पंजाब में पंचायत समिति और जिला परिषद के लिए आज सुबह 8:00 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। मतदान के लिए राज्य चुनाव आयोग तैयारी पूरी कर चुका है। मतदान सुबह 8:00 से शाम 4:00 बजे तक होगा। पंचायत समिति के 8098 और जिला परिषद के 1249 उम्मीदवारों की किस्मत मतपेटी में कैद हो जाएगी। 17 दिसंबर को चुनाव के नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव में 1 करोड़ 36 लाख 4 हजार 650 वोटर मतदान करेंगे। इनमें 71,64,972 पुरुष, 64,39,497 महिलाएं और 181 अन्य मतदाता शामिल हैं।
कड़ाके की ठंड और घने कोहरे के बीच मतदाता सुबह ही मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए पहुंचने लगे हैं। लोगों में चुनाव मतदान के लिए खासा उत्साह है। वहीं चुनाव प्रक्रिया को संपन्न करवाने के लिए पोलिंग स्टाफ ने भी कमर कस ली है। उम्मीदवारों के समर्थक पोलिंग स्टेशन के बाहर अपने-अपने टैंट लगाकर बूथ पर मौजूद हैं।
सुरक्षा और शांतिपूवर्क ढंग से चुनाव संपन्न कराने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में 44 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। 96 हजार कर्मचारी चुनाव में ड्यूटी लगाए गए हैं ताकि मतदाताओं को कोई परेशानी न हो। सभी ग्रामीण क्षेत्रों को कवर करते हुए 13,395 पोलिंग स्टेशनों पर 18,718 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं जिनमें से 860 को अतिसंवेदनशील और 3,405 को संवेदनशील पोलिंग स्टेशन घोषित किया गया है। अतिसंवेदनशील बूथों पर पुलिस की तरफ से विशेष नजर रखी जाएगी। पुलिस ने राज्यभर में सुरक्षा बढ़ा दी है और फील्ड अधिकारियों को चुनाव के दौरान तैनाती के लिए जिलों से कम से कम 75 प्रतिशत पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
चुनाव व पुलिस पर्यवेक्षक लगाए
आयोग ने सभी जिलों में आईएएस, वरिष्ठ पीसीएस अधिकारियों को चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है जो चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक अपने-अपने जिले में मौजूद रहेंगे। साथ ही पटियाला, संगरूर, बरनाला, तरनतारन, रूपनगर, जालंधर, कपूरथला और मोगा जिले में चुनाव प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति पर नजर रखने के लिए 6 वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों को पुलिस पर्यवेक्षक लगाया गया है। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष चुनाव करवाने के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं और इसकी एक कॉपी पुलिस विभाग को भी भेजी है ताकि चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस कर्मियों के साथ इसे साझा किया जा सके। साथ ही बैलेट पेपर की सुरक्षा के लिए सभी डीसी को भी निर्देश जारी किए गए हैं।
बठिंडा जिले में घने कोहरे में मतदाताओं को हौसले बुलंद
बठिंडा में मतदान के लिए लाइन में लगे लोग।
- फोटो : संवाद
पंजाब के बठिंडा में रविवार सुबह घना कोहरा छाया हुआ है। बावजूद जिले के विभिन्न गांव में सुबह आठ बजे ही वोट डालने के लिए लोग मतदान बूथों पर पहुंचने शुरू हो गए है। वहीं चुनावी ड्यूटी पर तैनात अमला भी समय पर पोलिंग स्टेशनों पर पहुंच गया है। इसके अलावा जिला प्रशासन की तरफ से सुरक्षा के सख्त प्रबंध किए गए है। वोटरों की चेकिंग के बाद ही उनको बूथ पर जाने दिया जा रहा। इस बीच बठिंडा के एसपी भी पोलिंग बूथों पर तैनात जवानों को दिशा निर्देश देने पहुंचे हैं।
मोगा में मतदान शुरू, सुबह वोट डालने पहुंचे बुजुर्ग मतदाता
वोट डालता मतदाता।
- फोटो : संवाद
मोगा जिले में जिला परिषद व पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। मतदाता वोट डालने के लिए पहुंच रहे हैं। जिले में 5,64,268 मतदाता हैं। चुनाव के लिए कुल 662 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं, जिले में कुल 15 जिला परिषद और 101 पंचायत समितियां हैं। चुनाव में जिला परिषद के 69 उम्मीदवार और पंचायत समिति के 333 उम्मीदवार मैदान में हैं। मोगा जिले में कुल 5,64,268 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें 3,02,760 पुरुष,2,61,698 महिलाएं और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। कुल 662 मतदान केंद्रों में से 501 संवेदनशील और 46 अति संवेदनशील (हाई-सेंसिटिव) हे। सुरक्षा के लिए 1600 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
मोगा जिला परिषद में कुल उम्मीदवार 69
आम आदमी पार्टी -15
कांग्रेस -14
शिरोमणि अकाली दल -15
बीजेपी -11
बीएसपी -1
आजाद-13
पंचायत समिति के कुल उम्मीदवार 333
मोगा पंचायत समिति 62 उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी- 17
कांग्रेस -12
शिरोमणि अकाली दल -13
बीजेपी -12
बीएसपी -1
आजाद-7
बाघापुराना पंचायत समिति 87 उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी- 25
कांग्रेस -21
शिरोमणि अकाली दल -24
बीजेपी -5
बीएसपी -0
आजाद-12
निहाल सिंह वाला पंचायत समिति 78 उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी- 24
कांग्रेस -15
शिरोमणि अकाली दल -19
बीजेपी -7
बीएसपी -1
आजाद-15
कोट ई सेखा पंचायत समिति 51 उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी- 16
कांग्रेस -16
शिरोमणि अकाली दल -12
बीजेपी -7
बीएसपी -0
आजाद-0
धर्मकोट पंचायत समिति 51 उम्मीदवार
आम आदमी पार्टी- 18
कांग्रेस -16
शिरोमणि अकाली दल -6
बीजेपी -8
बीएसपी -1
आजाद-6
सीएम मान ने लोगों से की अपील
सीएम भगवंत मान ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर लिखा कि पंजाब के गांवों और कस्बों के समझदार लोगों से अपील है कि ब्लॉक समिति और जिला परिषद के चुनावों में जोश के साथ हिस्सा लें। किसी भी तरह के लालच या भाई-भतीजावाद से ऊपर उठकर अपने लिए वोट करें। गांवों की तरक्की का रास्ता बनाएं। पंजाब के लोगों को चुनाव के मतदान के लिए शुभकामनाएं।
बिना अनुमति पोलिंग बूथ में घुस रहा था व्यक्ति
पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। फिरोजपुर के भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांव गट्टी रहीमेके में बने पोलिंग बूथ पर लोग घनी धुंध में भी वोट डालने आते हुए। यहां पर एक व्यक्ति किसी अधिकारी द्वारा पहचान पत्र दिखाकर बिना अनुमति पोलिंग बूथ में घुस रहा था, जिसे पुलिस व अन्य सियासी पार्टियों के लोगों ने रोक दिया और धक्का मार बाहर निकाल दिया और उसे डीसी की आज्ञा लेकर आने को कहा।
मंत्री हरजोत बैंस ने डाली वोट
पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए आज मतदान हो रहा है। वोटिंग सुबह आठ बजे से शुरू हो गई है। अभी तक मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है। कैबिनेट मंत्री हरजोत बैंस ने गंभीरपुर में मतदान किया।
बटाला में आप विधायक ने पकड़ी शराब से भरी गाड़ी, हथियार और कांग्रेस के झंडे भी मिले
जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव के दौरान बटाला में आप विधायक शैरी कलसी ने अवैध शराब से भरी एक गाड़ी पकड़ी है। गाड़ी से हथियार, गोलियां और कांग्रेस के झंडे भी बरामद हुए हैं। इस मामले को लेकर आप पंजाब के महासचिव बलतेज पन्नू ने कांग्रेस पर किया तीखा हमला।
बरनाला में मतदान केंद्रों पर लगी मतदाताओं की लाइन
बरनाला में लाइन में लगी महिलाएं।
- फोटो : संवाद
बरनाला में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के तहत गहल जोन में मतदान को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लगी रहीं। बुजुर्ग, महिलाएं और युवा लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्वक चल रही है।
बरनाला में जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के लिए सुबह 10 बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार है
बरनाला – 8.30%
महल कलां – 6.68%
शैहना – 5.85%
वहीं, बठिंडा जिले में सुबह 10 बजे तक 7.8 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
ब्लॉक मोड़ मंडी में 7%
ब्लॉक रामपुरा में 8%
मोगा में 7.52% मतदान
जालंधर: सभी 1209 पोलिंग बूथ पर अब तक 7.1 प्रतिशत मतदान हुआ है।
पटियाला में सुबह 10 बजे तक 8.1% वोटिंग हुई है।
संगरूर में 7.02 प्रतिशत मतदान
पोलिंग स्टाफ कर्मी की बिगड़ी तबीयत
अमृतसर में मतदान
- फोटो : संवाद
अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां में ड्यूटी के दौरान पोलिंग स्टाफ के एक कर्मचारी की अचानक तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बरनाला में अकाली दल का चुनाव चिन्ह गायब
बरनाला में लाइन में खड़े मतदाता।
- फोटो : संवाद
जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के लिए मतदान के दौरान बरनाला के विधानसभा हलका महल कलां के गांव रायसर पटियाला में हंगामा हो गया। यहां शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने चुनाव आयोग पर धक्केशाही और धांधली के आरोप लगाए हैं। ब्लॉक समिति के इस जोन के बूथ नंबर 20 पर बैलेट पेपर पर अकाली दल का चुनाव चिन्ह ही गायब हो गया है। बैलेट पेपर पर चुनाव चिन्ह न होने के कारण जमकर हंगामा हुआ।अकाली नेता बचित्तर सिंह रायसर ने कहा कि सरकार सीधे तौर पर जबरदस्ती पर उतर आई है। इसी कारण पोस्टल बैलेट पेपर से अकाली दल के चुनाव निशान को हटाया गया है, ताकि अकाली दल को वोट न पड़ सके। मामले के तूल पकड़ने के बाद मौके पर महल कलां के एसडीएम बेअंत सिंह और डीएसपी जसपाल सिंह पहुंचे और अकाली दल के नेताओं से बातचीत की जा रही है।
चुनाव से पहले बड़ी कार्रवाई: जालंधर में 683 पेटी शराब जब्त
पकड़ा गया ट्रक।
- फोटो : संवाद
जिला परिषद और ब्लॉक समिति चुनाव से पहले जालंधर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फिल्लौर क्षेत्र से शराब से भरा ट्रक बरामद किया है। पुलिस को आशंका है कि यह भारी मात्रा में लाई गई शराब चुनाव के दौरान बांटने के उद्देश्य से मंगवाई गई थी। यह कार्रवाई शनिवार रात करीब 10 बजे थाना फिल्लौर पुलिस द्वारा की गई, जिसमें ट्रक से 683 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद हुई। एसएसपी जालंधर देहाती हरविंदर सिंह विर्क के निर्देशों पर निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता मिली। अभियान का नेतृत्व एसपी सरबजीत राय और डीएसपी भरत मसीह ने किया। पुलिस के अनुसार, ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों को ध्यान में रखते हुए तलाशी अभियान के दौरान यह ट्रक पकड़ा गया। पुलिस ने गश्त के दौरान पुराने बस अड्डे के पास ट्रक नंबर आरजे-14-जीजे-3562 को रोका। जांच के दौरान ड्राइवर शराब से संबंधित कोई लाइसेंस, बिल या वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। ट्रक चालक की पहचान मनोज छाजू राम राजपूत, निवासी जिला वडोदरा (गुजरात) के रूप में हुई है, जिसे हिरासत में लेकर ट्रक को जब्त कर लिया गया है। फिल्लौर थाने में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब कहां से लाई गई थी और चुनाव के दौरान इसे किन क्षेत्रों में बांटने की योजना थी।
दोपहर 12 बजे तक मतदान प्रतिशत
नारेबाजी करते शिअद कार्यकर्ता।
- फोटो : संवाद
ज़िला पठानकोट में ज़िला परिषद और ब्लॉक समिति चुनावों के लिए सुबह 12:00 बजे तक मतदान प्रतिशत इस प्रकार है
धार कलां– 8%
ब्लॉक बामियाल– 11.7%
ब्लॉक पठानकोट– 10.3%
ब्लॉक घरोटा - 8.7 %
ब्लॉक सुजानपुर - 9%
ब्लॉक नरोट - 9.7%
जालंधर जिले में 12 बजे तक सभी 1209 पोलिंग बूथ पर 16.8 प्रतिशत वोटिंग हुई है।
संगरूर जिले में 12:00 बजे तक 17.81% मतदान हुआ है।
अमृतसर में दो जगह चुनाव रद्द
पंजाब में जिला परिषद व ब्लॉक समिति चुनाव के लिए मतदान जारी है। दोपहर 12 बजे तक सूबे में 19.1 प्रतिशत मतदान हो चुका है। वहीं, अमृतसर के खासा और खुरमिनिया में जिला परिषद व ब्लॉक समिति के चुनाव रद्द कर दिए गए हैं। दोनों जगहों पर बैलेट पेपर पर आम आदमी पार्टी उम्मीदवार का चुनाव निशान गलत प्रिंट हुआ है।
गांव फत्तूवाला में भाजपा उम्मीदवार पर हमला
फिरोजपुर के गांव फत्तूवाला में मतदान के दौरान भाजपा के उम्मीदवार जगदीप सिंह पर हमला हुआ है। यहां मतदान के दौरान शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रत्याशी जगदीप सिंह पर कैंची से हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। उसे जख्मी हालत में स्थानीय अस्पताल में दाखिल कराया गया। जगदीप का आरोप है कि अकाली दल के लोग बूथ कैप्चर कर रहे थे। जब उन्होंने विरोध किया तो उस पर कैंची से हमला कर दिया।
पूर्व सीएम ने आप सरकार पर लगाए आरोप
पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों को लेकर आज मतदान हो रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री और सांसद चरणजीत सिंह चन्नी ने पंजाब सरकार पर तीखा हमला किया है। चरणजीत सिंह चन्नी ने एक बैलेट पेपर दिखाते हुए आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने पहले ही 10 प्रतिशत बैलेट पेपर अंबाला से छपवा लिए थे और अब साजिश के तहत इन बैलेट पेपरों को मतदान में शामिल किया जा रहा है। उन्होंने वोटों वाले बक्सों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े किए।
चरणजीत सिंह चन्नी ने दुराहा के एक ज़ोन का बैलेट पेपर दिखाते हुए कहा कि यह बैलेट पेपर बीती रात ही सोशल मीडिया ग्रुप में डाला गया था, जबकि मतदान सुबह होना था। उन्होंने चुनाव आयोग से मामले की जांच कराने की मांग की। साथ ही मुख्यमंत्री भगवंत मान द्वारा उन पर कसे गए तंज का जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने जो दावा किया था, वह सही साबित हो रहा है।
उन्होंने कम मतदान प्रतिशत पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि सरकार ने पुलिस के जरिए लोगों को डराया हुआ है और विपक्षी पार्टियों के नेताओं को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में इन चुनावों का क्या मतलब रह जाता है, लेकिन वे आखिर तक लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बीती रात कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को गंडासियों से पीटा गया है।
बूथ नंबर 20 पर मतदान रोका गया, 16 दिसंबर को होगा पुनर्मतदान
बरनाला के हलका महल कलां के अंतर्गत गांव रायसर पटियाला में ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों के दौरान उस समय गंभीर विवाद खड़ा हो गया, जब बूथ नंबर 20 पर बैलेट पेपरों में शिरोमणि अकाली दल का चुनाव चिन्ह ‘तक्कड़ी’ दर्ज नहीं पाया गया। इस गड़बड़ी के चलते कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया प्रभावित रही और गांव में तनावपूर्ण माहौल बन गया।
मामला सामने आते ही शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने भारी रोष जताया। अकाली नेता बच्चितर सिंह रायसर ने चुनाव आयोग और सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सब सोच-समझकर किया गया है, ताकि अकाली दल के पक्ष में वोट न पड़ें। उन्होंने कहा कि बैलेट व पोस्टल बैलेट से चुनाव चिन्ह हटाना लोकतंत्र पर सीधा हमला है।
स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन तुरंत हरकत में आया। मौके पर एसडीएम महल कलां बेअंत सिंह और डीएसपी जसपाल सिंह धालीवाल पहुंचे और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं से बातचीत कर मामले की जांच शुरू की। प्रशासन की ओर से निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया गया।
एसडीएम बेअंत सिंह ने बताया कि इस पूरे मामले की लिखित रिपोर्ट चुनाव आयोग को भेज दी गई है। आयोग के निर्देशानुसार पर बूथ नंबर 20 का पुनः मतदान कराया जाएगा। जांच के दौरान यदि किसी अधिकारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी अमित बेंबी ने जानकारी दी कि चुनाव आयोग के नए कार्यक्रम के अनुसार गांव रायसर पटियाला के बूथ नंबर 20 पर 16 दिसंबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक दोबारा मतदान कराया जाएगा। मौके पर ऑब्जर्वर बलदीप कौर, डीएसपी जसपाल सिंह धालीवाल, तहसीलदार रविंदर सिंह विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता मौजूद थे। इस अवसर पर शिरोमणि अकाली दल के सर्कल प्रधान सरपंच बच्चितर सिंह धालीवाल ने चेतावनी दी कि यदि मामले का जल्द और न्यायसंगत समाधान नहीं हुआ तो पार्टी की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
पठानकोट में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों का बायकॉट
जिला पठानकोट के क्षेत्र धारकलां के अंतर्गत आती ग्राम पंचायत भंगुड़ी, पलाह और रोग में लोगों ने ब्लॉक समिति और जिला परिषद चुनावों में भाग नहीं लेकर पंजाब सरकार के प्रति रोष प्रगट किया। प्रदर्शन कर रहे तीन पंचायतों से अश्वनी शर्मा, दीपक सुमवरिया, विजय कुमार, रणजीत सिंह, गौतम सिंह पठानिया, दीपक शर्मा, गौरव पठानिया, नीलम पठानिया, अशोक शर्मा मंजीत सिंह आदि ने बताया की 9 जुलाई 2022 में इन तीनो गावों को जोड़ने वाला मुख्य चंडोला पुल भारी बारिश से क्षतिग्रस्त होने के बाद स्थानीय लोगो को अपनी दिनचर्या में बहुत ही मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले तीन साल से क्षेत्र के लोग अपने पैसे से इस पुल की मरमत करवाकर अपनी दिनचर्या को अंजाम दे रहे थे। कई बार जिला प्रशाशन को अगवत करवाने के बाद भी उनकी समस्या का कोई भी हल नहीं किया गया इसलिए मजबूर होकर उन्होंने ने पुल नहीं तो वोट नहीं नारे के तहत चुनावों का बहिष्कार किया है। उन्होंने कहा की अगर चंडोला पुल का जल्दी नवनिर्माण नहीं किया गया तो हलके में होने वाले आगामी किसी भी प्रकार के चुनाव का पूर्ण बहिष्कार करेंगे।
दूल्हे ने डाला वोट, बरात के साथ पहुंचे मतदान केंद्र
फिरोजपुर के ब्लाक ममदोट के सीमावर्ती गांव कालू अराई हिठाड़ से ममदोट के पास हजारा सिंह वाला गांव के लिए बरात रवाना होने से पहले, दूल्हे लखविंदर सिंह ने अपने ही गांव कालू अराई हिठाड़ में बने पोलिंग बूथ पर जाकर अपना कीमती वोट दिया। बरात भी उनके साथ मौजूद थी।
बरात रवाना होने से पहले, गांव के गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने के बाद, दूल्हा बरात के साथ सजी हुई कार में सवार होकर गांव के स्कूल में बने पोलिंग बूथ पर पहुंचा और लोगों के साथ वोट डालकर लोकतंत्र के मौलिक अधिकार का सही इस्तेमाल करने के बारे में अपने विचार शेयर किए। उन्होंने कहा कि बरात में आधे घंटे की देरी हो सकती है, लेकिन हर वोट बहुत कीमती है और इसका इस्तेमाल सही उम्मीदवार के पक्ष में किया जाना चाहिए।