10:56 AM, 18-Oct-2023
Rajasthan Election 2023 Live: 20 अक्तूबर को दुष्यंत चौटाला करेंगे रोड शो, टिकटों को लेकर कांग्रेस का मंथन पूरा
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को अजमेर और कोटा शहर के लोगों से मिलेंगे। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा बुधवार को कोटा आएंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार जेपी नड्डा सुबह 11 बजे कोटा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। डीसीएम रोड स्थित निजी होटल जाएंगे। झालावाड़- बारां व कोटा-बूंदी लोकसभा क्षेत्र के चुनिंदा पदाधिकारी की अलग-अलग मीटिंग लेंगे।
राजस्थान विधानसभा चुनाव को लेकर केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक जारी है। इस बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, CPP चेयरपर्सन सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
आज कांग्रेस की पहली लिस्ट का इंतजार हो सकता खत्म
दिल्ली में मंगलवार देर रात तक गौरव गोगोई की अध्यक्षता में कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक चली, जिसमें सीएम अशोक गहलोत, सचिन पायलट, सुखजिंदर सिंह रंधावा, गोविंद सिंह डोटासरा समेत कई नेताओं ने हिस्सा लिया। इस बैठक में देर रात तक विधानसभा सीटों के लिए गहन मंथन किया गया। इसके बाद बुधवार शाम तक कांग्रेस की कई विधानसभा सीटों पर उम्मीदवारों की पहली सूची जारी हो सकती है।
संजीवनी घोटाले को लेकर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र शेखावत की याचिका पर हाईकोर्ट जस्टिस कुलदीप माथुर की कोर्ट में आज सुनवाई होगी। एसओजी की ओर से आरोप पत्र पेश करने की आशंका के चलते शेखावत ने हाल ही ये याचिका लगाई थी। मुख्यवाद सूची में क्रम संख्या 90 पर मामला सूचीबद्ध हुआ है। कोर्ट ने पूर्व सुनवाई के दौरान शेखावत की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी है। वहीं राज्य सरकार ने शेखावत की गिरफ्तारी से रोक हटाने की अर्जी पेश कर रखी है। इस अर्जी पर 30 अक्तूबर को सुनवाई होगी।