3ic

07:42 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: टेबल टेनिस में श्रीजा-सिंड्रेला की धमाकेदार शुरुआत, मंगोलिया की जोड़ी को 3-0 से हराया

श्रीजा अकुला और सिंड्रेला दास ने महिला डबल्स में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। भारतीय जोड़ी ने मंगोलिया की बोलोर-एर्डेने बातमुंख और बुरेनजार्गल सांजा को सीधे गेम में 11-5, 11-4, 12-10 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली।

07:38 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: निशानेबाजी में कमलजीत सातवें, आकाश की चुनौती खत्म; टीम स्पर्धा में भारत तीसरे स्थान पर

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में पहली रिले के बाद कमलजीत 580-18x के स्कोर के साथ सातवें स्थान पर हैं। हालांकि अभी 30 निशानेबाजों का प्रदर्शन बाकी है, ऐसे में उनके लिए शीर्ष आठ में बने रहकर व्यक्तिगत फाइनल में पहुंचना चुनौतीपूर्ण होगा। वहीं आकाश भारद्वाज का अभियान खत्म हो गया है। उन्होंने 579-20x का स्कोर किया और रिले में नौवें स्थान पर रहे। इस कारण वह व्यक्तिगत फाइनल की दौड़ से बाहर हो गए। टीम स्पर्धा में भारत फिलहाल तीसरे स्थान पर है और कांस्य पदक की स्थिति में बना हुआ है।

7d6q61nc

07:37 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: निशानेबाजी में 10 मीटर एयर पिस्टल में कमलजीत फाइनल में, भारत कांस्य की स्थिति में

कमलजीत ने पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल की क्वालिफिकेशन में 580 अंक जुटाए और सातवें स्थान पर रहते हुए व्यक्तिगत फाइनल में जगह बना ली। वहीं आकाश भारद्वाज 579 अंक के साथ नौवें स्थान पर रहे और महज एक अंक से व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने से चूक गए। टीम स्पर्धा में भारत फिलहाल तीसरे स्थान पर है। इंडोनेशिया और चीन उससे आगे हैं। ऐसे में भारत के पास टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने का मौका बना हुआ है।

07:32 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: क्रिकेट में जापान ने अफगानिस्तान को 129 रन पर रोका

जापान ने एशियन गेम्स के मुकाबले में अफगानिस्तान को पहली पारी में 129/6 रन पर रोक दिया। जापानी गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और अफगानिस्तान को 20 ओवर में बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया। जापान का प्रदर्शन इसलिए भी खास है क्योंकि कुछ दिन पहले सानो में उसने भारत को भी कड़ी चुनौती दी थी। अब उसके सामने 130 रन के लक्ष्य का पीछा करने की चुनौती है। क्या जापान इस लक्ष्य को हासिल कर क्रिकेट में बड़ा उलटफेर कर पाएगा?

07:30 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: निशानेबाजी में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में भारत की मुश्किल बढ़ी

भारतीय निशानेबाजों के लिए स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। पांच सीरीज के बाद कमलजीत 9वें और आकाश भारद्वाज 11वें स्थान पर खिसक गए हैं। कमलजीत ने चौथी सीरीज में 94 के बाद पांचवीं में 93 अंक बनाए, जबकि आकाश ने पांचवीं सीरीज में कुछ वापसी की। अब दोनों को फाइनल में जगह बनाने के लिए आखिरी सीरीज में करीब परफेक्ट 99 या 100 अंक की जरूरत होगी। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल में शीर्ष आठ निशानेबाज फाइनल में पहुंचेंगे।


07:22 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: एथलेटिक्स में मिश्रित 4x400 मीटर रिले के फाइनल में भारत

भारतीय टीम ने मिश्रित 4x400 मीटर रिले के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने 3:16.23 का समय निकाला और क्वालीफाई करने वाली टीमों में चौथे स्थान पर रहा। बहरीन 3:15.73 के समय के साथ सबसे आगे रहा। चीन दूसरे और वियतनाम तीसरे स्थान पर रहा।

फाइनल के लिए क्वालिफाई करने वाली टीमें:

  • बहरीन – 3:15.73
  • चीन – 3:15.97
  • वियतनाम – 3:16.08
  • भारत – 3:16.23
  • जापान – 3:16.52
  • संयुक्त अरब अमीरात – 3:17.00
  • दक्षिण कोरिया – 3:18.66
  • फिलीपींस – 3:19.68

07:09 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: निशानेबाजी में कमलजीत का परफेक्ट 100, आकाश की भी शानदार वापसी

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन में कमलजीत ने तीसरी सीरीज में परफेक्ट 100 अंक हासिल किए और शीर्ष स्थान पर अपनी पकड़ बनाए रखी। वहीं आकाश भारद्वाज ने तीसरी सीरीज में 98 अंक के साथ शानदार वापसी की और उनका कुल स्कोर 300 में से 290 अंक हो गया। दोनों भारतीय निशानेबाज फाइनल में जगह बनाने की दौड़ में बने हुए हैं।

07:08 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: तैराकी में बेनेडिक्टन बेनिस्टन फाइनल से चूके, रिजर्व में जगह

भारत के बेनेडिक्टन बेनिस्टन पुरुषों की 50 मीटर बटरफ्लाई हीट-5 में पांचवें स्थान पर रहे। वह सीधे फाइनल के लिए क्वालिफाई नहीं कर सके। बेनिस्टन सभी हीट के बाद 12वें स्थान पर रहे और उन्हें रिजर्व सूची में जगह मिली।

1701vmbo

07:07 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: टेबल टेनिस में दीया-यशस्विनी की आसान जीत, ईरान को 3-0 से हराया

दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े ने महिला डबल्स के दूसरे दौर में ईरान की जोड़ी को सिर्फ 12 मिनट में हरा दिया। भारतीय जोड़ी ने मुकाबला 11-2, 11-2, 11-4 से अपने नाम किया। एशियन गेम्स में टेबल टेनिस में भारत के लिए यह अच्छी शुरुआत रही। अब सृजा अकुला और सिंड्रेला दास जल्द ही अपना मुकाबला खेलने उतरेंगी।

06:56 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: शूटिंग में स्कीट मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन में भारत तीसरे स्थान पर

भारत की परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका ने स्कीट मिश्रित टीम क्वालिफिकेशन में अच्छी शुरुआत की है। शुरुआती स्टैंडिंग में भारतीय जोड़ी तीसरे स्थान पर है। कतर और दक्षिण कोरिया की टीमें फिलहाल भारत से आगे चल रही हैं।

06:50 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: कैनो स्प्रिंट में मेघा प्रदीप का अभियान खत्म, सेमीफाइनल में चौथे स्थान पर रहीं

भारत की मेघा प्रदीप एशियन गेम्स में कैनो स्प्रिंट की अपनी स्पर्धा से बाहर हो गई हैं। मेघा सेमीफाइनल में 51.093 सेकंड के समय के साथ चौथे स्थान पर रहीं। सेमीफाइनल में शीर्ष तीन खिलाड़ियों को ही फाइनल में जगह मिलनी थी। मेघा विजेता खिलाड़ी से 1.66 सेकंड पीछे रहीं और मामूली अंतर से पदक दौर में पहुंचने से चूक गईं। इसके साथ ही उनका एशियन गेम्स अभियान समाप्त हो गया।

06:50 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: शूटिंग में पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल क्वालिफिकेशन शुरू

पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल की क्वालिफिकेशन स्पर्धा शुरू हो गई है। खिलाड़ियों की संख्या अधिक होने के कारण इसे दो रिले में कराया जा रहा है। भारत की ओर से आकाश भारद्वाज और कमलजीत पहली रिले में हिस्सा ले रहे हैं, जबकि केदारलिंग उचागानवे दूसरी रिले में निशाना साधेंगे।

आकाश और कमलजीत की अच्छी शुरुआत
आकाश और कमलजीत दोनों ने शुरुआती सीरीज में 97-97 अंक हासिल किए हैं। दोनों ने मजबूत शुरुआत करते हुए क्वालिफिकेशन के शुरुआती दौर में खुद को फाइनल की दौड़ में बनाए रखा है।

छह सीरीज में 60 निशाने
हर निशानेबाज को छह सीरीज में कुल 60 निशाने लगाने होते हैं। एक परफेक्ट शॉट के लिए 10 अंक मिलते हैं और निशाना केंद्र से दूर होने पर अंक कम होते जाते हैं। राइफल क्वालिफिकेशन के विपरीत एयर पिस्टल में स्कोर केवल पूर्ण अंकों में दर्ज किया जाता है।

मिश्रित टीम स्कीट में भी भारत की चुनौती
मिश्रित टीम स्कीट की क्वालिफिकेशन भी जारी है। भारत की परिनाज धालीवाल और अनंतजीत सिंह नरूका की जोड़ी फाइनल में जगह बनाने के लिए निशाना साध रही है।

06:49 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: टेबल टेनिस में दीया-यशस्विनी की तेज शुरुआत

महिला डबल्स मुकाबले में दीया चितले और यशस्विनी घोरपड़े ने ईरान के खिलाफ शानदार शुरुआत की है। भारतीय जोड़ी फिलहाल मुकाबले में पूरी तरह नियंत्रण में नजर आ रही है और एक बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है।

06:39 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: वुशु में रोशिबिना देवी ने जीता रजत, एशियन गेम्स में तीसरा पदक

नाओरेम रोशिबिना देवी ने एशियन गेम्स में एक और पदक अपने नाम किया। महिला सांडा 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में उन्हें चीन की शियाओयू झांग के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिसके बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। इस पदक के साथ रोशिबिना एशियन गेम्स में तीन पदक जीतने वाली भारतीय वुशु खिलाड़ियों में शामिल हो गई हैं। उन्होंने 2018 जकार्ता-पालेमबांग एशियन गेम्स में इसी वर्ग में कांस्य और 2022 हांगझोउ एशियन गेम्स में रजत पदक जीता था।

heak81ak

06:39 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: रोइंग में पदक के साथ आज की शुरुआत

एशियन गेम्स के पांचवें दिन भारत ने रोइंग में पदक के साथ शुरुआत की। पुरुषों की डबल स्कल्स में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी ने 6:13.25 का समय निकालकर कांस्य पदक जीता। भारतीय जोड़ी रेस के अधिकांश हिस्से में पदक की दौड़ में बनी रही और 500, 1000 तथा 1500 मीटर के स्प्लिट में दूसरे स्थान पर थी। हालांकि, अंतिम चरण में रफ्तार थोड़ी कम होने से वे तीसरे स्थान पर खिसक गए। चीन के यी शूदी और नी यिदे ने स्वर्ण, जबकि उज्बेकिस्तान के मेखरोजबेक ममातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत पदक जीता। भारतीय जोड़ी रजत विजेता से 2.76 सेकंड और स्वर्ण पदक विजेताओं से 3.48 सेकंड पीछे रही।

ht7takpk

06:37 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: वुशु फाइनल में रोशिबिना देवी ने जीता रजत पदक

भारत की नाओरेम रोशिबिना देवी का एशियन गेम्स अभियान रजत पदक के साथ समाप्त हुआ। महिला सांडा 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में उन्हें चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।

झांग ने 2-0 से जीता फाइनल
झांग शियाओयू ने स्वर्ण पदक मुकाबले में दमदार प्रदर्शन किया और रोशिबिना को 2-0 से हराया। चीनी खिलाड़ी ने दोनों राउंड 5-0 के अंतर से अपने नाम किए। रोशिबिना पूरे मुकाबले में वापसी का रास्ता नहीं खोज सकीं और झांग ने अपना दबदबा बनाए रखा।

विश्व चैंपियन को भी हरा चुकी थीं झांग
झांग शियाओयू ने फाइनल तक पहुंचने के दौरान शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने वियतनाम की 2023 विश्व चैंपियन गुयेन थी थू थुई को भी हराया था।

रोशिबिना का लगातार दूसरा एशियाई खेल रजत
रोशिबिना देवी के लिए यह एशियन गेम्स में लगातार दूसरा रजत पदक है। उन्होंने 2022 हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी रजत पदक जीता था। उस फाइनल में उन्हें एक अन्य चीनी खिलाड़ी शियाओवेई वू के खिलाफ हार मिली थी।

06:34 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: रोइंग में सतनाम-सलमान ने जीता कांस्य, भारत का पदक खाता खुला

भारत ने एशियन गेम्स के पांचवें दिन अपना पहला पदक जीत लिया है। सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों की डबल स्कल्स में कांस्य पदक अपने नाम किया। भारतीय जोड़ी ने 6:13.25 का समय निकाला और तीसरे स्थान पर रही। उज्बेकिस्तान के मेखरोजबेक ममातकुलोव और पावेल सोरिन ने रजत पदक जीता, जबकि चीन के यी शूदी और नी यिदे ने स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

सतनाम और सलमान ने रेस के शुरुआती चरण में शानदार प्रदर्शन किया। दोनों 500 मीटर, 1000 मीटर और 1500 मीटर के निशान पर दूसरे स्थान पर थे और चीनी जोड़ी से करीब आधा सेकंड पीछे चल रहे थे। हालांकि, अंतिम चरण में भारतीय जोड़ी चीन और उज्बेकिस्तान की गति से आगे नहीं निकल सकी और तीसरे स्थान पर खिसक गई। इसके बावजूद दोनों ने अपनी स्थिति बनाए रखी और भारत के लिए कांस्य पदक पक्का किया।

06:33 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: रोइंग में बलराज पदक से चूके, चौथे स्थान पर रहे

भारत के पदक अभियान की शुरुआत निराशाजनक रही। पुरुषों की सिंगल स्कल्स में बलराज पंवार पदक जीतने से चूक गए। बलराज ने रेस के शुरुआती हिस्से में शानदार प्रदर्शन किया और 500 मीटर, 1000 मीटर तथा 1500 मीटर के निशान पर दूसरे स्थान पर थे। हालांकि, आखिरी 500 मीटर में वह अपनी स्थिति बरकरार नहीं रख सके। उज्बेकिस्तान के शाखबोज खोलमुरजाएव और जापान के तात्सुया सकुरामा ने अंतिम चरण में बलराज को पीछे छोड़ दिया। बलराज अंतिम चरण में सकुरामा से करीब पांच सेकंड आगे थे, लेकिन अंत में जापानी खिलाड़ी से आठ सेकंड पीछे रहे। बलराज ने 6:54.80 का समय लिया और चौथे स्थान पर रहे। चीन के झीवेई देंग ने स्वर्ण पदक जीता। बलराज स्वर्ण पदक विजेता से 15.82 सेकंड पीछे रहे।

06:33 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: कबड्डी और हॉकी में भी भारत की चुनौती

टीम स्पर्धाओं में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम का सामना चीनी ताइपे से होगा, जबकि महिला टीम जापान के खिलाफ खेलेगी। हॉकी में भारतीय पुरुष टीम दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी।

06:33 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: एथलेटिक्स में भी भारतीय खिलाड़ी मैदान में

एथलेटिक्स में आशा इलांगो और निहारिका वशिष्ठ महिला ट्रिपल जंप फाइनल में उतरेंगी। सीमा महिला 10 हजार मीटर फाइनल में चुनौती पेश करेंगी। वहीं पुरुषों की 100 मीटर स्पर्धा में अनीमेश कुजूर और गुरिंदरवीर सिंह अपने अभियान की शुरुआत करेंगे।
 

06:32 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: निशानेबाजी में भी पदक की उम्मीद

निशानेबाजी में अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल मिश्रित टीम स्कीट फाइनल में हिस्सा लेंगे। पुरुषों की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में केदारलिंग बी. उचागानवे, आकाश भारद्वाज और कमलजीत क्वालिफिकेशन के प्रदर्शन के आधार पर फाइनल में जगह बनाने की कोशिश करेंगे।
 

06:32 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: वुशु में रोशिबिना देवी की नजर स्वर्ण पदक पर

वुशु में रोशिबिना देवी महिला सांडा 60 किग्रा वर्ग के फाइनल में चीन की झांग शियाओयू के खिलाफ उतरेंगी। दोनों के बीच स्वर्ण पदक के लिए मुकाबला सुबह 6:10 बजे से होगा।
 

06:30 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day 5 Live: 24 सितंबर को भारत के सामने पदकों की बड़ी उम्मीदें

रोइंग में बलराज पंवार पुरुषों की सिंगल स्कल्स फाइनल-ए में सुबह 5:10 बजे उतरेंगे। इसके अलावा सतनाम सिंह और सलमान खान पुरुषों की डबल स्कल्स फाइनल-ए में चुनौती पेश करेंगे। भारत महिला फोर, पुरुष लाइटवेट डबल स्कल्स और पुरुष क्वाड्रपल स्कल्स की पदक स्पर्धाओं में भी उतरेगा।

06:29 AM, 24-Sep-2026

Asian Games Day-5 Live: वुशु के फाइनल में हारीं रोशिबिना, जीता रजत; रोइंग में सलमान-सतनाम ने जीता कांस्य

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स में भारत का पदक अभियान गुरुवार, 24 सितंबर को भी जारी रहेगा। रोइंग, वुशु, निशानेबाजी, कैनो स्प्रिंट, तैराकी और एथलेटिक्स में भारतीय खिलाड़ी चुनौती पेश करेंगे। सुबह से ही कई भारतीय खिलाड़ी पदक की दौड़ में नजर आएंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें