मोरटक्का पुल राहगीरों के लिए बंद
मोरटक्का पुल आवागमन के लिए बंद कर दिया गया है। जिस कारण पुल के दोनों तरफ लंबा जाम लगा हुआ है। इधर, इंदिरा सागर और ओंकारेश्वर बांध के गेट खोलने के बाद खंडवा जिले में हाई अलर्ट जारी किया गया है। नीचले इलाकों में रहने वाले लोगों को रेस्क्यू करने के निर्देश भाी दिए गए हैं। जिले में बाढ़ जैस हालात बनने की आशंका जताई जा रही है।
सीहोर में कलेक्टर-एसपी ने ग्रामीणों को सुरक्षित निकाला
सीहोर कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर और एसपी मयंक अवस्थी खुद ही बाढ़ संभावित क्षेत्र सोमालवाड़ा के निवासियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचा रहे हैं। शाहगंज में राहत शिविर बनाया गया है जिसमें पेयजल, भोजन, दवाएं आदि तथा ठहरने की सभी आवश्यक व्यवस्थाएं गई हैं। महिलाओं, बच्चों और वृद्धजनों को सबसे पहले लाया जा रहा है। यद्यपि अभी गांव में पानी नहीं आया है लेकिन तवा और बरगी डैम के गेट खोले जाने के कारण नर्मदा का जलस्तर बढ़ने से सोमालवाड़ा में पानी आने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम वासियों को पहले ही गांव से निकाल कर सुरक्षित राहत शिविर शाहगंज में स्विफ्ट किया जा रहा है। अभी तक लगभग सवा सौ लोगों को शिफ्ट कर लिया गया है।
इंदौर जिले में अब तक साढ़े 27 इंच से अधिक वर्षा दर्ज
इंदौर जिले में जारी मानसून सत्र में अब तक साढ़े 27 इंच से अधिक औसत वर्षा दर्ज की गई है। भू-अभिलेख कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के इंदौर क्षेत्र में 831.7 मिलीमीटर, महू क्षेत्र में 597 मिलीमीटर, सांवेर क्षेत्र में 703.8 मिलीमीटर, देपालपुर में 787.5 मिलीमीटर तथा गौतमपुरा क्षेत्र में 578.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। गत वर्ष 16 अगस्त जिले के इंदौर क्षेत्र में 330 मिलीमीटर, महू क्षेत्र में 347.5 मिलीमीटर, सांवेर क्षेत्र में 429.4 मिलीमीटर, देपालपुर में 384.4 मिलीमीटर तथा गौतमपुरा क्षेत्र में 481 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
बीते 24 घंटे में दर्ज की गई बारिश (मिली मीटर में)
रायसेन 168.0, पचमढ़ी 140.2, भोपाल सिटी 132.3, भोपाल 123.7, नर्मदापुरम 89.9, सागर 81.0, ग्वालियर 76.2, मंडला 71.2, नरसिंहपुर 67.0, गुना 64.3, जबलपुर 61.4, बैतूल 59.8, दमोह 57.0, रायसेन 54.0, उज्जैन 39.0, सिवनी 29.8, खंडवा 24.2, उमरिया 22.4, मलाजखंड 21.6, छिंदवाड़ा 19.6, नौगांव 19.3, धार 19.3, इंदौर 16.1, खरगौन 14.0, दतिया 12.2, सतना 11.0, रीवा 6.4, खजुराहो 6.0, सीधी 2.6, शिवपुरी 55.0 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने दी बारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने मंगलवार को राजगढ़, नीमच, रतलाम, शाजापुर, आगर और मंदसौर जिले में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, चंबल एवं ग्वालियर संभाग के जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्की बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गर्भवती महिला को खटिया में ले जाते लोग
शाजापुर ज़िले में भारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। ग्राम इचीवाड़ा में एक गर्भवती महिला को लोग खटिया में लिटा कर अस्पताल के लिए रवाना हुए। रास्ते में पानी भरने की वजह से एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी।
ग्रामीण क्षेत्रों की निचली पुल पुलिया के ऊपर से पानी बह रहा है। वहीं, गांवों का मुख्य मार्गों से संपर्क कट गया है। जिले की लखुंदर, कालीसिंध, चीलर समेत अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। लेकिन लोग जान जोखिम में डालकर रास्ते पार कर रहे हैं।
राहत बचाव काम में लगे होमगार्ड के जवान
रंगाई विदिशा से 27, ग्राम पमारिया, तहसील नटेरन में संजय सागर बांध के कैचमेंट एरिया में पानी आ जाने से 32 लोगों को बचाया गया। वहीं, बासौदा में पाराशरी नदी से 17 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। करारिया विदिशा में बेस नदी का जलस्तर बढ़ने से वहां फंसी एक गर्भवती महिला को बचा कर जिला अस्पताल पहुंचा गया। जिला प्रशासन और होमगार्ड के जवान राहत एवं बचाव काम में जुटे हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों में पहुंचा रहे हैं।
विदिशा में 200 लोगों का रेस्क्यू
विदिशा के ग्राम बर्री, तहसील गुलाबगंज से जिला प्रशासन और होमगार्ड के जवानों ने बेतवा नदी से 6 लोगों को बचा लिया है। वहीं, ग्राम बैरागढ़, तहसील लटेरी में टैम नदी से 12 लोगों को बचाया गया। विदिशा शहर के नौलक्खी से बेतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से 107 लोगों को रेस्क्यू किया है।
एनडीआरएफ और एसडीईआरएफ की टीमें तैनात
विदिशा में अभी NDRF की दो टीमें और SDERF की दो टीमें मौजूद हैं। वहीं, नर्मदापुरम में NDRF की एक टीम और SDERF की तीन टीमें तैनात की गई हैं। रायसेन, सीहोर और हरदा में SDERF की एक टीम मौजूद है। दो टीमें रिजर्व में हैं। भोपाल और जबलपुर में NDRF की एक टीम रिजर्व में है। देर शाम तक NDRF और SDERF की अतिरिक्त टीमें भी इन जिलों में तैनात कर दी जाएंगी।
सीएम करेंगे समीक्षा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान नर्मदापुरम एनआईसी से प्रदेश के समस्त जिला कलेक्टर एसपी सहित संबंधित विभाग के अधिकारियों से अतिवृष्टि से उत्पन्न विपरीत परिस्थितियों की समीक्षा कर समस्त जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश देंगे
मड़ीखेड़ा डैम के आठ गेट खोले गए
शिवपुरी जिले में स्थित मड़ीखेड़ा डैम के कैचमेंट एरिया में पानी भरने के चलते बांध के आठ गेट खोले गए हैं और 1000 से 2 हजार क्यूमेक्स पानी नदी में छोड़ा जा रहा है। बांध का वाटर लेवल 344.55 मीटर पर पहुंच गया है। बांध के जलस्तर पर लगातार नजर रखी जा रही है।
पशुपतिनाथ मंदिर के गर्भगृह में भरा पानी
मंदसौर जिले के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर के गर्भगृह में पानी भर गया। शिवना नदी के तट पर स्थित पशुपतिनाथ मंदिर में बारिश के दिनों में हर साल पानी भर जाता है। भारी बारिश के चलते शिवनी नदी उफान पर है।
नर्मदा नदी से लगे जिलों में अलर्ट जारी
भोपाल, नर्मदापुरम और जबलपुर संभाग के सभी जिलों तथा गुना, शिवपुरी, सागर और देवास में अगले 24 घंटे में वर्षा की स्थिति को देखते हुए बरगी डैम के 21 में से 13 गेट खोलकर 3000 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। तवा डैम के सभी 13 गेट खोल दिए गए हैं।
नदियों में उफान के चलते चार बड़े रास्ते बंद
प्रदेश में अतिवृष्टि के चलते मंडला से सिवनी मार्ग बंद हो गया है। वहीं, बेतवा नदी से गुजरने वाला ओरछा से पृथ्वीपुर, और चंदेरी से ललितपुर जाने वाला मार्ग भी भारी बारिश के चलते बंद किया गया है। बरेली से पिपरिया का रास्ता बंद किया गया हैं। इसके अलावा छोटे छोटे रपटे और पुल-पुलिया के ऊपर से बहने वाले पानी के चलते कई अन्य रास्ते बंद किए गए हैं।
भोपाल-नागपुर नेशनल हाइवे 69 बन्द
तवा नदी में भारी बारिश के चलते जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिसके चलते तवा बांध के सभी 13 गेट खोलकर 8610 क्यूमेक पानी छोड़ा जा रहा है। सुखतवा नदी का जलस्तर बढ़ने से पानी अस्थाई ब्रिज के ऊपर से बह रहा है। यहां भारी बारिश होने पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ा
भोपाल, होशंगाबाद और आस पास के क्षेत्रों में जारी बारिश के चलते नर्मदा नदी का जलस्तर बढ़ गया है। अत्याधिक बारिश के चलते नसरुल्लागंज का छिदगांव काछी से संपर्क टूट गया है। वहीं,कोलार नदी के ब्रिज पर 15 फीट से अधिक पानी बह रहा है। जानकारी मिलने के बाद एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया।
भोपाल समेत तीन जिलों में स्कूलों की छुट्टी
भोपाल में जारी भारी बारिश के चलते कलेक्टर अवनीश लवानिया ने जिले के शासकीय और निजी स्कूलों में मंगलवार का अवकाश घोषित किया है। वहीं, नर्मदापुरम में भी स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। सीहोर में भारी बारिश को देखते हुए कलेक्टर चंद्रमोहन ठाकुर ने जिले के सभी स्कूलों में दो दिनों का अवकाश घोषित किया है। जिले के स्कूल 16 और 17 अगस्त को बंद रहेंगे। वहीं, शाजापुर में अतिवृष्टि के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को देखते हुए कलेक्टर दिनेश जैन ने कक्षा 01 से 8 तक के स्कूलों में 16 अगस्त का अवकाश घोषित किया गया है।
थावर नदी पर बना पुल टूटा, मंडला-नागपुर मार्ग बंद
मंडला जिले में भारी बारिश के चलते मंडला-नागपुर मार्ग बंद हो गया है। अत्यधिक बारिश से सिवनी जिले के केवलारी और नैनपुर के बीच बना थावर नदी का पुल टूट गया है। यह पुल सिवनी और मंडला जिले की सीमा के मध्य पर स्थित है पुल के एक ओर मंडला व दूसरी ओर सिवनी जिले की सीमा है।
कुरवाई बेतवा पुल के ऊपर से बह रहा पानी
विदिशा जिले के कुरवाई बेतवा पुल के ऊपर पानी आ जाने के चलते सिरोंज, विदिशा, भोपाल, गुना, राजगढ़, ब्यावरा मार्ग पर आवागमन बंद हो गया है। भारी बारिश के चलते बेतवा नदी खतरे के निशान के ऊपर बह रही है।
कारम बांध के प्रभावितों से मिले कमलनाथ
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ मंगलवार को धार जिले के कारम बांध क्षेत्र में पहुंचे और प्रभावित परिवारों से मुलाकात की। कमलनाथ ने धार क्षतिग्रस्त बांध का अवलोकन भी किया। उन्होंने जिले की धरमपुरी तहसील के दूधी गांव में पहुंच कर प्रभावित ग्रामीणों से मुलाक़ात की और हालात की वास्तविकता जानी।
मध्यप्रदेश के कई जिलों में जारी बारिश के चलते लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भोपाल, इंदौर, जबलपुर, सीहोर, नर्मदापुरम, शिवपुरी, शाजापुर, छिंदवाड़ा, मंडला, डिंडौरी, रतलाम, छतरपुर, देवास, उज्जैन समेत कई जिलों में रूक-रूककर जारी बारिश के चलते नदी नाले उफान पर हैं। वहीं, कई जगहों में पुल के ऊपर से पानी बहने के चलते जिलों का संपर्क प्रदेश के अन्य हिस्सों से टूट गया है।
सीएम शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर बारिश का अपडेट लिया। सीएम ने बांधों से नियंत्रित तरीके से पानी छोड़ने के निर्देश दिए हैं ताकि बाढ़ की स्थिति निर्मित न हो। सीएम दोपहर में नर्मदापुरम जिले का हवाई दौरा कर जिले की स्थिति का जायजा लेंगे।