फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sukhdev Singh Murder Case Live: पोस्टमार्टम के लिए SMS अस्पताल पहुंचा गोगामेड़ी का शव, सुबह होगा अंतिम संस्कार

Wed, 06 Dec 2023 11:37 PM IST
अरविंद कुमार न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

Sukhdev Singh Gogamedi Murder News, Rajasthan Bandh: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की मंगलवार को जयपुर में दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। इसके बाद करणी सेना ने आज बंद बुलाया है। 
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:34 PM, 06-Dec-2023

समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार देर रात मांगों पर सहमति बनने के बाद  विरोध खत्म हो गया है। मामले में लापरवाही बरतने वाले श्याम नगर पुलिस स्टेशन के एसएचओ और बीट कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया गया है। इसके बाद सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के पार्थिव शरीर को मेट्रो मास अस्पताल से एसएमएस अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका पोस्टमार्टम किया जाएगा। कल सुबह पैतक गांव में गोगामेड़ी का अंतिम संस्कार होगा। इसमें हाजारों लोगों की भीड़ उमड़ेगी।  

08:57 PM, 06-Dec-2023

सखुदेव हत्याकांड में मांगों पर सहमति बनने के बाद एक बार फिर बात बिगड़ गई है। सुखदेव सिंह की पत्नी ने धरना खत्म करने से साफ इंकार कर दिया है। पत्नी ने कहा कि जब तक हत्यारों का एंकाउंटर नहीं होता तब तक यहां से नहीं हिलेंगे। 

07:49 PM, 06-Dec-2023

सुखदेव हत्याकांड में मांगों पर सहमति बनने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन खत्म कर दिया है। पुलिस सुखदेव के परिजनों को सुरक्षा देगी। परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाएगी। साथ ही मामले की जांच एनआईए से कराई जाएगी। 

पाकिस्तान से जुड़े सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या के तार, क्यों NIA को सौंपी गई जांच?

विज्ञापन
06:45 PM, 06-Dec-2023

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के छोटे भाई श्रवण सिंह गोगामेड़ी ने कहा कि पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। हमारी कुछ मांगें हैं। अगर, प्रशासन हमारी मांगों को मान लेता है तो हम अपने लोगों से प्रदर्शन बंद करने का अनुरोध करेंगे। 
 

05:31 PM, 06-Dec-2023

सुखदेव हत्याकांड के बाद बिगड़े हालातों को लेकर प्रदेश के राज्यपाल कलराज मिश्र ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से फोन पर बात की। इस दौरान शाह को मामले की पूरी जानकारी दी गई।  

विज्ञापन
05:29 PM, 06-Dec-2023

धौलपुर जिले में भी राजस्थान बंद का असर देखने को मिला। राजपूत समाज के लोगों ने शहर में आक्रोश रैली निकालकर कलेक्ट्रेट का घेराव किया। इस दौरान जिला कलेक्टर अनिल कुमार अग्रवाल को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा गया। इस दौरान लोगों ने दादा के हत्यारे को फांसी दो के नारे भी लगाए।

04:20 PM, 06-Dec-2023

गृह विभाग के प्रमुख सचिव आनंद कुमार ने बताया कि सुखदेव हत्याकांड की जांच एनआईए को सौंपने को लेकर  आंदोलनकारियों से बातचीत चल रही है। हर कोशिश कर मामले का हल निकालने का प्रयास किया जा रहा है। लोगों से अपील है कि वे शांति बनाए रखें।
 

03:42 PM, 06-Dec-2023

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से राजस्थान में तनाव के हालात हैं। जयपुर, जोधपुर, कोटा, बीकानेर, जैसलमेर, चूरू और उदयपुर समेत अन्य जिलों में बाजार बंद हैं। हत्यारों की गिरफ्तारी के की मांग को लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। इसके कारण जयपुर में अजमेर-हाईवे पर करीब 2 घंटे तक जाम लगा रहा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में लोगों की भीड़ ने तोड़फोक कर दी। जोधपुर रेलवे स्टेशन पर भी लोगों की भीड़ पहुंच गई और जमकर नारेबाजी की।   
 

02:59 PM, 06-Dec-2023

'राजस्थान में गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है'
राजस्थान में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी ने कहा, राजस्थान में गुंडों के लिए कोई जगह नहीं है। आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को सजा मिलनी चाहिए।
 

02:48 PM, 06-Dec-2023

गोगामेड़ी हत्याकांड की जांच के लिए SIT गठित
डीजीपी उमेश मिश्रा ने गोगामेड़ी हत्याकांड की सघन जांच के लिए एसआईटी गठित की है। एडीजी क्राइम दिनेश एनएम के पर्यवेक्षण में एसआईटी गठित की गई है। गोगामेड़ी हत्याकांड के दोनों अभियुक्तों की पहचान हुई। एफआईआर दर्ज होते ही दोनों अभियुक्तों पर पांच-पांच लाख रुपये का इनाम घोषित होगा। अभियुक्तों के बारे में जानकारी देने वालों को पांच-पांच लाख रुपये का इनाम मिलेगा। डीजीपी ने बताया कि पुलिस तत्परता से हत्यारों की तलाश कर रही है।

02:44 PM, 06-Dec-2023

  • सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या का मामला
  • NIA की टीम जल्द जा सकती है स्पॉट पर
  • NIA की चार सदस्यीय टीम जा सकती है जयपुर
  • हत्या में गैंगस्टर के जुड़े होने के चलते NIA को दिया जा सकता है पूरा मामला
  • NIA लोकल पुलिस को असिस्ट शुरुआत में करेगी

01:41 PM, 06-Dec-2023

भरतपुर में प्रदर्शन
राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद प्रदेश भर में विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया है। बुधवार को राजस्थान बंद का एलान किया गया था। भरतपुर में भी आज श्री करणी सेना की ओर से बंद का आह्वान किया गया। इसके बाद भरतपुर में बाजार बंद रहे।राजपूत समाज के लोगों ने कुम्हेर गेट से बिजली घर तक रैली निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया गया, इसके बाद समाज के लोगों ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे।



कलेक्टर को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ कड़ी से कड़ी सजा दिलवाने की बात कही है। श्री राजपूत सभा जिला इकाई भरतपुर के जिला अध्यक्ष रेवेंद्र सिंह पना ने बताया कि मंगलवार को घर में घुसकर दो बदमाशों ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या कर दी। उसके बाद आसानी से दोनों हत्यारे फरार हो गए। बुधवार के दिन श्री राजपूत समाज के लोगों द्वारा इस घटना को लेकर शहर के कुम्हेर गेट से मुख्य बाजार होते हुए बिजली घर तक रैली निकाली। बिजली घर चौराहे पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया।

जैसलमेर में सर्व समाज के लोगों ने जुलूस निकालकर किया विरोध प्रदर्शन
राष्ट्रीय करणी सेना के सुप्रीमो सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े जयपुर में बदमाशों द्वारा हत्या करने पर पोकरण में सर्वसमाज में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। जयपुर में कल सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की घर में घुसकर हत्या करने पर पूरे प्रदेश में बवाल मचा हुआ है, जिसका असर सरहदी जिले जैसलमेर में देखने को मिल रहा है। पोकरण का बाजार बंद करके सर्वसमाज के लोगों ने जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। जयपुर में सेवा समिति के अध्यक्ष बलवंत सिंह जोधा के नेतृत्व में पालिकाध्यक्ष मनीष पुरोहित, पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी, शिक्षाविद गुलाब सिंह गड़ी  मंजूर दीन आसू सिंह तंवर बाबूलाल राजूराम राजेश व्यास 36 कौम के लोग विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।



दौसा जिले में कई जगह हुए प्रदर्शन 
महुवा उपखंड मुख्यालय पर सर्वसमाज, राजपूत समाज और श्री राजपूत करणी सेना और कई सामाजिक संगठनों में करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में हुई हत्या के विरोध आज दौसा बंद रखा गया। सड़कों पर जाम लगाकर टायर जलाकर प्रदर्शन किया है। 

12:57 PM, 06-Dec-2023

बीजेपी विधायक गोपाल शर्मा बोले...

  • सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्या कन्हैयालाल हत्याकांड जैसा ही आतंकवाद
  • आरोपियों पर जल्द सख्त कार्रवाई कर फांसी की सज़ा दी जाए 
  • कांग्रेस सरकार के काल में पुलिस ने पहले भी ढिलाई बरती है, पर अब ऐसा नहीं चलेगा
  • कांग्रेस सरकार की कमजोर कानून और सुरक्षा व्यवस्था के चलते यह भयावह घटनाक्रम हुआ है
  • सर्व समाज की भावनाएं आहत न करते हुए पुलिस अगले 24 घंटे में सख्त एक्शन ले
  • मैं सभी समाजों से शांति की अपील करता हूं

 

12:51 PM, 06-Dec-2023

राजस्थान विधानसभा मे पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़ ने जयपुर आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा कि श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर के श्याम नगर इलाके में स्थित उनके घर में घुसकर बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या की घटना से सर्वसमाज में भयंकर आक्रोश है। इस घटना के विरोध व अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर देशभर में धरना-प्रदर्शन हो रहा है तथा राजस्थान में निजी स्कूल, व्यापारिक प्रतिष्ठान भी बंद हैं। इस घटना की एनआईए से जांच होनी चाहिये और जिन्होंने इस हत्या का षड्यंत्र रचा है, उसका पर्दाफाश करके मुख्य सरगना की तत्काल गिरफ्तारी होनी चाहिए।

12:48 PM, 06-Dec-2023
सांसद दीया कुमारी - फोटो : सोशल मीडिया

दीया कुमारी ने उच्च स्तरीय जांच की मांग
दीया कुमारी ने श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की दिनदहाड़े हत्या की घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा इस घटना से बिल्कुल स्तब्ध हूं। शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करती हूं। घटना की कड़ी निंदा करते हुए दीया कुमारी ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि यह घटना प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कानून व्यवस्था संभालने में पूरी तरह से असफल रही और ये घटना भी उसी का परिणाम है।



उन्होंने कहा कि श्री सुखदेव सिंह जी के सुरक्षा मांगने पर भी प्रदेश सरकार से उन्हें सुरक्षा प्रदान नहीं की। उन्होंने ऐसी घटना का अंदेशा एक इंटरव्यू के दौरान भी जताया था, उसके बावजूद सरकार का ऐसा रवैया बहुत निंदनीय है। 

12:46 PM, 06-Dec-2023

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड मामले में कानून व्यवस्था को लेकर मुख्य सचिव उषा शर्मा ने बैठक ली, जिसमें प्रमुख सचिव गृह आनंद कुमार, DGP उमेश शर्मा भी मौजूद रहे। बैठक के बाद सभी जिलों के कलेक्टर्स-एसपी को निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर्स और एसपी को कहा गया है कि अपने-अपने जिलों में कानून व्यवस्था बिगड़ने न दें। सबसे ज्यादा सोशल मीडिया पर निगरानी रखें, ताकि अफवाहों को रोका जा सके। सभी जिलों में शांतिपूर्ण ज्ञापन लिए जाए।

12:32 PM, 06-Dec-2023

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के बाद राजस्थान में तनाव का माहौल है। पूरे प्रदेश को बंद किए जाने का आह्वान किया गया है। मामले में पुलिस और पिछली सरकार की बड़ी लापरवाही सामने आई है। दरअसल, पंजाब पुलिस ने इस वर्ष मार्च में ही राजस्थान पुलिस को इस बात के लिए आगाह कर दिया था कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की प्लानिंग चल रही है और इस बारे में उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। 

राजस्थान पुलिस के एटीएस ने भी इंटेलिजेंस को इस बारे में लेटर लिख दिया था लेकिन गोगामेड़ी की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए। यह भी कहा जा रहा है कि खुद गोगामेडी भी पुलिस से सुरक्षा बढ़ाने की मांग कर रहे थे लेकिन उनकी सुरक्षा नहीं बढ़ाई गई और वह अपने खर्चे पर गार्ड रखकर अपनी सुरक्षा का इंतजाम कर रहे थे।

11:44 AM, 06-Dec-2023

सर्वसमाज द्वारा जयपुर बंद का समर्थन
श्री करणी सेना राजस्थान के अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की गोली मारकर मारने के विरोध में जयपुर बंद का समर्थन करते हैं। डां रवि जिंदल अध्यक्ष श्री ढहर का बालाजी व्यापार एसोसिएशन (रजि) सीकर रोड जयपुर।

11:34 AM, 06-Dec-2023
बाजार बंद - फोटो : अमर उजाला

गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में भीलवाड़ा व शाहपुरा बंद
जयपुर में श्री करणी राजपूत सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में बुधवार को भीलवाड़ा एवं शाहपुरा जिला मुख्यालय के अलावा बनेड़ा कस्बा बंद है। राजपूत समाज के आह्वान पर बंद किया गया है। राजपूत समाज आह्वान पर सुबह से ही शहर के सभी काफी बाजार पूर्णत बंद दिखाई दे रहे हैं। बंद का मिला जुला असर है। आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी व्यावसायिक गतिविधियां यहां बंद दिखाई दे रही हैं। बंद को देखते हुए पुलिस ने भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख चैराहों पर पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। वहीं, राजपूत समाज व सर्व समाज द्वारा दिन में एकत्रित होकर जुलूस निकालकर जिला कलेक्टर को ज्ञापन देने पहुंचेंगे।

सवाई माधोपुर भी बंद

  • श्री राजपूत करणी सेना के आहवाहन पर सवाई माधोपुर बंद

  • सर्व समाज का मिला बंद को समर्थन

  • करणी सेना सहित सर्व  के लोगो ने बाजार में निकाला जुलूस

  • आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग

10:09 AM, 06-Dec-2023

रामलीला मैदान में एकत्र हुए सर्वसमाज के युवा
जयपुर के श्यामनगर में राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की बदमाशों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दिए जाने के मामले को लेकर सुबह सीकर जिला मुख्यालय स्थित रामलीला मैदान में राजपूत समाज सहित सर्वसमाज के लोग बड़ी संख्या में एकत्र हुए। साथ ही सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या पर आक्रोश जताते हुए हत्या करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी सजा दिए जाने की मांग की।

आक्रोशित लोगों ने इस संबंध में पुलिस पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस की लापरवाही की वजह से सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या हुई है। रामलीला मैदान एकत्र होने के बाद सभी युवा सीकर के बाजारों की ओर बंद करवाने निकल पड़े। 

09:58 AM, 06-Dec-2023

सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में बड़ा खुलासा
राजस्थान में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड में एक बड़ा खुलासा हुआ है। पंजाब की बठिंडा जेल में बंद गैंगस्टर संपत नेहरा (लाॅरेंंस बिश्नोई गैंग) द्वारा इस हत्याकांड की साजिश रची थी। पंजाब पुलिस से इस तरह की सूचना राजस्थान पुलिस को मिली है।
 

09:28 AM, 06-Dec-2023
बंद का असर शुरू - फोटो : अमर उजाला

राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी समेत दो लोगों की हत्या के बाद से आज राजस्थान में तनाव का माहौल है। प्रदेश भर में सर्व समाज समेत अन्य कई समाज के प्रतिनिधियों ने पूरे प्रदेश में बंद का आह्वान किया है। इस आह्वान का असर दिखना शुरू हो गया है। प्रदेश भर के अधिकतर जिलों में स्कूल कॉलेज बंद होने की सूचनाएं आ रही हैं।

स्कूली छात्रों के परिजनों को बंद का मैसेज देर रात से ही भेजा जा रहा है, यहां तक की कई स्कूलों में शिक्षकों तक को नहीं बुलाया गया है। इस बीच डीजीपी उमेश मिश्रा ने आज प्रदेश भर में जनता से शांति की अपील की है। साथ ही प्रदेश भर में पुलिस की तमाम एजेंसियों को अलर्ट कर दिया है। पूरे प्रदेश भर में अस्सी हजार से भी ज्यादा पुलिसकर्मी आज सड़कों पर ड्यूटी कर रहे हैं। इस बीच देर रात दो आरोपियों के अरेस्ट होने की जानकारी मिल रही है।

09:08 AM, 06-Dec-2023

लोगों से धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील
डीजीपी के मुताबिक, आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की ओर से सख्त नाकेबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने लोगों से धैर्य और शांति बनाए रखने की अपील करते हुए पुलिस को विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया, इस घटना की रोहित गोदारा गैंग ने जिम्मेदारी ली है। इसे ध्यान में रखते हुए पड़ोसी जिलों और बीकानेर संभाग में भी बदमाशों के संपर्क वाले लोगों को चिन्हित कर लगातार दबिश दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उन्होंने पड़ोसी राज्य हरियाणा के पुलिस महानिदेशक से स्वयं बात कर उनसे सहयोग मांगा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शीघ्र ही अपराधियों को गिरफ्तार करने में पुलिस टीम को सफलता मिलेगी। 

08:42 AM, 06-Dec-2023

करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या से रोष
दौसा जिले के महवा उपखंड मुख्यालय पर सर्वसमाज, राजपूत समाज और श्री राजपूत करणी सेना एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों में करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की जयपुर में हुई हत्या के विरोध में रोष की लहर है। गौरतलब है कि मंगलवार शाम करणी सेना प्रमुख सुखदेव सिंह को जयपुर स्थित श्यामनगर में घर में घुसकर बदमाशों के द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहां से उन्हें तुरंत मानसरोवर स्थित मेट्रो मास अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।



समाजसेवी गौपुत्र अवधेश अवस्थी ने कहा कि सुखदेव सिंह गोगामेड़ी सर्वसमाज और राजपूत समाज के लिए सम्माननीय व्यक्तित्व रहे हैं। उन्होंने गौसेवा, मानव सेवा से जुड़े विभिन्न कार्य भी किए हैं। सभी समाज में इस हत्या को लेकर रोष की लहर है। महवा से पंचायत समिति सदस्य कपिल सिंह रौत ने बताया कि यह समाज के लिए एक अपूरणीय क्षति है। सुखदेव सिंह ने समाज के हित में विभिन्न कार्य किए हैं और वे शानदार व्यक्तित्व के धनी थे। खोहकलां निवासी शिव सिंह चौहान ने बताया कि समाज ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के रूप में एक हीरे को खोया है। वे हमेशा दीन, हीन, गरीब की आवाज बने हैं। हम इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हैं।

इसके पश्चात सभी समाज के लोगों, राजपूत करणी सेना एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों ने प्रशासन एवं उच्च अधिकारियों से अनुरोध किया है कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच की जाए और दोषियों को जल्द से जल्द पकड़कर उन्हें उचित सजा दी जाए।

08:36 AM, 06-Dec-2023
करणी सेना, अजमेर - फोटो : सोशल मीडिया

स्कूल-कॉलेज बंद, सर्व समाज ने किया आह्वान
राजस्थान के राजपूत समाज के साथ ही सर्व समाज के संगठनों ने इस हत्याकांड की निंदा की है। सर्व समाज की ओर से जयपुर के मेट्रो मास अस्पताल के बाहर धरना जारी है। धरना स्थल से ही सर्व समाज की ओर से शांतिपूर्ण तरीके से राजस्थान बंद का आह्वान किया गया है। जयपुर में शिक्षण संस्थानों, व्यवसायिक प्रतिष्ठानों की ओर से भी इस बंद को समर्थन देते हुए बंद की सूचना दी गई है। स्कूलों की ओर से बुधवार को बंद की सूचनाएं दी जा रही हैं।

गोगामेड़ी हत्याकांड के बाद कोटा में भारी गुस्सा देखने को मिला है। श्री करणी सेना के सदस्यों ने एसपी दफ्तर परिसर में घुसकर प्रदर्शन किया है। अपराधियों का एकाउंटर करने, उनके और सहयोगियों के घर तोड़ने की करणी सेना मांग की। इस संबंध में कोटा एसपी को श्री करणी सेना ने अपना मांग पत्र दिया।

गोगामेड़ी की हत्या को लेकर सरहदी जिले जैसलमेर मे विरोध प्रदर्शन
जयपुर में सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड के बाद करणी सेना के कार्यकर्ताओं व राजपूत समाज में भारी आक्रोश देखने को मिला है। कार्यकर्ताओं ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की है। हत्यारों को फांसी देने की मांग की जा रही है। सुखदेव सिंह अमर रहे के नारों के साथ हनुमान चौराहा पर टायर जला किया विरोध प्रदर्शन किया गया है। इस दौरान शहर में पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। एसपी विकास सांगवान भी विरोध प्रदर्शन पर नजर बनाए रखी है।

सिरोही में कई जगह बंद का आह्वान
राजपूत नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी हत्याकांड को लेकर सिरोही में विरोध प्रदर्शन किया गया है। हत्याकांड के विरोध में जिले में कई जगह बुधवार को बंद का आह्वान किया गया है। माउंट आबू में बंद का आह्वान किया गया है। व्यापारिक संगठनों से सहयोग की अपील की गई है।

08:25 AM, 06-Dec-2023
केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत - फोटो : अमर उजाला

राज्यवर्धन सिंह राठौर ने एक्स कर लिखा, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। सम्मानीय सामाजिक जनों को यह विश्वास दिलवाता हूं कि भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राजस्थान को अपराधमुक्त करना हमारी सबसे प्रथम प्राथमिकताओं में है। आप सभी से अपील है कि इस कठिन घड़ी में शांति और धैर्य बनाए रखें। अपराधियों को जल्द से जल्द पकड़ा जाएगा। मैं लगातार पुलिस से संपर्क में हूं। ईश्वर से गोगामेड़ी जी की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं परिजनों और उनके समर्थकों- शुभचिंतकों को दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना है।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने सुखदेव सिंह की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रशासन का फेलियर बताया। उन्होंने कहा- सुखदेव सिंह की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। वह लंबे समय से सुरक्षा की मांग कर रहे थे, पर उसकी अनदेखी की गई जिसके चलते यह घटना हुई। सीपी जोशी ने कहा कि मेरी पुलिस से निरंतर बात चल रही है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जल्द से जल्द हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा। 

केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने ट्वीट कर लिखा, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के समाचार से स्तब्ध हूं। इस संदर्भ में पुलिस कमिश्नर से जानकारी ली है और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए कहा है। सामाजिक जनों को शांति और धैर्य रखना होगा। भाजपा सरकार के शपथ लेते ही राज्य को अपराधमुक्त करना हमारी अग्रणी प्राथमिकताओं में है। गोगामेड़ी जी की आत्मा को प्रभु शांति प्रदान करें। परिजनों और समर्थकों- शुभचिंतकों को संबल प्राप्त हो।
 

08:23 AM, 06-Dec-2023
पूर्व सीएम वसुंधरा राजे - फोटो : अमर उजाला

क्या कहा इन नेताओं ने
वसुंधरा राजे ने कहा, श्री राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या दुर्भाग्यपूर्ण है। ईश्वर दिवंगत की आत्मा को शांति प्रदान और शोक संतप्त परिजनों संबल प्रदान करे।

शिवराज सिंह चौहाने ने कहा, राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी जी का जीवन समाज के कमजोर वर्ग की सेवा के लिए समर्पित रहा है। ऐसे व्यक्तित्व का असमय जाना अत्यंत दुखद है। अपराधियों को तत्काल गिरफ्तार कर उचित कार्रवाई हो, ऐसे अराजक तत्व किसी भी कीमत पर बचने नहीं चाहिए। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं।



राजेंद्र गुढ़ा ने कहा, सुखदेव सिंह जी गोगामेडी पर कायराना हमला करके हत्या निंदनीय है कुछ देर में जयपुर पहुंच रहा हूं। राजस्थान सरकार और पुलिस प्रशासन को चेतावनी देता हूं कि जल्द से जल्द इस घटना पर त्वरित कार्रवाई करे, अन्यथा होने वाले प्रतिकूल परिणामों के लिए सरकार और प्रशाशन स्वयं जिम्मेदार होगा।
 

07:55 AM, 06-Dec-2023

Sukhdev Singh Murder Case Live: पोस्टमार्टम के लिए SMS अस्पताल पहुंचा गोगामेड़ी का शव, सुबह होगा अंतिम संस्कार

राजधानी जयपुर में राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की उनके घर में ही तीन बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गंभीर हालत में सुखदेव सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।

घटना के बाद राज्य में तनाव बढ़ गया है। जयपुर, जोधपुर, अलवर समेत कई जगहों से प्रदर्शन की खबरें सामने आई हैं। चूरू में सरकारी बस पर पथराव कर दिया गया। इसके साथ ही राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना और राजस्थान के अन्य समुदायों ने सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या के विरोध में आज यानी बुधवार को राज्यव्यापी बंद का एलान किया है।
 

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें