कलेक्टर को भी हटाय़ा
हादसे के बाद हरदा पहुंचे सीएम मोहन यादव का एक्शन दिखने लगा है। शाम को पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार कंचन को हटा दिया गया था। वहीं अब रात में कलेक्टर ऋषि गर्ग को भी हटा दिया गया है। ऋषि गर्ग को उपसचिव मप्र शासन बनाया गया है। आदेश में लिखा है कि रोहित सिसोनिया को हरदा कलेक्टर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
हरदा मामले में अब कार्रवाई का दौर शुरू हो गया है। सीएम मोहन यादव ने बुधवार को घटना स्थल का दौरा किया था। आक्रोशित लोगों ने उनका काफिला रोकने की कोशिश की थी। इसके बाद सीएम उज्जैन रवाना हो गए थे। देर शाम हरदा पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार कंचन को हटाने के आदेश जारी हो गए। उन्हें हरदा से हटाकर भोपाल हेड क्वार्टर में पदस्थ किया गया है।
हरदा को दहला देने वाले धमाके के आरोपी राजेश अग्रवाल, सोमेश अग्रवाल और रफीक खान उर्फ मन्नी पटेल को सीजीएम कोर्ट ने जेल भेज दिया है।
महिलाओं ने रोका सीएम का काफिला
हरदा में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का दौरा करने गए सीएम मोहन यादव को लोगों की नाराजगी का शिकार होना पड़ा। शाम 4 बजे वे हरदा आए। सबसे पहले वे घायलों से मिलने अस्पताल गए। इसके बाद घटना स्थल पर गए। जब वे लौट रहे थे तो महिलाओं ने उनका वाहन रोकने की कोशिश की। सीएम गौशाला में बने राहत कैम्प में भी जाने वाले थे, लेकिन विरोध के चलते अफसर उन्हें हेलीपेड ले गए। वहां से वे उज्जैन के लिए रवाना हुए। हालांकि सीएम का कहना है कि दोषियों पर ऐसी कार्रवाई की जाएगी कि लोग याद रखेंगे।
हवाई सर्वेक्षण किया, घायलों से मिले सीएम
मुख्यमंत्री हरदा के लिए रवाना, भाजपा ने दी दिवंगतों को श्रद्धांजलि
आरोपियों को सिवनी मालवा से ले गए हरदा
हरदा पटाखा फैक्टरी में ब्लास्ट के मुख्य आरोपियों सोमेश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल और सुपरवाइजर रफीक खान को पुलिस ने राजगढ़ जिले के सारंगपुर में गिरफ्तार किया थआ। तीनों आरोपियों को बुधवार सुबह करीब पांच बजे सिवनी मालवा थाने लाया गया था। इसके बाद हरदा पुलिस ने बुधवार दोपहर करीब सवा बजे जाने के लिए कस्टडी में लिया है। हरदा पुलिस दो निजी वाहनों में तीनों आरोपियों को हरदा लेकर जाएगी। आरोपियों का मेडिकल कराया जाएगा। उन्हें न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोपियों को सुरक्षा की दृष्टि से सिवनी मालवा थाने में रखा गया था।
दो बार विस्फोट नहीं होता तो घटना बेहद बड़ी हो सकती थीः सीएम
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हरदा में पटाखा फैक्टरी में आग और ब्लास्ट की घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि दो बार विस्फोट नहीं होता तो यह घटना बेहद बड़ी हो सकती थी। पहले अलार्मिंग विस्फोट हुआ, जिससे अधिकांश लोग बाहर निकल गए। भाजपा सरकार ने बेहतर प्रबंधन किया। इससे किसी भी पीड़ित को कोई परेशानी नहीं हुई। जब घटनाक्रम हुआ, तब कैबिनेट चल रही थी। हमने तत्काल वरिष्ठ मंत्री को दुर्घटनास्थल पर भेजा और स्थिति को संभाला। अभी कुछ देर बाद मैं भी हरदा जा रहा हूं।
डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल पहुंचे हमीदिया, मरीज़ों का कुशल क्षेम पूछा
उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने हमीदिया हॉस्पिटल में हरदा दुर्घटना पीड़ित मरीज़ों से मुलाक़ात की। कुशल क्षेम की जानकारी ली। उन्होंने मरीज़ के परिजन को ढाढ़स बंधाया और आश्वासन दिया कि इलाज में कोई कोर-कसर बाक़ी नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने प्रत्येक मरीज़ के चल रहे उपचार कार्यों की जानकारी प्राप्त कर समुचित उपचार के निर्देश दिए। हमीदिया हॉस्पिटल में वर्तमान में 27 हरदा दुर्घटना पीड़ित मरीजों का इलाज चल रहा है। इनमें 7 महिलाएं और 20 पुरुष हैं। 11 मरीजों की सर्जरी की गई है। 26 मरीज अब स्टेबल हैं। एक मरीज आईसीयू में उपचाररत हैं। आयुक्त चिकित्सा शिक्षा तरुण पिथौड़े, डीन मेडिकल कॉलेज भोपाल डॉ सलिल भार्गव, अधीक्षक हमीदिया चिकित्सालय डॉ आशीष गोहिया उपस्थित थे।
पटाखा फैक्टरियों पर होगी बड़ी कार्रवाई
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को हरदा हादसे के बाद कलेक्टर्स के साथ मीटिंग की थी। उनसे एक दिन में अपने-अपने जिले की रिपोर्ट बनाने को कहा था। पटाखा फैक्टरियों के संचालन को लेकर जानकारी जुटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद इंदौर, रीवा, भोपाल समेत कई जिलों में जिला प्रशासन की टीमों ने पटाखा फैक्टरियों की जांच की। रिपोर्ट मिलने के बाद मध्य प्रदेश सरकार पटाखा फैक्टरियों पर कार्रवाई कर सकती है।
हरदा में घटनास्थल पहुंची फोरेंसिंक टीम
फोरेंसिंक टीम हरदा में पटाखा फैक्टरी तक पहुंच गई है। उसने वहां नमूने जुटाए हैं। इसी तरह उन मकानों का भी जायजा लिया, जिन्हें पटाखा फैक्टरी में हुए ब्लास्ट से नुकसान पहुंचा है। संभाग कमिश्नर, आईजी और हरदा कलेक्टर भी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं।
जीतू पटवारी ने जाना मरीजों का हाल
देर रात तक हमीदिया आते रहे मरीज
भोपाल के हमीदिया अस्पताल में हरदा से रेफर होकर घायलों के पहुंचने का सिलसिला देर रात तक जारी रहा। हमीदिया अस्पताल में 28 घायलों को हरदा से रेफर कर लाया गया है, जिनमें से एक की मौत हो गई है। तीन घायलों का भोपाल के एम्स में और एक घायल का भोपाल के नर्मदा अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस प्रकार कुल 32 घायलों को भोपाल लाया गया है, जिनमें से एक की मौत हो गई है। मृतक का नाम रहीम खान बताया जा रहा है।