प्रियंका गांधी का बयान
प्रियंका बोलीं- प्रधानमंत्री देव नारायण मंदिर आए थे...
असली नेता वर्तमान और भविष्य की ओर देखता है। वह अतीत की बात नहीं करता। जो नेता सचमुच चाहते हैं कि प्रदेश और देश आगे बढ़े वह सिर्फ अपना मान सम्मान नहीं देखते। बड़ी-बड़ी बिल्डिंगे बनाना, 20 हजार करोड़ का संसद भवन बनाना यह भाजपा के नेता करते हैं। प्रधानमंत्री 8-8 हजार करोड़ के हवाई जहाज खरीद रहे हैं और किसानों का कर्ज माफ करने की मांग पर कहते हैं कि पैसा नहीं है। आप सोचिए कि आपकी उम्मीद थी कि वे देश की रक्षा करेंगे लेकिन हुआ क्या देश की कंपनियों को अपने पूंजीपति मित्रों को बेच दिया। जहां आरक्षण मिलता था वह भी नहीं मिलेगा। आज यह नौबत आ गई है कि प्रदेश की सरकार महंगाई राहत कैंप लगा रही है। क्योंकि देश की सरकार ने महंगाई बढ़ा दी है।
जब-जब चुनाव आता है वे धर्म की बात करते हैं। धर्म को कोई हिंदुस्तानी नहीं नकार सकता। पर आपको ध्यान देना होगा कि यह बात चुनाव के समय क्यों उठ रही है। जब तमाम कांग्रेस की सरकारें ओपीएस दे रही हैं तो ये क्यों नहीं दे सकते, यह आपको पूछना पड़ेगा। आपको चुनना पड़ेगा कि आपको ऐसी राजनीति चुननी है जो सिर्फ आपके जज्बातों की बात करती है, या ऐसी जो आपका काम करे। लालच, महत्वाकांक्षा की राजनीति आपको आगे नहीं बढ़ाएगी। मैंने टीवी पर देखा, पता नहीं सच है या नहीं प्रधानमंत्री यहां देव नारायण मंदिर आए थे जब उनका लिफाफा खोला तो 21 रुपए निकले। देश में यही हो रहा है। आपको बड़े-बड़े लिफाफे दिए जा रहे हैं जब आप उसको खोलते हैं तो उसमें कुछ नहीं निकलता है। ईआरसीपी पर प्रधानमंत्री सिर्फ जुमले बाजी होती है। यह सिर्फ एक परियोजना नहीं है यहां के लिए गंगा की तरह है। आप यहां आज तक ईआरसीपी का इंतजार कर रहे हैं। पंडित जवाहर लाल नेहरू ने देश की 60 से अधिक बड़े बांध की परियोजनाएं बनाई। इनके बाद इंदिरा गांधी और लाल बहादुश शास्त्री ने इसको आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा, जो बच्चे देश के लिए तैनात होने के लिए तैयार है और आपने अग्निवीर जैसी योजना निकाल दी। कोई बच्चा अब जाना ही नहीं चाहता। भयानक बेरोजगारी है जहां से रोजगार बन सकता था वह इन्होंने अपने उद्योगपति मित्रों को दे दिए। गांवों में रोजगार बनते थे तो इन्होंने मनरेगा को भी कम कर दिया। जीएसटी थोपी और नोटबंदी कर दी। इंडोनेशिया से यहां कोयला लाते हैं और लाते-लाते इसके दाम दोगुने कर देते हैं। सरकार इन उद्योगपति मित्रों को मजबूत करने का काम कर रही है। राजस्थान सरकार ने केंद्र सरकार की महंगाई से बचाने के लिए आपके लिए महंगाई राहत कैंप लगाए हैं। जो स्वास्थ्य बीमा आपको मिल रहा है वह देश में और कहीं नहीं है। छत्तीसगढ़ में कुछ समय पहले शुरू हुआ है वहां भी कांग्रेस की सरकार है। गैस सिलेंडर आपको 500 रुपए में मिल रहा है।
दीया कुमारी ने प्रियंका गांधी की राजस्थान यात्रा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी जी! राजस्थान में आपका स्वागत है। आप यहां छुट्टियां मनाने तो कई बार आईं, पर कभी यहां की बेटियों के लिये नहीं आईं। राजस्थान की बेटियों पर हो रहे अत्याचारों पर मेरे कुछ सवाल हैं, इनका कोई जवाब है आपके पास?
प्रियंका बोलीं-सारा भाई बहनन कूं राम-राम
प्रियंका गांधी ने कहा, सारा भाई बहनन कूं राम-राम सा। यहां आते-आते मैंने अशोक गहलोत जी से निवेदन किया है कि समय मिले तो मेहंदीपुर बालाजी जाऊं। दौसा ने देश को पंडित नवल किशोर शर्मा और राजेश पायलट जैसे नेता दिए। महिलाओं से कहा कि आज कल आपके खेतों में बहुत काम है इसके लिए आपको बहुत-बहुत धन्यवाद।
आने वाले वक्त में गारंटी आधारित सरकार चलेगी, हम चुनावों में आपको और गारंटी देंगे
सीएम गहलोत ने कहा, हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग करते हैं कि पूरे देश के अंदर राइट टू सोशल सिक्योरिटी लागू करने की घोषणा करो। आप विश्व गुरु बनने की बाते करते हो, यहां महिलाएं और बच्चे कुपोषण के शिकार हैं। दौसा में मेडिकल कॉलेज के अलावा नर्सिंग कॉलेज भी खुल रहा है। बहुत कुछ किया है हमने। आप हमारी सरकार पर विश्वास कीजिए। सोनिया गांधी और राहुल गांधी ने कह रखा है कि वादा मत करो और यदि करते हो तो वादा निभाओ। हम अपने वादे पूरे करते हैं। हमने 10 वादे पूरे किए हैं। 40 लाख महिलाओं को मोबाइल मिल चुके हैं। एक करोड़ महिलाओं को और मोबाइल देंगे। आने वाले वक्त में गारंटी आधारित सरकार चलेगी। हम चुनावों में आपको और गारंटी देगी। हमारी सरकार वह सरकार है जो जीतते ही घोषणापत्र तो कैबिनेट कमेटी में लाते हैं।
गहलोत ने कहा, भाजपा वालों ने देश में आतंक मचा रखा है। संविधान की धज्जियां उड़ रही है। आज ज्यूडिशरी पर दबाव है। सीबीआई, ईडी और इनकम टैक्स पर दबाव बढ़ रहा है। कहने को कई बाते हैं कि शॉर्ट में कहना चाहूंगा, जैसा अभी सचिन पायलट कह रहे थे सारी बातें भूल करके लगना है। भाजपा कहती है कि हमारा चेहरा कमल का फूल होगा। क्या कमल का फूल सड़कें बनाएगा। चेहरा तो होना चाहिए न। अग्निवीर का एक बच्चा अभी मर गया उसकी लाश को किसी ने पूछा तक नहीं। इसलिए मैं कहना चाहूंगा कि यह चुनाव बेहद महत्वपूर्ण है।
मोदी सरकार ने हमारे साथ धोखा किया
सीएम गहलोत ने कहा, मोदी सरकार ने हमारे साथ धोखा किया है। हमने उनकी कोई योजना बंद नहीं की। रिफाइनरी को हमने आगे बढ़ाया। दौसा के लिए हमने 14 हजार करोड़ के काम मंजूर कर दिए हैं। ईआरसीपी का सबसे पहला फायदा दौसा को मिलेगा। भारत सरकार का मंत्री शेखावत राजस्थान का ही है और वह राजस्थान को गुमराह कर रहा है ईआरसीपी को लेकर। हमने ईआरसीपी का जो मुद्दा बनाया है उससे यह योजना पूरी होकर रहेगी। दो दिन पहले भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्ढा यहां आए ईआरसीपी का नाम तक नहीं लिया। हमारे अध्यक्ष खड़गे जी यहां ईआरसीपी के लिए आए। मुझसे सिकराय में कॉलेज मांगा, आज दौसा में 5 कॉलेज खोली गई। 70 साल में कभी ऐसा हुआ है। 5 सालों में हमने 250 कॉलेज खोल दी।
नए जिलों की घोषणा पर बोले गहलोत- बच्चा पैदा होता है तो बड़ा होने में समय लगता है
सीएम अशोक गहलोत ने कहा, एआईसीसी की महासचिव हमारी नेता प्रियंका गांधी का हार्दिक स्वागत करता हूं। मुझे खुशी है कि 25 दिन पहले वे निवाई आई थीं और आज सिकराय आई हैं। जो सैलाब यहां आया है वह इस बात का प्रतीक है कि आपका विश्वास कांग्रेस के साथ हैं। पांच साल में मैंने कोई काम मना नहीं किया है। मुरारी मीणा, परसादी मीणा को मैंने कभी किसी काम के लिए मना नहीं किया। ऐसा हिंदुस्तान में कहां होगा...ये मांगते मांगते थक गए मैं देता-देता नहीं थका। मैंने 33 से 53 जिले बना दिए। कुछ लोगों ने उसे लेकर आलोचना की। मैंने कहा कि विकास होने में वक्त लगता है। दौसा जिला बना था तब भी लोगों ने यही कहा थ। आज यहां मेडिकल कॉलेज बन रही है। बच्चा पैदा होता है तो बड़ा होने में थोड़ा वक्त लकता है।
गोविंद सिंह डोटासरा का बयान
हमारे बीच हमारी नेता प्रियंका जी आई हैं। हम सब उनका स्वागत करते हैं। देश के प्रधानमंत्री ने दो बार प्रदेश के लोगों के साथ वादा किया था कि 2019 में सत्ता में आए तो ईआरसीपी को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करेंगे। लेकिन दुख की बात है कि राजस्थान के केंद्रीय जल मंत्री होने के बाद भी भाजपा ने यह वादा नहीं निभाया। हमारी सरकार ने इसके लिए 23 हजार करोड़ रुपये का बजट देकर अपना वादा पूरा करने का काम किया है।
डोटासरा ने कहा, हमने शानदार काम किए हैं। 25 लाख का तक का इलाज फ्री, इंदिरा रसोई, ओपीएस, फ्री बिजली, सिलेंडर जैसे काम किए हैं। हमारा कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को यह बता रहा है कि भाजपा ने जो वादे किए उन्हें पूरा नहीं किया। भाजपा के सांसदों को विधानसभा चुनावों में उतार कर भाजपा 2023 की लड़ाई नहीं लड़ना चाहती। बल्कि वह 2024 की अपनी एंटी इनकमबेंसी कम करना चाहती हैं।
सचिन पायलट का बयान...
यहां के क्षेत्र के लोगों ने हमेशा कांग्रेस का साथ दिया है। मुझे गर्व है कि मैं यहां का सांसद रहा हूं। इस हाथ की पहचान को आपने हमेशा बरकरार रखा। आज यहां पर हमारी सरकार है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। ईआरसीपी पर 5 साल में हमारी सरकार ने काम किया है। लेकिन केंद्र की सरकार भेदभाव की भावना से काम कर ही है। इसलिए यहां के लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2-2 बार यहां आकर कहा था कि ईआरसीपी लागू करेंगे। लेकिन प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है इसलिए वे भेदभाव कर रहे हैं।
तेलंगाना में कांग्रेस की लहर चल रही है
राजस्थान में तीस साल की परिपाटी चलती आई है कि एक बार कांग्रेस और एक बार भाजपा। यह परिपाटी हमें तोड़नी पड़ेगी। अच्छे समय में सब शामिल होते हैं लेकिन कठिन समय में तो सिर्फ अपने शामिल होते हैं। किसी का कोई छोटा मोटा मनमुटाव है तो भूल जाओ। अब तो हर जगह मोहब्बत की दुकान खोलनी है। भाजपा घबराई हुई है कि किसको कहां से टिकट दें।
ईआरसीपी की सभा से पहले प्रियंका ने सोशल मीडिया पर दिया बयान। बोलीं, राजस्थान के पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री जी ने ईस्टर्न राजस्थान कैनाल प्रोजेक्ट (ERCP) को राष्ट्रीय प्रोजेक्ट घोषित करने का वादा किया था। उसके बाद से राज्य सरकार बार-बार प्रस्ताव भेजती रही। अशोक गहलोत ने उन्हें दर्जन भर पत्र लिखे, लेकिन केंद्र सरकार राजस्थान वासियों की परेशानी को नजरअंदाज करती रही। इस वादाखिलाफी को लेकर राजस्थान की जनता में आक्रोश है। आज दौसा जिले के सिकराय से प्रदेश की जनता को संबोधित कर उनका स्नेह और आशीर्वाद मागूंगी।
दौसा में प्रियंका गांधी की रैली से पहले विरोध के स्वर गूंजने लगे हैं। सवाई माधोपुर से कांग्रेस के टिकट दावेदार लइक अहमद के समर्थकों ने दौसा के जयपुर-आगरा हाइवे-21 पर नारेबाजी की और प्रदर्शन भी किया। साथ ही कहा, दानिश अबरार ने आज तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बदसलूकी और बदतमीजी के कई मामले हैं। वहीं, लइक अहमद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि टिकट की लाइन से दानिश अबरार बाहर हो चुके हैं।
प्रियंका गांधी जनसभा में ERCP मुद्दे को एक बार फिर जोर-शोर से उठाने वाली हैं। प्रधानमंत्री की ओर से ERCP को राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने के वादे के बाद से ये एक बड़ा मुद्दा बन गया है। पीएम की वादाखिलाफी को लेकर ही कांग्रेस लगातार सरकार पर हमलावर बनी हुई है।
ERCP योजना को राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं किए जाने से 13 जिलों को हुए नुकसान की बात भी प्रियंका गांधी की ओर से आम जनता के सामने रखी जाएगी।
भारत जोड़ो स्थल से कई बड़े संदेश
पूर्वी राजस्थान में कांग्रेस भले ही मुद्दा ईआरसीपी को बनाना चाह रही है। लेकिन वो इस मुद्दे को अपने बड़े नेताओं के माध्यम से लोगों तक पहुंचाने की तैयारी में हैं। अब प्रियंका गांधी का यह कार्यक्रम सिकराय के कांदोली में कराया जा रहा है। यहां पर भारत जोड़ो यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। यहीं पर विश्राम भी किये थे। इसलिए इस स्थल को चुना गया है, यहां पर अधिक लोगों के जुटने की जगह भी है।
13 जिलों का टारगेट पार्टी लेकर चल रही है। मगर, प्रियंका के माध्यम से पूर्वी राजस्थान में सचिन पायलट के समर्थकों को बड़ा सन्देश दिया जा सकता है। पार्टी प्रवक्ता स्वर्णिम चतुर्वेदी ने बताया कि इस जनसभा में एक लाख से अधिक लोग जुटेंगे। वहीँ, दौसा के कांग्रेस अध्यक्ष रामजी लाल जी कहना है कि प्रियंका गांधी की इस सभा से बड़ा संदेश जायेगा।