फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indo-Pak Tension: मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जाना घायलों का हाल, इमरजेंसी सेवाओं का किया निरीक्षण

Sat, 10 May 2025 06:07 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

ऑपरेशन सिंदूर का बदला लेने के लिए पाकिस्तान की तरफ से भारत पर ड्रोन अटैक किए जा रहे हैं। पंजाब के कई शहरों में शुक्रवार रात के बाद शनिवार सुबह धमाकों की आवाज सुनाई दी। पूरे पंजाब में हाई अलर्ट है। जानें सभी अपडेट... 
विज्ञापन
जालंधर के खेतों में गिरी मिसाइल - फोटो : संवाद
विज्ञापन

लाइव अपडेट

05:45 PM, 10-May-2025
पंजाब के मंत्री इमरजेंसी सेवाओं का कर रहे निरीक्षण - फोटो : अमर उजाला

बॉर्डर इलाकों में पंजाब के 10 मंत्री एमरजेंसी सेवाओं का कर रहे निरीक्षण

पंजाब के बॉर्डर जिलों में तनावपूर्ण स्थिति के बीच लोगों को राहत पहुंचाने और भयमुक्त माहौल सुनिश्चित करने के लिए पंजाब सरकार के करीब 10 मंत्री बॉर्डर इलाकों का दौरा कर रहे हैं। शनिवार को लगातार दूसरे दिन मंत्रियों ने अमृतसर, तरनतारन, पठानकोट फाजिल्का और फिरोजपुर जिले के पाकिस्तान से सटे विभिन्न जगहों का दौरा किया और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर इमरजेंसी सेवाओं और सार्वजनिक सुविधाओं का निरीक्षण किया। 

05:34 PM, 10-May-2025
घायलों का मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जाना हाल - फोटो : अमर उजाला

घायलों का मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जाना हाल

भारत और पाकिस्तान के बीच जारी तनाव के बीच शुक्रवार को फिरोजपुर में ड्रोन हमले में एक ही परिवार के तीन लोग घायल हुए थे जिनका इलाज फिरोजपुर के DMC अस्पताल में चल रहा है। शनिवार को घायलों का हाल जानने के लिए पंजाब सरकार के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा ने डीएमसी अस्पताल जाकर हमले में घायलों से मुलाकात की और उनका हाल जाना। 

03:48 PM, 10-May-2025
सेना के जवानों के लिए PGI में ब्लड डोनेशन कैंप - फोटो : ANI

चंडीगढ़ PGI में सेना के जवानों के लिए लगाया गया रक्तदान शिविर

  चंडीगढ़ PGI में सेना के जवानों के लिए रक्तदान शिविर शुरू किया गया है। भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव को लेकर ब्लड डोनेशन कैंप लगाया गया है। यह कैंप आपातकाल स्थिति में जवानों के लिए लगाया गया है।
     

विज्ञापन
03:34 PM, 10-May-2025

फिरोजपुर में ड्रोन हमले में घायल तीन लोगों का इलाज फरिश्ते योजना के तहत

पंजाब सरकार फिरोजपुर में ड्रोन हमले में घायल तीन लोगों का इलाज फरिश्ते योजना के तहत करा रही है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अब हर वॉर और टेरर विक्टिम का इलाज सरकार उठाएगी। हम पंजाब की बेहतरी के लिए काम करते रहेंगे।

03:09 PM, 10-May-2025

श्री गुरु ग्रंथ साहिब को किया गया स्थानांतरित

भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव के बीच, हवेलियां गांव के सिंह सभा गुरुद्वारा से श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पवित्र स्वरूपों को अमृतसर के गुरुद्वारा रामसर साहिब में स्थानांतरित किया जा रहा है।

विज्ञापन
02:56 PM, 10-May-2025

सीएम भगवंत मान ने दी अहम जानकारी 

भारतीय सेना से थोड़ी देर पहले सीएम मान की हुई बात। सीएम में कहा कि पाकिस्तान की ओर से जो ड्रोन और मिसाइल दागे जा रहे हैं, वो पंजाब के अलग अलग हिस्से में मार गिराए जा रहे है। सीएम ने कहा कि सेना को पंजाब में कई जगह से रिपोर्ट मिली है जहां मिसाइल और ड्रोन गिरे पाए गए उनमें से कई में विस्फोटक पदार्थ थे, जिसके कारण विस्फोटकों के टुकड़े देखने पहुंचे गांव के लोगों के साथ बड़ा हादसा हो सकता था। ऐसे में सीएम मान ने लोगों से सेना की एडवायजरी को देखते हुए हिदायत दी है कि ऐसे मामले में विस्फोटक के टुकड़े के पास न जाए बल्कि पुलिस को सूचित करें।

02:34 PM, 10-May-2025

सीएम मान ने बुलाई सर्वदलीय बैठक

सीएम भगवंत मान और राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने शाम 5 बजे राजभवन चंडीगढ़ में सर्वदलीय बैठक बुलाई है। सर्वदलीय बैठक से पहले धार्मिक नेता भी सीएम और राज्यपाल के साथ बैठक करेंगे।

02:11 PM, 10-May-2025

कटरा और जम्मू रूट की 37 ट्रेनें रद्द

लुधियाना में रेड अलर्ट जारी किया गया है। कटरा और जम्मू रूट की 37 ट्रेनें भी रद्द कर दी गई हैं और लगभग 12 ट्रेनों को पठानकोट से वापस भेजने के आदेश जारी हुए हैं।

02:09 PM, 10-May-2025

एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के अधिकारियों की छुट्टी कैंसिल

बढ़ते तनाव को देखते हुए मान सरकार ने एक्साइज एंड टैक्सेशन विभाग के अधिकारियों को छुट्टी ना लेने के निर्देश दिए हैं। अभी तक की सारी छुट्टियां कैंसल कर दी गई हैं। निर्देश तत्काल प्रभाव से लागू होंगे। 

01:59 PM, 10-May-2025

होशियारपुर में मिला ड्रोन

होशियारपुर-टांडा रोड पर सीकरी गांव के पास एक ड्रोन मिला है। गांव के सरपंच सेवा सिंह ने बताया कि गांव के पास विस्फोट हुआ है। सुबह जब गांव के कुछ युवा खेतों में पानी लगाने गए तो उन्होंने देखा कि खेतों में जगह-जगह ड्रोन के टुकड़े पड़े हैं। सरपंच ने तुरंत इस संबंध में पुलिस को सूचित किया। पुलिस और सेना के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। बताया जा रहा है कि इस ड्रोन में एक डिसप्ले चल रहा है, जिसे डिफ्यूज करने के लिए सेना के अधिकारी लगे हुए हैं और ग्रामीणों को इससे दूर रखा गया है। 

01:49 PM, 10-May-2025

फरीदकोट पर हवाई हमले की चेतावनी जारी

फरीदकोट पर हवाई हमले की चेतावनी जारी की गई है। जिले में सभी सायरन चालू हैं। लोगों से घर के अंदर रहने को कहा गया है।

01:47 PM, 10-May-2025

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा बोले रावलपिंडी में लहराएगा तिरंगा

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने पाकिस्तान को चेतावनी दी है। चड्ढा ने कहा कि रावलपिंडी में भारत का तिरंगा लहराएगा। भारत बुद्ध की भूमि है, तो महान योद्धा अर्जुन और भीम की भी। राघव चड्ढा ने पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया है कि हम पहले छेड़ते नहीं, लेकिन छोड़ते भी नहीं। भारत शांति चाहता है, लेकिन सुरक्षा से समझौता नहीं। चड्ढा ने एयर डिफेंस सिस्टम की ताकत पर गर्व जताया और कहा कि भारत मिसाइलों को मच्छर की तरह मसल रहा है। हम 140 करोड़ लोग चट्टान की तरह अपनी सेना के साथ खड़े हैं।

01:35 PM, 10-May-2025

आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन को उड़ाने की चौतरफा कोशिश

जालंधर में आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन को उड़ाने की चौतरफा कोशिश की गई है। भारतीय सेना ने हमलों को विफल करते हुए गांव पतारा और गांव सरमस्तपुर में मिसाइल गिरा दी हैं। 

01:27 PM, 10-May-2025

गुरदासपुर के गांव में मिसाइल से पड़ा 15 फीट गहरा पड़ा गड्ढा

गुरदासपुर के ब्लाक काहनूवान के अधीन आते गांव राजू बेला में एक मिसाइल खेतों में गिरी। धमाका इतना जबरदस्त था कि जिस जगह पर मिसाइल गिरी, वहां पर 40 फीट लंबा और 15 फीट चौड़ा गड्ढा हो गया। धमाके की आवाज के बाद गांव को लोग इक्टठे हो गए। इसके बाद पुलिस और मिलिट्री को सूचित किया गया। सूचना मिलने पर संबंधित थाने के पुलिस मुलाजिम और सेना के जवान मौके पर पहुंचे।

12:39 PM, 10-May-2025

पाकिस्तान ने शनिवार सुबह साढ़े 11 बजे पठानकोट एयरबेस की तरफ करीब सात मिसाइलें दागी थी। निशाना चूकने से सभी मिसाइल  पठानकोट के साथ लगते हिमाचल प्रदेश के गांव डमटाल में जा गिरी हैं। इन मिसाइलों से एक जोरदार धमाका भी हुआ है और पठानकोट के प्रत्येक घर में इस धमाके की गूंज सुनाई दी है।

12:25 PM, 10-May-2025

पठानकोट में घर की छत पर मिले मिसाइल के अवशेष

पाकिस्तान की तरफ से दागी मिसाइल का अवशेष पठानकोट के भनवाल में एक घर की छत पर मिला। इससे लोग सहम गए हैं। पुलिस मौके पर पहुंच गई है। 

12:06 PM, 10-May-2025

सिरसा में सोलर लाइट को बंद करवाने का काम शुरू

पंजाब से लगते सिरसा के रोड़ी में पंचायती सोलर लाईटों को सफाईकर्मियों की मदद से बंद करवाया जा रहा है। रात के खतरों को देखते हुए स्ट्रीट लाइट बंद करने का कार्य शुरू किया गया है। सभी सोलर स्ट्रीट लाइट पंचायती राज विभाग बंद करवा रहा है। कहीं पालिकाओं द्वारा यह कार्य किया जा रहा है।

11:24 AM, 10-May-2025

पंचकूला से अमृतसर, बटाला व कटरा जाने वाली बसों का संचालन बंद 

भारत-पाकिस्तान की युद्ध की आहट के बीच रोडवेज की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रोडवेज ने शुक्रवार से पंचकूला, कालका से कटरा और पंजाब के बॉर्डर इलाकों में जाने वाली बसों को आगामी आदेश तक बंद कर दिया है। प्रदेश सरकार के आदेशों पर महाप्रबंधक ने यह फैसला लिया है। इसके साथ ही वीरवार को वहां गई हुई बसें भी वापस लौट चुकी हैं। सुबह 6 बजकर 10 मिनट और 7 बजकर 40 मिनट पर पंचकूला से जालंधर होते हुए अमृतसर जाने वाली दो बसों का संचालन बंद किया गया है। इसके अलावा बटाला की बसें भी बंद दी गई हैं। वहीं कालका से कटरा के बीच जाने वाली बस का संचालन भी बंद है। इस बस को वीरवार को होशियारपुर से लौटा दिया गया था।

10:40 AM, 10-May-2025

पठानकोट में पाकिस्तान की तरफ से फेंका गया मिसाइल बम

पठानकोट के सुंदरचक्क गांव के अड्डे में एक पाकिस्तान मिसाइल का बम भी मिला है। इसको सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी हिरासत में ले लिया है। पठानकोट के लोगों में इन हमलों से दहशत का माहौल बना हुआ है। कई लोग पठानकोट छोड़ अपने रिश्तेदारों के घरों की तरफ पलायन करने लगे हैं। 

10:21 AM, 10-May-2025

पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन की तरफ 30-35 धमाके  

पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन की तरफ करीब 30-35 धमाके हुए हैं। शुक्रवार रात से शनिवार सुबह छह बजे बजे तक पठानकोट में करीब 60 से 70 धमाके नोट किए गए हैं, वहीं सूत्रों से मिली जानकारी यह भी सामने आई है कि माजरा में मिले ड्रोन के मलबा का कुछ हिस्सा पठानकोट एयरवेज में भी गिरा है हालांकि इसको किसी भी अधिकारी ने स्पष्ट नहीं किया। पठानकोट में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। गुरदासपुर और बटाला में भी सायरन बज रहे हैं।

10:13 AM, 10-May-2025

रेलवे ने जम्मू से दिल्ली तक चलाई तीन स्पेशल ट्रेन

रेलवे विभाग की ओर से आपातकालीन स्थिति को देखते हुए तीन स्पेशल ट्रेन शुक्रवार से चलाई गई है जो जम्मू से दिल्ली तक चलेगी। इसी बीच जम्मू और पठानकोट से भारी संख्या में सेना अधिकारियों के परिवार सदस्य और बाहरी राज्यों से आए लोग अपने घरों को लौटने लगे हैं। पठानकोट रेलवे कैंट स्टेशन में आज यात्रियों का जमावड़ा देखने को मिला है और रेलवे स्टेशन पर इतनी भीड़ थी कि लोग जनरल डब्बे की बजाए ऐसी में ही घुसने लगे।  सुबह से शाम तक दो ट्रेनें फुल होकर चली गई है।

09:59 AM, 10-May-2025

मानसा के गांव मल सिंह वाला में आधी रात गिरी मिसाइल चीज, खेतों में मचाई तबाही 

मानसा के गांव मल सिंह वाला में आधी रत मिसाइलनुमा चीज गिरी, जिसने खेतों में तबाही मचा दी। इससे बड़ा धमाका हुआ, जिसके बाद सारा गांव जाग उठा। जहां मिसाइल गिरी, वहां तूड़ी को आग लग गई और गहरा गड्ढा पड़ गया। किसी तरह का कोई जानी माली नुकसान नहीं हुआ। सूचना मिलते की पुलिस व प्रशासन घटना स्थल पर पहुंचे। गांव मल सिंह वाला के सरपंच जसपाल सिंह व पूर्व पंच दर्शन सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात करीब सवा 2 बजे गांव में एकदम रोशनी हुई। खेतों में धमाका हुआ और आग की लपटें उठने लगी। तूड़ी को आग लग गई और करीब पांच फीट तक गहरा गड्ढा पड़ गया। मौके पर एसडीएम बुढलाडा गगनदीप सिंह, डीएसपी पुशपिंदर सिंह, डीएसपी सिकंदर सिंह चीमा समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंचर जांच में जुट गई है। 

 

09:46 AM, 10-May-2025

पठानकोट में ड्रोन हमले में टूटी दुकान की दीवार

पठानकोट शहर के ढांगू रोड पर एक दुकान पर ड्रोन हमले से दीवार टूट गई।

09:43 AM, 10-May-2025

अमृतसर में बाइकर YIHA III कामिकेज़ ड्रोन लॉन्च

रक्षा अधिकारी के अनुसार पाकिस्तान ने पंजाब के अमृतसर में बाइकर YIHA III कामिकेज़ ड्रोन लॉन्च किए, जिससे पंजाब के रिहायशी इलाकों को खतरा पैदा हो गया। आज सुबह 5 बजे सेना की एयर डिफेंस गन ने इस प्रयास को विफल कर दिया, जिससे ड्रोन हवा में ही नष्ट हो गया। ड्रोन का उद्देश्य नागरिक क्षेत्रों और निर्दोष नागरिकों को निशाना बनाना था।
 

09:35 AM, 10-May-2025

फगवाड़ा में देर रात गिरी मिसाइल, 10 फीट का गड्ढा बना

फगवाड़ा में देर रात करीब दो बजे नजदीकी गांव खलियाण में पाकिस्तानी मिसाइल गिरने की सूचना मिली है। मिसाइल खेतों में गिरी जिससे खेत में 10 फीट से ज्यादा गहरा गड्ढा हो गया है। देर रात हुए ब्लास्ट के बाद प्रशासन द्वारा देर रात को ब्लैक आउट कर दिया गया। ब्लास्ट की सूचना मिलते ही फगवाड़ा के आला पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और फायर बिग्रेड की गाड़ियों को बुला कर ब्लास्ट की वजह से लगी आग पर भी काबू पाया गया।

09:26 AM, 10-May-2025

जालंधर वेस्ट में दो धमाके

जालंधर वेस्ट के बस्ती दानिशमंदा और बस्ती पीरदाद इलाके के निकट गांव नाहला में कुछ समय पहले दो जोरदार बम धमाके हुए, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। धमाकों की आवाज सुनते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। एक धमाका पूर्व विधायक शीतल अंगुराल के ऑफिस से महज़ 200 मीटर की दूरी पर हुआ है। धमाकों के बाद पूरे शहर में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। प्रशासन मौके पर पहुंच चुका है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

09:19 AM, 10-May-2025

चंडीगढ़ में फाइटर जेट्स की मूवमेंट दर्ज

सेक्टर-42/43 के आसपास रहने वाले कई लोगों का कहना है कि कल देर रात उन्होंने धमाके की आवाज सुनी। चंडीगढ़ प्रशासन ने किसी भी धमाके से इनकार किया है। कल रात चंडीगढ़ के आसमान में कई जगह फाइटर जेट्स की मूवमेंट देखी गई। नयागांव क्षेत्र के ऊपर से दो जेट गुजरने की बात सामने आई है।

09:19 AM, 10-May-2025

फिरोजपुर में सभी बाजार बंद

फिरोजपुर में तनाव को देखते हुए जिला प्रशासन ने सभी बाजार बंद करवा दिए हैं। फिरोजपुर डिप्टी कमिश्नर दीपशिखा शर्मा ने कहा कि जिला प्रशासन हेड क्वार्टर आर्मी के संपर्क में है जैसे ही स्थिति नाजुक होती है तो सायरन बजाकर लोगों को सूचित किया जाएगा।

09:11 AM, 10-May-2025

कपूरथला में धमाकों की आवाज से लोगों में दहशत

कपूरथला के विभिन्न एरिया में आधी रात को धमाकों की आवाजें सुनाई देती रही। सुल्तानपुर लोधी एरिया में कई धमाके होने की आवाजें लोगों ने सुनी। ड्रोन की एक्टीविटी बढ़ने पर देर रात तीन बजे जिला प्रशासन ने ब्लैक आउट घोषित कर दिया और सुबह पांच बजे ब्लैक आउट समाप्त कर दिया गया। हालांकि लोगों ने एहतियातन अपने घरों की लाइटें बंद रखी, लेकिन मुकम्मल ब्लैक आउट नहीं देखना को मिला।

09:05 AM, 10-May-2025

कपूरथला के खेतों में मिला मिसाइल का खोल

कपूरथला के गांव नूरपुर लुबाना के खेतों से मिसाइल का खोल बरामद हुआ है। थाना ढिलवां के अधीन आते गांव नूरपुर लुबाना (कपूरथला) में अमरजीत और हरजीत सिंह के खेतों में रात करीब 1:30 बजे खोल आकर गिरा। किसी भी तरह के जानी-माली नुकसान से बचाव रहा। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट चुकी है।

08:57 AM, 10-May-2025

जालंधर में घरों से बाहर निकलने पर रोक

जालंधर में सुबह 8:09 पर रेड अलर्ट सायरन बजा और कई जगह पर धमाके की आवाज आई। प्रशासन ने बड़ी संख्या में इकट्ठे होने पर रोक लगा दी। लोगों को घर से निकलने को मना किया गया है। प्रशासन ने ऊंची बिल्डिंगों में जाने से रोका है, वहीं जालंधर कैंट और आदमपुर मार्केट को बंद रखने के आदेश दिए हैं। जालंधर में माल और कमर्शियल इमारत को बंद रखने के लिए कहा गया है। प्रशासन ने कहा लोग घबराए नहीं स्थिति कंट्रोल में है जो आदेश मिल रहे हैं उनका पालन करें।

08:52 AM, 10-May-2025

जालंधर में सो रहे व्यक्ति पर गिरे ड्रोन के टुकड़े

रात 2 बजे जालंधर में आर्मी कैंप के पास दो जगह ड्रोन की मूवमेंट देखी गई। इसके बाद पूरे शहर में ब्लैकआउट करा दिया गया। कंगनीवाल एरिया में कार पर रॉकेटनुमा चीज आकर गिरी। जालंधर के निकट जंडू सिंघा गांव में सो रहे व्यक्ति पर ड्रोन के पुर्जे आकर गिरे। जिसमें वह घायल हो गया। इसके तीन मिनट बाद वेरका मिल्क प्लांट के पास 5 धमाकों की आवाज आई। इसके बाद पुलिस ने वहां सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।


 

08:20 AM, 10-May-2025

पठानकोट में 4-5 धमाके

पठानकोट में शनिवार सुबह 4-5 जोरदार धमाके हुए। सेना ने कई पाकिस्तानी ड्रोनों को खदेड़ दिया।
 

08:19 AM, 10-May-2025

सिरसा एयरबेस में धमाका, देर रात खेतों में मिली थी मिसाइल

सिरसा एयरबेस के अंदर शनिवार सुबह तेज धमाका हुआ। इससे पहले रात करीब 12.32 मिनट पर पाकिस्तान की तरफ से मिसाइल से हमला किया गया। इसमें भी तेज आवाज के साथ धमाका हुआ। मिसाइल का यह हमला नाकाम रहा। किसी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ। 

08:07 AM, 10-May-2025

बठिंडा में एयरफोर्स स्टेशन के बाहर धमाका, रेड अलर्ट

बठिंडा में शनिवार सुबह एयरफोर्स स्टेशन के नजदीक धमाका हुआ है। इसके बाद सेना की तरफ से पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस माैके पर पहुंची और जांच शुरू की। धमाके के बाद सेना ने स्टेशन के सभी गेट बंद कर दिए। इसके बाद डीसी की तरफ से जिले में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। वहीं एयरफोर्स स्टेशन के बाहर रेड फ्लैग लगा दिया गया है।

08:05 AM, 10-May-2025

ममदोट के गांव में गिरे मिसाइल के टुकड़े

फिरोजपुर के ब्लॉक ममदोट के अंतर्गत आते सीमावर्ती गांव बुर्ज मक्खन सिंह वाला में रात 1:30 बजे पाकिस्तान मिसाइल दागी। मिसाइल का धमाका बहुत जबरदस्त था और लोग उसके बाद घरों से बाहर निकले।  उन्होंने देखा की मिसाइल के टुकड़े पड़े हुए हैं ।  यह मिसाइल खेतों में गिरी और उसके टुकड़े लगने से बिजली की तारे टूट गई । जानी-माली कोई नुकसान नहीं हुआ है। सूचना मिलते ही सेना मौके पर पहुंच गई और उसके टुकड़े अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। इस धमाके की आवाज फिरोजपुर तक सुनाई दी। इसके अलावा सुबह 5 बजे भी फिरोजपुर में धमाकों की आवाज सुनाई दी है।

यह भी पढ़ें: Blackout in Punjab: फिरोजपुर में घर पर गिरा ड्रोन, तीन जख्मी, आर्मी कैंप पर मिसाइल हमले की कोशिश नाकाम

07:58 AM, 10-May-2025

Indo-Pak Tension: मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने जाना घायलों का हाल, इमरजेंसी सेवाओं का किया निरीक्षण

भारत पाकिस्तान के बीच तनाव के बीच शुक्रवार रात और शनिवार सुबह पंजाब के कई शहरों पर ड्रोन मिसाइलों से हमला किया गया। हालांकि सभी हमले सेना ने नाकाम कर दिए। देर रात तक शहरों में धमाकों की आवाज गूंजती रही।



शनिवार सुबह अमृतसर में ड्रोन से अटैक किया गया जिसे वायुसेना ने नाकाम कर दिया। इसके बाद पूरे अमृतसर में रेड अलर्ट जारी कर दिया गया है। लोगों को घरों के अंदर ही रहने को कहा गया है। अमृतसर में सुबह करीब 5 से 5:30 बजे के बीच 20 से 25 ड्रोन दिखाई दिए थे। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें