राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से इंदौर जा रही श्रद्धालुओं से भरी स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस देखते ही देखते आग का गोला बन गई। इस हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 21 यात्री घायल हुए हैं।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; क्या बोले दौसा एसपी
दौसा एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। सभी घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में जारी है।
पूर्व सीएम अशोक गहलोत जताया शोक
राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क हादसे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दुख जताया। उन्होंने लिखा कि दौसा जिले में दिल्ली - मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने दौसा में हुए हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं।
दौसा सांसद बोले- ज्यादातर मध्य प्रदेश के लोग
सांसद मुरारी लाल मीणा
- फोटो : Amar Ujala
दौसा कांग्रेस सांसद मुरारी लाल मीणा ने कहा कि रात को तीन बजे के आसपास बहुत दुखद दुर्घटना हुई है। अभी तक पता नहीं चल पाया है कि बस में कुल कितने लोग सवार थे। 8 शव मिले हैं, जो जल गए हैं। 11 व्यक्ति अस्पताल में भर्ती हैं। ये लोग हरिद्वार से आ रहे थे। ज्यादातर लोग मध्य प्रदेश के हैं, कुछ लोग महाराष्ट्र के हैं। जिला कलेक्टर, एसपी सब मौके पर हैं।
ये भी पढ़ें- इंदौर जा रही बस में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लगी भीषण आग, आठ श्रद्धालुओं की मौत; पांच जिंदा जले
क्या बोलीं दौसा कलेक्टर
दौसा कलेक्टर सौम्या झा ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी शवों के सैंपल आज ही फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। उम्मीद है कि आज देर रात या बुधवार सुबह तक सभी मृतकों की पहचान हो जाएगी। अभी तक तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है, लेकिन प्रशासन सभी मृतकों के नामों की आधिकारिक सूची एक साथ जारी करेगा।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Bus Truck Collision: इंदौर जा रही बस में ट्रक से टक्कर के बाद लगी भयंकर आग, आठ लोगों की मौत;तस्वीरें
सांसद मुरारी लाल मीणा बोले- मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
सांसद मुरारी लाल मीणा ने बताया कि बस में 37 यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन को यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं, ऐसे में उनकी पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की आवश्यकता पड़ सकती है।
जांच के लिए हाई लेवल कमेटी गठित
जांच कमेटी गठित
- फोटो : Amar Ujala
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोलवा के पास हुए भीषण बस-ट्रेलर हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जारी आदेश के अनुसार जांच समिति में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (लालसोट), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दौसा), प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (दौसा), उपखंड मजिस्ट्रेट (बांदीकुई), उपखंड मजिस्ट्रेट (बसवा), अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (सदस्य सचिव, सड़क सुरक्षा समिति), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (दौसा) तथा प्रभारी iRAD, एनआईसी दौसा को सदस्य बनाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि समिति दुर्घटना के तकनीकी, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की जांच करेगी। हादसे के कारणों, राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। जिला कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन यथाशीघ्र प्रस्तुत किया जाए।
क्षतिग्रस्त बस
क्षतिग्रस्त बस
- फोटो : PTI
हादसे के बाद जली हुई बस के मलबे के पास इकट्ठा हुए स्थानीय लोग
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; सचिन पायलट ने जताया दुख
दौसा में हुए हादसे को लेकर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने एक्स पर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने एक्स पर लिखा कि- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दौसा जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों की मृत्यु और घायल होने का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं, ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करें। मैं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; पीसीसी चीफ ने दुख जताया
दौसा हादसे को लेकर पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने दुख व्यक्त किया। उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर दौसा के पास बस व ट्रेलर की टक्कर में कई लोगों की मृत्यु एवं घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। मृतकों के परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है। ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करने एवं घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; एमपी के 12 लोग घायल
दौसा बस हादसे की जांच कर रहे एएसआई समूदर सिंह ने बताया कि बस नंबर AR-11P-6565 में चालक और परिचालक सहित कुल 39 लोग सवार थे। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
घायल यात्रियों की सूची
- याचिका (7), पुत्री दीपक तंवर, ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- नेहा (26), ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- दिशा (19), पुत्री संजय, नंदा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- सुवानंद (25), पुत्र राजेश, सुदामा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- प्रदीप (26), पुत्र नरेंद्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- महक (22), पुत्री महेश, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- योगानी (21), पुत्री सेलेन्द्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- जितेंद्र पांडे (45), दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी इंदौर
- अभिनव पांडे (13), पुत्र जितेंद्र, दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी इंदौर
- विशुलाल (65), पुत्र बलवंत सिंह, भिलसेड़ी (मध्य प्रदेश)
- शिखा (31), नीम का थाना, सीकर (राजस्थान)
- चंद्रप्रकाश (66), पुत्र हीरालाल, डबरा (मध्य प्रदेश)
- दिव्या (25), पुत्री दीपक, बड़वाह (मध्य प्रदेश) - हालत गंभीर
ये यात्री लापता
- निर्मला, पत्नी चंद्रप्रकाश, इंदौर
- प्रियंका (33), पत्नी जितेंद्र पांडे, बड़वाह (मध्य प्रदेश)
- भूमि (20), पुत्री भारत भोर, बजरंग नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)
- दीपू (60), पुत्र नरवत सिंह, रामपुरा कला, सीहोर (मध्य प्रदेश)
मृतकों की पहचान में आ रही मुश्किल
जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि सभी आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 13 घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि चार शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में डीएनए जांच की भी आवश्यकता पड़ सकती है।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; इमरजेंसी गेट नहीं खुलने के कारण यात्री नहीं निकल सके
दौसा बस हादसे को लेकर विधायक दीनदयाल बैरवा ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, लेकिन इमरजेंसी गेट नहीं खुलने के कारण यात्री समय रहते बाहर नहीं निकल सके। उनके अनुसार यदि आपातकालीन निकास द्वार खुल जाता, तो कई यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी। विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बस की सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल कराने की मांग की है।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; एसपी बोले- आठ लोगों की मौत हुई
दौसा के पुलिस अधीक्षक पीयूष दीक्षित ने बताया कि हंस ट्रेवल्स की बस ऋषिकेश से इंदौर जा रही थी। एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक से टकराने के बाद बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में पांच यात्रियों की जिंदा जलने से मौत हो गई, दो लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ये भी पढ़ें- Bus Accident: हंस ट्रैवल्स की बसों का हादसों से पुराना नाता, फायर सेफ्टी में फेल, छेड़छाड़ में पकड़ाए ड्राइवर
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; 'बेटी घायल है, पति अब भी लापता'
इंदौर निवासी एक महिला ने बताया कि वह परिवार के साथ जम्मू-कश्मीर स्थित माता वैष्णो देवी के दर्शन कर लौट रही थीं। उन्होंने कहा, 'बस आगे चल रहे ट्रक से टकराई और उसमें आग लग गई। मेरी बेटी घायल हो गई है, जबकि मेरे पति अब भी लापता हैं।'
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; 'मेरी पत्नी मेरी आंखों के सामने जिंदा जल गई'
एक अन्य घायल यात्री ने बताया कि हादसे के समय वह, उसकी पत्नी और बेटा सो रहे थे। उनकी सीट चालक के ठीक पीछे थी। उसने आशंका जताई कि संभव है चालक को झपकी आ गई हो। यात्री ने बताया, 'टक्कर इतनी तेज थी कि मेरी पत्नी खिड़की से बाहर जा गिरी और बस के किनारे फंस गई। देखते ही देखते आग फैल गई और वह मेरी आंखों के सामने जिंदा जल गई।'
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; जांच दल ने किया परीक्षण
जांच दल ने दुर्घटनास्थल पर सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, सुरक्षा मानकों, संभावित कारणों और अन्य तकनीकी व प्रशासनिक पहलुओं का बारीकी से परीक्षण किया। इसके साथ ही एक्सप्रेसवे से गुजरने वाले ट्रक और अन्य भारी वाहनों के चालकों से बातचीत कर उनके अनुभव और सुझाव भी लिए गए, ताकि दुर्घटना के कारणों का समग्र आकलन किया जा सके। इसके बाद जांच दल ने भांडारेज स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। टीम ने दुर्घटना के समय के वीडियो फुटेज का गहन विश्लेषण कर घटनाक्रम को समझने का प्रयास किया।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; एफएसएल टीम ने जुटाए वैज्ञानिक साक्ष्य
जांच दल निरीक्षण करता हुआ
- फोटो : Amar Ujala
हादसे की वैज्ञानिक जांच के लिए जयपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर तकनीकी जांच शुरू कर दी है। इन साक्ष्यों की रिपोर्ट भी जांच का महत्वपूर्ण आधार बनेगी।
Dausa Bus Accident Live Updates News in Hindi ; रिपोर्ट के आधार पर होगी आगे की कार्रवाई
जिला कलेक्टर को सौंपेंगे रिपोर्ट
- फोटो : Amar Ujala
जांच दल दुर्घटना के सभी पहलुओं का विस्तृत विश्लेषण कर अपनी रिपोर्ट जिला कलेक्टर को सौंपेगा। रिपोर्ट के आधार पर भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने और एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। जांच दल में अतिरिक्त जिला कलक्टर (लालसोट) मनमोहन मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शंकर लाल मीणा, जिला परिवहन अधिकारी संजीव भारद्वाज, उपखंड अधिकारी (बसवा) रविकांत सिंह, अधीक्षण अभियंता (सार्वजनिक निर्माण विभाग) अमृतलाल देवपाल, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सीताराम मीणा तथा प्रभारी iRAD (एनआईसी) वी.के. शर्मा शामिल रहे।