फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Asian Games Live: भारत को पांचवां स्वर्ण, नीरू ने शूटिंग में जीता सोना; बॉक्सिंग में नरेंद्र ने जीता कांस्य

Tue, 29 Sep 2026 12:39 PM IST
स्वप्निल शशांक स्पोर्ट्स डेस्क, अमर उजाला, आइची नागोया

खास बातें

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स 2026 में 29 सितंबर को भारत के लिए एक और अहम दिन है। 47 पदकों के साथ भारत की नजरें शूटिंग और तीरंदाजी में पदकों की संख्या बढ़ाने पर हैं। आज भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।
विज्ञापन
बाएं से- नीरू, नरेंद्र, अंकुश और परवीन - फोटो : Twitter
विज्ञापन

लाइव अपडेट

12:38 PM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में तीन भारतीय रिकर्व तीरंदाज क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

भारत के तीन तीरंदाजों ने व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। महिला वर्ग में अनिल कुमकुम महोद ने प्री-क्वार्टर फाइनल में बांग्लादेश की सलाह सलमा उद्दीन को 6-0 से हराया। उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया। हालांकि, कीर्ति को दक्षिण कोरिया की कांग चाएयंग के खिलाफ 3-7 से हार का सामना करना पड़ा। कीर्ति ने पिछले दौर में वियतनाम की थाओ फुओंग को 7-3 से हराया था, लेकिन कोरियाई तीरंदाज के खिलाफ वह उस लय को बरकरार नहीं रख सकीं।

वहीं, पुरुषों की रिकर्व स्पर्धा में भारत के दोनों तीरंदाज क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहने वाले धीरज बोम्मदेवरा ने राउंड ऑफ 32 में फिलीपींस के गिरविन कुलेन निगेल और राउंड ऑफ 16 में चीनी ताइपे के चेंग सियांग-हुई को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। नीरज चौहान ने भी बड़ा उलटफेर किया। उन्होंने राउंड ऑफ 16 में दक्षिण कोरिया के तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता किम जे देओक को 6-4 से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

12:37 PM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में पुरुष ट्रैप फाइनल में शपथ भारद्वाज आठवें स्थान पर रहे

भारत को शूटिंग में डबल गोल्ड नहीं मिल सका। शपथ भारद्वाज पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में आठ निशानेबाजों में आखिरी स्थान पर रहे। शपथ ने पहली दो सीरीज में तीन निशाने गंवाए और 10 में से सात निशाने साधे। वह दो अन्य निशानेबाजों के साथ बराबरी पर थे, लेकिन काउंटबैक के आधार पर सबसे पहले बाहर हो गए। इससे पहले आज नीरू धांडा ने महिला ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचा था।

12:07 PM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत के पदक

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
भारत 5 21 22 48
एथलेटिक्स 0 9 10 19
मुक्केबाजी 0 0 1 1
बैडमिंटन 0 0 1 1
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
कुराश 0 0 1 1
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
शूटिंग 2 8 4 14
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वॉश 0 2 1 3
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशु 0 1 0 1

विज्ञापन
12:05 PM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में नरेंद्र को कांस्य पदक से करना पड़ा संतोष

मुक्केबाजी के 90+ किलोग्राम भारवर्ग में नरेंद्र का मुकाबला खत्म हो गया। सेमीफाइनल के तीसरे राउंड में भी सभी जजों ने कजाखस्तान के ऐबेक ओरलबाय के पक्ष में फैसला दिया। इसके साथ ही ओरलबाय ने मुकाबला 5-0 से अपने नाम कर लिया। नरेंद्र को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ेगा। इस हार के बावजूद उन्होंने एशियन गेम्स में पोडियम फिनिश हासिल की है। यह इन एशियाई खेलों में मुक्केबाजी में भारत का पहला पदक है। वहीं, ओरलबाय ने फाइनल में जगह बना ली है। इससे पहले आज ही पुरुष बॉक्सिंग में अंकुश पंघाल और महिला बॉक्सिंग में परवीन फाइनल में पहुंचे थे।

11:35 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में अंकुश पंघाल फाइनल में पहुंचे, उज्बेकिस्तान के विश्व चैंपियन को दी मात

अंकुश पंघाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स के पुरुष 80 किग्रा वर्ग के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के फज्लिद्दीन एर्किनबोएव को 4-1 से हराया। एशियन गेम्स में डेब्यू कर रहे अंकुश की शुरुआत अच्छी नहीं रही। एर्किनबोएव ने पहला राउंड 4-1 से अपने नाम किया। 75 किग्रा वर्ग के मौजूदा विश्व चैंपियन उज्बेक मुक्केबाज ने शुरुआत में मुकाबले पर पकड़ बना ली थी। लेकिन अंकुश ने शानदार वापसी की। दूसरे राउंड में उन्होंने रफ्तार बढ़ाई और लगातार सटीक पंच लगाते हुए 3-2 से बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद उन्होंने अपनी मूवमेंट और कॉम्बिनेशन का अच्छा इस्तेमाल करते हुए मुकाबला अपने पक्ष में किया। फैसला स्प्लिट डिसीजन से हुआ, जिसमें पांच में से चार जजों ने अंकुश के पक्ष में फैसला दिया। इस जीत के साथ अंकुश ने स्वर्ण पदक मुकाबले का टिकट पक्का कर लिया। अंकुश एशियन गेम्स के फाइनल में पहुंचने वाले दूसरे भारतीय मुक्केबाज बन गए हैं। इससे पहले महिला बॉक्सिंग में 65 किग्रा भारवर्ग में परवीन ने भी फाइनल में जगह बनाई थी।



विज्ञापन
11:31 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत का पदक तालिका

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
भारत 5 21 21 47
एथलेटिक्स 0 9 10 19
बैडमिंटन 0 0 1 1
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
कुराश 0 0 1 1
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
शूटिंग 2 8 4 14
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वॉश 0 2 1 3
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशु 0 1 0 1

11:07 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में नीरू ने जीता गोल्ड

शूटिंग में भारत को एक और गोल्ड आ चुका है। नीरू ढांडा ने इतिहास रच दिया है। वह महिलाओं के ट्रैप व्यक्तिगत इवेंट में स्वर्ण जीतने या यूं कहें कोई पदक जीतने वाली भारत की पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं। उन्होंने फाइनल में 30 में 28 शॉट सटीक निशाने पर लगाए। चीन की यूनॉन्ग सुन ने 26 के स्कोर के साथ रजत जीता। इसी के साथ नीरू ने एशियन रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले एशियन रिकॉर्ड 24 पॉइंट का था, जो चीनी ताइपे की वान यू लियू ने 19 जनवरी 2026 को बनाया था। वह इस एशियाड में किसी व्यक्तिगत स्पर्धा में सोना जीतने वाली पहली खिलाड़ी भी बन गईं। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...

11:06 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में महिला ट्रैप फाइनल में भारत बनाम चीन, स्वर्ण के लिए मुकाबला

नीरू ढांडा ने कम से कम रजत पदक पक्का कर लिया है। अब उनका सामना स्वर्ण पदक के लिए चीन की सुन युनोंग से है। नीरू ने 25 में से 23 निशाने साधे हैं, जबकि सुन युनोंग 25 में से 21 निशाने ही साध सकीं। स्वर्ण पदक की रेस में नीरू को बढ़त हासिल है। भारत की नजर अब पहले स्वर्ण पर है।

11:04 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में कुमकुम क्वार्टर फाइनल में पहुंचीं, कीर्ति का सफर प्री-क्वार्टर में थमा

भारत की तीरंदाज कुमकुम ने मंगलवार को एशियन गेम्स 2026 की महिला रिकर्व व्यक्तिगत स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। कुमकुम को राउंड ऑफ 64 में बाई मिली थी। इसके बाद उन्होंने राउंड ऑफ 32 में बिशिंदी को 6-0 से हराया। फिर उन्होंने साइमा को भी 6-0 से मात देकर क्वार्टर फाइनल का टिकट पक्का किया। कुमकुम का अगला मुकाबला 3 अक्टूबर को कांग से होगा। वहीं, कीर्ति को भी राउंड ऑफ 64 में बाई मिली थी। उन्होंने राउंड ऑफ 32 में होआंग को 7-3 से हराया, लेकिन राउंड ऑफ 16 में कांग के खिलाफ 3-7 की हार के साथ उनका अभियान खत्म हो गया।

10:57 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: नीरू शीर्ष पर

नीरू शीर्ष पर आ चुकी हैं। क्या भारत को पांचवां स्वर्ण मिलने वाला है। यह थोड़ी देर में पता चल जाएगा।

10:56 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में 15 शॉट के बाद संयुक्त बढ़त के करीब नीरू

क्या भारत को शूटिंग में पहला स्वर्ण पदक मिलने वाला है? बारिश लगातार हो रही है और मुकाबला रोमांचक हो गया है। नीरू ढांडा ने 15 में से 14 निशाने साधे हैं। अब फाइनल में सिर्फ चार निशानेबाज बाकी हैं। चीन की सुन युनोंग और कुवैत की हजर अब्दुलमलिक 15 शॉट के बाद संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। नीरू भी पदक की मजबूत दावेदार बनी हुई हैं।

10:55 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में अब पुरुष 80 किग्रा सेमीफाइनल में अंकुश पंघाल का मुकाबला

भारत के अंकुश पंघाल अब एक्शन में उतरेंगे। पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में उनका सामना उज्बेकिस्तान के फज्लिद्दीन एर्किनबोएव से होगा। इस मुकाबले में जीत दर्ज करने वाला मुक्केबाज फाइनल में जगह बनाएगा। अंकुश के पास भारत के लिए स्वर्ण पदक की उम्मीद बनाए रखने का मौका है।
 

10:54 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला ट्रैप फाइनल में 10 शॉट के बाद तीसरे स्थान पर नीरू

नीरू ढांडा ने मुश्किल परिस्थितियों के बीच अच्छी शुरुआत की है। पहली सीरीज के 10 शॉट के बाद उन्होंने नौ निशाने साधे हैं। चीन की सुन युनोंग ने पहले 10 शॉट में एक भी निशाना नहीं चूका और वह शानदार लय में हैं। क्वालिफिकेशन में शीर्ष पर रहने वाली कतर की रे बासिल भी इन दोनों के बेहद करीब हैं।

10:36 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: परवीन स्वर्ण से एक कदम दूर

भारत की स्टार मुक्केबाज परवीन हुड्डा फाइनल में पहुंच गई हैं। महिला मुक्केबाजी के 65 किग्रा भारवर्ग में परवीन ने चीन की शू ली को सर्वसम्मति से 5-0 से हराया। अब वह स्वर्ण से बस एक कदम दूर हैं। परवीन के लिए अब तक यह एशियन गेम्स शानदार रहा है। वह इस एशियाड में फाइनल में पहुंचने वाली पहली मुक्केबाज बन गई हैं।

10:35 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: अब महिला ट्रैप फाइनल में नीरू ढांडा से पदक की उम्मीद

भारत की नीरू ढांडा अब महिलाओं की ट्रैप व्यक्तिगत स्पर्धा के फाइनल में एक्शन में उतरेंगी। नीरू ने क्वालिफिकेशन में 118 अंक हासिल किए और कतर की रे बासिल के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहीं। उनका 118 का स्कोर एशियन गेम्स का क्वालिफिकेशन रिकॉर्ड भी रहा। आठ निशानेबाजों वाले फाइनल में जगह बनाकर नीरू ने भारत के लिए एक और पदक की उम्मीद जगा दी है।

10:35 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: परवीन ने दूसरा राउंड भी 5-0 से जीता

यह पूरी तरह परवीन के नाम रहा। उन्होंने रिंग के बीच और दूरी दोनों पर नियंत्रण बनाए रखा। उनके पंच सटीक रहे, जबकि चीन की ली शू थोड़ी दबाव में नजर आईं।दूसरे राउंड में परवीन ने ज्यादा तेजी और आक्रामकता दिखाई। पांचों जजों ने यह राउंड उनके पक्ष में दिया। अब परवीन मुकाबले में 2-0 से आगे हैं। फाइनल में पहुंचने से रोकने के लिए ली शू को तीसरे राउंड में कुछ खास करना होगा।

10:33 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: बॉक्सिंग में परवीन ने पहला राउंड 3-2 से जीता

यह बेहद करीबी राउंड रहा। पांच में से तीन जजों ने परवीन के पक्ष में फैसला दिया, जबकि दो जजों ने चीन की ली शू को बेहतर माना। परवीन ने काउंटर पंचिंग का अच्छा प्रदर्शन किया। ली शू ने शुरुआत अच्छी की, लेकिन वह सिर्फ दो जजों का समर्थन हासिल कर सकीं। अभी दो राउंड बाकी हैं और मुकाबला बेहद करीबी बना हुआ है। अगले दोनों राउंड में कुछ भी हो सकता है।

10:27 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: अब परवीन हुड्डा के बॉक्सिंग सेमीफाइनल पर नजर

परवीन हुड्डा महिलाओं के 65 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में एक्शन में उतरेंगी। परवीन ने 2022 एशियन गेम्स में कांस्य पदक जीता था, लेकिन बाद में ठिकाने की जानकारी से जुड़े नियम के उल्लंघन के कारण उनसे यह पदक वापस ले लिया गया था। उन्हें दो साल का प्रतिबंध भी झेलना पड़ा। इसके बाद परवीन ने शानदार वापसी की है। अब उनकी नजर एशियन गेम्स के फाइनल में जगह बनाने पर होगी। सेमीफाइनल में परवीन का सामना ऐसी मुक्केबाज से होगा, जिसने अप्रैल में मंगोलिया में आयोजित 2026 एशियन बॉक्सिंग एलीट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीता था।

09:39 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में शूट-ऑफ में जीतकर शपथ भारद्वाज ट्रैप फाइनल में पहुंचे

शपथ भारद्वाज ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने क्वालिफिकेशन में 117 अंक हासिल किए और दो अन्य निशानेबाजों के साथ बराबरी पर रहे। इसके बाद फाइनल में जगह बनाने के लिए शूट-ऑफ हुआ। शपथ ने इसमें बाजी मारकर आठ निशानेबाजों के फाइनल में आखिरी स्थान पक्का किया। 2022 एशियन गेम्स के कांस्य पदक विजेता किनान चेनाई फाइनल में जगह नहीं बना सके। वह 115 अंकों के साथ 16वें स्थान पर रहे। भारत के एक अन्य निशानेबाज अहवर रिजवी 40 खिलाड़ियों में 32वें स्थान पर रहे।

09:11 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में शपथ भारद्वाज पुरुष ट्रैप के फाइनल में पहुंचे

शपथ भारद्वाज ने पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। युवा निशानेबाज ने पांच सीरीज के बाद 117 अंक हासिल किए और संयुक्त रूप से रहे। क्वालिफिकेशन में वह शीर्ष छह स्कोर में शामिल रहे, जिससे उन्हें फाइनल का टिकट मिल गया।

08:52 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष ट्रैप टीम स्पर्धा में भारत पदक से चूका

भारत को पुरुषों की ट्रैप टीम स्पर्धा में कोई पदक नहीं मिला। महिला टीम के रजत पदक के विपरीत पुरुष निशानेबाजों का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। भारत 339 अंकों के साथ छठे स्थान पर रहा। कुवैत ने 355 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता, जबकि कतर ने 349 अंकों के साथ रजत और कजाकिस्तान ने 348 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।

08:27 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: आज भारतीय टेनिस खिलाड़ियों का व्यस्त दिन

आज भारत के कई टेनिस खिलाड़ी एकल, पुरुष युगल और मिश्रित युगल मुकाबलों में एक्शन में नजर आएंगे।

  • सुबह 6:30 बजे के बाद: पुरुष एकल, दूसरे दौर — दक्षिणेश्वर सुरेश बनाम गुनावान त्रिस्मुवंतारा (इंडोनेशिया)
  • सुबह 9:00 बजे के बाद: पुरुष एकल, दूसरे दौर — सुमित नागल बनाम सेओंगचान होंग (दक्षिण कोरिया)
  • सुबह 9:00 बजे के बाद: पुरुष युगल, दूसरे दौर — युकी भांबरी/धक्षिणेश्वर सुरेश बनाम बेइबिट झुकायेव/डेनिस येवसेयेव (कजाकिस्तान)
  • सुबह 9:00 बजे के बाद: पुरुष युगल, दूसरे दौर — अनिरुद्ध चंद्रशेखर/एन श्रीराम बालाजी बनाम प्रदीप खड़का/अभिषेक बास्तोला (नेपाल)
  • दोपहर 12:00 बजे के बाद: मिश्रित युगल, पहला दौर — एन श्रीराम बालाजी/अंकिता रैना बनाम कैरन थॉम्पसन/यूडिस चोंग (हांगकांग)

08:26 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारतीय महिला स्क्वैश टीम ने ईरान को 3-0 से हराया

भारत ने एशियन गेम्स की महिला टीम स्क्वॉश स्पर्धा में ईरान को 3-0 से हरा दिया। तन्वी खन्ना ने नर्गेस सोल्तानी के खिलाफ पहला गेम 11-5 से जीतकर भारत को बढ़त दिलाई। दूसरे गेम में तन्वी के 3-0 से आगे होने के दौरान ईरानी खिलाड़ी ने मुकाबला छोड़ दिया। इसके बाद अनाहत सिंह ने फरिश्ते एघ्तेदारी को 11-5, 11-4, 11-7 से हराकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। जोशना चिनप्पा ने नजमेह को 11-1, 11-3, 11-9 से हराकर भारत की 3-0 से जीत पक्की कर दी।

08:25 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: आज बॉक्सिंग में भारत के तीन सेमीफाइनल मुकाबले

आज भारत के बॉक्सर तीन अलग-अलग वर्गों के सेमीफाइनल मुकाबलों में उतरेंगे।
 

  • सुबह 10:15 बजे: महिला 65 किग्रा सेमीफाइनल — परवीन बनाम ली शू (चीन)
  • सुबह 11:00 बजे: पुरुष 80 किग्रा सेमीफाइनल — अंकुश बनाम एर्किनबोएव फज्लिद्दीन (उज्बेकिस्तान)
  • सुबह 11:30 बजे: पुरुष +90 किग्रा सेमीफाइनल — नरेंद्र बनाम ओरलबाय ऐबेक (कजाकिस्तान)

08:24 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: क्रिकेट अपडेट- बारिश के कारण चारों क्वार्टर फाइनल रद्द

बांग्लादेश और मलयेशिया के बीच होने वाला क्वार्टर फाइनल भी बारिश की वजह से रद्द हो गया। इसके साथ ही एशियन गेम्स पुरुष क्रिकेट के चारों क्वार्टर फाइनल मुकाबले बारिश की भेंट चढ़ गए। नेपाल के लिए यह निराशाजनक रहा होगा। उसने अफगानिस्तान को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन आज सुबह श्रीलंका के खिलाफ उसका मुकाबला भी बारिश के कारण नहीं हो सका। अब सेमीफाइनल की लाइन-अप तय हो गई है।

  • भारत बनाम श्रीलंका: 1 अक्तूबर, सुबह 10:00 बजे से
  • पाकिस्तान बनाम बांग्लादेश: 1 अक्तूबर, सुबह 5:30 बजे से

अब उम्मीद यही है कि दो दिन बाद मौसम साफ रहे और दोनों सेमीफाइनल मुकाबले बिना किसी बाधा के खेले जाएं।

08:22 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत का पदक तालिका में प्रदर्शन

खेल स्वर्ण रजत कांस्य कुल
भारत 4 21 21 46
एथलेटिक्स 0 9 10 19
बैडमिंटन 0 0 1 1
क्रिकेट 1 0 0 1
कबड्डी 2 0 0 2
कुराश 0 0 1 1
मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स 0 0 1 1
रोइंग 0 0 1 1
शूटिंग 1 8 4 13
सॉफ्ट टेनिस 0 0 1 1
स्क्वॉश 0 2 1 3
टेबल टेनिस 0 0 1 1
भारोत्तोलन 0 1 0 1
वुशु 0 1 0 1

08:22 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: भारत के लिए शूटिंग लगातार बनी पदकों की बड़ी वजह

महिला ट्रैप टीम का रजत पदक भारत का शूटिंग में 14वां पदक है। इसके साथ ही भारत की कुल पदक संख्या 46 हो गई है। किसी अन्य खेल ने अब तक पदकों के मामले में शूटिंग के आंकड़े के करीब भी नहीं पहुंचा है। हालांकि, भारत को अब तक व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक नहीं मिला है। अची-नागोया पहुंची पिस्टल शूटिंग टीम से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन उसका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा।

मनु भाकर बिना पदक के लौटीं, जबकि ईशा सिंह ने महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल स्पर्धा में रजत पदक जीता। अब सभी की नजरें आज महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल पर हैं, जहां नीरू धांडा भारत की पदक उम्मीद हैं। नीरू ने क्वालिफिकेशन में शानदार प्रदर्शन करते हुए संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया था।

07:53 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में नीरू ढांडा ने महिला ट्रैप में पदक की उम्मीद जगाई

नीरू ढांडा ने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। वह क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान पर रहीं। नीरू ने कतर की बासिल रे के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान हासिल किया। दोनों के 118-118 अंक रहे। महिला ट्रैप का फाइनल सुबह 10:30 बजे भारतीय समयानुसार शुरू होगा।

07:49 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में महिला ट्रैप टीम ने जीता रजत पदक

भारत ने महिलाओं की ट्रैप टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता। नीरू धांडा की शानदार शूटिंग ने भारत को यह पदक दिलाने में अहम भूमिका निभाई। चीन ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि कुवैत को कांस्य पदक मिला।

भारत के निशानेबाजों के स्कोर:
 

  • नीरू धांडा: 118 अंक
  • आशिमा अहलावत: 106 अंक
  • मनीषा कीर: 104 अंक

ध्यान देने वाली बात यह है कि महिला व्यक्तिगत ट्रैप स्पर्धा में हिस्सा लेने वाले कुछ देशों ने तीन निशानेबाजों की टीम नहीं उतारी थी। टीम स्पर्धा के फाइनल में किसी देश की रैंकिंग के लिए उसके तीन निशानेबाजों का होना जरूरी है।

07:49 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में नीरू धांडा महिला ट्रैप के फाइनल में पहुंचीं

नीरू धांडा ने महिलाओं की ट्रैप स्पर्धा के फाइनल में जगह बना ली है। तीन दिन तक चले क्वालिफिकेशन में 26 वर्षीय नीरू ने पूरे समय शानदार निरंतरता बनाए रखी। उन्होंने 125 में से 118 अंक हासिल किए और संयुक्त रूप से शीर्ष स्थान पर रहीं। नीरू के साथ कतर की बासिल रे भी 118 अंकों के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं।

07:36 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: साइक्लिंग में पुरुष टीम स्प्रिंट में रोनाल्डो, बेकहम, रॉजित और जेमश एक्शन में

भारत ने पुरुषों की टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन में 44.895 सेकंड का समय दर्ज किया है। क्वालिफिकेशन राउंड का मुख्य उद्देश्य अगले दौर की सीडिंग तय करना है। इसमें दर्ज किए गए समय के आधार पर आठों टीमों की सीडिंग होगी और उसी के अनुसार फर्स्ट राउंड की हीट्स तय की जाएंगी। भारत की ओर से रोनाल्डो, बेकहम, रॉजित और जेमश एक्शन में हैं। अब क्वालिफिकेशन टाइम के आधार पर भारत को अगले दौर में अपनी सीडिंग और मुकाबले का इंतजार रहेगा।

07:33 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: साइक्लिंग में महिला टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन में भारत छठे स्थान पर

एशियन गेम्स में भारत के साइक्लिंग अभियान की शुरुआत हो गई है। सेलेस्टिना, सरिता कुमारी और चिक्का कीर्ति रंगास्वामी की भारतीय टीम ने महिलाओं की टीम स्प्रिंट क्वालिफिकेशन में छठा स्थान हासिल किया। क्वालिफिकेशन राउंड का इस्तेमाल मुख्य रूप से टीमों की सीडिंग तय करने के लिए किया जाता है। अब भारत सुबह 11:30 बजे भारतीय समयानुसार हीट-1 में चीनी ताइपे के साथ रेस करेगा।

ऐसे तय होगा अगले दौर का मुकाबला
क्वालिफिकेशन के बाद चौथे स्थान पर रहने वाली टीम का मुकाबला छठे स्थान वाली टीम से होगा। वहीं तीसरे स्थान वाली टीम पांचवें स्थान वाली टीम के खिलाफ उतरेगी। दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम अकेले समय के खिलाफ रेस करेगी। सबसे तेज टीम भी अकेले घड़ी के खिलाफ अपना समय दर्ज करेगी। हीट्स के बाद पदक के लिए मुकाबला होगा। शीर्ष प्रदर्शन करने वाली टीमें स्वर्ण और कांस्य पदक के लिए रेस करेंगी।

07:32 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला स्क्वॉश में ईरान के खिलाफ भारत 2-0 से आगे

एशियन गेम्स में महिला स्क्वॉश के ग्रुप-सी मुकाबले में भारत ने ईरान के खिलाफ मजबूत बढ़त बना ली है। भारतीय टीम ने मुकाबले में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है और अब उसे टाई जीतने के लिए सिर्फ एक मुकाबला अपने नाम करना है। तन्वी खन्ना के खिलाफ ईरान की नरगेस सोल्तानी ने चोट के कारण मुकाबला बीच में छोड़ दिया। उस समय तन्वी एक गेम से आगे चल रही थीं।

इसके बाद अनाहत सिंह ने फेरेश्तेह एघ्तेदारी को सीधे गेमों में हराकर भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। अब भारत की ओर से तीसरे मुकाबले में जोशना चिनप्पा कोर्ट पर उतरेंगी। उनके पास भारत को ईरान के खिलाफ जीत दिलाकर मुकाबला सील करने का मौका होगा।

07:09 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: महिला ट्रैप में चार सीरीज के बाद नीरू धांडा शीर्ष पर

भारत की नीरू धांडा ने महिला ट्रैप क्वालिफिकेशन में चार सीरीज के बाद शानदार प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। 26 वर्षीय नीरू ने अब तक 100 में से 95 का स्कोर किया है। नीरू ने चारों सीरीज में क्रमशः 24, 24, 24 और 23 का स्कोर किया है। वह फिलहाल क्वालिफिकेशन में सबसे आगे चल रही हैं।

वहीं, आशिमा अहलावत 84 के स्कोर के साथ 17वें स्थान पर हैं। उनका सीरीज स्कोर 20, 22, 23 और 19 रहा है। मनीषा कीर भी 84 के स्कोर पर हैं और 24वें स्थान पर चल रही हैं। उन्होंने चार सीरीज में 19, 21, 22 और 22 का स्कोर किया है। क्वालिफिकेशन पूरा होने के बाद शीर्ष छह निशानेबाज महिला ट्रैप के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाएंगी।

07:07 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष ट्रैप क्वालिफिकेशन: शपथ भारद्वाज फाइनल की दौड़ में, किनान-रिजवी पीछे

पुरुषों की ट्रैप क्वालिफिकेशन में चार सीरीज के बाद भारत के शपथ भारद्वाज ही छह निशानेबाजों के व्यक्तिगत फाइनल में जगह बनाने की स्थिति में हैं। इस स्पर्धा में कुल 40 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। शपथ ने अब तक 95 का स्कोर किया है और वह पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने चार सीरीज में क्रमशः 24, 21, 25 और 25 का स्कोर किया। वहीं किनान चेनाई 91 के स्कोर के साथ 19वें स्थान पर हैं। उनका सीरीज स्कोर 25, 22, 22 और 22 रहा है। अहवर रिजवी 87 के स्कोर के साथ 32वें स्थान पर हैं। उन्होंने 20, 21, 24 और 22 का स्कोर किया है। चीन के ची यिंग 98 के स्कोर के साथ तालिका में शीर्ष पर हैं। उन्होंने चारों सीरीज में 24, 24, 25 और 25 का स्कोर किया है।

07:06 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: शूटिंग में पुरुष और महिला ट्रैप क्वालिफिकेशन के तीसरे दिन का खेल शुरू

पुरुष और महिला ट्रैप निशानेबाजों के क्वालिफिकेशन का तीसरा और आखिरी दिन शुरू हो गया है। यह राउंड टीम फाइनल के रूप में भी काम करेगा। भारत पुरुष और महिला दोनों ट्रैप टीम स्पर्धाओं में पदक की दौड़ में है।

तीन दिन में पूरा हो रहा क्वालिफिकेशन
ट्रैप क्वालिफिकेशन को तीन दिनों में बांटा गया है। पहले दिन निशानेबाजों ने 50 शॉट लगाए, जिसमें 25-25 शॉट की दो सीरीज शामिल थीं। दूसरे दिन भी 50 शॉट की दो सीरीज खेली गईं। तीसरे दिन आखिरी 25 शॉट की सीरीज होगी, जिसके बाद क्वालिफिकेशन पूरा हो जाएगा।

शीर्ष छह निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल में
क्वालिफिकेशन के बाद शीर्ष छह निशानेबाज व्यक्तिगत फाइनल के लिए क्वालिफाई करेंगे। यह फाइनल दिन में बाद में खेला जाएगा। वहीं, टीम पदकों का फैसला प्रत्येक देश के तीन निशानेबाजों के तीनों दिनों के कुल स्कोर के आधार पर होगा। यानी भारत के लिए आज टीम स्पर्धा में पदक जीतने का अहम मौका है।

07:05 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: कुराश में विपिन कुमार राउंड ऑफ-16 में हारे, भारत का अभियान खत्म

भारत के विपिन कुमार को पुरुषों की कुराश स्पर्धा के राउंड ऑफ-16 में हार का सामना करना पड़ा। कोरिया के यून ह्योनसू ने उन्हें 3-0 से हराया। मुकाबले के स्कोरबोर्ड पर चाला में 1-2 का स्कोर रहा। चाला एक प्रभावी थ्रो के लिए दिया जाता है, लेकिन यह यंबोश के लिए जरूरी मानकों को पूरा नहीं करता। यह तीन तरह के स्कोरिंग थ्रो में सबसे कम स्तर का होता है। इससे बेहतर थ्रो के लिए यंबोश और सबसे शानदार थ्रो के लिए हलाल दिया जाता है, जिससे मुकाबला तुरंत खत्म हो जाता है। चाला यंबोश की तरह जमा होकर बड़ा स्कोर नहीं बनाता। इसके साथ ही एशियन गेम्स में कुराश में भारत का अभियान खत्म हो गया। भारत ने इस स्पर्धा में एक पदक जीता, जो पिंकी बलहारा ने महिलाओं के 78 किग्रा वर्ग में कांस्य पदक के रूप में हासिल किया।

06:41 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में नीरज चौहान क्वार्टर फाइनल में, तीन बार के ओलंपिक चैंपियन को चौंकाया

भारत के नीरज चौहान ने पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। उन्होंने एक और कड़े मुकाबले में तीन बार के ओलंपिक चैंपियन दक्षिण कोरिया के किम जे-डोक को 6-4 से हराया। नीरज एक समय मुकाबले में 3-4 से पीछे चल रहे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी की और लगातार दबाव बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। नीरज का क्वार्टर फाइनल मुकाबला तीन अक्तूबर को निर्धारित है।

06:41 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: पुरुष क्रिकेट में बारिश ने फिर बिगाड़ा खेल, नेपाल बाहर; श्रीलंका सेमीफाइनल में

बारिश के कारण नेपाल और श्रीलंका के बीच पुरुष क्रिकेट का क्वार्टर फाइनल मुकाबला आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही नेपाल का एशियन गेम्स में शानदार अभियान खत्म हो गया, जबकि बेहतर रैंकिंग के आधार पर श्रीलंका ने सेमीफाइनल में जगह बना ली। नेपाल के लिए यह टूर्नामेंट से बाहर होने का निराशाजनक तरीका रहा। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करते हुए काफी उम्मीद जगाई थी, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे मैदान पर अपनी किस्मत तय करने का मौका नहीं मिला। अब श्रीलंका की नजरें सेमीफाइनल पर होंगी, जो गुरुवार, एक अक्तूबर को खेला जाएगा। उम्मीद होगी कि इस बार बारिश मुकाबले में खलल न डाले और टीमों को मैदान पर अपना प्रदर्शन करने का पूरा मौका मिले।

06:39 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में धीरज और नीरज क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

भारत के धीरज बोम्मदेवरा और नीरज चौहान ने पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। दोनों ने राउंड ऑफ-16 के अपने-अपने मुकाबलों में आसान जीत दर्ज की।

धीरज की शानदार जीत
धीरज बोम्मदेवरा ने चीनी ताइपे के चेंग शियांग-हुई को 6-2 से हराया। धीरज ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने दूसरा सेट गंवाया, लेकिन इसके बाद जोरदार वापसी करते हुए अपने प्रतिद्वंद्वी पर दबाव बनाए रखा और मुकाबला अपने नाम किया। धीरज अब तीन अक्तूबर को होने वाले क्वार्टर फाइनल में उतरेंगे।

06:37 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: कल भारत का कैसा रहा प्रदर्शन? एक नजर में देखें पूरा हाल

सोमवार को एशियन गेम्स में भारत का प्रदर्शन कैसा रहा, तो हम आपको पूरे दिन के प्रदर्शन का संक्षिप्त हाल बता देते हैं। भारत ने एशियन गेम्स 2026 में सोमवार को बारिश से प्रभावित कार्यक्रम के बीच आठ पदक अपने नाम किए। इनमें से छह पदक एथलेटिक्स में आए। खराब मौसम के कारण कई मुकाबलों को टालना पड़ा या रद्द करना पड़ा। भारत के पुरुष क्रिकेट टीम का क्वार्टर फाइनल मुकाबला भी बारिश के कारण नहीं हो सका, जबकि टेनिस के मुकाबले भी प्रभावित हुए।

एथलेटिक्स में सबसे ज्यादा पदक
सोमवार को भारत के लिए सबसे बड़ी पदक सफलता ट्रैक एंड फील्ड में आई। पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में यशवीर सिंह और रोहित यादव ने एक साथ पोडियम पर जगह बनाई। यशवीर ने 85.72 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक जीता, जबकि रोहित ने 84.35 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य अपने नाम किया। मुरली श्रीशंकर ने पुरुषों की लंबी कूद में 8.07 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक जीता। वहीं गुलवीर सिंह ने पुरुषों की 1500 मीटर दौड़ में 3:36.72 के समय के साथ रजत पदक हासिल किया।

विथ्या रामराज ने बनाया इतिहास
महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़ में विथ्या रामराज ने 54.75 सेकंड के समय के साथ कांस्य पदक जीता। उनके प्रदर्शन की खास बात यह रही कि उन्होंने पीटी उषा का 42 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ दिया। वहीं पारुल चौधरी ने महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में 15:14.61 के समय के साथ कांस्य पदक जीता। यह इन एशियन गेम्स में पारुल का दूसरा कांस्य था। इससे पहले उन्होंने 3000 मीटर स्टीपलचेज में भी कांस्य जीता था।

भारत के आठ पदक

रजत पदक

  • यशवीर सिंह – पुरुषों की भाला फेंक, 85.72 मीटर
  • मुरली श्रीशंकर – पुरुषों की लंबी कूद, 8.07 मीटर
  • गुलवीर सिंह – पुरुषों की 1500 मीटर, 3:36.72
  • ईशा सिंह – महिलाओं की 25 मीटर पिस्टल

कांस्य पदक

  • रोहित यादव – पुरुषों की भाला फेंक, 84.35 मीटर
  • विथ्या रामराज – महिलाओं की 400 मीटर बाधा दौड़, 54.75 सेकंड
  • पारुल चौधरी – महिलाओं की 5000 मीटर, 15:14.61
  • पिंकी बलहारा – महिलाओं का -78 किग्रा कुराश

06:37 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: तीरंदाजी में नीरज चौहान प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंचे

भारत के 24 वर्षीय नीरज चौहान ने पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा के प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। नीरज ने राउंड ऑफ-32 के रोमांचक मुकाबले में इंडोनेशिया के रियाउ एगा अगाता को 6-4 से हराया। वह मुकाबले में एक समय 0-4 से पीछे चल रहे थे, लेकिन लगातार दो सेट जीतकर शानदार वापसी की और मुकाबला अपने नाम किया। नीरज और धीरज दोनों के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले आज सुबह करीब 6:15 बजे शुरू होंगे।

06:36 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: सर्फिंग में किशोर कुमार अंबरासु क्वार्टर फाइनल में हारे

भारत के किशोर कुमार अंबरासु को पुरुषों की शॉर्टबोर्ड सर्फिंग के क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। फिलीपींस के टोबी एस्पेजॉन ने उन्हें 8.53-5.37 के स्कोर से हराया। इस हार के साथ किशोर का पदक जीतने का सपना टूट गया। फिलीपींस के टोबी एस्पेजॉन ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।

06:35 AM, 29-Sep-2026

Asian Games 2026 Live: आज पदकों की उम्मीद

सुबह-सुबह भारत के लिए एक और बड़ा दिन है। एशियन गेम्स में भारतीय दल अब तक 45 पदक जीत चुका है, जिसमें आठ पदक सोमवार को आए। भारत के खाते में चार स्वर्ण पदक हैं और पदक तालिका में वह फिलहाल शीर्ष-15 में बना हुआ है। हालांकि, व्यक्तिगत स्पर्धा में स्वर्ण पदक का इंतजार जारी है। क्या शूटिंग में आज यह इंतजार खत्म होगा?

सुबह से शूटिंग में पदकों की दौड़
शूटिंग रेंज में दिन की शुरुआत सुबह 6:30 बजे होगी। भारत के पास पुरुष और महिला ट्रैप टीम फाइनल में पदक जीतने के दो मौके होंगे। पुरुष ट्रैप टीम फाइनल में किनान चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज उतरेंगे। वहीं, महिला ट्रैप टीम फाइनल में नीरू, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।

व्यक्तिगत स्पर्धाओं में भी पदक का मौका
शूटिंग में पदकों की दौड़ यहीं खत्म नहीं होगी। सुबह 10:30 बजे महिला ट्रैप व्यक्तिगत फाइनल होगा, जिसमें नीरू, मनीषा कीर और आशिमा अहलावत उतरेंगी। इसके बाद दोपहर 12 बजे पुरुष ट्रैप व्यक्तिगत फाइनल में किनान चेनाई, अहवर रिजवी और शपथ भारद्वाज एक बार फिर चुनौती पेश करेंगे। ऐसे में भारत के पास आज शूटिंग में कई पदक जीतने के मौके हैं।

तीरंदाजी में भी बड़ा दिन
भारतीय तीरंदाज भी आज पदक की उम्मीदों को आगे बढ़ाने उतरेंगे। शीर्ष तीरंदाज धीरज बोम्मदेवरा क्वार्टर फाइनल में पहुंच चुके हैं। एआईची-नागोया से तीरंदाजी और अन्य खेलों से भारत के सभी अहम अपडेट आपको इस लाइव ब्लॉग में मिलेंगे।

06:30 AM, 29-Sep-2026

Asian Games Live: भारत को पांचवां स्वर्ण, नीरू ने शूटिंग में जीता सोना; बॉक्सिंग में नरेंद्र ने जीता कांस्य

नमस्कार! अमर उजाला के लाइव ब्लॉग में आपका स्वागत है। एशियन गेम्स 2026 में 29 सितंबर को भारत के लिए एक और अहम दिन है। 45 पदकों के साथ भारत की नजरें शूटिंग और तीरंदाजी में पदकों की संख्या बढ़ाने पर होंगी। शूटिंग में ट्रैप टीम और व्यक्तिगत स्पर्धाओं के फाइनल होंगे, जबकि तीरंदाजी में भी भारतीय खिलाड़ियों से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद है।

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें