फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaipur Fire News Live: जयपुर LPG टैंकर ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत, जांच के लिए कमेटी गठित

Fri, 20 Dec 2024 10:17 PM IST
अर्पित याज्ञनिक न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर

खास बातें

Jaipur Ajmer Highway Fire Incident Live Updates:जयपुर के अग्निकांड में  11 लोगों की मौत हो गई है। इसमें 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं जबकि 14 लापता हैं। मरने वालों और घायलों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया है क्योंकि चेहरे बहुत बुरी तरह झुलस गए हैं।
विज्ञापन
जयपुर का भयानक अग्निकांड। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

लाइव अपडेट

10:15 PM, 20-Dec-2024

जांच के लिए कमेटी गठित
भांकरोटा अग्निकांड की जांच के लिए सरकार ने कलेक्टर की अध्यक्षता में कमेटी गठित कर दी। कमेटी को निर्देश दिए गए हैं कि वे हादसे के कारणों और भविष्य में इसकी पुनरावृति न हो, इसके लिए सुझाव देते हुए रिपोर्ट तैयार करे। बता दें कि अब तक कुल 12 लोगों की मौत हो चुकी है। 11 लोगों की SMS अस्पताल और एक की जयपुरिया अस्पताल में मौत हुई है। SMS में सात मृतकों की शिनाख्त हो गई है। वहीं, पांच की पहचान करना बाकी है, जिन मृतकों की शिनाख्त नहीं हुई, उन शवों का DNA टेस्ट करवाया जाएगा।

04:55 PM, 20-Dec-2024

37 वाहन आए चपेट में
जयपुर पुलिस ने अग्निकांड में वाहनों के नुकसान की जानकारी दी है। पुलिस ने बताया है कि 37 वाहन आग की चपेट में आएं हैं। इनमें बस, ट्रेलर, ट्रक, कार और मोटरसाईकिल शामिल हैं।वाहनों के बारे में जानकारी लेने के लिए पुलिस ने हेल्प लाइन नंबर भी जारी किए हैं। ये नंबर हैं-9166347551, 8764688431, 7300363636

03:09 PM, 20-Dec-2024

उदयपुर की है बस
हादसे की चपेट में आई बस उदयपुर के लेकसिटी ट्रैवेल्स की  है। बस संचालक के अनुसार बस की बुकिंग के समय लिखे सवारियों के नंबर पर कॉल किए गए। इनमें से  22 सवारियों से संपर्क हो गया है। वे सकुशल हैं। 10 सवारियों के मोबाइल नहीं लग रहे हैं। 32 सवारियों की सूची पुलिस को भेजी गई है। 

विज्ञापन
02:52 PM, 20-Dec-2024

हादसे का सीसीटीवी आया सामने 
जयपुर के अग्निकांड का सीसीटीवी सामने आया है। इस सीसीटीवी में पहले सड़क साफ दिखाई देती है।  इसके बाद एक ट्रक टर्न लेता हुआ दिखाई दे रहा है। फिर धुएं की तरह गैस फैलती नजर आती है। 
 

01:15 PM, 20-Dec-2024

जाम में फंसे ट्रक ड्राइवरों की मदद
हादसे की वजह से सड़क पर लंबा जाम लग गया है। अब  सीकर रोड  14 नम्बर से ट्रेफिक डाइवर्ट किया गया है। जो ट्रक इस जाम में फंसे हुए हैं। उनके खाने का इंतजाम ट्रांसपोर्टर कर रहे हैं। तस्वीरों में लंबा जाम दूर तक देखा जा सकता है। 

विज्ञापन
12:49 PM, 20-Dec-2024

एक घंटे बाद पहुंची दमकल की गाड़ियां
अमर उजाला की टीम ने मौके पर चश्मदीदों से बातचीत की तो पता चला कि दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए एक घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची थी। तब तक चारों तरफ आग पूरी तरह से फैल चुकी थी। जहां ये घटना हुई है, वहां पर चार पेट्रोल पंप है। यहां खड़ी गाड़ियों को भी भारी नुकसान पहुंचा है।

12:34 PM, 20-Dec-2024

पीएम मोदी ने जताया दुख
जयपुर अग्निकांड पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। इस हादसे में मरने वालों के परिवार वालों को दो लाख रुपए की आर्थिक मदद करने की घोषणा की है। साथ ही घायलों के परिवार वालों को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। वहीं सीएम भजनलाल ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख और घायलों को एक लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इस तरह से इस अग्निकांड में मृतकों के परिवार वालों को कुल सात-सात लाख रुपए मिलेंगे। वहीं घायलों को एक लाख पचास हजार रुपए मिलेंगे

12:23 PM, 20-Dec-2024

कोहरे की तरह दिख रही थी गैस
अमर उजाला ने आटो चलाने वाले शत्रुघन शाह  से बातचीत की। उसका कहना है कि जहां हादसा हुआ, वहां रेडलाइट के पास गैस ही गैस थी। गैस कोहरे की तरह दिख रही थी। वहां उसका आटो खड़ा हुआ था। वो बचने के लिए भागा तब भी उसका चेहरा जल गया। जिस तरफ गैस थी, वहां से कुछ देर बाद  बम के फटने जैसी आवाजें आईं।

11:55 AM, 20-Dec-2024

गलत कट की वजह से हादसा
हादसे के चश्मदीद संदीप सिंह राठौड़ ने बताया कि जहां हादसा हुआ है, वहां सड़क पर गलत कट दिया गया है। इसी कट की वजह से  हादसा हुआ है। यहां पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। कुछ दिन पहले भी एक दुर्घटना इसी जगह पर हुई थी। उसमें भी गैस टैंकर था। अगर उस घटना से सीख ले ली गई होती तो फिर आज का हादसा ना होता।  अग्निकांड में एक बस पूरी तरह से जल गई है। इसकी तस्वरी यहां दी जा रही है।

 

11:51 AM, 20-Dec-2024

42 घायल अस्पताल में भर्ती-कमिश्नर
पुलिस  कमिश्नर बीजू जोसेफ से अमर उजाला ने बातचीत की। इसमें उन्होंने बताया कि  रास्ते को साफ करने का काम चल रहा है। कुछ ही घंटों में सब कुछ क्लीयर हो जाएगा। करीब 42 लोगों को एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

11:45 AM, 20-Dec-2024

आठ लोगों की मौत
हादसे को हुए कई घंटे बीत चुके हैं। अब तक हादसे में आठ लोगों के मरने की पुष्टि हो चुकी है। घायलों की हालत नाजुक है। मौके पर करीब 300 से ज्यादा सिविल डिफेंस के जवान मोर्चा संभाले हुए हैं। 

11:42 AM, 20-Dec-2024

घटनास्थल पर अमर उजाला की टीम पहुंची। घटना में किस ट्रक में क्या था। इसकी जानकारी किसी को नहीं है। इस वजह से ट्रकों को खोलकर देखा जा रहा है। ऐसे ही एक ट्रक को जब खोलकर देखा गया तो उसमें माचिस निकली

11:17 AM, 20-Dec-2024

गृहमंत्री ने जताया शोक

अजमेर रोड पर हुए इस भीषण हादसे को लेकर केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने दुख व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स पर ट्वीट करते हुए लिखा- राजस्थान के जयपुर में हुआ सड़क हादसा अत्यंत दुःखद है। इस हादसे में अपना जीवन गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त करता हूं। इस संबंध में मुख्यमंत्री भजनलाल जी से बात हुई। स्थानीय प्रशासन घायलों को तुरंत उपचार प्रदान करने का काम कर रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने हादसे को लेकर कहा- जयपुर-अजमेर हाईवे पर एक गैस टैंकर में विस्फोट के चलते हुए हादसे में कई लोगों के हताहत होने का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ।
पीड़ा की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति तथा घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।
 

11:14 AM, 20-Dec-2024

अस्पताल ने घायलों की लिस्ट जारी की

इसी बीच एसएमएस अस्पताल प्रशासन ने अपने यहां भर्ती मरीजों की लिस्ट जारी की है। जिसमें घायलों के नाम इस प्रकार हैं।
गोविंद नारायण (33), संदीप (30), बनवारी लाल (32), शाहिद (34), अशोक पारीक (35), वंजीता (23), राधेश्याम चौधरी (32), लाला राम (28), सहाबुद्दीन (35), नरेश (36), अमर (42), हरलाल (29), शिवा (32), राजू राज (40), गीता (23), शैलेन्द्र (35), लोकेश कुमार (18), शबनम (24), फिजन (20), राजू लाल जाट (34), बबलू गुर्जर (21), कपिल (24), सुरेन्द्र (50), महेन्द्र (42), सुनील (20), अशोक (35), जगदीश रैगर (30), सौमराज मीना (28), युसूफ (45), लीला (45), लक्ष्मण (37), विजेन्द्र (36) और निर्मला (68)।

10:51 AM, 20-Dec-2024

सात लोग मरे

ताजा मिली जानकारी के अनुसार प्रशासन ने सात लोगों के मरने की पुष्टि की है।  जब हादसा हुआ उस समय दूर तक आग ही आग दिखाई दे रही थी। ये फोटो करीब 200 मीटर दूरी से लिया गया है । 

 

10:36 AM, 20-Dec-2024

डोटसरा एसएमएस पहुंचे

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद डोटासरा घायलों के हाल जानने एसएमएस अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से उपचार संबंधी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह हादसा हमें गहरी पीड़ा पहुंचाता है। जब हम घायलों से मिले, तो उन्होंने बताया कि स्लीपर बस में सो रहे यात्रियों को जागने का भी मौका नहीं मिला। आग इतनी तेजी से फैली कि वे संभल नहीं सके। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

10:22 AM, 20-Dec-2024

एसएमएस ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर

इसी बीच एसएमएस अस्पताल ने हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

01412518208
01412518408

10:11 AM, 20-Dec-2024

चांदपोल से बगरू चलने वाली लो-फ्लोर बसों का संचालन बंद

जयपुर शहर में जेसीटीएसएल की चांदपोल से बगरू (26 NO) रूट पर चलने लो-फ्लोर बसों का संचालन बंद कर दिया गया है। भांकरोटा अग्निकांड के चलते जयपुर -अजमेर रोड को डायवर्ट किया जा रहा है। इसके चलते अब अजमेर रोड पर ट्रैफिक जाम हो रहा है।
पुलिस हेल्पलाइन नंबर
9166347551
8764688431
7300363636

10:10 AM, 20-Dec-2024

सीएम ने एक्स पर सांत्वना दी

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे के संबंध एक्स पर लिखा है कि जयपुर-अजमेर राष्ट्रीय राजमार्ग पर गैस टैंकर में आग लगने की घटना में नागरिकों के हताहत होने का दुःखद समाचार सुनकर मन अत्यंत व्यथित है। घटना की सूचना मिलते ही एसएमएस अस्पताल जाकर चिकित्सकों को तत्काल आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने एवं घायलों की समुचित देखभाल हेतु निर्देशित किया है। प्रशासन द्वारा बचाव कार्य निरंतर जारी हैं। स्थानीय प्रशासन और आपातकालीन सेवाएं पूरी तत्परता से कार्यरत हैं। प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने परम धाम में स्थान, शोक संतप्त परिवारजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति व घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें।

अशोक गहलोत बोले 

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट करते हुए कहा कि जयपुर-अजमेर नेशनल हाईवे पर पेट्रोल पंप एवं केमिकल टैंकर में आग लगने की घटना बेहद चिंतजानक है। इस हादसे में कई लोगों के हताहत होने की खबर आ रही है। मैं ईश्वर से सभी घायलों के जल्द स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।

10:03 AM, 20-Dec-2024

मौके पर पहुंचे सीएम और गृह राज्यमंत्री

एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई है और आग के कारण की जानकारी ली जा रही है। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री और गृह राज्य मंत्री घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने कहा है कि  हादसे की जांच करवाई जाएगी और घायलों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।



 

09:36 AM, 20-Dec-2024

Jaipur Fire News Live: जयपुर LPG टैंकर ब्लास्ट में अब तक 12 लोगों की मौत, जांच के लिए कमेटी गठित

राजधानी जयपुर के भांकरोटा इलाके में एक पेट्रोल पंप पर शुक्रवार सुबह दिल दहला देने वाला भीषण हादसा हुआ। दो टैंकरों की टक्कर में सड़क पर तबाही का मंजर छा गया। हादसे में करीब 30 वाहन जल कर खाक हो गए। वहीं 6 लोगों की मौत की पुष्टि प्रशासन की ओर से की गई है। मौत का आंकड़ा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। प्रशासन ने मरने वाले लोगों का आंकड़ा अभी तक अपडेट नहीं किया है, लेकिन सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक करीब 15 से ज्यादा लोगों की जान अब तक जा चुकी है। यह आंकड़ा और भी ज्यादा होने की आशंका है।



जानकारी के अनुसार सीएनजी टैंकर अजमेर से जयपुर की ओर आ रहा था। दिल्ली पब्लिक स्कूल के सामने से वो वापस अजमेर की ओर यू-टर्न ले रहा था। इसी दौरान जयपुर से आ रहे टैंकर से भिड़ गया। मौके पर कई गाड़ियां ऐसी थीं जो रोड पर पूरी तरह जली हुई मिली हैं। इनमें मौजूदा लोगों की क्या स्थिति हुई इसकी जानकारी अभी तक नहीं लग पाई है।

और पढ़ें...
विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें