फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिमाचल पंचायत चुनाव: हमीरपुर जिले की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, जानें कहां कितना मतदान

Thu, 28 May 2026 07:04 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

खास बातें

Himachal Pradesh Panchayat Election 2026 Live Updates: हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 2026 के दूसरे चरण के लिए गुरुवार को मतदान हुआ। शाम छह बजे के बाद के नतीजे आने शुरू हुए। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

07:04 PM, 28-May-2026

दूसरे चरण में कुल्लू जिले में 85.53 प्रतिशत मतदान

जिला में पंचायतीराज चुनाव के दूसरे चरण में गुरुवार को कुल्लू ज़िला की 85 पंचायतों में कुल 85.53 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। चुनाव प्रक्रिया पूरे ज़िला में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।  विकास खंड आनी की 13 पंचायतों में 84.77 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। विकास खंड नग्गर की 15 पंचायतों में 86.28 प्रतिशत तथा विकास खंड भुंतर की 17 पंचायतों में 86.12 प्रतिशत मतदान हुआ। इसी प्रकार विकास खंड कुल्लू की 14 पंचायतों में 86.94 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। उपायुक्त ने बताया कि विकास खंड निरमंड की 12 पंचायतों में 80.77 प्रतिशत मतदान हुआ,जबकि विकास खंड बंजार की 14 पंचायतों में सर्वाधिक 87.37 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। जिला निर्वाचन अधिकारी कुल्लू अनुराग चंद्र शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक प्रबंध किए गए थे।

06:59 PM, 28-May-2026

बिलासपुर में कुल 78.95 फीसदी मतदान

बिलासपुर जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनाव के तहत सभी 386 मतदान केंद्रों के लिए अंतिम मतदान प्रतिशत जारी कर दिया गया है। जारी आंकड़ों के अनुसार जिले में कुल 78.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला और सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी थीं। तीन बजे के बाद भी कई बूथ पर वोटिंग हुई।

06:54 PM, 28-May-2026

सिरमाैर में भीषण गर्मी के बावजूद बंपर मतदान, 85.16 प्रतिशत वोटिंग हुई

 सिरमौर जिला में दूसरे चरण में कुल 90 पंचायतों के 538 वार्डों में बंपर मतदान रिकाॅर्ड हुआ है। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार इस बार मतदान 85.16 प्रतिशत दर्ज हुआ है, जो राज्य के औसत मतदान प्रतिशत (79.52 प्रतिशत) से काफी अधिक है। जिले में कुल 1,25,673 योग्य मतदाताओं में से 1,07,025 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं में वोटिंग को लेकर ज्यादा उत्साह देखा गया। 60,365 में से 51,437 महिलाओं (85.21 प्रतिशत) ने अपने मत का प्रयोग किया। वहीं 65,307 में से 55,588 पुरुषों (85.12 प्रतिशत) ने अपने वोट का इस्तेमाल किया। मतदान के दौरान सिरमौर जिले में 1 टेंडर वोट भी पोल हुआ है। (टेंडर वोट तब डाला जाता है जब किसी मतदाता को पता चलता है कि उसका वोट पहले ही कोई और डाल चुका है। वहीं जिला हमीरपुर की 82 पंचायतों में लगभग 74.94 प्रतिशत मतदान हुआ। 

विज्ञापन
06:28 PM, 28-May-2026

चारियां दी धार पंचायत के चुनाव नतीजे घोषित

हिमाचल प्रदेश में पंचायतीराज संस्थाओं के लिए गुरुवार को दूसरा चरण का मतदान हुआ। इसके बाद देर शाम से चुनाव नतीजे आने शुरू हुए। हमीरपुर की चारियां दी धार पंचायत में सुमना कुमारी प्रधान चुनी गईं। जबकि ओंकार चंद को उपप्रधान बनाया गया र्है। 

04:44 PM, 28-May-2026

हमीरपुर की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, 288 में से पांच वोटर ने किया मताधिकार का प्रयोग

सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत री के वार्ड नंबर-1 कंगरी में ग्रामीणों ने पंचायती राज चुनाव का बहिष्कार कर प्रशासन और सरकार के खिलाफ रोष जताया। ग्रामीणों का आरोप है कि वर्षों से क्षेत्र में विकास कार्य नहीं हुए और उनकी समस्याओं का समाधान भी नहीं किया गया। इसके चलते मतदान केंद्र प्राथमिक पाठशाला कंगरी में सुबह सात बजे से मतदान शुरू होने के बावजूद दिनभर सन्नाटा पसरा रहा। ग्रामीणों का दावा है कि दो दिन पहले वह प्रशासनिक अधिकारियों से मिले थे लेकिन उन्हें समस्या के समाधान का संतोषजनक आश्वासन नहीं मिला।



ग्रामीणों ने बताया कि मतदान तिथियों की घोषणा से पहले ही प्रशासन को चुनाव बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। इसके बावजूद उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। वार्ड के करीब 288 मतदाताओं में से अधिकांश ने मतदान से दूरी बनाए रखी। हालांकि पांच मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं वार्ड सदस्य, प्रधान और उपप्रधान सहित अन्य पदों के लिए भी इस वार्ड से किसी ने नामांकन दाखिल नहीं किया।

ग्रामीणों की मुख्य मांग कंगरी वार्ड को री पंचायत से हटाकर ख्याह लोहाखरियां पंचायत में शामिल करने या अलग पंचायत बनाने की है। ग्रामीणों कहना है कि री पंचायत घर तक पहुंचने के लिए करीब मीलों का सफर तय करना पड़ता है। खड्ड पार कर भी लोगों को लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे पंचायत संबंधी कार्य करवाना मुश्किल हो जाता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में सड़क, बिजली और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है। उनका कहना है कि कई बार जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के समक्ष समस्याएं उठाई गईं, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। इसी कारण सर्वसम्मति से चुनाव बहिष्कार का निर्णय लिया गया।

पहली बार मतदाता बने एक युवक ने कहा कि लोकतंत्र के पर्व में भाग न ले पाने का दुख है, लेकिन गांव की अनदेखी से लोग आहत हैं। वहीं पूर्व वार्ड सदस्य ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगें नहीं मानीं तो आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों का भी बहिष्कार किया जाएगा।

विज्ञापन
04:15 PM, 28-May-2026

कांगड़ा में 3 बजे तक कितना मतदान?

कांगड़ा में दोपहर 3:00 बजे तक 68.62% मतदान। वोटर टर्नआउट बढ़ेगा।

03:38 PM, 28-May-2026

शिमला में 98 वर्षीय धनी राम ने किया मतदान

98 वर्ष की आयु में भी लोकतंत्र के प्रति उत्साह और जागरूकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत करते हुए धनी राम ने शिमला ग्रामीण क्षेत्र की ग्राम पंचायत नेहरा के वार्ड नंबर 5 सोहल में आयोजित पंचायती राज चुनावों में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनका यह उत्साह युवाओं सहित सभी मतदाताओं के लिए प्रेरणास्रोत है। धनी राम ने मतदान कर यह संदेश दिया कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में हर नागरिक की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है। क्षेत्र के लोगों ने भी उनके जज्बे और लोकतांत्रिक सोच की सराहना की।

02:52 PM, 28-May-2026

लोकतंत्र को सशक्त बनाये रखने के लिए मतदान करना हम सभी का कर्तव्य: अनुराग सिंह ठाकुर

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के अवसर पर आज अपने जिला हमीरपुर के भोरंज विधानसभा क्षेत्र के समीरपुर गांव में सपरिवार मतदान कर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। इस अवसर पर अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाये रखने के लिए मतदान करना हम सभी का कर्तव्य है। उन्होंने प्रदेशवासियों से पंचायत चुनावों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील करते हुए कहा कि गाँव के विकास तथा सही प्रतिनिधि के चुनाव के लिए प्रत्येक मत अत्यंत महत्वपूर्ण है। अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि पंचायतें ग्रामीण विकास की आधारशिला होती हैं और जनता द्वारा चुना गया सक्षम नेतृत्व ही गांवों को विकास की नई दिशा दे सकता है। उन्होंने सभी मतदाताओं से लोकतंत्र के इस उत्सव में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए संदेश दिया — पहले मतदान, फिर अन्य काम।


 

02:35 PM, 28-May-2026

चंबा जिले में कितने प्रतिशत मतदान?

चंबा जिले की 116 पंचायतों में पूर्वांह्न 11:00 बजे से लेकर 1:00 बजे तक 29.54 प्रतिशत मतदान हुआ है।

02:34 PM, 28-May-2026

जिला हमीरपुर में एक बजे तक 62.46 प्रतिशत मतदान

02:10 PM, 28-May-2026

जिला कुल्लू 1 बजे तक 64.48 प्रतिशत मतदान

विकास खण्ड आनी 64.72 प्रतिशत
विकास खण्ड बंजार 62.86 प्रतिशत
विकास खण्ड भुंतर 63.05 प्रतिशत
विकास खण्ड कुल्लू 65.85 प्रतिशत
विकास खण्ड नग्गर 69.46 प्रतिशत
विकास खण्ड निरमंड 60.76 प्रतिशत

02:09 PM, 28-May-2026

देश के पहले मतदाता की पंचायत कल्पा में मतदान जारी

देश के पहले मतदाता स्वर्गीय श्याम सरन नेगी की गृह पंचायत कल्पा में वीरवार को मतदान हो रहा है। मतदान को लेकर युवाओं से लेकर बुजर्गो तक भारी उत्साह है। कल्पा पंचायत में दोपहर 1:00 बजे तक 59.14 प्रतिशत मतदान हो चुका है।

01:46 PM, 28-May-2026

मंडी में दोपहर एक बजे तक 63.24 फीसदी मतदान

जिला मंडी में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान के दौरान गुरुवार को गांव-गांव में लोकतंत्र का उत्सव देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाएं, बुजुर्ग, युवा और पहली बार मतदान करने पहुंचे मतदाता पूरे उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते नजर आए। जिले की 196 ग्राम पंचायतों के 1124 मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण ढंग से जारी रहा। प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक 21.07 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था। इसके बाद सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत बढ़कर 42.89 फीसदी पहुंच गया। वहीं दोपहर एक बजे तक जिले में कुल 63.24 फीसदी मतदान हो चुका था। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर चहल-पहल बनी रही। कई जगह बुजुर्ग मतदाता परिवार के सदस्यों के सहारे मतदान केंद्र पहुंचे तो युवाओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। महिलाओं की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही और कई केंद्रों पर पुरुषों से अधिक महिलाएं कतारों में नजर आईं। दूरदराज के इलाकों में लोग पैदल चलकर मतदान केंद्रों तक पहुंचे। मतदान केंद्रों के बाहर लोगों में पंचायतों के विकास, सड़क, पानी और अन्य स्थानीय मुद्दों को लेकर चर्चाएं भी होती रहीं। जिला प्रशासन और चुनाव ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों ने मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापक प्रबंध किए हैं। अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण तरीके से मतदान जारी है।

01:38 PM, 28-May-2026

जिला कुल्लू 1 बजे तक 64.48% मतदान

विकास खण्ड आनी 64.72%
विकास खण्ड बंजार 62.86%
विकास खण्ड भुंतर 63.05%
विकास खण्ड कुल्लू 65.85%
विकास खण्ड नग्गर 69.46%
विकास खण्ड निरमंड 60.76%

01:21 PM, 28-May-2026

बिलासपुर जिले में 11 बजे तक कितने प्रतिशत मतदान?

बिलासपुर सदर
42.35%
घुमारवीं
41.86%
झंडूता
42.29%
श्री नैना देवी जी
51.91%
कुल बिलासपुर
43.37%

12:56 PM, 28-May-2026

सिरमौर में रफ्तार पकड़ रहा मतदान, सुबह 11 बजे तक आधे मतदाताओं ने डाले वोट

पंचायती राज संस्थाओं के लिए चल रहे मतदान में सिरमौर जिले के मतदाताओं ने सुबह 11 बजे तक जबरदस्त उत्साह दिखाया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी सुबह 11:00 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, सिरमौर जिले में मतदान का आंकड़ा आधा पार करते हुए 50.52 प्रतिशत तक पहुंच गया है। सुबह के मुकाबले वोटिंग की रफ्तार में भारी उछाल आया है। जिले के 90 पंचायतों के 538 वार्डों में चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। जिले के कुल 1,25,673 मतदाताओं में से अब तक 63,488 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर चुके हैं। शुरुआती घंटों में पुरुष मतदाता आगे चल रहे थे, लेकिन 11 बजे तक महिलाओं ने भी पोलिंग बूथों पर लंबी कतारें लगाकर पुरुषों को कड़ी टक्कर दी है। जिले के कुल 65,307 पुरुष मतदाताओं में से 33,240 (50.90 प्रतिशत) अपने वोट का इस्तेमाल कर चुके हैं। वहीं, 60,365 महिला मतदाताओं में से 30,248 (50.11 प्रतिशत) महिलाएं लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी दर्ज करा चुकी हैं। दोपहर और शाम होते-होते इस वोटिंग प्रतिशत में रिकॉर्ड बढ़ोतरी होने की उम्मीद जताई जा रही है। सुरक्षा और निष्पक्ष चुनाव के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।

12:44 PM, 28-May-2026

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने किया मतदान

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने आज अपनी ग्राम पंचायत गोन्दपुर जयचंद के वार्ड नंबर दो में मतदान किया।

12:34 PM, 28-May-2026

11 बजे तक कुल 43.56 प्रतिशत मतदान

प्रदेश में 11 बजे तक कुल 43.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मतदान में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लंबी कतारें देखने को मिलीं। 

12:24 PM, 28-May-2026

विकास खंड हमीरपुर में 11 बजे तक 42.56 प्रतिशत मतदान

12:19 PM, 28-May-2026

जिला कुल्लू 11 बजे तक 43 फीसदी मतदान

आनी 41.23%
बंजार 40.18%
भुंतर 41.08%
कुल्लू 44.7%
नग्गर 48.19%
निरमंड 41.46%

12:17 PM, 28-May-2026

जिला हमीरपुर के विकास खंड भोरंज में 11 बजे तक 46 प्रतिशत मतदान।

11:58 AM, 28-May-2026

शिमला में ढली के धनेन बूथ पर वोट डालने आए युवा व बुजुर्ग।

11:48 AM, 28-May-2026

हमीरपुर में 116 वर्षीय खड़कू राम ने दशमल में किया मतदान।

उपमंडल भोरंज की दशमल पंचायत के गांव जाड़ बरड़ू के 116 वर्षीय वृद्ध खड़कू राम भी इस बार पंचायत चुनावों में मतदान किया। खड़कू राम का जन्म वर्ष 1911 में हुआ है। इनके पुत्र बृज लाल शर्मा ने बताया कि पिता अभी भी तंदरुस्त हैं और खुद ही मतदान केंद्र तक जाने की हिम्मत रखते हैं। हर बार खुद ही मतदान केंद्र तक पहुंचे हैं। आधार कार्ड पर भी जन्म वर्ष 1911 का है। बृज लाल ने कहा कि उनके पिता की उम्र सौ साल से पार है लेकिन वह आज भी घर के सारे काम करते हैं। 116 वर्षीय खड़कू राम पैदल चलकर मतदान केंद्र तक पहुंचे। उन्होंने कहा इससे पहले वह इससे पहले कईं बार मतदान कर चुके हैं। उन्होंने युवाओं को नशा न करने और सेहत के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी।


11:40 AM, 28-May-2026

मंडी में दो घंटे में दोगुना हुआ मतदान प्रतिशत

जिला मंडी में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के मतदान के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। जिले की 196 ग्राम पंचायतों के 1124 मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगी रहीं। प्रशासन के अनुसार सुबह 9 बजे तक 21.07 फीसदी मतदान दर्ज किया गया था, जो दो घंटे बाद बढ़कर सुबह 11 बजे तक 42.89 फीसदी पहुंच गया। मतदान केंद्रों पर महिला, बुजुर्ग और युवा मतदाता बड़ी संख्या में पहुंचे। कई ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह से ही मतदान केंद्रों के बाहर लंबी कतारें लगी रहीं। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए सुरक्षा और अन्य आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। जिला प्रशासन ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। अधिकारियों के अनुसार जिले के सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी है।

11:36 AM, 28-May-2026

ऊना जिले की 83 पंचायतों में मतदान प्रक्रिया जारी

पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के चुनावों में ऊना जिले की 83 पंचायत में मतदान प्रक्रिया सुबह 7:00 बजे शुरू हो गई है। मतदान करने के लिए हर वर्ग के मतदाताओं में खासा रुझान देखने को मिला है। मौसम भी इस बार मतदान की प्रक्रिया में मतदाताओं का साथ दे रहा है। कुटलैहड़ विस क्षेत्र के गांव पनेड वासी 88 वर्षीय बुजुर्ग मतदाता बांता राम का शायराना अंदाज में मतदाताओं को संदेश दिया। नौ बजे तक 23.17% मतदान हुआ।

11:13 AM, 28-May-2026

भाजपा विधायक डॉ. जनक राज ने किया मतदान

भरमौर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डॉ. जनक राज भी अपनी पत्नी के साथ मतदान केंद्र पहुंच कर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान करने के बाद जनकराज ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि आज अपनी ग्राम पंचायत में जिम्मेवारी का निर्वहन किया। पूर्ण मतदान मजबूत लोकतंत्र।

May be an image of one or more people, temple and text

11:11 AM, 28-May-2026

आंखों की रोशनी न होने के बावजूद पड़ोसी के साथ वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम

हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव का उत्साह देखते ही बन रहा है। जिला शिमला में आंखों की रोशनी न होने के बावजूद मल्याणा पंचायत पहुंचे बुजुर्ग दौलत राम। दौलत राम शुराला के रहने वाले हैं। अपने पड़ोसी भीम के साथ वोट डालने आए हैं। उन्होंने बताया कि वोट डालना जरूरी है। गांव के विकास के लिए वोट जरूरी है। सशक्त उम्मीदवार को ही अपना वोट डाला है।

10:58 AM, 28-May-2026

कांगड़ा जिले के रक्कड़ में बार्ड नम्बर-5 में 103 वर्षीय बुजुर्ग महिला वोट डालने जाते हुए।



10:38 AM, 28-May-2026

जमानाबाद मतदान केंद्र में उमड़ा लोकतंत्र का उत्साह

पंचायत चुनाव के दूसरे चरण के मतदान के दौरान कांगड़ा जिले के जमानाबाद मतदान केंद्र में मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। सुबह से ही लोग अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्र पहुंचने लगे। युवाओं के साथ-साथ बुजुर्ग मतदाताओं में भी मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। लोकतंत्र के इस पर्व में गांव जमानाबाद के 83 वर्षीय किशोरी लाल और 90 वर्षीय कर्म चंद ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मत का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव पर भी मतदान के प्रति उनके जज्बे की लोगों ने जमकर सराहना की। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह बढ़ाया और उन्हें लोकतंत्र की सच्ची ताकत बताया। मतदान केंद्र पर प्रशासन की ओर से भी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

10:21 AM, 28-May-2026

जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी मतदान हुआ

जिला शिमला में दूसरे चरण के पंचायत चुनाव में सुबह 9 बजे तक 21 फीसदी वोटिंग हो गई है। भारी संख्या में युवा और बुजुर्ग मतदाता चुनाव में वोट डालने आ रहे हैं। ऐसे में इसमें ओर कुछ देर ओर अधिक बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

10:19 AM, 28-May-2026

रामपुर विकास खंड की 13 पंचायतों में मतदान जारी, 103 वर्षीय मोती राम शर्मा ने भी किया वोट

रामपुर विकास खंड की 13 पंचायतों में वीरवार को मतदान जारी है। बुजुर्ग  और युवा मतदान के लिए काफी दिखा रहे हैं। रामपुर के लालसा में 103 वर्षीय मोती राम शर्मा ने भी मतदान किया।

10:12 AM, 28-May-2026

रामपुर विकास खंड में शुरुआती दो घंटे में हुआ 16.31 प्रतिशत मतदान।

10:09 AM, 28-May-2026

बिलासपुर में दूसरे चरण का मतदान शुरू, 1 लाख 8 हजार से अधिक मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

बिलासपुर जिले में पंचायती राज संस्थाओं के दूसरे चरण के लिए आज सुबह 7 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई। जिले की 62 ग्राम पंचायतों में कुल 1 लाख 8 हजार 369 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 54 हजार 402 पुरुष तथा 53 हजार 967 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान दोपहर 3 बजे तक चलेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि दूसरे चरण के मतदान के लिए प्रशासन द्वारा सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिले में कुल 386 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें 271 सामान्य, 77 संवेदनशील तथा 38 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं। सभी संवेदनशील और अति संवेदनशील केंद्रों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।



उन्होंने बताया कि 62 ग्राम पंचायतों के मतों की गणना के लिए 62 मतगणना केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 14 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 17 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं। ग्राम पंचायतों के मतों की गणना मतदान समाप्त होने के बाद की जाएगी, जबकि पंचायत समिति और जिला परिषद के मतों की गणना 31 मई को निर्धारित मतगणना स्थलों पर होगी। उपायुक्त राहुल कुमार ने मतदाताओं से लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदाता बिना किसी भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। मतदान केंद्र पर जाते समय निर्वाचन आयोग द्वारा जारी एपिक कार्ड अथवा कोई वैध पहचान पत्र जैसे आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट या पैन कार्ड साथ लेकर जाएं।

उन्होंने मतदाताओं से मतदान केंद्रों पर शांति एवं अनुशासन बनाए रखने तथा महिला, दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं का सहयोग करने की भी अपील की। गर्मी को देखते हुए मतदाताओं को अपने साथ पानी और छाता रखने की सलाह दी गई है। उपायुक्त ने कहा कि मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदाता की जिम्मेदारी है। बैलेट पेपर पर केवल निर्धारित चुनाव चिन्ह पर ही मुहर लगाएं तथा किसी भी प्रकार से मतदान की गोपनीयता भंग न करें। बैलेट पेपर की फोटो खींचना या किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर मतदान करना दंडनीय अपराध है।

10:07 AM, 28-May-2026

मंडी में दूसरे चरण के लिए मतदान शुरू, 196 पंचायतों में सुबह से मतदान को लेकर उत्साह

मंडी जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के दूसरे चरण के लिए वीरवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया। दूसरे चरण में जिले की 196 ग्राम पंचायतों में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं में मतदान को लेकर खासा उत्साह नजर आया। ग्रामीण क्षेत्रों में लोग सुबह जल्दी मतदान केंद्रों तक पहुंचे। कई स्थानों पर पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस पर्व में भागीदारी निभाई। मतदान केंद्रों के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और प्रशासनिक अधिकारी लगातार व्यवस्था पर नजर बनाए हुए हैं।

09:53 AM, 28-May-2026

विकास खंड सुजानपुर में 9 बजे तक 22.55 प्रतिशत मतदान।

09:52 AM, 28-May-2026

भोरंज में 9 बजे तक लगभग 22 प्रतिशत मतदान।


09:39 AM, 28-May-2026

जिला कुल्लू की 85 पंचायतों में मतदान शुरू

जिला कुल्लू में दूसरे चरण के लिए मतदान सुबह 7:00 से शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई। खासकर महिलाओं की भागीदारी सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। दूसरे चरण के लिए भी जिला में 85 पंचायत के लिए मतदान हो रहा है।  वहीं, लाहौल स्पीति जिले में भी दूसरे चरण के लिए 12 पंचायत में वोट डाले जा रहे हैं। दोपहर बाद 3:00 बजे तक चलने वाली वोटिंग के बाद मतों की गणना शुरू होगी और देर रात तक परिणाम घोषित होंगे।




डंडे के सहारे मतदान करने पहुंची 85 वर्षीय चांदी देवी।

09:34 AM, 28-May-2026

चंबा में सुबह छह बजे से ही मतदान केंद्रों पर जुटे लोग

जिला चंबा में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत वीरवार सुबह छह बजे से ही मतदान केंद्रों में लोग मतदान करने के लिए पहुंचना शुरू हो गए। मतदान केंद्रों में महिलाएं, पुरुष सुबह से ही कतार में दिखे। गेंहू की कटाई, थ्रेसिंग समेत मक्की बिजाई का काम सिर पर है। लिहाजा, लोग सुबह सुबह ही मतदान करने पहुंचे। जिससे वे खेत में भी काम कर सके। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) मुकेश रेपसवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायती राज सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत द्वितीय चरण के तहत जिले के 116 ग्राम पंचायतों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी। दूसरे चरण के तहत विकास खंड चम्बा की 16, भरमौर की 15, तीसा की 18, मैहला की 18, पांगी की 9, सलूणी की 16 और भटियात की 24 पंचायतें शामिल हैं। उन्होंने साथ में यह भी बताया कि दूसरे चरण के अंतर्गत ज़िला के जनजातीय उपमंडल भरमौर तथा पांगी में निर्वाचन प्रक्रिया पूर्ण होगी। इसके अतिरिक्त जिला के पांच विकास खंडों चंबा, मैहला, तीसा, सलूणी एवं भटियात में तीसरे चरण के तहत 30 मई को मतदान प्रक्रिया संपन्न होगी।



मतदान केंद्र थल्ला बैली में 90 वर्षीय बुजुर्ग गीतों देवी ने मतदान किया।



चंबा के सिंयूर गांव के 100 वर्षीय बुजुर्ग अर्जुन सिंह ने पोलिंग बूथ पर पहुंचकर वोट डाला।


09:24 AM, 28-May-2026

हिमाचल पंचायत चुनाव: हमीरपुर जिले की री पंचायत कंगरी वार्ड में चुनाव का बहिष्कार, जानें कहां कितना मतदान

हिमाचल में पंचायती राज चुनाव के दूसरे चरण में मतदान सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। मतदान के लिए लोगों में काफी उत्साह है। वोट डालने के लिए लंबी कतारें लगी हुई हैं।

 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें