फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajasthan Election Live: राहुल ने भरी हुंकार, बोले- BJP अमीरों की जेब भरती है, हम गरीबों की सरकार चलाते हैं

Thu, 16 Nov 2023 05:32 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

Rajasthan Vidhan Sabha Chunav 2023, BJP Manifesto Sankalp Patra Live: राजस्थान में चुनावी घमासान के बीच बीजेपी ने आज अपना घोषणा पत्र जारी किया। बता दें कि बीजेपी घोषणा पत्र को संकल्प पत्र कहती है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:20 PM, 16-Nov-2023



राहुल बोले- गहलोत जी 25 लाख का बजट कम है इसे बढ़ाइए
श्रीगंगानगर में राहुल गांधी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान एक ऐसा प्रदेश है, जहां स्वास्थ्य का अधिकार है। कैंसर हो जाए, हार्ट अटैक हो जाए, घुटना बदलवाना हो, एक पैसा खर्च नहीं होता आप लोगों का। ये सुविधा आपको कहीं और देखने को नहीं मिलेगी, ये सिर्फ राजस्थान सरकार ही कर सकती है। मैंने तो गहलोत जी से कहा भी कि  25 लाख का बजट भी कम है इसको और बढ़ाइए। 500 रुपये का गैस सिलेंडर हम देते हैं इसका फायदा गरीब लोगों को ही तो मिल रहा है।  

03:36 PM, 16-Nov-2023

भाइयों और बहनों दो तरह की सरकार होती है। एक वो किसानों, गरीबों और मजदूरों के साथ खड़ी होती है और दूसरी वो सरकार जो अरबपतियों के साथ खड़ी होती है। आप जानते हो बीजेपी अरबपतियों के साथ खड़ी होने वाली सरकार है। पहले अडानी जी दुनिया के अमीर लोगों के 600 नंबर पर थे। आज मोदी जी अपने मित्र को दूसरे नंबर पर लाकर खड़ा कर दिया। अदानी जी पैसा कमाते हैं और उस पैसे को विदेश में इस्तेमाल करते हैं, विदेश की कंपनियां खरीदते हैं। हमारी सरकार क्या करती है, हम किसानों-मजदूरों के जेब में पैसा डालते हैं। उसका फायदा ये होता है कि गांव के लोग गांव में ही पैसा खर्च करते हैं, शहर में पैसा खर्च करते हैं, छोटे दुकानदारों से शर्ट, पैंट, अनाज खरीदते हैं और ये पैसा सीधा गांव में और शहर में जाता है।  इससे राजस्थान की अर्थव्यवस्था चालू हो जाती है। सबको फायदा मिलता है। मैं वादा करता हूं जितना पैसा नरेंद्र मोदी जी ने और बीजेपी ने अरबपतियों को दिया है, उतना पैसा हमारी सरकार गरीबों की जेब में डालेगी।

03:12 PM, 16-Nov-2023



बताई सात गारंटी
  • राहुल गांधी ने कहा कि हमने आपको सात गारंटी दी हैं, इनको आप अच्छी तरह सुनिए...
  • राजस्थान में हर परिवार में एक महिला को 10000 रुपये मिलेंगे।
  • गरीब लोगों के लिए 500 रुपये का सिलेंडर।
  • 15 लाख रुपये इंश्योरेंस।
  • सब बच्चों के लिए इंग्लिश मीडियम स्कूल।
  • सरकारी कॉलेज में जो पढ़ते हैं उनके लिए फ्री लैपटॉप।
  • सरकारी एम्पलाइज के लिए लीगल गारंटी ऑफिस, हम उसको कानून बना देंगे।
  • गांव के लोगों के लिए जैसे हम छत्तीसगढ़ में करते हैं गोबर की खरीद दो रुपये प्रति किलो।

विज्ञापन
03:09 PM, 16-Nov-2023



राहुल गांधी ने बताया फर्क

भाईयों और बहनों हम यहां गरीबों की सरकार चलाते हैं, आपकी रक्षा करते हैं। नरेंद्र मोदी जी ने जीएसटी लागू किया। पहली बार हिंदुस्तान में किसान को टैक्स देना पड़ता है। नोटबंदी की वजह से सारे के सारे छोटे व्यापारियों को उन्होंने खत्म कर दिया, जहां भी देखो कोई न कोई बिजनेस कर रहे हैं। एयरपोर्ट उनके, सीमेंट प्लांट उनके, सड़क उनकी। ये पूरा का पूरा काम अमीर लोगों के लिए करते हैं यही फर्क है उनमें और हमारे में।

03:02 PM, 16-Nov-2023

लोग मर थे मोदी जी थाली बजवा रहे थे
कोरोना के समय मोदी जी ने कहा थाली बजाओ, पूरे देश में लोग मर रहे थे। ऑक्सीजन नहीं थी दवाई नहीं थी और मोदी जी थाली बजवा रहे थे। वहीं, यहां भीलवाड़ा में राजस्थान सरकार उस सयम गरीबों को खाने के पैकेट दे रही थी, दवा दे रही थी, लोगों की मदद कर रहे थे क्यों? क्योंकि हम गरीबों की सरकार हैं।

विज्ञापन
02:57 PM, 16-Nov-2023

हर स्टेट में हमारा नया मॉडल बन रहा है
अब हर स्टेट में हमारा अब एक नया मॉडल बन रहा है। यहां पर गहलोत जी ने ऐसा मॉडल तैयार किया है, जिसका फायदा हर गरीब को मिल रहा है। यहां राजस्थान की जनता को फ्री में इलाज मिलता है। नरेंद्र मोदी जी ने नोटबंदी की यहां कोई बताए उसको नोटबंदी से फायदा हुआ हो। कालाधन मिटा क्या? 

02:54 PM, 16-Nov-2023
सभा को संबोधित करते राहुल गांधी। - फोटो : Amar Ujala Digital

बीजेपी ने पूरी मदद अरबपतियों की
चूरू में राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले सालों में बीजेपी ने पूरी मदद अरबपतियों की है। जितना पैसा नरेंद्र मोदी जी ने और बीजेपी ने अरबपितयों को दिया है उतना पैसा हमारी सरकार गरीबों की जेब में डालेगी। ये मैंने गहलोत जी भी कहा है। नरेंद्र मोदी जी अस्पतालों, स्कूलों को प्राइवेटाइज करते हैं और फायदा अपरपतियों को मिलता है। 

01:41 PM, 16-Nov-2023
राहुल गांधी और अशोक गहलोत - फोटो : अमर उजाला

जयपुर एयरपोर्ट पर बोले राहुल गांधी...
राहुल गांधी ने कहा, हम एक साथ हैं, एक साथ रहेंगे और मिलकर राजस्थान में सरकार बनाएंगे। राहुल गांधी के साथ एयरपोर्ट पर सीएम अशोक गहलोत और सचिन पायलट भी दिखे।

राहुल गांधी ने कहा, भाजपा के नेता आएंगे और गांधी परिवार पर झूठे आरोप लगाएंगे। जिसने 30 साल से कोई पद नहीं लिया, उनके पेट में दर्द क्यों है? उन पर टारगेट क्यों करते हैं, हम पर करें टारगेट। गांधी परिवार पर हमले का मतलब है कि गांधी परिवार की विश्वसनीयता ज्यादा है।

वहीं, सीएम गहलोत ने कहा कि हमने जो गारंटी दी महंगाई राहत शिविर में उनको पूरा किया, इसलिये वो घबराए हुए हैं। सोनिया गांधी जयपुर में रेस्ट करने आई हैं, उनका मार्गदर्शन और आर्शीवाद उसी दिन ले लिए, जिस दिन वो आईं थीं। गहलोत ने कहा, 25 साल पहले जब सोनिया गांधी अध्यक्ष बनीं तब उन्होंने मुझे मुख्यमंत्री बनने के लिए फैसला लिया था। पेपरलीक को लेकर कानून हमने बनाया, हमने कार्रवाई की, पिछली सरकार में भी पेपरलीक हुए। लेकिन उसकी बात कोई नहीं करता है। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।

12:30 PM, 16-Nov-2023

जेपी नड्डा बोले, कांग्रेस राजस्थान में इन पांच चीजों के लिए जानी गई, जो इस प्रकार है।

  • भ्रष्टाचार
  • महिला अत्याचार
  • किसानों का तिरस्कार
  • पेपर लीक मामला
  • गरीबों के साथ अत्याचार

 

12:14 PM, 16-Nov-2023
जेपी नड्डा - फोटो : अमर उजाला

बीजेपी ने राजस्थान के लिए अपना घोषणा पत्र जारी किया है। बीजेपी राजस्थान में भ्रष्टाचार, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था, कन्हैया लाल जैसे मुद्दों को लेकर गहलोत सरकार पर हमलावर है।

'राजस्थान में जल जीवन मिशन जेल भरो मिशन बना'
जेपी नड्डा ने कहा, अन्य पार्टियों के लिए घोषणा पत्र महज औपचारिकता है, लेकिन बीजेपी के लिए यह विकास का रोड मैप है। हम इसमें लिखे शब्दों को पूरा करने के लिए कटिबद्ध हैं। हमारा इतिहास है, हमने जो कहा है वो किया है। जो नहीं कहा है, वो भी किया है। नड्डा ने कहा, राजस्थान में कांग्रेस ने भ्रष्टाचार, महिला अत्याचार, किसानों का तिरस्कार और पेपरलीक ने यहां रिकॉर्ड तोड़ा। गरीबों के साथ अत्याचार हुआ, योजनाओं के घोटालों में भी पीछे नहीं रहे।

मुख्यमंत्री गहलोत के परिवार का 11 हजार करोड़ का कांट्रेक्ट मिला है, जल जीवन मिशन में घोटाला हुआ। बलात्कार में राजस्थान नंबर एक  है। भ्रष्टाचार के नए-नए आयाम राजस्थान में देखने को मिले। राजस्थान जैसी शांत जगह पर सिर तन से जुड़ा होने वाला घटनाक्रम भी देखने को मिला। केंद्र की विभिन्न योजनाओं ने महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया। किसानों का बीजेपी ने ध्यान रखा, युवाओं को सरकारी नौकरी दी, गरीबों को मुफ्त अन्न, कांग्रेस की गहलोत सरकार ने भाजपा के कार्यों को रुकावट करने का किया काम किया। इस दौरान पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, मंत्री अर्जुनराम मेघवाल, प्रभारी अरुण सिंह, प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी, मंत्री प्रहलाद जोशी, उप नेता प्रतिपक्ष सतीश पूनिया सहित मंच पर कई नेता मौजूद रहे।

तीन बातों पर आधारित है संकल्प पत्र
  • सबका साथ सबका विकास
  • गरीब, दलित का ध्यान रखना
  • इन्फ्रॉस्ट्रक्चर विकसित करना

संकल्प पत्र की खास बातें...

बीजेपी के संकल्प पत्र की मुख्य बातें...
  • पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों के लिए वित्तीय सहायता बढ़ाकर 12 हजार प्रतिवर्ष किया जाएगा
  • गेंहू की फसल को न्यूनतम समर्थन मूल्य के ऊपर बोनस देकर 2700 रुपये प्रति क्विंटल करेंगे
  • कांग्रेस राज में नीलाम हुई किसानों की जमीन का उचित मुआवजा देने के लिए एक मुआवजा नीति लाएंगे
  • प्रत्येक जिले में महिला थाना और हर पुलिस स्टेशन में महिला डेस्क एवं सभी प्रमुख शहरों में एंटी-रोमियो स्क्वाड का गठन करेंगे
  • लाडी प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बालिका के जन्म पर 2 लाख रुपये के सेविंग बांड से वित्तीय सहायता प्रदान करेंगे
  • मुख्यमंत्री फ्री स्कूटी योजना के अंतर्गत 12वीं पास करने वाली मेधावी छात्राओं को स्कूटी देंगे
  • लखपति दीदी योजना के अंतर्गत छह लाख से ज्यादा ग्रामीण महिलाओं को कौशल प्रशिक्षण प्रदान करेंगे
  • पीएन उज्ज्वला योजना सभी गरीब परिवारों की महिलाओं को 450 रुपये में सिलेंडर देंगे
  • आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्रों को यूनिफॉर्म आदि के लिए 1,200 रुपये की वार्षिक सहायता प्रदान करेंगे
  • पेपर लीक, फर्टिलाइजर, मिड-डे-मील, खनन, पीएम आवास, जल जीवन आदि घोटालों की जांच के लिए एस.आई.टी गठन करेंगे
  • पर्यटन कौशल कोष बनाकर पांच लाख युवाओं को प्रशिक्षित कर रोजगार अथवा स्वरोजगार के अवसर प्रदान करेंगे
  • प्रदेश के युवाओं को अगले पांच वर्षों में 2.5 लाख सरकारी नौकरियां
  • मानगढ़ धाम को भव्य ट्राइबल डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करेंगे

11:27 AM, 16-Nov-2023

राजस्थान विधानसभा आम चुनाव 2023 में 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाता तथा 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की पहल पर पहली बार घर से ही उत्साहपूर्वक मतदान कर रहे हैं। बुधवार से शुरू हुई होम वोटिंग में अब तक प्रदेश भर में 25,980 मतदाताओं ने घर से मतदान किया है।

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राजस्थान विधानसभा आम चुनाव 2023 के अंतर्गत प्रदेश में 80 वर्ष से अधिक उम्र के वरिष्ठ मतदाता तथा दिव्यांग मतदाताओं को घर से ही मतदान करने की सुविधा का विकल्प दिया गया है। प्रदेश में मंगलवार को होम वोटिंग के पहले दिन 10,354 बुजुर्ग तथा 2,701 दिव्यांग एवं बुधवार को 10,125 बुजुर्ग एवं 2,800 दिव्यांग मतदाताओं ने घर से मतदान करने की सुविधा का लाभ लिया।

उन्होंने बताया कि पात्र 62,927 मतदाताओं ने विकल्प के तौर पर होम वोटिंग सुविधा के लिए आवेदन किया है। विशेष मतदान दल ऐसे मतदाताओं के घर जाकर पूरी गोपनीयता के साथ डाक मतपत्र के माध्यम से उनका मतदान करवा रहे हैं। पोस्टल बैलेट के माध्यम से 19 नवम्बर तक घर पर ही मतदान करवाया जाएगा। 185 मतदाता जो होम वोटिंग के पहले चरण के दौरान घर पर अनुपस्थित नहीं थे, उनके लिए 20 और 21 नवम्बर को विशेष मतदान दल दूसरी बार विजिट करेंगे। अनिवार्य सेवाओं से जुड़े मतदाताओं के लिए मतदान की तारीखें 19 नवम्बर से 21 नवम्बर तक तय की गई हैं।

09:14 AM, 16-Nov-2023
राजस्थान चुनाव - फोटो : Amar Ujala Digital

मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार समाप्त होने के साथ ही बीजेपी-कांग्रेस के राष्ट्रीय नेताओं का रुख राजस्थान की ओर हो गया है। आज भारतीय जनता पार्टी जहां पर घोषणा पत्र जारी करेगी, वहीं इसके पांच बड़े राष्ट्रीय नेता प्रदेश भर में अलग-अलग स्थान पर चुनावी सभाएं करेंगे। कांग्रेस की बात की जाए तो पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज से राजस्थान में चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे और तीन सभाएं संबोधित करेंगे। 

दीपावली का त्योहार बीतने और मध्यप्रदेश तथा छत्तीसगढ़ में चुनाव प्रचार अभियान समाप्त होने के साथ ही अब राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले मतदान के लिए प्रचार की धूम आज से शुरू हो जाएगी। हालांकि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को ही बाड़मेर के बायतु में विधानसभा चुनाव की चुनावी सभा कर प्रचार अभियान की शुरुआत कर चुके हैं। लेकिन आज से इसमें और तेजी आ जाएगी।
जयपुर में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पार्टी का घोषणा पत्र जारी करेंगे और उसके बाद दौसा जिले के महुआ और सिकराय विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाओं को संबोधित करेंगे।

वहीं, केंद्रीय मंत्री अमित शाह भी राजस्थान में रहेंगे और उदयपुर संभाग के देवली चारभुजा और देवगढ़ क्षेत्र में चुनावी सभाएं करेंगे।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जयपुर आएंगे और जयपुर जिले की झोटवाड़ा विद्याधर नगर और बस्सी विधानसभा सीटों में चुनावी सभाएं करेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी पार्टी ने राजस्थान में जबरदस्त ढंग से सक्रिय किया हुआ है। इसी के तहत वे कोटा संभाग में इटावा, बूंदी तथा अजमेर में केकड़ी और पुष्कर तथा किशनगढ़ विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभाएं करेंगे। इसी तरह केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी भी जयपुर में रहेंगे और सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र में चुनावी सभा को संबोधित करेंगी।

राहुल गांधी करेंगे तीन सभाएं
बीजेपी के स्टार प्रचारकों के मुकाबले में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता भी राजस्थान में सभाओं का सिलसिला शुरू करेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चूरू हनुमानगढ़ और श्रीगंगानगर जिले के दौरे पर रहेंगे और यहां पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में तीन सभाओं को संबोधित करेंगे। पार्टी के पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी और राहुल गांधी इन दिनों जयपुर में ही है। दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के चलते डॉक्टर ने सोनिया गांधी को दिल्ली से बाहर रहने की सलाह दी थी। इसी के चलते सोनिया और राहुल परसों शाम जयपुर आ गए थे। बताया जा रहा है कि राहुल अब तीन-चार दिन जयपुर में ही रुक कर चुनाव की मॉनिटरिंग करेंगे।

08:38 AM, 16-Nov-2023
सांसद दीया कुमारी - फोटो : सोशल मीडिया

राजधानी जयपुर में विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र प्रत्याशी दीया कुमारी के समर्थन में रोड शो का आयोजन किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी गुरुवार को विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में दीया कुमारी के साथ एक रोड शो में भाग लेंगे। रोड शो शाम 4:30 बजे से विद्याधर नगर स्थित परशुराम सर्किल से शुरू होकर आरसी पैराडाइज, नाड़ी का फाटक पर समाप्त होगा।

इसके बाद नितिन गडकरी विद्याधर नगर विधानसभा में जनसभा को संबोधित करेंगे। दीया कुमारी का चुनाव प्रचार अपने चरम पर है। दीया ने बुधवार दिन की शुरुआत ढेहर के बालाजी महाराज के दर्शन करके आशीर्वाद लिया। इसके बाद दीया कुमारी ने वार्ड 26 और वार्ड 35 में जनसभाओं को संबोधित किया।

08:08 AM, 16-Nov-2023
ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग शुरू - फोटो : अमर उजाला

राजस्थान में ईवीएम मशीनों की कमिशनिंग शुरू
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों की पालना में बुधवार को अभ्यर्थियों या उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में प्रदेश भर में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीन एवं वीवीपैट की कमिश्निंग के कार्य की शुरुआत हुई। इस दौरान पहली बार अभ्यर्थियों या उनके प्रतिनिधियों ने सिंबल लोडिंग की प्रक्रिया टीवी मॉनिटर के माध्यम से देखी। विधानसभा आम चुनाव 2023 में पहली बार अभ्यर्थी या उनके प्रतिनिधि को ये सुविधा मिली है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया, एम-3 ईवीएम बीयू, सीयू एवं वीवीपैट मशीनों की कमिश्निंग का कार्य बुधवार से राज्य के समस्त जिलों में प्रारंभ हुआ। इस हेतु भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड बैंगलोर के इंजीनियर राज्य के समस्त जिलों में उपस्थित होकर अभ्यर्थी या उनके प्रतिनिधि एवं रिटर्निंग अधिकारी की उपस्थिति में कमिश्निंग का कार्य संपन्न कर रहे हैं। ईवीएम वीवीपैट मशीनों की कमिश्निंग का कार्य आगामी चार दिवस में पूर्ण कर लिया जाएगा।

गुप्ता ने बताया कि निर्वाचन लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची को अंतिम रूप देने के बाद ईवीएम एवं वीवीपीएटी की कमिश्निंग की जाती है। कमिश्निंग के दौरान भारत इलेक्ट्रानिक्स लिमिटेड बैंगलोर के इंजीनियरों द्वारा सिंबल लोडिंग, बैलेट सेटिंग, मॉक पोल, मशीनों की सीलिंग इत्यादि की प्रक्रिया अपनाई जाती है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों या उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में यह काम किया जाता है। कमिश्निंग हॉल में लगाए गए टीवी मॉनिटर के माध्यम से अभ्यर्थी या उनके अभिकर्ता वीवीपीएटी में सिंबल (चुनाव चिन्ह) लोडिंग की प्रक्रिया को देख सकेंगे। 

कमिश्निंग के बाद प्रत्येक ईवीएम और वीवीपीएटी में नोटा (NOTA) सहित प्रत्येक उम्मीदवार के लिए एक वोट देकर मॉक पोल किया जाता है। इसके अतिरिक्त रेंडम रूप से चुने गए पांच प्रतिशत ईवीएम एवं वीवीपीएटी पर 1000 वोट डालकर मॉक पोल किया जाता है। इनके इलेक्ट्रॉनिक परिणाम का मिलान भी वीवीपीएटी के पेपर स्लिप से किया जाता है।

07:58 AM, 16-Nov-2023
जेपी नड्डा - फोटो : अमर उजाला

12वीं तक मुफ्त शिक्षा का हो सकता है वादा
गरीब परिवार की छात्रों को केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा दिए जाने पर जोर रहेगा। उज्ज्वला योजना के तहत 450 रुपये में गैस सिलेंडर मिल सकता है। गरीब परिवार के सभी छात्रों को 12वीं तक की मुफ्त शिक्षा, सरकारी स्कूलों में मिड-डे-मील के साथ पौष्टिक नाश्ता और कई वंदे भारत ट्रेनें भी चलाये जाने के वादे किए जा सकते हैं। आदिवासी समुदाय सशक्तिकरण के लिए बड़े वादे हो सकते हैं।

दौसा के महुवा और सिकराय में दो विशाल जनसभा
राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा दोपहर बाद दौसा के महुवा और सिकराय में दो विशाल जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम को जयपुर में विभिन्न बैठकों और कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
 

07:50 AM, 16-Nov-2023

Rajasthan Election Live: राहुल ने भरी हुंकार, बोले- BJP अमीरों की जेब भरती है, हम गरीबों की सरकार चलाते हैं

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 के लिए बीजेपी आज अपना संकल्प पत्र जनता के सामने रखेगी। बीजेपी मुख्यालय में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा इस संकल्प पत्र को लांच करेंगे। इस दौरान पार्टी के कई दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।

बता दें कि बीजेपी के इस संकल्प पत्र में महिला सुरक्षा, शिक्षा, युवाओं को रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर फोकस रहेगा। बीजेपी किसानों के लिए भी कई बड़ी घोषणाएं कर सकती है। जानकारी यह भी सामने आ रही है कि वोटर्स को साधने के लिए हर परिवार में कम से कम एक लोगों को रोजगार और स्वरोजगार का अवसर देने का वादा भी हो सकता है। अपने संकल्प पत्र में बीजेपी उज्ज्वला योजना के तहत 450 रुपये में गैस सिलेंडर देने, कई वंदे भारत ट्रेन चलाए जाने के साथ-साथ शिक्षा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा सकती है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें