फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games 2026 Highlights: भारत के पदकों की संख्या हुई 37, आज एथलेटिक्स में आए पांच मेडल

Sun, 27 Sep 2026 06:38 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

एशियन गेम्स 2026 का आठवां दिन भारत के लिए शानदार रहा। आज भारत ने कुल सात पदक अपने नाम किए। इनमें पांच एथलेटिक्स में आए। 
विज्ञापन
सरवेश कुशारे - फोटो : SAI
विज्ञापन

लाइव अपडेट

06:37 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला 4x100 मीटर रिले के फाइनल में पहुंची भारत की टीम

भारत की अभिनया राजाराजन, स्नेहा शनुवली, शिवांकर सुदेशना और तमन्ना की चौकड़ी ने महिला 4x100 मीटर रिले के फाइनल में जगह बना ली है। भारतीय टीम ने हीट-1 में 43.65 सेकंड के सीजन बेस्ट समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। हालांकि, ओवरऑल टाइमिंग में भारत चीन और थाईलैंड के बाद तीसरे स्थान पर रहा। महिला 4x100 मीटर रिले का फाइनल सोमवार शाम 6:34 बजे खेला जाएगा।

06:14 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सरवेश कुशारे ने ऊंची कूद में जीता रजत, 2.25 मीटर की छलांग लगाई

बारिश के बीच भारत के सरवेश कुशारे ने पुरुषों की ऊंची कूद में रजत पदक जीता। उन्होंने 2.25 मीटर की ऊंचाई पार की, लेकिन चीन ताइपे के चाओ शुआन-फू ने इसी ऊंचाई को पहले प्रयास में पार कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सरवेश ने 2.25 मीटर की ऊंचाई दूसरे प्रयास में पार की। वह फाइनल के अधिकांश समय शीर्ष पर बने हुए थे, लेकिन आखिरी दौर में मामूली अंतर से स्वर्ण पदक से चूक गए।

06:12 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पारुल चौधरी ने महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में जीता कांस्य

भारत की पारुल चौधरी ने महिलाओं की स्टीपलचेज स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। उन्होंने 9:08.67 सेकंड के पर्सनल बेस्ट समय के साथ यह उपलब्धि हासिल की।

विज्ञापन
05:49 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन में जीता कांस्य

भारत के तेजस्विन शंकर ने एशियन गेम्स 2026 में पुरुषों के डेकाथलॉन में कांस्य पदक जीत लिया है। तेजस्विन ने 10 स्पर्धाओं में कुल 7,934 अंक हासिल कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। दो दिन और 10 स्पर्धाओं तक चले मुकाबले में तेजस्विन ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन आखिरी इवेंट 1500 मीटर में किया। उन्होंने 1500 मीटर दौड़ 4:33.09 के समय के साथ जीती और कांस्य पदक पर अपनी पकड़ मजबूत की।

डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर का प्रदर्शन
- 100 मीटर: 10.98 सेकंड
- लंबी कूद: 7.53 मीटर
- शॉट पुट: 13.16 मीटर
- ऊंची कूद: 2.18 मीटर
- 400 मीटर: 48.59 सेकंड
- 110 मीटर बाधा दौड़: 14.33 सेकंड
- डिस्कस थ्रो: 36.77 मीटर
- पोल वॉल्ट: 4.30 मीटर
- भाला फेंक: 53.37 मीटर
- 1500 मीटर: 4:33.09

जापान के मरुयामा ने 8,123 अंक के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि चीन के चेन ने 8,012 अंक के साथ रजत पदक अपने नाम किया। तेजस्विन 7,934 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। तेजस्विन ने लगातार दूसरे एशियन गेम्स में पदक जीता है। उन्होंने हांगझोऊ एशियन गेम्स में रजत पदक हासिल किया था, जबकि नागोया में उनके खाते में कांस्य पदक आया है।

05:32 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारतीय महिला टीम ने सिंगापुर को 7-0 से हराया, सेमीफाइनल में कोरिया से होगा मुकाबला

भारतीय महिला हॉकी टीम ने एशियन गेम्स में अपने पूल चरण का अंत अजेय रहते हुए किया। भारत ने रविवार को पूल बी के आखिरी मुकाबले में सिंगापुर को 7-0 से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। भारत की ओर से कप्तान सलीमा टेटे, सुनेलिता टोप्पो, लालरेमसियामी, रुतुजा दादासो पिसल, निकी प्रधान और दीपिका ने गोल किए। सुनेलिता ने दो गोल दागे। सलीमा टेटे ने 17वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद सुनेलिता ने 22वें और 24वें मिनट में दो गोल कर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। लालरेमसियामी ने 26वें मिनट में गोल किया, जबकि रुतुजा ने 29वें मिनट में भारत को 5-0 से आगे कर दिया। तीसरे क्वार्टर में निकी प्रधान ने 35वें मिनट में छठा गोल किया। इसके बाद मैच खत्म होने से पांच मिनट पहले दीपिका ने पेनल्टी कॉर्नर पर शानदार फ्लिक के जरिए भारत का सातवां गोल दागा।

पेनल्टी कॉर्नर में भारत को करना पड़ा संघर्ष
भारत ने पूरे मुकाबले में लगातार दबाव बनाए रखा, लेकिन सिंगापुर की डिफेंस ने शुरुआती क्वार्टर में भारतीय हमलों को रोकने के लिए शानदार बचाव किया। भारत को पहले दो क्वार्टर में 15 पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन टीम इनमें से सिर्फ तीन को गोल में बदल सकी। पहले तीन क्वार्टर तक भारत को कुल 24 पेनल्टी कॉर्नर मिले थे, जिनमें से केवल तीन पर गोल हो सका। इसके बावजूद भारतीय टीम ने लगातार आक्रमण जारी रखा और मुकाबले पर अपनी पकड़ बनाए रखी। इस जीत के साथ भारत ने पूल बी में पांच मैचों में पांच जीत के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। अब भारतीय महिला टीम 30 सितंबर को सेमीफाइनल में कोरिया का सामना करेगी। दूसरे सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन और ओलंपिक रजत पदक विजेता चीन की भिड़ंत मेजबान जापान से होगी।

विज्ञापन
05:29 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: मोहम्मद अफसल ने 800 मीटर फाइनल में बनाई जगह, कृष्ण कुमार चूके

भारत के मोहम्मद अफसल पुलिक्कलकाथ ने पुरुषों की 800 मीटर स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। अफसल अपनी हीट में 1:47.37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे थे और सीधे क्वालीफाई करने से चूक गए थे। हालांकि, वह सभी हीट के बाद सबसे तेज गैर-स्वचालित क्वालीफायर में शामिल रहे और फाइनल के लिए क्वालिफाई कर गए। वहीं, कृष्ण कुमार अपनी 800 मीटर हीट में 1:50.38 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उनका यह प्रदर्शन फाइनल में जगह बनाने के लिए पर्याप्त नहीं रहा और वह प्रतियोगिता से बाहर हो गए।

05:28 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शैली सिंह चौथे स्थान पर रहीं, आखिरी प्रयास में चूका पदक

भारत की शैली सिंह महिला लंबी कूद फाइनल में चौथे स्थान पर रहीं और पदक से चूक गईं। शैली आखिरी प्रयास तक तीसरे स्थान पर बनी हुई थीं, लेकिन चीन की तान मेंगयी ने अपने अंतिम प्रयास में 6.46 मीटर की छलांग लगाकर उन्हें पीछे छोड़ दिया। शैली सिंह का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.42 मीटर रहा। इस तरह भारत को महिला लंबी कूद में दो पदक मिलने की उम्मीद थी, लेकिन एंसी सोजन ही पोडियम पर जगह बना सकीं। बारिश के कारण परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण रहीं, लेकिन स्पर्धा का अंत बेहद रोमांचक रहा।

05:21 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 800 मीटर हीट में तीसरे स्थान पर रहे मोहम्मद अफसल

भारत के मोहम्मद अफसल पुलिक्कलकाथ पुरुषों की 800 मीटर हीट में 1:47.37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इसके साथ ही वह सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करने से चूक गए। अब अफसल को बाकी हीट के नतीजों का इंतजार करना होगा। ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन से चूकने वाले खिलाड़ियों में से दो सबसे तेज धावक फाइनल के लिए आगे बढ़ेंगे। इसलिए अफसल की फाइनल में जगह बाकी हीट के प्रदर्शन पर निर्भर करेगी।

05:19 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: लंबी कूद में एंसी सोजन ने जीता रजत, दो सेंटीमीटर से चूका स्वर्ण

भारत की एंसी सोजन ने महिला लंबी कूद फाइनल में रजत पदक जीता। एंसी ने 6.53 मीटर की छलांग लगाकर स्वर्ण की मजबूत दावेदारी पेश की थी, लेकिन चीन की हुआंग यिंगयिंग ने अपने आखिरी प्रयासों में 6.55 मीटर की छलांग लगाकर उनसे स्वर्ण छीन लिया। एंसी और स्वर्ण पदक के बीच महज दो सेंटीमीटर का अंतर रहा। इस तरह एंसी को रजत से संतोष करना पड़ा। एशियन गेम्स में भारत का महिला लंबी कूद का पिछला स्वर्ण अंजू बॉबी जॉर्ज ने 2002 में जीता था।

05:11 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 100 मीटर बाधा दौड़ में पदक से चूकीं नंदिनी कोंगन

भारत की नंदिनी कोंगन महिला 100 मीटर बाधा दौड़ के फाइनल में पदक हासिल नहीं कर सकीं। उन्होंने 13.45 सेकंड के समय के साथ छठे स्थान पर रेस पूरी की। नंदिनी ने 13.22 सेकंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन फाइनल में वह अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को दोहरा नहीं सकीं।

04:25 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: मुक्केबाजी में भारत को एक और पदक पक्का, नरेंद्र बेरवाल ने क्वार्टर फाइनल जीता

भारत के मुक्केबाज नरेंद्र बेरवाल ने एशियन गेम्स में पुरुषों के +90 किग्रा वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शानदार जीत दर्ज करते हुए देश के लिए एक और पदक पक्का कर दिया है। नरेंद्र ने थाईलैंड के अदथापोंग सेंगटेप को RSC (रेफरी स्टॉप कॉन्टेस्ट) के जरिए हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। इस जीत के साथ नरेंद्र ने भारत के लिए एशियन गेम्स में मुक्केबाजी का एक और पदक सुनिश्चित कर दिया है।

04:14 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष 200 मीटर फाइनल में अनिमेष कुजूर पांचवें स्थान पर, पदक से चूके

भारत के अनिमेष कुजूर का एशियन गेम्स अभियान पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में पांचवें स्थान पर रहने के साथ समाप्त हुआ। अनिमेष ने 20.80 सेकंड का समय दर्ज किया और पदक हासिल नहीं कर सके। थाईलैंड के पुरिपोल बूनसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 19.88 सेकंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। इस दौरान उन्होंने एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। उनकी यह रेस बेहद प्रभावशाली रही।

04:11 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भाला फेंक में तेजस्विन शंकर का तीसरा प्रयास भी रहा कमजोर

तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन के भाला फेंक इवेंट में अपने तीसरे और आखिरी प्रयास में 51.81 मीटर का थ्रो किया। वह अपने दूसरे प्रयास के 53.37 मीटर के प्रदर्शन को बेहतर नहीं कर सके। भाला फेंक की इस स्पर्धा में तेजस्विन पांचवें स्थान पर रहे। यह डेकाथलॉन का नौवां इवेंट था। 

04:07 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष 200 मीटर फाइनल में अनिमेष कुजूर पर नजरें

एशियन गेम्स में अब पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में भारत के अनिमेष कुजूर पर सबकी नजरें हैं। महिला 200 मीटर में हरिता के कांस्य पदक जीतने के बाद अब अनिमेष से भी शानदार प्रदर्शन की उम्मीद है। अनिमेष कुजूर लेन नंबर 8 से दौड़ेंगे। भारतीय धावक की कोशिश इस फाइनल में दमदार प्रदर्शन करते हुए देश के लिए एक और यादगार नतीजा हासिल करने की होगी।

03:59 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला 200 मीटर में हरिता ने जीता कांस्य पदक

भारत की हरिता भद्रा ने महिला 200 मीटर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक अपने नाम किया। 23 वर्षीय हरिता ने रेस में दमदार प्रदर्शन किया और खासकर आखिरी चरण में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए पदक हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन भारतीय एथलेटिक्स के लिए अहम उपलब्धि है। महिलाओं की 200 मीटर फाइनल में उन्नति अयप्पा बोलैंड छठे स्थान पर रहीं।

03:58 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भाला फेंक में तेजस्विन शंकर पांचवें स्थान पर पहुंचे

भारत के तेजस्विन शंकर ने डेकाथलॉन के भाला फेंक मुकाबले में अपने दूसरे प्रयास में 53.37 मीटर का थ्रो किया। यह उनके पहले प्रयास के 46.29 मीटर से काफी बेहतर रहा, जिसके बाद वह शीर्ष-5 में जगह नहीं बना सके थे। दूसरे प्रयास के बाद तेजस्विन पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं। वहीं, उनके करीबी प्रतिद्वंद्वी उज्बेकिस्तान के नोरबाएव नोदिर 62.12 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ भाला फेंक स्पर्धा में शीर्ष पर हैं। हालांकि, डेकाथलॉन की ओवरऑल स्टैंडिंग में तेजस्विन कांस्य पदक की स्थिति में बने हुए हैं, जबकि नोरबाएव चौथे स्थान पर हैं। डेकाथलॉन में अब सिर्फ एक स्पर्धा बाकी है। 1500 मीटर दौड़ इसका आखिरी इवेंट होगा, जिसके बाद पदकों की स्थिति तय होगी।

03:55 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शैली सिंह ने दूसरे प्रयास में सुधारा प्रदर्शन

शैली सिंह ने लंबी कूद के फाइनल में अपने दूसरे प्रयास में 6.34 मीटर की छलांग लगाकर पहले प्रयास के 6.25 मीटर के प्रदर्शन में सुधार किया। हालांकि, इस प्रयास के बाद वह दो चीनी एथलीटों से पीछे रहकर चौथे स्थान पर खिसक गईं। शैली सिंह का व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 6.76 मीटर है और अब उनकी कोशिश अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब पहुंचने की होगी। हालांकि, नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में हल्की बारिश के कारण ट्रैक गीला है, जिससे खिलाड़ियों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण बनी हुई हैं।

03:48 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एंसी सोजन का दूसरा प्रयास फाउल, फिर भी शीर्ष पर कायम

एंसी सोजन का लॉन्ग जंप फाइनल में दूसरा प्रयास फाउल रहा। वह दूसरे प्रयास से पहले दर्शकों से उनका उत्साह बढ़ाने की अपील करती नजर आईं, लेकिन टेक-ऑफ के दौरान वह फाउल लाइन से काफी पहले थीं। हालांकि, एंसी अपने पहले प्रयास में 6.49 मीटर की शानदार छलांग लगाकर अभी भी शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। 

03:46 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: लॉन्ग जंप का फाइनल शुरू

लॉन्ग जंप फाइनल में भारत की एंसी सोजन और शाइली सिंह ने शानदार शुरुआत की है। एंसी सोजन ने अपने पहले प्रयास में 6.49 मीटर की छलांग लगाकर शुरुआत में ही पहला स्थान हासिल कर लिया है। वहीं, शाइली सिंह ने अपने पहले प्रयास में 6.25 मीटर की छलांग लगाई और फिलहाल तीसरे स्थान पर हैं। जापान की सुमिरे हाता ने पहले प्रयास में 6.30 मीटर की छलांग लगाकर दूसरा स्थान हासिल किया है। शुरुआती प्रयासों के बाद भारत की दोनों एथलीट पदक की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं।

03:44 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष वॉलीबॉल टीम ने वियतनाम को 3-0 से हराया

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम ने अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पूल सी के शुरुआती मुकाबले में भारत ने रविवार को वियतनाम को सीधे सेटों में 3-0 से हराया। पार्क एरिना कोमाकी में खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने 25-23, 25-21, 25-20 से जीत दर्ज की। यह मुकाबला एक घंटे और 24 मिनट तक चला। भारत ने पहले सेट में वियतनाम को कड़ी टक्कर के बाद 25-23 से हराया। इसके बाद दूसरे सेट में टीम ने 25-21 से जीत हासिल की, जबकि तीसरे सेट को 25-20 से अपने नाम कर मुकाबला 3-0 से जीत लिया। भारतीय टीम अब सोमवार को हांगकांग के खिलाफ अपना अगला पूल मुकाबला खेलेगी। इसके बाद मंगलवार को भारत का सामना कतर से होगा, जो पूल चरण में उसका अंतिम मुकाबला होगा।

03:33 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंंग में सचिन पुरुषों के 60kg क्वार्टर फाइनल में हारे

सचिन ने तीसरे राउंड में वापसी करने की पूरी कोशिश की। उन्हें चार में से तीन जजों से 10 पॉइंट मिले। लेकिन, शुरुआत के दो खराब राउंड के बाद यह काफी नहीं था। वे शुनसुके किट्टामोटो से 0-5 से हार गए और बॉक्सिंग इवेंट से बाहर हो गए।

02:22 PM, 27-Sep-2026
परवीन

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में दूसरा पदक पक्का

बॉक्सिंग में भारत का एक और पदक पक्का हो गया है। महिलाओं की 65 किग्रा भारवर्ग में भारत की परवीन सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उज्बेकिस्तान की नवबाखोर खामिदोवा को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया। तीनों राउंड में परवीन ने जीत हासिल की और उन्हें 10-10 अंक मिले। इसी के साथ कम से कम कांस्य पदक पक्का हो गया है। हालांकि, वह स्वर्ण जीतने उतरेंगी। इससे पहले आज ही पुरुषों के 80 किग्रा भारवर्ग में अंकुश भी सेमीफाइनल में पहुंचे थे। उन्होंने तजाकिस्तान के नेकरुज को 5-0 से हराया था। आज ही भारत के सचिन सिवाच पुरुषों के 60 किग्रा भारवर्ग में और नरेंद्र 90+ किग्रा भारवर्ग के क्वार्टर फाइनल में उतरेंगे।



02:07 PM, 27-Sep-2026
अनाहत सिंह - फोटो : ANI

Asian Games 2026 Live: अनाहत भी स्वर्ण से चूकीं

भारत ने 32वां पदक जीत लिया है। स्क्वैश में महिला एकल की फाइनल में अनाहत सिंह को मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से 3-0 से हार मिली। सिवांसगारी ने 11-4, 11-4, 11-7 से मैच जीतकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। सिवासंगारी की विश्व रैंकिंग पांच है। वह पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अनाहत के खिलाफ सिवासंगारी ने लगातार तीसरा मैच जीता है। इससे पहले अभय सिंह ने भी स्क्वैश के पुरुष एकल के फाइनल में रजत पदक जीता था। उन्हें मलयेशिया के ही यो अंग इन के खिलाफ 11-9, 11-5, 11-5 से हार का सामना करना पड़ा। अभय 3-0 से हार गए। अंग को स्वर्ण मिला। इस तरह पुरुष और महिला दोनों एकल में मलयेशिया ने स्वर्ण पदक जीता और भारत को रजत मिला। अंग और सिवासंगारी ने 2023 हांगझोउ एशियन गेम्स में इन्हीं स्पर्धा में गोल्ड मेडल जीता था। भारत ने आज अब तक दो पदक जीते हैं और दोनों रजत पदक हैं।





भारत के एशियन गेम्स 2026 में पदक

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
भारत 4 14 14 32
एथलेटिक्स 0 4 4 8
बैडमिंटन 0 0 1 1
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
मिश्रित मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
निशानेबाजी 1 6 4 11
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वैश 0 2 1 3
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशू 0 1 0 1

01:57 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: अनाहत दूसरा गेम भी हारीं

भारत की स्टार स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का महिला एकल के फाइनल में मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से शुरुआती दो गेम में हार मिली है। सिवासंगारी की विश्व रैंकिंग पांच है। वह पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अनाहत से स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं। सिवासंगारी ने पहला गेम 11-4 से जीता था। फिर दूसरा गेम भी 11-4 से अपने नाम किया।

01:50 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: अनाहत पहला गेम हारीं

भारत की स्टार स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का महिला एकल के फाइनल में मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से पहले गेम में हार गईं। सिवासंगारी की विश्व रैंकिंग पांच है। वह पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अनाहत से स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं। सिवासंगारी ने पहला गेम 11-4 से जीता।

01:39 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: अनाहत का मुकाबला शुरू

भारत की स्टार स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह का महिला एकल के फाइनल में मलयेशिया की सिवासंगारी सुब्रमणयम से मुकाबला जारी है। सिवासंगारी की विश्व रैंकिंग पांच है। वह पिछले एशियन गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट हैं। अनाहत से स्वर्ण पदक की उम्मीदें हैं।

01:20 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: स्वर्ण से चूके अभय सिंह

भारत को आज का पहला पदक मिला है। अभय सिंह ने स्क्वैश के पुरुष एकल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। फाइनल में उन्हें मलयेशिया के यो अंग इन के खिलाफ 11-9, 11-5, 11-5 से हार का सामना करना पड़ा। अभय 3-0 से हार गए। अंग को स्वर्ण मिला। यह भारत का इन एशियाई खेलों में 31वां पदक है। वहीं, स्क्वैश में दूसरा पदक है। इससे पहले जोशना चिनप्पा और सेंथिलकुमार ने मिक्स्ड डबल्स में कांस्य जीता था। अब कुछ देर में अनाहत सिंह महिला एकल के फाइनल में उतरेंगी। उनसे स्वर्ण की उम्मीदें होंगी।

भारत के एशियन गेम्स 2026 में पदक

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
भारत 4 13 14 31
एथलेटिक्स 0 4 4 8
बैडमिंटन 0 0 1 1
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
मिश्रित मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
निशानेबाजी 1 6 4 11
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वैश 0 1 1 2
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशू 0 1 0 1

01:06 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शुरुआती दो गेम हारे अभय

अभय सिंह स्क्वैश के पुरुष एकल के फाइनल में शुरुआती दो गेम हार चुके हैं। एक गेम हारने पर उनका स्वर्ण जीतने का सपना टूट जाएगा। मलयेशिया के यो अंग इन ने अब शानदार खेल दिखाया है और पहला गेम 11-9 से जीतने के बाद दूसरा गेम 11-5 से अपने नाम किया। इस स्पर्धा में बेस्ट ऑफ-5 होता है। यानी तीन गेम जीतने वाला खिलाड़ी मैच जीतता है। अभय दो गेम हार चुके हैं।

12:46 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: स्क्वैश फाइनल में यो के दबाव में अभय, पहले गेम में 3-6 से पीछे

स्क्वैश के फाइनल में भारत के अभय सिंह और मलयेशिया के यो अंग इन के बीच कड़ा मुकाबला चल रहा है। शुरुआती गेम में दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिल रही हैं। अभय एक मौके का फायदा नहीं उठा सके, जिसके बाद यो ने 4-3 की बढ़त बना ली। मलयेशियाई खिलाड़ी ने दबाव बढ़ाया और एक शानदार प्लेसमेंट के जरिए बढ़त 5-3 कर दी। एक और लंबी रैली के बाद यो ने स्कोर 6-3 कर लिया है। अभय के लिए यह मुकाबला आसान नहीं है। पीएसए टूर पर वह अब तक यो को हरा नहीं पाए हैं। दोनों के बीच हुए चार मुकाबलों में मलयेशियाई खिलाड़ी ने सभी में जीत दर्ज की है। इस लिहाज से अभय के सामने इतिहास बदलने की चुनौती है।

12:45 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: वॉलीबॉल में भगवा रंग में दिखी भारतीय टीम, वियतनाम के खिलाफ तेज शुरुआत

क्या भारतीय वॉलीबॉल टीम भी हॉकी टीमों की तरह भगवा रंग की जर्सी में खेल रही है? वियतनाम के खिलाफ मुकाबले में भारतीय खिलाड़ियों की जर्सी नारंगी रंग की नजर आ रही है। भारत ने मुकाबले की शुरुआत भी तेज की है और शुरुआती दौर में 3-0 की बढ़त बना ली है। भारतीय पुरुष वॉलीबॉल टीम एशियन गेम्स में अपने अभियान की शुरुआत वियतनाम के खिलाफ कर रही है। यह मुकाबला पूल सी में खेला जा रहा है। भारत ने शुरुआत में ही दबाव बनाया और लगातार अंक हासिल करते हुए 3-0 की बढ़त ले ली है।

12:23 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में ट्रैप में भारतीय पुरुष टीम सातवें स्थान पर

शूटिंग के पुरुष ट्रैप इवेंट में भारतीय निशानेबाजों का प्रदर्शन फिलहाल औसत रहा है। व्यक्तिगत वर्ग में किनान चेनाई 47 अंकों के साथ 11वें स्थान पर हैं। शपथ भारद्वाज 45 अंकों के साथ 22वें, जबकि अहवर रिजवी 41 अंकों के साथ 35वें स्थान पर हैं। पुरुष ट्रैप की टीम स्टैंडिंग में भारत की दोनों टीमें फिलहाल सातवें स्थान पर हैं। हालांकि, मुकाबले में अभी दो दिन का खेल बाकी है, ऐसे में भारतीय निशानेबाजों के पास अपनी स्थिति में सुधार करने का मौका है। ट्रैप इवेंट में अभी दो दिन की प्रतियोगिता शेष है। भारतीय निशानेबाज आने वाले दौर में बेहतर प्रदर्शन के साथ पदक की दौड़ में वापसी की कोशिश करेंगे।

12:21 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में रिकर्व की पुरुष और महिला टीम सेमीफाइनल में

भारत ने रिकर्व वर्ग के क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुष और महिला दोनों टीमों के साथ सेमीफाइनल में जगह बना ली है। पुरुष टीम ने चीन को 5-1 से हराया, जबकि महिला टीम ने चीनी ताइपे को 6-0 से शिकस्त दी। भारतीय पुरुष रिकर्व टीम ने क्वार्टर फाइनल में चीन के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। भारत ने यह मुकाबला 5-1 से अपने नाम करते हुए सेमीफाइनल का टिकट कटाया। महिला रिकर्व टीम ने चीनी ताइपे के खिलाफ एकतरफा मुकाबला खेला। भारतीय टीम ने 6-0 से जीत दर्ज की और अंतिम चार में अपनी जगह पक्की की। इन दोनों जीत के साथ भारत की पुरुष, महिला और मिक्स्ड रिकर्व टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। तीनों टीमों के सेमीफाइनल मुकाबले 2 अक्टूबर, 2027 को खेले जाएंगे। आज के लिए तीरंदाजी का एक्शन यहीं खत्म हो गया है। अब कल से कंपाउंड के व्यक्तिगत मुकाबलों की शुरुआत होगी।


12:20 PM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर नौवें स्थान पर, भारत का अभियान एक पदक के साथ खत्म

भारत का एशियन गेम्स में वेटलिफ्टिंग अभियान खत्म हो गया है। महिला 69 किलोग्राम वर्ग में हरजिंदर कौर कुल 204 किलोग्राम वजन उठाकर नौवें स्थान पर रहीं। हरजिंदर ने स्नैच राउंड में तीन प्रयास किए, लेकिन वह 94 किलोग्राम से आगे नहीं बढ़ सकीं। इसके बाद क्लीन एंड जर्क में उन्होंने सिर्फ एक प्रयास किया और 110 किलोग्राम वजन उठाया। दोनों राउंड को मिलाकर हरजिंदर का कुल वजन 204 किलोग्राम रहा और उन्हें नौवें स्थान से संतोष करना पड़ा। भारत के वेटलिफ्टर एशियन गेम्स से एक पदक के साथ लौटेंगे। यह पदक स्टार वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने जीता। हरजिंदर के नौवें स्थान पर रहने के साथ भारत का वेटलिफ्टिंग अभियान अब समाप्त हो गया है।


 

11:13 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में भारत का सफर समाप्त

बैडमिंटन में भारत का सफर आज समाप्त हो गया। भारत बैडमिंटन में चार स्पर्धाओं में क्वार्टर फाइनल से बाहर हुआ। पीवी सिंधू को भी क्वार्टर में चीन की विश्व नंबर-4 चेन यू फेई के खिलाफ 21-11, 18-21, 10-21 से हार का सामना करना पड़ा। सिंधू ने पहला गेम जीता था, लेकिन उसके बाद दो गेम हारकर बाहर हो गईं। इससे पहले उन्नति हूडा को क्वार्टर फाइनल में जापान की अकाने यामागुची के खिलाफ हार मिली। वहीं, मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला को दुनिया की नंबर एक जोड़ी चीन के फेंग यान्झे और हुआंग डोंगपिंग से हार मिली। महिला डबल्स में वर्ल्ड चैंपियनशिप की ब्रॉन्ज मेडलिस्ट त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को दुनिया की नंबर पांच जोड़ी मलयेशिया की पर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन से हार मिली। एशियाई खेलों में बैडमिंटन में भारत को निराशा मिली है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

10:42 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: दूसरा गेम हारीं सिंधू

पहला गेम 21-11 से जीतने के बाद सिंधू दूसरे गेम में 21-18 से हार गई हैं। अब मुकाबला तीसरे और निर्णायक गेम में जा चुका है। जीतने वाली खिलाड़ी सेमीफाइनल में पहुंचेगी और पदक पक्का हो जाएगा।

10:40 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में पीवी सिंधू बनाम चेन यूफेई

भारत की बैडमिंटन में आखिरी बची उम्मीद पीवी सिंधू एशियन गेम्स के महिला एकल क्वार्टर फाइनल में उतर चुकी हैं। उनका सामना दुनिया की नंबर चार खिलाड़ी चीन की चेन यूफेई से हो रहा है। सिंधू अगर यह मुकाबला जीत लेती हैं तो महिला एकल में भारत का पदक पक्का हो जाएगा। पीवी सिंधू ने मुकाबले की शानदार शुरुआत की है। उन्होंने चेन यूफेई को पहले गेम में 21-11 से हराकर बढ़त बना ली है। सिंधू ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और आसानी से पहला गेम अपने नाम किया। इस मुकाबले का लाइव प्रसारण उपलब्ध नहीं है। ऐसे में मुकाबले से जुड़े पल-पल के अपडेट के लिए हमारे साथ बने रहें।

10:36 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: हरजिंदर का स्नैच राउंड खत्म

भारोत्तोलन में महिलाओं के 69 किग्रा भारवर्ग में भारत की हरजिंदर कौर का सिर्फ एक प्रयास लीगल हो सका। उन्होंने अपने पहले प्रयास में 94 किलो वजन उठाया था। इसके बाद अन्य दो प्रयासों में उन्होंने 97 किलो उठाने की कोशिश की, लेकिन कामयाब नहीं हो सकीं। वह फिलहाल सातवें स्थान पर हैं।

10:15 AM, 27-Sep-2026
हरजिंदर कौर - फोटो : PTI

Asian Games 2026 Live: वेटलिफ्टिंग में हरजिंदर कौर की नजर पदक पर

भारत की हरजिंदर कौर आज महिला 69 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में पदक जीतने के इरादे से उतरी हैं। वह मीराबाई चानू के नक्शेकदम पर चलते हुए भारत के लिए पदक जीतना चाहेंगी। फाइनल में उनके सामने मजबूत खिलाड़ियों की चुनौती होगी। एलेक्सा मीना ने प्रतियोगिता की शुरुआत कर दी है। उन्होंने स्नैच में 82 किलोग्राम वजन उठाया है। अब वह 85 किलोग्राम के प्रयास के लिए तैयार हैं।

10:12 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: उन्नति हूडा भी बाहर

बैडमिंटन से बुरी खबर आ रही है। मिक्स्ड डबल्स में तनीषा क्रास्टो-ध्रुव कपिला की जोड़ी और महिला डबल्स में त्रिशा जॉली-गायत्री गोपीचंद की जोड़ी के बाद महिला एकल में उन्नति हूडा भी क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई हैं। उन्नति हूडा को क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर तीन जापान की अकाने यामागुची ने 21-16, 14-21, 21-17 से हराया। बैडमिंटन में अब बस पीवी सिंधू से उम्मीदें बची हैं। वह भी आज क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगी।

10:04 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: श्रीशंकर और सोलोमन लॉन्ग जंप के फाइनल में पहुंचे

भारत के मुरली श्रीशंकर और डेविड सोलोमन पट्टूराज लॉन्ग जंप के फाइनल के लिए क्वालिफाई कर लिया है। हालांकि, दोनों में से कोई क्वालिफिकेशन मार्क हासिल नहीं कर सका। क्वालिफिकेशन मार्क आठ मीटर का था। क्वालिफिकेशन मार्क सिर्फ एक एथलीट पार कर पाया। उज्बेकिस्तान के अनवर अनवारोव ने आठ मीटर का जंप लगाया। नियम के मुताबिक या तो क्वालिफिकेशन मार्क पार करना होता है, या फिर सर्वश्रेष्ठ छलांग लगाने वाले शीर्ष-12 एथलीट्स फाइनल्स में जाते हैं। श्रीशंकर इन 12 एथलीट्स में आए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 7.84 मीटर का रहा। वहीं, सोलोमन भी इन्हीं 12 एथलीट्स में आए। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 7.62 मीटर का रहा।


09:58 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: उन्नति-यामागुची का निर्णायक गेम रोमांचक, भारतीय खिलाड़ी 8-11 से पीछे

उन्नति हूडा और विश्व नंबर-3 अकाने यामागुची के बीच क्वार्टर फाइनल का निर्णायक गेम रोमांचक हो गया है। ब्रेक के समय उन्नति 8-11 से पीछे चल रही हैं। हालांकि, ब्रेक के बाद उन्नति उस तरफ से खेलेंगी, जहां से उन्होंने दूसरा गेम जीता था। दूसरी ओर, यामागुची भी चोट से परेशान नजर आ रही हैं और कोर्ट पर उनकी मूवमेंट पहले जैसी नहीं दिख रही है। पहला गेम यामागुची ने 21-16 से जीता था, जबकि दूसरा गेम उन्नति ने 21-14 से अपने नाम किया।

09:54 AM, 27-Sep-2026
अंकुश - फोटो : IANS

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में अंकुश सेमीफाइनल में, पदक किया पक्का

बॉक्सिंग में पुरुषों के 80 किग्रा भारवर्ग में भारत के अंकुश पंघाल सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में ताजिकिस्तान के नेकरुज सालिमोव को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया। तीनों राउंड अंकुश जीतने में कामयाब रहे और सेमीफाइनल में पहुंच गए। इसी के साथ अंकुश ने भारत के लिए मुक्केबाजी में पदक पक्का कर लिया है। 

09:52 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में उन्नति हूडा ने यामागुची को चौंकाया, स्कोर 1-1

उन्नति हूडा ने शानदार वापसी करते हुए विश्व नंबर-3 अकाने यामागुची को क्वार्टर फाइनल के दूसरे गेम में हरा दिया। थकान से जूझने के बावजूद उन्नति ने दमदार खेल दिखाया और दूसरा गेम 21-14 से अपने नाम किया। पहला गेम यामागुची ने 21-16 से जीता था। इस जीत के साथ मुकाबला अब निर्णायक तीसरे गेम में पहुंच गया है। हालांकि, उन्नति के लिए चुनौती आसान नहीं होगी, क्योंकि वह पहले दो गेम के बाद काफी थकान से जूझ रही हैं। अगर उन्नति यह मुकाबला जीत जाती हैं तो एशियन गेम्स 2026 में उनका पदक पक्का हो जाएगा।

09:41 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग के ट्रैप में नीरू शीर्ष पर, टीम स्पर्धा में भारत दूसरे स्थान पर

महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन और टीम फाइनल के पहले दिन का खेल खत्म हो गया है। भारत की नीरू ने शानदार प्रदर्शन किया और 48 अंक के साथ व्यक्तिगत तालिका में शीर्ष स्थान हासिल किया है। भारत की मनीषा अहलावत 16वें और मनीषा कीर 24वें स्थान पर हैं। टीम स्पर्धा में भारत 130 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है। चीन 136 अंक के साथ शीर्ष पर है।

09:27 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एथलेटिक्स में श्रीशंकर और सोलोमन को एक और मौका

मुरली श्रीशंकर और डेविड सोलोमन अपनी पहली छलांग में सीधे क्वालिफिकेशन मार्क हासिल नहीं कर सके, लेकिन दोनों को आगे एक और मौका मिलेगा। श्रीशंकर ने 7.67 मीटर, जबकि सोलोमन ने 7.61 मीटर की छलांग लगाई। लंबी कूद के फाइनल के लिए स्वत: क्वालिफिकेशन मार्क 7.90 मीटर है। हालांकि, दोनों खिलाड़ी अभी प्रतियोगिता से बाहर नहीं हुए हैं और उनके पास क्वालिफाई करने के लिए और प्रयास बाकी हैं।



09:26 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में उन्नति हूडा ने दी टक्कर, यामागुची ने जीता पहला गेम

उन्नति हूडा ने विश्व नंबर-3 अकाने यामागुची के खिलाफ अच्छी टक्कर दी, लेकिन जापानी खिलाड़ी की रफ्तार और कोर्ट कवरेज के सामने उन्हें परेशानी हुई। उन्नति की फिटनेस भी इस गेम में चर्चा का विषय रही। यामागुची के लगातार ड्रॉप शॉट उन्नति के लिए परेशानी बने रहे। हालांकि, भारतीय खिलाड़ी ने जोरदार वापसी की कोशिश की, लेकिन अंत में उन्हें पहला गेम 16-21 से गंवाना पड़ा।

 

09:24 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एथलेटिक्स में महिलाओं की बाधा दौड़ में भारत को डबल खुशी

भारत की विथ्या रामराज और अनु राघवन ने महिलाओं की बाधा दौड़ के फाइनल में जगह बना ली है। विथ्या रामराज ने 55.73 सेकंड के सीजन के सर्वश्रेष्ठ समय के साथ अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया और फाइनल का टिकट कटाया। उनसे आगे कजाखस्तान की अदेलिना जेम्स रहीं, जिन्होंने अपना नया व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय दर्ज किया। वहीं, अनु राघवन ने भी अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल कर फाइनल में जगह बनाई। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 0.7 सेकंड बेहतर किया। अब फाइनल में अनु के साथ विथ्या भी भारत की चुनौती पेश करेंगी।


09:23 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एथलेटिक्स में लंबी कूद में श्रीशंकर की 7.67 मीटर की छलांग

मुरली श्रीशंकर पुरुष लंबी कूद की हीट में उतर चुके हैं। उन्होंने अपनी शुरुआत 7.67 मीटर की छलांग के साथ की। उनके स्तर के हिसाब से यह औसत शुरुआत है। उन्होंने 2026 राष्ट्रमंडल खेलों में अपने अभियान की शुरुआत 8.00 मीटर की छलांग के साथ की थी। तमिलनाडु के डेविड सोलोमन भी इस स्पर्धा में हिस्सा ले रहे हैं। उन्होंने अपनी पहली कोशिश में 7.61 मीटर की छलांग लगाई।

09:20 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: घुड़सवारी में भारत का अभियान बिना पदक खत्म

एशियन गेम्स 2026 में घुड़सवारी में भारत का अभियान बिना पदक के खत्म हो गया। पुरुष व्यक्तिगत ड्रेसाज फाइनल में भारत के विपुल छेड़ा आठवें और जय सूद नौवें स्थान पर रहे। भारत ने एशियन गेम्स 2022 में घुड़सवारी में दो पदक जीते थे। टीम ड्रेसाज स्पर्धा में भारत ने स्वर्ण पदक जीता था, जबकि अनुष अग्रवाला ने कांस्य पदक अपने नाम किया था। अनुष उस स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन एशियन गेम्स 2026 के लिए उनका चयन नहीं हुआ।


 

09:20 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में क्वार्टर फाइनल में उन्नति हूडा के सामने यामागुची

युवा भारतीय खिलाड़ी उन्नति हूडा महिला एकल के क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर-3 अकाने यामागुची के खिलाफ खेल रही हैं। उन्नति के लिए यह मुकाबला आसान नहीं होगा, लेकिन वह अपने खेल से चौंकाने की क्षमता रखती हैं। ऐसे में मुकाबले में कुछ भी संभव है।
 

09:19 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: कुराश में भारत का अभियान बिना पदक खत्म

कुराश में भारत के लिए निराशाजनक खबर है। भारतीय दल के सभी खिलाड़ी पदक मुकाबलों से पहले ही बाहर हो गए हैं। इसके साथ ही इस खेल में भारत का अभियान बिना पदक के खत्म हो गया।
 

08:52 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: डेकाथलॉन में डिस्कस थ्रो में तेजस्विन का खराब प्रदर्शन, तीसरे स्थान पर खिसके

तेजस्विन शंकर के लिए डिस्कस थ्रो में प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। उनका सर्वश्रेष्ठ प्रयास 36.77 मीटर का रहा, जिससे वह इस स्पर्धा में सातवें स्थान पर रहे। इसके साथ ही तेजस्विन कुल 5869 अंक के साथ डेकाथलॉन की ओवरऑल तालिका में तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। चीन के चेन शिंगहुआ और जापान के युमा मारुयामा अब उनसे आगे हैं।

08:47 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: डेकाथलॉन में डिस्कस थ्रो में तेजस्विन के प्रदर्शन में गिरावट

तेजस्विन शंकर के डिस्कस थ्रो अब तक उनके सामान्य प्रदर्शन के मुताबिक नहीं रहे हैं। वह 36 मीटर से अधिक की दूरी तक थ्रो कर रहे हैं, जबकि बाकी प्रतियोगी 40 मीटर का आंकड़ा पार करने की कोशिश में हैं। यहां अपने सबसे करीबी प्रतिद्वंद्वी के मुकाबले तेजस्विन के समय और अंक दिए गए हैं।

08:46 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में भारत की मिक्स्ड रिकर्व और कंपाउंड टीमें सेमीफाइनल में

पुरुष और महिला कंपाउंड टीमों के बाद भारत की मिक्स्ड रिकर्व और कंपाउंड टीमों ने भी सेमीफाइनल में जगह बना ली है। दोनों जोड़ियां अब स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी। धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोड़ की रिकर्व मिक्स्ड जोड़ी ने शानदार फॉर्म जारी रखते हुए वियतनाम को 6-0 से हराया। वहीं, कंपाउंड मिक्स्ड टीम में तनिपर्थी चिकिता और साहिल राजेश जाधव ने कजाखस्तान को कड़े मुकाबले में 159-154 से हराया। मुकाबले की शुरुआत में दोनों टीमें बराबरी पर थीं, लेकिन भारतीय जोड़ी ने बाद में बढ़त बनाकर जीत हासिल की।



08:45 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: डेकाथलॉन में तेजस्विन शंकर दूसरे स्थान पर

भारत के तेजस्विन शंकर पुरुष डेकाथलॉन में फिलहाल डिस्कस थ्रो में हिस्सा ले रहे हैं। तेजस्विन को इस स्पर्धा में स्वर्ण पदक का दावेदार माना जा रहा है। वह अभी दूसरे स्थान पर हैं। चीन के चेन शिंगहुआ उनसे आगे हैं, लेकिन दोनों के बीच 50 अंक से भी कम का अंतर है।

08:09 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: डेकाथलॉन में तौफीक नौशाद नहीं उतरे

भारत के तौफीक नौशाद आज पुरुष डेकाथलॉन में हिस्सा लेने नहीं उतरे। वहीं, भारत के तेजस्विन शंकर ने सुबह 110 मीटर बाधा दौड़ की हीट में हिस्सा लिया और तीसरे स्थान पर रहे। तौफीक ने कल पुरुष डेकाथलॉन की 400 मीटर दौड़ में हिस्सा लिया था। इस दौरान उन्हें मांसपेशियों में खिंचाव जैसा महसूस हुआ था। वह लंगड़ाते हुए ट्रैक से बाहर गए थे। इसके बाद से उनकी स्थिति को लेकर कोई अपडेट सामने नहीं आया है।

08:08 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: रिकर्व टीम अगले दौर में, कंपाउंड मिक्स्ड टीम ने एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ा

भारतीय तीरंदाज शानदार फॉर्म में हैं। रिकर्व मिक्स्ड टीम में धीरज बोम्मादेवरा और कुमकुम अनिल मोहोड़ की जोड़ी ने यूएई को 6-0 से हराकर अगले दौर में जगह बना ली है। वहीं, कंपाउंड मिक्स्ड टीम में तनिपर्थी चिकिता और साहिल राजेश जाधव ने मंगोलिया के खिलाफ मुकाबले के दौरान एशियन गेम्स रिकॉर्ड तोड़ दिया और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी की। भारतीय जोड़ी ने यह मुकाबला 160-146 से जीतकर क्वार्टर फाइनल में जगह पक्की कर ली।



07:52 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला मैराथन रेस वॉक में मंजू रानी पांचवें स्थान पर

भारत के लिए अपेक्षित नतीजा नहीं रहा। मंजू रानी ने महिला मैराथन रेस वॉक में 3:40:17 के समय के साथ पांचवें स्थान पर अपना अभियान समाप्त किया। प्रियंका को शुरुआत में ही अयोग्य घोषित कर दिया गया, जिसके कारण भारत ने इस स्पर्धा में आखिरी दो स्थानों पर रहते हुए अभियान समाप्त किया। कजाखस्तान की यासमीना तोक्सानबायेवा ने 3:22:20 के समय के साथ स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

07:43 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में ईशा सिंह आगे, मनु भाकर नौवें स्थान पर

ईशा सिंह ने शानदार शुरुआत की है। पहली प्रिसीजन सीरीज में 99 अंक हासिल कर वह शीर्ष स्थान पर पहुंच गई हैं। वहीं, बाकी निशानेबाजों के धीरे-धीरे मुकाबले में आने के साथ मनु भाकर फिलहाल नौवें स्थान पर हैं।

07:38 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तेजस्विन शंकर 110 मीटर बाधा दौड़ में तीसरे, डेकाथलॉन में शीर्ष पर

भारत के तेजस्विन शंकर ने पुरुष डेकाथलॉन की 110 मीटर बाधा दौड़ में हीट-1 में 14.33 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं, थोफीक नौशाद ने रेस में हिस्सा नहीं लिया। तेजस्विन फिलहाल डेकाथलॉन की कुल तालिका में 5270 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं।



07:31 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में त्रिशा-गायत्री, तनीषा-ध्रुव हारे

भारत को बैडमिंटन से दो निराश करने वाली खबर मिली है। गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की महिला डबल्स की जोड़ी क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गई हैं। उन्हें विश्व नंबर तीन महिला जोड़ी मलयेशिया की पियरली कूंग ली और थिनाह मुरलीधरन की जोड़ी ने लगातार गेमों में हराया। त्रिशा-गायत्री को मलयेशियाई जोड़ी ने 21-18, 21-9 से शिकस्त दी। 

वहीं, ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की मिक्स्ड डबल्स की जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में विश्व नंबर एक जोड़ी चीन की यान झे फेंग और डोंगपिंग हुआंग की जोड़ी ने 21-14, 18-21, 21-18 से हराया। इस तरह भारत की ये दोनों जोड़ी एशियन गेम्स से बाहर हो गईं और पदक से चूक गईं।  



07:31 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: त्रिशा-गायत्री मुश्किल में, दूसरे गेम में 4-11 से पीछे

त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद के लिए महिला युगल क्वार्टर फाइनल में मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। मलेशिया की पेर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन ने दूसरे गेम में दबदबा बना रखा है। गायत्री अपने बैकहैंड से जुड़ी परेशानियों से उबरने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन मलेशियाई जोड़ी फिलहाल बेहतर खेल रही है। पहले गेम में शानदार स्मैश और चतुर ड्रॉप शॉट लगाने वाली ट्रीसा भी कोर्ट के दूसरे छोर पर ड्रिफ्ट के कारण शॉट सही जगह नहीं लगा पा रही हैं। भारत दूसरे गेम में 4-11 से पीछे है। मुकाबले को निर्णायक गेम तक ले जाने के लिए त्रिशा और गायत्री को यह गेम जीतना जरूरी है।

07:29 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: त्रिशा-गायत्री ने गंवाया पहला गेम, ध्रुव-तनिषा भी पीछे

त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद को महिला युगल क्वार्टर फाइनल में पहला गेम गंवाना पड़ा है। मलेशिया की पेर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन ने 22 मिनट चले मुकाबले में भारतीय जोड़ी को 21-18 से हराया। पहले गेम के आखिरी मिनटों में दोनों जोड़ियों के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। त्रिशा ने अपने दमदार स्मैश से दबाव बनाया, लेकिन मलेशियाई जोड़ी ने शानदार डिफेंस करते हुए वापसी के मौके कम दिए। भारत ने 18-20 के स्कोर पर अंतर घटाया, लेकिन थिनाह ने शानदार स्मैश के साथ मलेशिया को मुश्किल से बाहर निकाला। वहीं, ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो निर्णायक तीसरे गेम में 6-11 से पीछे चल रहे हैं। अब भारतीय जोड़ी को कोर्ट के उस हिस्से में जाना होगा, जहां ड्रिफ्ट का असर काफी ज्यादा है। ऐसे में यहां से वापसी करना उनके लिए बड़ी चुनौती होगी।

07:08 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: ध्रुव-तनिषा ने विश्व नंबर-1 को चौंकाया, दूसरा गेम जीता

ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो ने मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में शानदार वापसी की है। चीन की विश्व नंबर-1 जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंगपिंग के खिलाफ भारतीय जोड़ी ने दूसरा गेम 21-18 से जीत लिया। अब मुकाबला निर्णायक तीसरे गेम में पहुंच गया है। चीनी जोड़ी तीसरे गेम की शुरुआत कोर्ट के चुनौतीपूर्ण हिस्से से करेगी। ऐसे में ध्रुव और तनिषा को शुरुआती हिस्से में आसान अंक गंवाने से बचना होगा। अगर भारतीय जोड़ी यह मुकाबला जीतती है तो यह इस साल इस वर्ग के सबसे बड़े उलटफेरों में से एक होगा।

06:58 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में मनु भाकर पांचवें स्थान पर, शीर्ष तीन में पहुंचने पर नजर

मनु भाकर ने अपनी पहली तीन सीरीज में कुल 287 अंक हासिल किए हैं और वह फिलहाल पांचवें स्थान पर हैं। अब उनकी नजर बाकी तीन सीरीज में बेहतर प्रदर्शन कर शीर्ष तीन में जगह बनाने पर होगी। चीन की निशानेबाजों ने अभी प्रतियोगिता में निशाना नहीं साधा है। ऐसे में मनु पर दबाव रहेगा कि वह अपनी स्थिति मजबूत करें और पदक की दौड़ में बनी रहें।

06:57 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: त्रिशा जॉली-गायत्री गोपीचंद एक्शन में, विश्व नंबर-3 जोड़ी से मुकाबला

भारत की महिला युगल जोड़ी ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद क्वार्टर फाइनल में एक्शन में हैं। उनका सामना विश्व नंबर-3 जोड़ी पेर्ली टैन और थिनाह मुरलीधरन से हो रहा है। त्रिशा और गायत्री हाल के समय में मजबूत प्रतिद्वंद्वियों के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन करती रही हैं। हाल ही में संपन्न विश्व चैंपियनशिप में दोनों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीता था। इस मुकाबले में ट्रीसा अपने दमदार स्मैश से दबाव बनाने की कोशिश कर रही हैं और फिलहाल दोनों जोड़ियों के बीच मुकाबला काफी कड़ा चल रहा है।

06:52 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: कुराश में संगीता का सफर राउंड ऑफ-32 में खत्म, भारत को झटका

कुराश में भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। महिला 57 किग्रा वर्ग के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में संगीता को फिलीपींस की चार्मिया क्वेलिनो के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ संगीता का एशियन गेम्स में सफर समाप्त हो गया। अब भारती राउंड ऑफ-16 मुकाबले में भारत की चुनौती पेश करेंगी।

06:50 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एशियन गेम्स लाइव: ध्रुव-तनिषा ने गंवाया पहला गेम, चीन की नंबर-1 जोड़ी 1-0 से आगे

मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में ध्रुव कपिला और तनिषा क्रास्टो को चीन की विश्व नंबर-1 जोड़ी फेंग यान झे और हुआंग डोंगपिंग के खिलाफ पहले गेम में हार का सामना करना पड़ा है। भारतीय जोड़ी ने 21 मिनट चले गेम में 14-21 से शिकस्त झेली। मुकाबले की शुरुआत से ही भारतीय जोड़ी के लिए चुनौती मुश्किल रही है। हालांकि, एशियन गेम्स में कोर्ट के एक हिस्से पर ड्रिफ्ट का असर देखने को मिला है, इसलिए दूसरे गेम में परिस्थितियां बदल सकती हैं। अब ध्रुव और तनिषा की नजर वापसी पर होगी।

06:50 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सर्फिंग में सिवराज बाबू ने भी जीती हीट, भारतीय सर्फर्स का परफेक्ट स्टार्ट

भारत के सर्फर्स ने रविवार को शानदार शुरुआत की है। सिवराज बाबू ने पुरुषों के राउंड-2 की अपनी हीट जीत ली है। उन्होंने ईरान के दावूद खदिर को 8.96-3.60 से हराया। इस जीत के साथ कमाली मूर्ति और शुगर शांति बनारसे के बाद सिवराज ने भी अपनी हीट में पहला स्थान हासिल किया। यानी आज एक्शन में उतरे तीनों भारतीय सर्फर्स ने जीत के साथ शुरुआत की है। कमाली मूर्ति और शुगर शांति बनारसे का एक्शन अभी खत्म नहीं हुआ है। दोनों भारतीय सर्फर्स आज ही तीसरे दौर की हीट में उतरेंगी और अगले दौर में जगह बनाने की कोशिश करेंगी।

06:32 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बैडमिंटन में तनिषा क्रास्टो-ध्रुव कपिला क्वार्टर फाइनल में, चीन की नंबर-1 जोड़ी से मुकाबला

भारत के लिए बैडमिंटन में पदक की दौड़ शुरू हो गई है। तनिषा क्रास्टो और ध्रुव कपिला की जोड़ी मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल में चीन की विश्व नंबर-1 जोड़ी हुआंग डोंगपिंग और फेंग यान झे के खिलाफ खेल रही है। पहले गेम में भारतीय जोड़ी फिलहाल 12-16 से पीछे चल रही है। पदक की दौड़ में बने रहने के लिए तनिषा और ध्रुव को यहां से वापसी करनी होगी।

06:31 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में मनु भाकर की वापसी, 25 मीटर पिस्टल में शानदार शुरुआत

10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद मनु भाकर एक बार फिर एक्शन में हैं। वह 25 मीटर पिस्टल की व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन और टीम प्रिसिजन स्टेज में निशाना साध रही हैं। मनु ने इस स्पर्धा में अच्छी शुरुआत की है और फिलहाल व्यक्तिगत वर्ग में पांचवें स्थान पर चल रही हैं। उनके साथ ईशा सिंह और राही सरनोबत भी भारतीय चुनौती पेश कर रही हैं। टीम प्रिसिजन स्टेज में भी तीनों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

06:30 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत की दोनों कंपाउंड टीमें सेमीफाइनल में, दक्षिण कोरिया से होगी टक्कर

भारत की पुरुष और महिला दोनों कंपाउंड तीरंदाजी टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं। क्वार्टर फाइनल में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पुरुष टीम ने भूटान को 235-232 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। अब सेमीफाइनल में उसका सामना दक्षिण कोरिया से होगा। कोरियाई टीम ने क्वार्टर फाइनल में ईरान के खिलाफ 240 में से 239 अंक हासिल किए। महिला टीम को कजाकिस्तान के खिलाफ क्वार्टर फाइनल में शुरुआत में तीन अंकों की बढ़त गंवानी पड़ी। हालांकि, भारतीय तीरंदाजों ने जोरदार वापसी करते हुए मुकाबला 233-230 से अपने नाम किया और सेमीफाइनल का टिकट कटाया। महिला टीम का भी सेमीफाइनल में दक्षिण कोरिया से ही सामना होगा। कोरियाई टीम ने टाई-ब्रेकर में थाईलैंड को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

06:28 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सर्फिंग में कमाली और शुगर शांति ने जीती अपनी-अपनी हीट, भारत का शानदार आगाज

सर्फिंग में कल खिलाड़ियों को एक दिन से ज्यादा समय तक इंतजार करना पड़ा था, जिसके बाद मुकाबले शुरू हुए। हालांकि, इसका असर कमाली मूर्ति और शुगर शांति बनारसे के प्रदर्शन पर नहीं पड़ा। दोनों भारतीय खिलाड़ियों ने राउंड-2 की अपनी-अपनी हीट में पहला स्थान हासिल किया। कमाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिंगापुर की कैमिली मैरी को 7.57-4.50 से हराया। वहीं, शुगर शांति ने चीनी ताइपे की वान-यू चेन को 7.33-5.40 से मात दी। अब पुरुषों के राउंड-2 में सिवराज बाबू भारत की चुनौती पेश करेंगे।



06:28 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: एथलेटिक्स में मंजू रानी को तीसरा कार्ड, अब एक और कार्ड मिला तो होंगी अयोग्य

मंजू रानी को महिलाओं की मैराथन रेस वॉक में तीसरा कार्ड मिल गया है। इसके बाद उन्हें पेनल्टी भी झेलनी होगी। यह भारत की पदक उम्मीदों के लिए बड़ा झटका है। कार्ड और पेनल्टी के बाद मंजू रानी पांचवें स्थान पर खिसक गई हैं। अब उन्हें बेहद सावधानी से आगे बढ़ना होगा, क्योंकि एक और कार्ड मिलने पर उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया जाएगा।

06:26 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में भारत की शानदार शुरुआत, पुरुष-महिला दोनों टीम क्वार्टर फाइनल में

कंपाउंड टीम स्पर्धा के राउंड ऑफ-16 में भारतीय तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। पुरुष टीम ने यूएई को 235-215 से हराया, जबकि महिला टीम ने मंगोलिया को 238-223 से मात दी। महिला टीम ने 238 अंक के स्कोर के साथ गेम्स रिकॉर्ड और वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी की। इस शानदार प्रदर्शन से भारतीय महिला टीम का आत्मविश्वास बढ़ा होगा और अब उसकी नजरें क्वार्टर फाइनल पर हैं। पुरुष टीम भी जीत के साथ अगले दौर में पहुंच गई है।



06:26 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: मंजू रानी चौथे स्थान पर, प्रियंका अयोग्य

महिलाओं की मैराथन रेस वॉक में भारत की शुरुआत मिली-जुली रही है। मंजू रानी फिलहाल चौथे स्थान पर चल रही हैं, लेकिन वह शीर्ष तीन खिलाड़ियों से कुछ पीछे हैं। उन्हें पदक की दौड़ में बने रहने के लिए अब तेज रफ्तार पकड़नी होगी। वहीं प्रियंका को रेस से अयोग्य घोषित कर दिया गया है। उन्हें कुल चार कार्ड मिले, जिसके बाद उनकी चुनौती समाप्त हो गई।

06:25 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 27 सितंबर का कार्यक्रम

  • सुबह 3:58 बजे – सर्फिंग, महिला शॉर्टबोर्ड राउंड-2: कमाली मूर्ति बनाम कैमिली मैरी (सिंगापुर)
  • सुबह 4:00 बजे – एथलेटिक्स, महिला मैराथन रेस वॉक फाइनल: प्रियंका
  • सुबह 4:00 बजे – एथलेटिक्स, महिला मैराथन रेस वॉक फाइनल: मंजू रानी
  • सुबह 4:45 बजे – तीरंदाजी, पुरुष कंपाउंड टीम राउंड ऑफ-16: साहिल राजेश जाधव, थिरुमुरु गणेश मणिरत्नम, कुशल दलाल बनाम यूएई
  • सुबह 4:45 बजे – तीरंदाजी, महिला कंपाउंड टीम राउंड ऑफ-16: ज्योति सुरेखा वेन्नम, पृथिका प्रदीप, तनिपर्थी चिकिता बनाम मंगोलिया
  • सुबह 4:54 बजे – सर्फिंग, महिला शॉर्टबोर्ड राउंड-2: शुगर शांति बनारसे बनाम वान-यू चेन (चीनी ताइपे)
  • सुबह 5:15 बजे – तीरंदाजी, पुरुष कंपाउंड टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 5:15 बजे – तीरंदाजी, महिला कंपाउंड टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 5:30 बजे – सेपकटकरा, महिला डबल्स: भारत बनाम दक्षिण कोरिया
  • सुबह 5:50 बजे – सर्फिंग, पुरुष शॉर्टबोर्ड राउंड-2: सिवराज बाबू बनाम दावूद खदिर (ईरान)
  • सुबह 6:00 बजे – घुड़सवारी, व्यक्तिगत ड्रेसेज फाइनल: हृदय छेड़ा
  • सुबह 6:00 बजे – घुड़सवारी, व्यक्तिगत ड्रेसेज फाइनल: जय सूद
  • सुबह 6:00 बजे – बैडमिंटन, महिला युगल क्वार्टर फाइनल: ट्रीसा जॉली-गायत्री गोपीचंद बनाम पेर्ली टैन-थिनाह मुरलीधरन (मलेशिया)
  • सुबह 6:10 बजे – बैडमिंटन, मिश्रित युगल क्वार्टर फाइनल: ध्रुव कपिला-तनिषा क्रास्टो बनाम फेंग यान झे-हुआंग डोंगपिंग (चीन)
  • सुबह 6:10 बजे – शूटिंग, महिला 25 मीटर पिस्टल क्वालिफिकेशन: ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
  • सुबह 6:10 बजे – शूटिंग, महिला 25 मीटर पिस्टल टीम क्वालिफिकेशन: ईशा सिंह, मनु भाकर, राही सरनोबत
  • सुबह 6:30 बजे – शूटिंग, पुरुष ट्रैप व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन: कायनान चेनाई, अहवर रिजवी, शपथ भारद्वाज
  • सुबह 6:30 बजे – शूटिंग, पुरुष ट्रैप टीम क्वालिफिकेशन: कायनान चेनाई, अहवर रिजवी, शपथ भारद्वाज
  • सुबह 6:30 बजे – शूटिंग, महिला ट्रैप व्यक्तिगत क्वालिफिकेशन: नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
  • सुबह 6:30 बजे – शूटिंग, महिला ट्रैप टीम क्वालिफिकेशन: नीरू, मनीषा कीर, आशिमा अहलावत
  • सुबह 6:30 बजे – कुराश, महिला 57 किग्रा राउंड ऑफ-32: संगीता बनाम चार्मिया क्वेलिनो (फिलीपींस)
  • सुबह 6:55 बजे – कुराश, महिला 57 किग्रा राउंड ऑफ-16: भारती बनाम ताहेरेह अजरपाइवंद (ईरान)
  • सुबह 7:30 बजे – तीरंदाजी, रिकर्व मिश्रित टीम राउंड ऑफ-16: धीरज बोम्मदेवरा-कुमकुम अनिल मोहोड़ बनाम यूएई/नेपाल
  • सुबह 7:30 बजे – तीरंदाजी, कंपाउंड मिश्रित टीम राउंड ऑफ-16: चिकिता तनिपर्थी-साहिल राजेश जाधव बनाम मंगोलिया
  • सुबह 7:30 बजे – नौकायन, गर्ल्स डिंगी/आईएलसीए-4: माही वर्मा
  • सुबह 7:35 बजे – कुराश, पुरुष 90+ किग्रा राउंड ऑफ-16: यश कुमार चौहान बनाम शकरमामद मिर्मामादोव (ताजिकिस्तान)
  • सुबह 7:38 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष डेकाथलॉन 110 मीटर बाधा दौड़: तेजस्विन शंकर, थोफीक नौशाद
  • सुबह 7:50 बजे – कुराश, महिला 57 किग्रा क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया): संगीता, भारती
  • सुबह 8:00 बजे – तीरंदाजी, रिकर्व मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 8:00 बजे – तीरंदाजी, कंपाउंड मिश्रित टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 8:05 बजे – कुराश, पुरुष 90+ किग्रा क्वार्टर फाइनल: विशाल
  • सुबह 8:10 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष डेकाथलॉन डिस्कस थ्रो: तेजस्विन शंकर, थोफीक नौशाद
  • सुबह 8:20 बजे – फेंसिंग, महिला सेबर टीम राउंड ऑफ-16: भारत बनाम इंडोनेशिया
  • सुबह 8:35 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: संतोष कुमार तमिलारासन
  • सुबह 8:43 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष 400 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: यशस पालाक्षा
  • सुबह 9:05 बजे – एथलेटिक्स, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: विथ्या रामराज
  • सुबह 9:10 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष लंबी कूद क्वालिफिकेशन: डेविड सोलोमन पट्टुराज, मुरली श्रीशंकर
  • सुबह 9:13 बजे – एथलेटिक्स, महिला 400 मीटर बाधा दौड़ राउंड-1: अनु राघवन
  • सुबह 9:45 बजे – मुक्केबाजी, पुरुष 80 किग्रा क्वार्टर फाइनल: अंकुश बनाम सलीमोव नेक्रूज (ताजिकिस्तान)
  • सुबह 9:50 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष डेकाथलॉन पोल वॉल्ट: तेजस्विन शंकर, थोफीक नौशाद
  • सुबह 10:00 बजे – भारोत्तोलन, महिला 69 किग्रा फाइनल: हरजिंदर कौर
  • सुबह 10:45 बजे – तीरंदाजी, पुरुष रिकर्व टीम राउंड ऑफ-16: धीरज बोम्मदेवरा, नीरज चौहान, यशदीप भोगे बनाम फिलीपींस
  • सुबह 10:45 बजे – तीरंदाजी, महिला रिकर्व टीम राउंड ऑफ-16: अंकिता भक्त, कुमकुम अनिल मोहोड़, कीर्ति शर्मा बनाम मंगोलिया
  • सुबह 11:15 बजे – तीरंदाजी, पुरुष रिकर्व टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 11:15 बजे – तीरंदाजी, महिला रिकर्व टीम क्वार्टर फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • सुबह 11:30 बजे – कुराश, महिला 57 किग्रा फाइनल (अगर क्वालिफाई किया): संगीता/भारती
  • सुबह 11:45 बजे – कुराश, पुरुष 90+ किग्रा फाइनल (अगर क्वालिफाई किया): यश कुमार चौहान/विशाल
  • दोपहर 12:30 बजे – स्क्वैश, पुरुष एकल फाइनल: अभय सिंह बनाम एनजी ईन यो (मलेशिया)
  • दोपहर 12:30 बजे – वॉलीबॉल, पुरुष प्रारंभिक दौर: भारत बनाम वियतनाम
  • दोपहर 1:30 बजे – स्क्वैश, महिला एकल फाइनल: अनाहत सिंह बनाम सिवसांगरी सुब्रमण्यम (मलेशिया)
  • दोपहर 1:50 बजे – फेंसिंग, महिला सेबर टीम सेमीफाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • दोपहर 2:00 बजे – मुक्केबाजी, महिला 65 किग्रा क्वार्टर फाइनल: परवीन बनाम खामिदोवा नवबखोर (उज्बेकिस्तान)
  • दोपहर 2:45 बजे – मुक्केबाजी, पुरुष 60 किग्रा क्वार्टर फाइनल: सचिन बनाम कितामोटो शुनसुके (जापान)
  • दोपहर 3:25 बजे – एथलेटिक्स, महिला लंबी कूद फाइनल: एन्सी सोजन एडापिल्ली, शैली सिंह
  • दोपहर 3:30 बजे – हॉकी, महिला पूल-बी: भारत बनाम सिंगापुर
  • दोपहर 3:35 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष डेकाथलॉन जैवलिन थ्रो: तेजस्विन शंकर, थोफीक नौशाद
  • दोपहर 3:45 बजे – मुक्केबाजी, पुरुष 90+ किग्रा क्वार्टर फाइनल: नरेंद्र बनाम सेंगटेप अदथापोंग (थाईलैंड)
  • दोपहर 3:55 बजे – एथलेटिक्स, महिला 200 मीटर फाइनल: हरिता भद्रा, उन्नति अयप्पा बोल्लंड
  • शाम 4:05 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष 200 मीटर फाइनल: अनीमेश कुजूर
  • शाम 4:10 बजे – फेंसिंग, महिला सेबर टीम फाइनल (अगर क्वालिफाई किया)
  • शाम 4:15 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष ऊंची कूद फाइनल: सरवेश अनिल कुशारे, आदर्श राम जोति शंकर
  • शाम 4:53 बजे – एथलेटिक्स, महिला 100 मीटर बाधा दौड़ फाइनल: नंदिनी कोंगन
  • शाम 5:06 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष 800 मीटर राउंड-1: मोहम्मद अफसल पुलिक्कलाकथ
  • शाम 5:14 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष 800 मीटर राउंड-1: कृष्ण कुमार
  • शाम 5:40 बजे – एथलेटिक्स, पुरुष डेकाथलॉन 1500 मीटर: तेजस्विन शंकर, थोफीक नौशाद
  • शाम 5:52 बजे – एथलेटिक्स, महिला 3000 मीटर स्टीपलचेज फाइनल: पारुल चौधरी, अंकिता
  • शाम 6:15 बजे – एथलेटिक्स, महिला 4x100 मीटर रिले राउंड-1: भारतीय टीम

06:23 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: 27 सितंबर को भारत के लिए बड़ा दिन

एशियन गेम्स में रविवार यानी 27 सितंबर का दिन भारत के लिए काफी अहम रहने वाला है। कई भारतीय खिलाड़ी पदक के लिए मैदान में उतरेंगे, जबकि कुछ खिलाड़ी फाइनल और सेमीफाइनल मुकाबलों में अपनी दावेदारी मजबूत करेंगे। दिन की शुरुआत महिलाओं की मैराथन रेस वॉक से होगी, जहां प्रियंका और मंजू रानी पदक के लिए चुनौती पेश करेंगी।

शूटिंग और तीरंदाजी में भी भारत की नजरें पदक पर रहेंगी। मनु भाकर शूटिंग में एक्शन में होंगी, जबकि भारतीय तीरंदाज कंपाउंड स्पर्धाओं के सेमीफाइनल में पहुंचकर पदक की उम्मीदें बढ़ा चुके हैं।

भारोत्तोलन में हरजिंदर कौर महिलाओं के 69 किग्रा वर्ग के फाइनल में उतरेंगी। इसके बाद स्क्वैश में भारत के लिए दो बड़े फाइनल होंगे। अभय सिंह पुरुष एकल के खिताबी मुकाबले में मलेशिया के एनजी ईन यो से भिड़ेंगे, जबकि अनाहत सिंह महिला एकल के फाइनल में सिवसांगरी सुब्रमण्यम के खिलाफ उतरेंगी।

शाम का फोकस एथलेटिक्स पर रहेगा। एन्सी सोजन एडापिल्ली और शैली सिंह महिलाओं की लंबी कूद के फाइनल में पदक के लिए उतरेंगी। वहीं अनीमेश कुजूर पुरुषों की 200 मीटर फाइनल में चुनौती पेश करेंगे। महिलाओं की 200 मीटर, पुरुषों की ऊंची कूद, 100 मीटर बाधा दौड़ और 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी भारतीय खिलाड़ी फाइनल में उतरेंगे।

एशियन गेम्स से जुड़े हर अपडेट के लिए हमारे लाइव ब्लॉग के साथ बने रहें...

06:19 AM, 27-Sep-2026

Asian Games 2026 Highlights: भारत के पदकों की संख्या हुई 37, आज एथलेटिक्स में आए पांच मेडल

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स 2026 में 27 सितंबर को भारत के लिए कई अहम मुकाबले होंगे। मनु भाकर शूटिंग में उतरेंगी, जबकि भारतीय तीरंदाज सेमीफाइनल में जगह पक्की करने उतरेंगे। हरजिंदर कौर भारोत्तोलन में पदक के लिए दावेदारी पेश करेंगी। स्क्वैश में अभय सिंह और अनाहत सिंह के फाइनल मुकाबले होंगे। एथलेटिक्स में भी कई भारतीय पदक की रेस में होंगे।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें