फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Assembly Election 2022 Live: गोवा में केजरीवाल का नया दांव, मनोहर पर्रिकर के बेटे को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया

Sun, 16 Jan 2022 11:03 PM IST
हिमांशु मिश्रा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली

खास बातें

State Assembly Election 2022 UP, Uttarakhand, Punjab, Goa, Manipur Live News in Hindi: पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों का एलान होना शुरू हो गया है। राजनीतिक उठापठक के बीच चुनाव जीतने के लिए राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी है। नेताओं के दल बदलने का सिलसिला भी जारी है। इन सबके साथ राजनीतिक नेताओं की बयानबाजी और गुटबाजी भी अब सामने आने लगी है। पढ़िए राजनीति से जुड़े पल-पल के अपडेट्स...
 
विज्ञापन
अरविंद केजरीवाल - फोटो : एएनआई
विज्ञापन

लाइव अपडेट

11:03 PM, 16-Jan-2022

कांग्रेस की मणिपुर इकाई के उपाध्यक्ष का इस्तीफा

कांग्रेस की मणिपुर इकाई के उपाध्यक्ष केएच रतनकुमार सिंह ने विधानसभा चुनाव से पहले रविवार को पार्टी पद से इस्तीफा दे दिया। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने यह जानकारी दी। नेता ने बताया कि इस्तीफा के अनुसार उन्होंने पद छोड़ दिया है, लेकिन पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा नहीं दिया है। कांग्रेस की राज्य इकाई के एक अन्य उपाध्यक्ष चल्टोनलियन एमो नौ जनवरी को भाजपा में शामिल हो गए थे।

10:58 PM, 16-Jan-2022

Goa Election: कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक कल

गोवा विधानसभा चुनाव के उम्मीदवारों के चयन के लिए कांग्रेस कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अपनी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक करेगी।

06:04 PM, 16-Jan-2022

Goa Election : केजरीवाल ने मनोहर पर्रिकर के बेटे को दिया ऑफर
गोवा में दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने बड़ा दांव चल दिया है। उन्होंने भाजपा के दिग्गज नेता रहे और गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को आम आदमी पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया है। बता दें कि उत्पल चुनाव की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच, उत्पल और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच अनबन की बात भी सामने आ रही है। 

विज्ञापन
04:30 PM, 16-Jan-2022

UP Election 2022 : कैराना से किसी नाहिद के परिवार से किसी और को टिकट दे सकती है सपा
कैराना से नाहिद हसन के परिवार के किसी अन्य सदस्य को समाजवादी पार्टी से टिकट मिल सकता है। समाजवादी पार्टी ने नाहिद हसन को प्रत्याशी बनाया था। एक दिन बाद ही नाहिद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। नाहिद पर कई गंभीर आरोप लगे थे और वह फरार चल रहा था। अब सपा मुखिया अखिलेश यादव ने इसपर पार्टी का रूख साफ कर दिया है। अखिलेश ने कहा, अगर नाहिद को जमानत नहीं मिलती है तो उसके परिवार के किसी अन्य सदस्य को टिकट दे देंगे। 

03:44 PM, 16-Jan-2022

Punjab Election : निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं चन्नी के भाई
पंजाब से बड़ी खबर आ रही है। यहां मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के भाई डॉ. मनोहर सिंह निर्दलीय चुनाव लड़ सकते हैं। बताया जाता है कि चुनाव लड़ने के लिए हाल ही में उन्होंने सरकारी नौकरी से वीआरएस से लिया था, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें टिकट नहीं दिया। जिस सीट से डॉ. मनोहर सिंह टिकट चाहते थे, वहां से पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के किसी करीबी को कांग्रेस ने प्रत्याशी बनाया है।  
 

विज्ञापन
03:16 PM, 16-Jan-2022

UP Election : असीम अरुण पर बरसे अखिलेश
कानपुर के पूर्व कमिश्नर असीम अरुण के भाजपा में शामिल होने पर अखिलेश यादव ने हमला बोला है। उन्होंने कहा, 'असीम अरुण के आज भाजपा में शामिल होने से साबित हो गया है कि वर्दी में कैसे कैसे लोग छुपे हुये हैं।' अखिलेश ने आगे कहा, वह इस मामले को लेकर चुनाव आयोग से शिकायत करेंगे। असीम अरुण के साथ के अफसर चुनाव को प्रभावित कर सकते हैं।

02:42 PM, 16-Jan-2022

Goa election: मनोहर पर्रिकर के बेटे और फडणवीस के बीच बहस
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर पंजिम से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इस बीच, उत्पल और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच जुबानी जंग शुरू हो गई है। उत्पल के चुनाव लड़ने पर देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि सिर्फ इसलिए कि कोई मनोहर पर्रिकर या किसी नेता का बेटा है, उसे भाजपा के टिकट के योग्य नहीं माना जा सकता है। 

अब उत्पल ने फडणवीस पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा, 'गोवा में जिस तरह की राजनीति हो रही है, मैं उसे बर्दाश्त नहीं कर सकता। यह मुझे मंजूर नहीं है।' उत्पल ने आगे कहा, क्या फडणवीस कह रहे हैं कि केवल जीतने की योग्यता ही मापदंड है? चरित्र कोई मायने नहीं रखता? और आप एक ऐसे व्यक्ति को टिकट देने जा रहे हैं, जिसका आपराधिक इतिहास है ओर हमें चुपचाप घर बैठना है? उन्होंने कहा, अगर भाजपा पणजी निर्वाचन क्षेत्र के लिए मौजूदा विधायक अतानासियो मोनसेरेट को टिकट देती है तो वह चुप नहीं बैठेंगे।

01:57 PM, 16-Jan-2022

शिवसेना सांसद ने केजरीवाल पर निशाना साधा
शिवसेना सांसद संजय राउत ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, दिल्ली में कोरोना के मामले लगातार तेजी से बढ़ रहे हैं और मुख्यमंत्री केजरीवाल गोवा में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। 

01:24 PM, 16-Jan-2022

दारा सिंह चौहान ने सपा का दामन थामा
योगी कैबिनेट से इस्तीफा देने वाले दारा सिंह चौहान ने समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रेस को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि दारा सिंह के साथ बड़ी संख्या में चौहान बिरादरी के लोगों ने सपा की सदस्यता ली है। ये सभी लोग मिलकर इस बार भाजपा की जमानत जब्त कराएंगे।

12:52 PM, 16-Jan-2022

गोवा में केजरीवाल का चुनावी वादा
गोवा के लिए आम आदमी पार्टी ने बड़ा चुनावी वादा किया है। चुनाव प्रचार करने के लिए गोवा पहुंचे दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अगर गोवा में उनकी सरकार बनती है तो हर युवा को रोजगार देंगे। अगर किसी को रोजगार नहीं दे पाए तो उन्हें तीन हजार रुपये प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता देंगे। इसके अलावा 18 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को हर माह एक हजार रुपये दिए जाएंगे। 
 

12:35 PM, 16-Jan-2022

सपा नेता ने आत्मदाह की कोशिश की
लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के कार्यालय से बड़ी खबर आ रही है। यहां टिकट न मिलने से नाराज अलीगढ़ के समाजवादी नेता ठाकुर आदित्य ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह की कोशिश की। समय रहते आस-पास खड़े पुलिसकर्मियों ने उसे बचा लिया।

11:59 AM, 16-Jan-2022

एआईएमआईएम ने प्रत्याशियों की पहली सूची जारी की
उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी को पहले और 14 फरवरी को होने वाले दूसरे चरण के चुनाव के लिए सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के बाद अब  ऑल इंडिया मजलिसे इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) ने भी प्रत्याशियों की पहली सूची जारी कर दी है। पार्टी ने अभी नौ उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है। 
 

11:33 AM, 16-Jan-2022

भाजपा में शामिल हुए असीम अरुण, अनुराग ठाकुर का सपा पर हमला
कानपुर के पुलिस कमिश्नर रहे असीम अरुण ने भाजपा की सदस्यता ले ली। असीम दलित समाज से आते हैं। प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान अनुराग ठाकुर ने बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जो लोग दंगा करवाते हैं, वहीं समाजवादी पार्टी में जाते हैं। जो भाजपा में आते हैं, वो दंगा करने वालों को पकड़ते हैं। 
 

11:16 AM, 16-Jan-2022

भाजपा में शामिल हुए पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय
प्रदेश के कद्दावर नेता और पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय ने शनिवार को आगरा में अपने निवास पर भाजपा की सदस्यता ले ली है। विधानसभा चुनाव के मौके पर रामवीर को पार्टी में शामिल कर भाजपा ने एक तीर से कई निशाने साधने की कोशिश की है। पार्टी के रणनीतिकार मान रहे हैं कि इससे सादाबाद सीट पर पार्टी की जीत की राह आसान हो जाएगी।

11:08 AM, 16-Jan-2022

गोवा के भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकती है
उत्तर प्रदेश के बाद अब जल्द ही गोवा के भाजपा प्रत्याशियों की सूची जारी हो सकती है। उम्मीदवारों के नामों पर मंथन करने के लिए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं। वह यहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा व पार्टी के अन्य बड़े नेताओं के साथ बैठक करेंगे।

10:29 AM, 16-Jan-2022

आजम के बेटे का सरकार पर निशाना
करीब दो साल बाद जेल से छूटकर निकले समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के बेटे ने अब्दुल्ला आजम ने योगी सरकार को जमकर घेरा। अब्दुल्ला ने कहा, इस बार चुनाव सरकार बनाम आवाम है। जेल में बहुत तकलीफ मिली। मेरे वालिद (पिता) आजम खान की जान को खतरा है। उनको कुछ हुआ तो सरकार और जेल प्रशासन इसका जिम्मेदार होगा।

10:21 AM, 16-Jan-2022

सपा को आज लग सकता है बड़ा झटका
तीन कैबिनेट मंत्री और आठ विधायकों को अपने पाले में शामिल कराकर भाजपा को झटका देने वाली समाजवादी पार्टी को आज बड़ा झटका लग सकता है। खबर है कि मुलायम सिंह यादव की छोटी बहू अपर्णा यादव आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो सकती हैं। 2017 का चुनाव अपर्णा ने लखनऊ कैंट से लड़ा था, तब वह भाजपा की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी से हार गईं थीं। अपर्णा लगातार पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ करती आईं हैं। 

09:40 AM, 16-Jan-2022

सपा के वीडियो पर विवाद
समाजवादी पार्टी की प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य रचना सिंह के एक वीडियो पर विवाद शुरू हो गया है। रचना ने अपने ट्विटर हैंडल से इसे शेयर किया है। इसमें सपा कार्यकर्ता रोड शो करते हुए नजर आ रहे हैं।

विवाद इसके बैकग्राउंड म्यूजिक को लेकर है। वीडियो के बैकग्राउंड म्यूजिक में मां तुझे सलाम गाने को शामिल किया गया है। जिसमें सपा कार्यकर्ताओं के रोड शो के जरिए कहा जा रहा है, 'हिम्मत है जो तो रोक ले, सख्ती से हम डरते नहीं। अपना लहू कहता है ये...हम वीर हैं... मरते नहीं। फूंक डालो दुश्मनों को, काट डालो इन **** को।'

इस गाने को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने आपत्ति जताई है। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने ट्विटर पर चुनाव आयोग को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की है। शहजाद का कहना है कि समाजवादी पार्टी खुलेआम काटने, फूंकने की धमकी दे रही है। ये लोगों को भड़काने का काम है। 

09:26 AM, 16-Jan-2022

गुलाबी गैंग की कमांडर संपत ने छोड़ी कांग्रेस
मानिकपुर सीट से टिकट न मिलने से खफा संपत पाल ने कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया है। गुलाबी गैंग की कमांडर संपत 2012 और 2017 में इस सीट से चुनाव लड़ चुकी हैं। उपचुनाव में उनकी जगह रंजना बराती लाल पांडेय को टिकट दिया गया था। संपत को इस चुनाव में टिकट मिलने का पूरा भरोसा था लेकिन पार्टी ने रंजना पर ही भरोसा जताया है।

09:19 AM, 16-Jan-2022

Assembly Election 2022 Live: गोवा में केजरीवाल का नया दांव, मनोहर पर्रिकर के बेटे को पार्टी में शामिल होने का ऑफर दिया

वाराणसी में चार सपा नेताओं पर एफआईआर
वाराणसी के सप्तसागर में शनिवार को पूर्व सांसद डिंपल यादव के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर कंबल वितरण करना सपा नेताओं को भारी पड़ गया। कोतवाली पुलिस ने आचार संहिता और कोविड गाइडलाइन का उल्लंघन करने के मामले में चार सपा नेताओं समेत दस अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।  
कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक भरत उपाध्याय ने बताया कि आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए दिन में गोष्ठी कार्यक्रम किया जा रहा था, इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी नहीं किया गया। सामाजिक दूरी तार-तार थी और किसी के चेहरे पर मास्क तक नहीं था। 

विज्ञापन
MORE
AU ऐप में पढ़ें