फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab News Live: बेअदबी कानून पर पंजाब सरकार को बड़ा आदेश, एक माह में सभी आपत्तियां हटाएं

Mon, 29 Jun 2026 04:36 PM IST
Nivedita न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Punjab Politics, Akal Takht Live Updates in Hindi: जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 को लेकर आम आदमी पार्टी के नौ सिख मंत्री, विधानसभा स्पीकर और 30 सिख विधायक श्री अकाल तख्त साहिब में उपस्थित हुए। इसके अलावा कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और एक निर्दलीय विधायक भी पेश हुए। जानें सभी अपडेट...
विज्ञापन
विज्ञापन

लाइव अपडेट

02:39 PM, 29-Jun-2026

आप ने कहा-सुझावों का पूरा सम्मान

नए बेअदबी कानून को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब में हुई बैठक के बाद पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां और वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने मीडिया से बातचीत की। उन्होंने बताया कि अकाल तख्त साहिब ने आम आदमी पार्टी के सिख मंत्रियों और विधायकों को एक माह का समय दिया है, जिसके दौरान अकाल तख्त की ओर से भेजे जाने वाले संशोधनों (अमेंडमेंट्स) पर सरकार विचार करेगी।



स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने कहा कि जत्थेदार के साथ लंबी और सकारात्मक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की गरिमा और मर्यादा को ध्यान में रखते हुए बैठक के अंदर हुई चर्चा का सार्वजनिक खुलासा करना उचित नहीं है। हालांकि सरकार बैठक में मिले सुझावों पर गंभीरता से विचार करेगी।

वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि जत्थेदार की ओर से प्रस्तावित संशोधन पंजाब विधानसभा के स्पीकर के माध्यम से भेजे जाएंगे। संशोधन प्राप्त होने के बाद सरकार और विधायक उनका विस्तृत अध्ययन करेंगे और एक महीने के भीतर अपना निर्णय लेंगे।

बैठक के बाद आप के मंत्रियों और विधायकों ने श्री अकाल तख्त साहिब के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि वे जत्थेदार द्वारा दिए गए सुझावों का पूरा सम्मान करेंगे और धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखकर आगे की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

01:31 PM, 29-Jun-2026

आप विधायक बोले-नहीं पढ़ा था मसाैदा

आम आदमी पार्टी के विधायकों ने जत्थेदार के पास जाकर कहा कि बिल पर हस्ताक्षर करने से पहले उन्होंने मसौदा नहीं पढ़ा था। 

01:20 PM, 29-Jun-2026

खैरा ने कहा-आप नेता महिलाओं का सम्मान नहीं करते    

श्री अकाल तख्त पर पेशी के दाैरान कांग्रेस विधायक सुखपाल खैरा ने कहा कि आप के नेता महिलाओं का सम्मान नहीं करते। विधानसभा में औरतों के लिए गलत भाषा का इस्तेमाल किया जाता है।
 

विज्ञापन
01:10 PM, 29-Jun-2026

पंजाब सरकार को एक माह का समय

जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने पंजाब सरकार को एक माह का समय दिया है। जत्थेदार ने कहा कि इस दाैरान बेअदबी कानून की सभी आपत्तियों का दूर किया जाए। जत्थेदार ने कहा कि जब तक कानून में संशोधन नहीं हो जाता, तब तक इस कानून को लागू न किया जाए। आप के मंत्रियों-विधायकों ने श्री अकाल तख्त को लिखित स्पष्टीकरण दिया।

12:40 PM, 29-Jun-2026

विधायक निज्जर ने की लाइव टेलीकास्ट न करने की मांग 

विधायक इंद्रबीर सिंह निज्जर ने मामले की संवेदनशीलता का हवाला देते हुए लाइव टेलीकास्ट न करने की बात कही, जिस पर जत्थेदार ने याद दिलाया कि स्वयं मुख्यमंत्री पहले सरकारी कार्यवाही के लाइव प्रसारण की बात कह चुके हैं।

जत्थेदार ने कहा कि सरकार को कानून बनाने का अधिकार है, लेकिन सिख समुदाय से जुड़े मामलों में अकाल तख्त, शिरोमणि कमेटी और अन्य सिख संस्थाओं से औपचारिक सलाह ली जानी चाहिए थी। कांग्रेस विधायक प्रताप सिंह बाजवा ने भी कहा कि उन्होंने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया था।

 

विज्ञापन
11:57 AM, 29-Jun-2026

सीएम मान के बयानों पर सवाल

जत्थेदार ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के दो सार्वजनिक बयानों का हवाला देते हुए सवाल उठाए। पहला, मुख्यमंत्री के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि बेअदबी करने वाला मानसिक रूप से बीमार हो तो उसके माता-पिता या अभिभावक को सजा मिलेगी। जत्थेदार ने पूछा कि क्या ऐसी कोई व्यवस्था कानून में दर्ज है। इस पर कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। 

11:17 AM, 29-Jun-2026

मजीठिया बोले-मान का मकसद राजनीति करना 

अकाली नेता बिक्रम मजीठिया ने कहा कि जब जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) अधिनियम, 2026 - तैयार किया जा रहा था, तब श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार साहिब ने स्पष्ट निर्देश और एक आदेश जारी किया था। उन्होंने आदेश दिया था कि अगर श्री गुरु ग्रंथ साहिब महाराज के मामले से जुड़ा कोई बिल या कानून बनाया जाना है, तो उसका मसौदा श्री अकाल तख्त साहिब, शिरोमणि जत्थेबंदी, अन्य सिख संस्थाओं और पूरी गुरु नानक नाम लेवा संगत की मंजूरी लेने के बाद ही तैयार किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी महत्वपूर्ण बात छूट न जाए। भगवंत मान और केजरीवाल का एकमात्र मकसद राजनीति करना है।  बैसाखी के दिन जो बिल तैयार किया गया वह पूरी तरह से और केवल राजनीति के लिए बनाया गया था। संगत इसे बर्दाश्त नहीं कर सकती क्योंकि इसमें ऐसी धाराएं और फैसले शामिल किए गए हैं जो संगत को गुरु ग्रंथ साहिब महाराज से दूर करने की साजिश जैसे लगते हैं। आप गुरु नानक नाम लेवा संगत को साथ लिए बिना किसी चीज को पारित करने के बारे में सोच भी कैसे सकते हैं? अकाल तख्त की मंजूरी के बिना इसे पारित करने का तो सवाल ही नहीं उठता। 

10:53 AM, 29-Jun-2026

कांग्रेस के विधायक अकाल तख्त साहिब पहुंचे

कांग्रेस के विधायक अकाल तख्त साहिब पहुंच गए हैं। आप के मंत्री विधायक नंगे पांव श्री अकाल तख्त साहिब पर पहुंचे हैं। 

10:14 AM, 29-Jun-2026

आप विधायक गुरदित सिंह सेखों ने कहा-अपना पक्ष रखेंगे

आप विधायक गुरदित सिंह सेखों ने कहा कि हमने एक कानून बनाया है ताकि धार्मिक अपमान की घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सके। हम आज श्री अकाल तख्त के जत्थेदार के सामने पेश होंगे और अपना पक्ष रखेंगे।

10:08 AM, 29-Jun-2026

जत्थेदार गड़गज्ज बोले-धर्म के मामलों में दखल दे रही सरकार

श्री अकाल तख्त के कार्यकारी जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने कहा कि सरकार ने धर्म के मामलों में दखल दिया है। सरकार ने तख्त साहिब के अधिकार क्षेत्र में हस्तक्षेप किया जा रहा है। श्री गुरु ग्रंथ साहिब और पंथ के उलट नहीं चलना चाहिए। आज खुले माहाैल में चर्चा करेंगे।

09:59 AM, 29-Jun-2026

नाै मंत्री होंगे पेश

पंजाब सरकार की ओर से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां, शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह, लोक निर्माण मंत्री हरभजन सिंह ईटीओ, राजस्व मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर, ग्रामीण विकास मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध और एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह पेश होंगे। 

09:55 AM, 29-Jun-2026

49 विधायक भी होंगे पेश

आम आदमी पार्टी के नौ सिख मंत्री, विधानसभा स्पीकर और 30 सिख विधायक श्री अकाल तख्त साहिब के सामने अपना पक्ष रखेंगे। इसके अलावा कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और एक निर्दलीय विधायक भी पेश होंगे।

09:51 AM, 29-Jun-2026

Punjab News Live: बेअदबी कानून पर पंजाब सरकार को बड़ा आदेश, एक माह में सभी आपत्तियां हटाएं

जागत ज्योत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार (संशोधन) एक्ट-2026 को लेकर श्री अकाल तख्त साहिब की ओर से तलब किए गए जनप्रतिनिधियों की आज श्री अकाल तख्त पर पेशी होगी। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें