फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Indo-Pak Tension: अमृतसर में एयर डिफेंस सिस्टम ने गिराए पाकिस्तान के दो ड्रोन, पंजाब में IAS की छुट्टियां रद्द

Fri, 09 May 2025 03:49 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

खास बातें

Punjab Chandigarh Alert Amid India Pakistan Tension Live News in Hindi: ऑपरेशन सिंदूर के बाद गुरुवार रात पाकिस्तान की तरफ से पंजाब के कई शहरों में ड्रोन से हमले किए गए। हालांकि भारत की तरफ से इसका माकूल जवाब दिया गया। तनाव के बीच पंजाब सरकार ने सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालयों को अगले तीन दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है। जानें सभी अपडेट... 
विज्ञापन
होशियारपुर में गिरा मिसाइल का टुकड़ा - फोटो : संवाद
विज्ञापन

लाइव अपडेट

03:47 PM, 09-May-2025

मान बोले- किसी चीज की कमी नहीं

पंजाब सीएम भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में पेट्रोल-डीजल या गैस सिलेंडर की किसी तरह की कोई कमी नहीं होगी। अगर कोई ब्लैक मार्केटिंग कर रहा है या कोई चीज महंगी दे रहा है तो पुलिस को शिकायत करें। किसी को घबराने की जरूरत नहीं है। 

03:17 PM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में आज सात बजे के बाद मार्केट बंद

चंडीगढ़ में आज सात बजे के बाद मार्केट बंद हो जाएगी। 

02:09 PM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में राशन की होल्डिंग पर प्रतिबंध

चंडीगढ़ में राशन की होल्डिंग पर प्रशासन ने प्रतिबंध लगा दिया है। बड़े होल्डर और ट्रेडर्स से उनके स्टॉक की जानकारी मांगी है।

विज्ञापन
01:55 PM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में पटाखे चलाने पर प्रतिबंध

शादियों में पटाखे आदि जलाने पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगा दिया गया है। डीसी ने आदेश जारी कर कहा है कि इन पटाखों की वजह से लोगों में पैनिक फैल सकता है।

01:33 PM, 09-May-2025

पठानकोट के गांव में चार ड्रोन की मूवमेंट दिखी

मामून कैंट आर्मी बेस से 200 मीटर दूरी पर स्थित गांव चिकली करौली में चार ड्रोन की मूवमेंट नोट की गई जिसमें एक बरामद कर लिया गया है। आर्मी वालों ने लाइट देखते ही ड्रोन पर दस के करीब गोलियां दागी।  काले रंग का ड्रोन था। मौजूदा पंच केवल शर्मा ने बताया कि गांव के लोग दहशत में हैं और पलायन करने की तैयारी कर रहे हैं। 
 

विज्ञापन
01:02 PM, 09-May-2025

फरीदकोट में 13 घंटे बाद इंटरनेट सेवा शुरू

फरीदकोट में प्रशासन ने 13 घंटे के बाद इंटरनेट सेवा शुरू कर दी है।

12:48 PM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में अधिकारियों को मुख्यालय न छोड़ने के आदेश

चंडीगढ़ प्रशासन के कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को एक अति आवश्यक आदेश जारी करते हुए यह निर्देश दिया है कि सभी सरकारी कर्मचारी तब तक अपने-अपने मुख्यालय/स्टेशन (जो चंडीगढ़ में स्थित हैं) में ही बने रहें जब तक आगे कोई आदेश जारी न किया जाए।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि कोई भी कर्मचारी अपने मुख्यालय को नहीं छोड़ेगा। पहले से स्वीकृत सभी अवकाश भी अब रद्द माने जाएंगे जब तक उन्हें संबंधित सचिव की स्वीकृति प्राप्त न हो और वह भी विशेष परिस्थितियों में ही दी जाएगी। यह निर्देश सख्त अनुपालन के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है और इसे सक्षम प्राधिकारी की स्वीकृति से जारी किया गया है।

12:18 PM, 09-May-2025

सीटीयू ने जम्मू रूट पर बस सेेवा की बंद

सीटीयू ने जम्मू-कटरा जाने वाली अपनी बस बंद कर दी गई है। सीटीयू के एक अधिकारी ने बताया कि रोजाना सुबह और शाम को चंडीगढ़ से जम्मू और कटरा के लिए बस जाती थी। कल शाम को जो बस गई थी, सुरक्षा कारणों का हवाला देकर उसे पठानकोट से वापस भेज दिया गया, जिसके बाद आज सुबह सीटीयू की तरफ से जम्मू-कटरा की तरफ जाने वाली बस नहीं भेजी गई है।

12:08 PM, 09-May-2025

अमृतसर में एयर डिफेंस सिस्टम ने गिराए पाकिस्तान के दो ड्रोन 

पाकिस्तान की ओर से शुक्रवार सुबह खासा इलाके में ड्रोन से हमला किया गया जिसे भारतीय वायु सेना के एयर डिफेंस सिस्टम ने मार गिराया। जानकारी मुताबिक शुक्रवार सुबह करीब 5:30 बजे पाकिस्तान की ओर से ड्रोन उड़ाए गए। इसके तुरंत बाद संचालित हुए एयर डिफेंस सिस्टम ने दोनों ड्रोन को नष्ट कर दिया। 

11:50 AM, 09-May-2025

तख्त श्री केसगढ़ साहिब में जत्थेदार अकाल तख्त ने की शांति की अपील

वर्तमान तनावपूर्ण माहौल के मद्देनजर शुक्रवार दसवें गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के पवित्र तीर्थस्थल तख्त श्री केशगढ़ साहिब आनंदपुर साहिब में शांति के लिए प्रार्थना की गई। श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार और तख्त केसगढ़ साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह ने व्यक्तिगत रूप से श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी और श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के समक्ष अरदास की है कि दक्षिण एशियाई क्षेत्र में शांति और अमन-चैन कायम रहे। 

11:46 AM, 09-May-2025

पंजाब में आईएएस अधिकारियों की छुट्टी रद्द

भारत-पाकिस्तान के बीच तनाव की स्थिति को देखते हुए पंजाब सरकार ने सभी आईएएस अधिकारियों की छुट्टी रद्द कर दी है। सरकार के तरफ से आदेश जारी किए गए हैं कि कोई भी अधिकारी अगले आदेश तक छुट्टी नहीं लेगा।कोई भी अधिकारी अपनी पोस्टिंग की जगह से बाहर नहीं जाएगा।

11:42 AM, 09-May-2025

अमृतसर में सीमावर्ती गांव से एक संदिग्ध काबू

अटारी के साथ लगते गांव रामपुरा से भारतीय सेवा ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस व्यक्ति का नाम राजीव पाल है और वह मेरठ का रहने वाला बताया जा रहा है। उक्त व्यक्ति सीमा के आसपास के गांव में लगातार घूम रहा था और अंडर गारमेंट्स बेचने का काम कर रहा था। इस पर संदेह होने पर सेना ने तुरंत इसे पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस का कहना है कि संदिग्ध से पूछताछ की जा रही है और उसके मोबाइल की डिटेल भी खंगाली जा रही है। फिलहाल जांच जारी है।

11:38 AM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में शनिवार और रविवार को भी खुला रहेगा डीसी ऑफिस

चंडीगढ़ यूटी प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण आदेश जारी करते हुए सूचित किया है कि मौजूदा परिस्थितियों के चलते डीसी ऑफिस अब छुट्टी के दिन भी 10 मई (शनिवार), 11 मई (रविवार) और 12 मई (सोमवार) को भी खुला रहेगा। डीसी की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि इन तीनों दिनों में कार्यालय के सभी कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। यह आदेश डीसी ऑफिस और सभी सब-डिविजन के कर्मचारियों पर लागू होगा।

11:10 AM, 09-May-2025

हिमाचल प्रदेश में सड़क के बीच धंसा मिसाइल का टुकड़ा

पठानकोट से करीब 35 किलोमीटर दूरी पर हिमाचल प्रदेश के इंदौरा गंगथ मार्ग पर अट्टाहड़ा पुल के निकट पाकिस्तान द्वारा छोड़े गए मिसाइल को आर्मी ने मार गिराया था। उस मिसाइल का अवशेष सड़क के बीचों बीच धंसा मिला है। पुलिस द्वारा इसकी सूचना आर्मी को दी गई। इस अवशेष को आर्मी ने अपने कब्जे में ले लिया है।

10:58 AM, 09-May-2025

पंचकूला में हवाई हमले की चेतावनी है। डीसी मोनिका गुप्ता ने कहा कि लोग सावधान रहें।

10:50 AM, 09-May-2025

होशियारपुर के कमाही देवी में भी मिसाइल के टुकड़े मिले

अर्धपर्वतीय कस्बे कमाही देवी के खटानों में वीरवार शाम को मिसाइल ड्रोन गिरने से लोगों में दहशत फैल गई। गांव बेह अट्टा के सरपंच सेवानिवृत्त कैप्टन बलविंदर सिंह ने बताया कि शाम करीब साढ़े सात बजे जमीन मालिक ने अपने घर से दूर खेतों में मिसाइल जैसा हथियार गिरा हुआ देखा। उन्होंने गांव के सरपंच को इसकी जानकारी दी। पंचायत ने तुरंत इसकी सूचना तलवाड़ा पुलिस थाने को दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मिसाइल जैसी यह वस्तु करीब आठ फुट लंबी है। थाना प्रमुख सतपाल सिंह के नेतृत्व में तलवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई थी और जांच शुरू कर दी थी।

10:35 AM, 09-May-2025

हिसार से अयोध्या जाने वाली फ्लाइट रद्द

हिसार से अयोध्या जाने वाली फ्लाइट रद्द हुई। एलायंस एयरलाइंस कंपनी के अनुसार जो यात्री आज सफर कर रहे थे या तो वह अगली तारीख पर अपनी टिकट बुकिंग करवा सकते हैं या उनका पूरा पैसा रिफंड किया जाएगा

10:31 AM, 09-May-2025

अंबाला में भी सायरन बजा

अंबाला में वायुसेना स्टेशन से संभावित हमले की चेतावनी मिली है। सायरन बजाया जा रहा है। सभी को घर के अंदर रहने और बालकनी से दूर रहने की सलाह दी गई है।  

10:15 AM, 09-May-2025

पटियाला में भी अलर्ट जारी

पटियाला में भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रशासन की तरफ से लोगों को घरों के अंदर रहने और जरूरी काम होने पर ही बाहर निकलने को कहा गया।

10:02 AM, 09-May-2025

एक्शन मोड में पंजाब सरकार 

पंजाब में देर रात हमले की कोशिशों के बाद मान सरकार एक्शन मोड में आ गई है। आज मंत्री इमरजेंसी सर्विस को रिव्यू करेंगे। मंत्री अस्पताल, फायर स्टेशन, राशन की उपलब्धता और इमरजेंसी सर्विस का निरीक्षण करेंगे। कैबिनेट मंत्री बॉर्डर से लगे जिलों में पहुंचेंगे। कैबिनेट मीटिंग के तुरंत बाद 10 मंत्री बॉर्डर क्षेत्रों के लिए रवाना होंगे। मंत्री लालचंद कटारूचक्क और डॉ. रवजोत सिंह गुरदासपुर जाएंगे। मंत्री कुलदीप धालीवाल और मोहिंदर भगत अमृतसर में और मंत्री लालजीत भुल्लर और हरभजन सिंह ईटीओ तरनतारन पहुंचेंगे। मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां और हरदीप मुंडियां 
फिरोजपुर देखेंगे। फाजिल्का की व्यवस्था मंत्री डॉ. बलजीत कौर और तरुणप्रीत सोंध देखेंगे। 
 

09:56 AM, 09-May-2025

पंचकूला में बजा सायरन

पंचकूला में भी सायरन बजाया गया।

09:50 AM, 09-May-2025

अमृतसर में लगातार बजाए जा रहे सायरन

अमृतसर में लगातार सायरन बजाकर लोगों को अलर्ट किया जा रहा है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से यह भी कहा जा रहा है कि घबराने या डरने वाली कोई बात नहीं है, हमारी सेना पूरी तरह से तैनात है। लोगों को अपने घरों में रहने और शीशे वाली खिड़कियों से दूर रहने की हिदायत दी जा रही है।

09:17 AM, 09-May-2025

पठानकोट एयरबेस के पास सुबह हमला  

पठानकोट एयरबेस के पास सुबह 4.10 बजे ड्रोन से हमले हुए हैं। लोगों के अनुसार, हमले से बहुत तेज आवाज आई थी।

09:13 AM, 09-May-2025

चंडीगढ़ में फिर बजने लगे एयर रेड वार्निंग सायरन

चंडीगढ़ में फिर एयर रेड वार्निंग सायरन बजने शुरू हो गए हैं। इसका मतलब है कि वायुसेना स्टेशन से संभावित ड्रोन हमले की हवाई चेतावनी मिली है। सभी को घर के अंदर रहने और बालकनी से दूर रहने की सलाह दी गई है।

09:00 AM, 09-May-2025

डेरा ब्यास में 11 मई को होने वाला सत्संग रद्द 

डेरा ब्यास राधा स्वामी सत्संग ब्यास की ओर से एक बड़ा फैसला लेते हुए एक मीटिंग की गई। मीटिंग में फैसला लिया गया है कि डेरा ब्यास में होने वाले 11 मई के सत्संग को रद्द कर दिया गया है। अब अगला सत्संग 18 मई को होगा या नहीं, इस बारे बाद में बताया जाएगा। यह जानकारी डेरा ब्यास के एक एक प्रवक्ता ने सांझा की है। 

08:33 AM, 09-May-2025

पंजाब में तीन दिन के लिए सभी स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय बंद

तनाव के बीच पंजाब सरकार ने सभी सरकारी, निजी और सहायता प्राप्त स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालयों को अगले तीन दिन के लिए बंद करने का फैसला लिया है। शिक्षा मंत्री हरजोत बैंस ने इस संबंध में वीरवार को जानकारी दी है। बैंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर कहा कि वर्तमान स्थिति को देखते हुए ही सरकार की तरफ से पूरे पंजाब में यह फैसला लिया गया है। इससे पहले बॉर्डर एरिया के स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया गया था। सभी डिप्टी कमिश्नरों की तरफ से अपने स्तर पर यह फैसला लिया जा रहा था, लेकिन अब तनाव बढ़ाने के बाद पूरे पंजाब में ही आदेशों को लागू करने करने का फैसला लिया गया है। अभी फिलहाल तीन दिन के लिए यह आदेश जारी किए गए हैं और स्थिति को ध्यान में रखते आगे इस पर फैसला लिया जाएगा। चंडीगढ़ और पंचकूला में भी स्कूल बंद कर दिए गए हैं। 

08:32 AM, 09-May-2025

सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट के पास बनाई नई चौकी

सुरक्षा मद्देनजर पुलिस अधिकारियों ने चंडीगढ़ के सेक्टर-31 थाने के अंतर्गत एक और चौकी बना दी है। यह चौकी एयरपोर्ट के पास बहलाना में बनाई गई है। इसमें औद्याेगिक क्षेत्र थाने से सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार को चौकी इंचार्ज लगाया गया है। इसके अलावा दो एएसआई और 15 सिपाहियों को बहलाना चौकी में तैनात किया गया है। इसमें सेक्टर-17 थाने से एएसआई सुरजीत सिंह, जिला सेल से एएसआई (एलआर) अवतार सिंह, सेक्टर -17 थाने से सिपाही सुरिंदर पाल, सेक्टर- 3 थाने से संजीव कुमार, सेक्टर- 39 थाने से अमित कुमार, इंडस्टि्रयल एरिया थाने से मस्कान, मिनाक्सी और राजीव, सेक्टर-36 थाने से सिपाही संदीप कुमार, सेक्टर-31 थाने से लविश, हल्लोमाजरा चौकी से अनिल, सेक्टर 34 थाने से मनीश, प्रिती और संजय, सेक्टर 43 बस स्टैंड चौकी से कमलजीत कौर, बापूधाम चौकी से रितू बाला, मौलीजागरां थाने से हरभजन कौर को लगाया गया है।

08:31 AM, 09-May-2025

राज्यपाल ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की सुरक्षा बढ़ाने का दिया निर्देश 

पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने वाटर ट्रीटमेंट प्लांट सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस फोर्स तैनात करने का निर्देश दिया है। वीरवार को गुलाब चंद कटारिया ने किशनगढ़ में पावर स्टेशन और सेक्टर 28 में स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का दौरा किया। उन्होंने शहर में बिजली और पानी की सप्लाई हर स्थिति में बेहतर होने की बात कही है। दौरे के दौरान प्रशासक ने दोनों साइटों पर अधिकारियों और तकनीकी कर्मचारियों के साथ व्यापक बातचीत की। उन्होंने दोनों आवश्यक सेवा इकाइयों की परिचालन क्षमता, दक्षता, चुनौतियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में विस्तृत जानकारी मांगी।

08:14 AM, 09-May-2025

बठिंडा के गांव में मिले मिसाइल के टुकड़े

बठिंडा के गांव तुंगवाली और बीड़ तालाब समेत एक अन्य जगह पर ड्रोन मिसाइल के टुकड़े गिरे हुए मिले हैं। तुंगवाली में जिस जगह बड़े टुकड़े खेतों में मिले, वहां से नजदीक किसान के घर का सामान भी धमाके से टूट गया। इसके आलावा बीड तालाब में भी जब धमाका हुआ था तो लोग अपने घरों से बाहर आ गए थे। लोगों ने बताया कि अगर यह धमाका रिहायशी एरिया में होता तो बड़ा जानी नुकसान हो सकता था। लोगों ने डर के साये में पूरी रात निकाली।

08:13 AM, 09-May-2025

फरीदकोट में इंटरनेट सेवाएं बंद

फरीदकोट में इंटरनेट सेवाएं बंद कर दी गई हैं। 

08:11 AM, 09-May-2025

देर रात तक आती रही धमाकों की आवाज

पठानकोट एयरबेस और मामून कैंट के बाद रात कई धमाके सुनाई दिए। वहीं, फिरोजपुर और बठिंडा में भी काफी देर तक धमाके होते रहे। वहीं, जालंधर के सुरानस्सी में सेना के आयुध डिपो को भी निशाना बनाने का प्रयास किया गया। यहां सबसे ज्यादा ड्रोन हमले हुए। जालंधर के डीसी हिमांशु अग्रवाल ने कहा कि पाकिस्तान ने कई ड्रोन भेजे, लेकिन सभी नष्ट कर दिए गए।

07:53 AM, 09-May-2025

Indo-Pak Tension: अमृतसर में एयर डिफेंस सिस्टम ने गिराए पाकिस्तान के दो ड्रोन, पंजाब में IAS की छुट्टियां रद्द

पाकिस्तान ने वीरवार देर रात पंजाब के पठानकोट, फिरोजपुर, बठिंडा और कपूरथला और जालंधर में एक के बाद एक कई ड्रोन हमले किए, जिन्हें भारतीय डिफेंस सिस्टम ने तबाह कर दिया। इसके बाद पूरे पंजाब में ब्लैक आउट कर दिया गया। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें